मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कुवैत के बायन पैलेस में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। श्री मोदी कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के अलावा कुवैत के अमीर और क्राउन प्रिंस के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
- भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग क्रिस्टमैन बाजार में हुए हमले की निंदा की। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और सात भारतीय नागरिकों सहित 200 से अधिक लोग घायल हुए।
- पंजाब के मोहाली में एक इमारत ढहने से दो लोगों की मृत्यु और कई के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जोरों पर।
- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से कोई राहत नहीं। वायु गुणवत्ता बहुत ही खराब श्रेणी में।
- कुआलालंपुर में भारत ने अंडर-19 महिला टी20 एशिया कप का खिताब जीता।
- गुजरात के वडोदरा में भारत तथा वेस्टइंडीज की महिला टीमों के बीच तीन एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला जारी।
*************************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज कुवैत के बायन पैलेस में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुवैत के प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह ने उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री आज कुवैत में अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह और शहजादे सबा अल-खालिद अल-सबा के साथ वार्ता करेंगे। श्री मोदी कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ शिष्टमंडल स्तर की बैठक भी करेंगे। इससे पहले, कल प्रधानमंत्री ने एक विशेष आयोजन में भारतीय जनसमूह को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि कुवैत के विकास और दोनो देशों के संबंधों की मज़बूती में भारतवंशियों की बड़ी भूमिका रही है। श्री मोदी ने प्रवासी भारतीय दिवस और अगले महीने आयोजित हो रहे महाकुम्भ मेले में शामिल होने के लिए भारतवंशियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व-बंधु रहा है और तकनीक तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में देश तेजी से प्रगति कर रहा है।
साथियों हम पूरे विश्व को एक परिवार मानते हैं। भारत एक विश्व बंधु के रूप में दुनिया के भले की सोच के साथ आगे चल रहा है और दुनिया भी भारत की इस भावना को मान दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कुवैत के मीना अब्दुल्ला में श्रमिक शिविर का दौरा किया जिसमें भारत के अलग-अलग राज्यों से आए लगभग डेढ हजार श्रमिक रहते हैं। श्री मोदी ने भारतीय विदेशी श्रमिकों के भारत के विकास में योगदान की भी सराहना की।
आपको लगता होगा तो हम तो 10 साल से यहां आ गए 5 साल से आ गए हमारा क्या योगदान है बहुत बड़ा योगदान है आप जो लोग हर महीना 2 महीने के बाद घर जो पैसे भेजते हैं ना आज वह हमारे श्रमिक बंधु हमारे प्रोफेशनल्स जो विदेशों में रहते हैं वह जो पैसे अपने परिवार को भेजते हैं, वह भेजना का एमाउंट जो है, दुनिया में हम टॉप पर आ गए अब।
प्रधानमंत्री ने श्रमिकों के साथ पिछले दस वर्ष के दौरान भारत सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
*************************
प्रधानमंत्री ने कहा है कि इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान के संदर्भ में भारत तथा कुवैत के बहुआयामी संबंध हैं। कुवैत की समाचार एजेंसी कुना के साथ एक साक्षात्कार में श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध ऊर्जा, व्यापार और निवेश से भी आगे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार और वाणिज्य, द्विपक्षीय संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भागीदारी द्विपक्षीय व्यापार को विशिष्ट स्थान देती है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की सॉफ्टपावर बढ़ी है और विश्व में देश का कद भी ऊंचा हुआ है।
*************************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नवनियुक्त युवाओं को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से 71 हजार से ज्यादा नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री लोगों को संबोधित भी करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि यह मेला राष्ट्र निर्माण और स्वरोजगार में युवाओं को भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा।
रोजगार मेला देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में भर्तियां की जा रही हैं। रोजगार मेला, रोजगार सृजन को शीर्ष प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की वचनबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। देशभर से चुने गए नवनियुक्त युवाओं को गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्चतर शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय तथा वित्तीय सेवाएं विभाग सहित विभिन्न मंत्रालय और विभागों में नियुक्त किया जायेगा। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
*************************
गृह मंत्री अमित शाह आज त्रिपुरा के धलाई जिले में हादूक्लाऊ स्थित ब्रू जनजातीय लोगों की पुनर्वास कॉलोनी में गए। लोगों से बातचीत में गृह मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों के पास आयुष्मान भारत कार्ड नहीं हैं उन्हें जल्द ही कार्ड दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनने के बाद 40 हजार लोगों के बसने की व्यवस्था की गई है।
जब त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनी और भाजपा की केंद्र में भी सरकार थी, एक एग्रीमेंट हुआ और 40 हजार लोगों के बसने की व्यवस्था, इनकी रोजगारी की व्यवस्था, स्वास्थ्य की व्यवस्था, शिक्षा की व्यवस्था, शुद्ध पानी, शौचालय और महिलाओं के लिए कोऑपरेटिव की व्यवस्था करने का काम हुआ। ऐसी कई योजनाएं कांग्रेस के शासन में बनती थी, जमीन पर नहीं उतरती।
गृह मंत्री त्रिपुरा की तीन दिन की यात्रा पर हैं।
*************************
भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुए हमले की निंदा की है। इस हमले में पांच लोगों की मृत्यु हुई और 200 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों में सात भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास घायलों के संपर्क में है। ये घटना शुक्रवार शाम हुई, जब एक कार भीड़-भाड़ वाले क्रिसमस बाजार में घुस गई।
*************************
समाचार सेवा प्रभाग वर्षांत श्रृंखला में वर्ष 2024 की विशेष उपलब्धियों के बारे में जानकारी दे रहा है। इस श्रृंखला में आज हम आपको डाक विभाग के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
देश भर में डाक चैनलों के माध्यम से वाणिज्यिक निर्यात की सुविधा के लिए 1000 से अधिक डाकघर निर्यात केंद्र खोले गए हैं इस पहल का उद्देश्य भारतीय डाक के विशाल नेटवर्क और लॉजिस्टिक के माध्यम से छोटे और मध्यम उद्यमों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच प्रदान करना है इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में चालू वर्ष में 2 करोड़ 68 लाख से अधिक खाते खोले हैं जिनमें से 59 प्रतिशत महिला खाते और 77 प्रतिशत खाते ग्रामीण इलाके में खोले गए डाक विभाग अपनी सेवाओं में अधिक सुलभता और विश्वसनियता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर विकास और आधुनिकीकरण कर रहा है ताकि डिजिटल भारत की बढ़र्ती मांगों पर खरा उतर सके दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*************************
पंजाब में कल शाम चंडीगढ के पास मोहाली में एक तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगो की मौत हो गई। एक मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ठियोग की दृष्टि वर्मा के रूप में हुई है। इस महिला को कल रात गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया था लेकिन बाद में इसकी मृत्यु हो गई। आज सुबह एक पुरूष का शव मलबे से निकाला गया। मोहाली के उपायुक्त विराज तिड़के ने हमारे संवाददाता को बताया कि कल शाम से बचाव कार्य जारी है।
सारा प्रशासन पुलिस प्रशासन आर्मी तथा इंडिया आरएफ यहां मौजूद है इसके ऑपरेशन के लिए लॉ इन आर्डर की सिचुएशन कंट्रोल करने के लिए मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वह भी प्रशासन के साथ सहायता करें ताकि यह ऑपरेशन जल्द से जल्द और सक्सेसफुली कम्पलीट किया जा सके।
इस घटना में कम से कम 15 लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
*************************
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कल देहरादून में वन-रिपोर्ट 2023 का विमोचन किया। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल वन और पौध-क्षेत्र 8 लाख 27 हज़ार वर्ग किलोमीटर से अधिक इलाक़े में फैला है जो देश के कुल क्षेत्रफल के 25 प्रतिशत से अधिक है। वर्ष 2021 के मुकाबले, 2023 में वन-क्षेत्र में लगभग डेढ हज़ार वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।
*************************
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में दर्शक अब गिर शेरों को भी देख सकेंगे। गुजरात में जूनागढ़ के सक्करबाग चिड़ियाघर से गिर शेरों का एक जोड़ा भोपाल लाया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पशु आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत इन शेरों को जूनागढ़ के गिर राष्ट्रीय उद्यान से मध्य प्रदेश लाने के प्रयास काफी समय से किए जा रहे थे।
गुजरात के शेरों के बदले मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ नेशनल पार्क से 2 बाघों को गुजरात के जूनागढ़ स्थित सक्करबाग चिड़ियाघर भेजा गया है। वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के उप निदेशक सुनील सिन्हा ने मीडिया को बताया कि शेरों को 21 दिन तक आईसोलेशन में रखा जाएगा। इसके बाद पर्यटक इन्हें देख सकेंगे। दोनों शेरों की उम्र 3 से 4 साल के बीच है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब निश्चित ही मध्य प्रदेश में शेरों का कुनबा बढ़ेगा और पर्यटन तथा रोजगार के नये द्वार खुलेंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*************************
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्रधिकरण ने संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2023 के परिणामों के संबंध में भ्रामक दावों का विज्ञापन करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग करने वाले एक संस्थान पर दो लाख रूपये का जुर्माना लगाया है। उपभोक्ता कार्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस प्रशिक्षण संस्थान ने अपने प्रशिक्षण विज्ञापन में दावा किया था कि संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में शीर्ष सौ परीक्षार्थियों में से 13, शीर्ष 200 में 28 और शीर्ष 300 में 39 परीक्षार्थी उसके संस्थान से हैं जो कि भ्रामक दावा है।
*************************
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि कृषि, ग्रामीण विकास की धुरी है और जब तक ग्रामीण परिदृश्य नहीं बदलता तब तक देश विकसित नहीं बन सकता। नई दिल्ली में आज चौधरी चरण सिंह पुरस्कार 2024 विजेताओं से बातचीत करते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था केवल तभी आगे बढ़ सकती है जब किसान तथा उनके परिवार विपणन, मूल्य संवर्धन में लगे हों और क्लस्टर आत्मनिर्भर बन रहे हों। उप-राष्ट्रपति ने ग्रामीण विकास, किसानों के कल्याण और समावेशी विकास के प्रति चौधरी चरण सिंह के अथक समर्पण को रेखांकित करते हुए उनकी असाधारण विरासत की सराहना की।
*************************
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। आज सुबह ग्यारह बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 395 दर्ज किया गया।
*************************
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में आज शीत लहर का अनुमान लगाया है। विभाग के अनुसार, आज ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मणिपुर में देर रात तथा सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों में दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में शाम तथा रात के समय धुंध और हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
*************************
खेल खबरों के साथ हैं – फरहत नाज।
जी निखिल बात की जाय अगर महिला ट्वंटी-ट्वंटी एशिया कप की तो क्वालालंपुर में अंडर-19 महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी एशिया कप क्रिकेट के फाइनल में भारत ने बंग्लादेश को 41 रन से हराकर खिताब जीत लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 117 रन बनाए। जी.त्रिशा ने 47 गेंदों में 52 रन का सर्वाधिक योगदान किया। बंग्लादेश की टीम 118 रन के लक्ष्य के जवाब में 18 ओवर ओर तीन गेंद में 76 रन पर ही सिमट गई। इस टूर्नामेंट में एशिया की श्रेष्ठ छह टीमों ने हिस्सा लिया। निकी प्रसाद की कप्तानी में भारत ने इस प्रतियोगिता में सभी मैचों में जीत हासिल की। और अगर बात की जाय वेस्टर्न इंडिया स्लैम स्क्वॉश टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स फाइनल में आज भारत की अनाहत सिंह का सामना भारत की ही आकांक्षा सालुंखे से होगा। यह मुकाबला दोपहर पौने तीन बजे से मुम्बई में आयोजित होगा। जूनियर निशानेबाजी की अगर बात की जाये तो विश्व कप अगले वर्ष भारत में आयोजित होगा। इसमें राइफल, पिस्टल और शॉटगन के मुकाबले होंगे। यह पहली बार होगा जब भारत जूनियर निशानेबाजी विश्व कप की मेजबानी करेगा। यह देश में आयोजित होने वाली तीसरी प्रमुख विश्व निशानेबाजी प्रतियोगिता होगी। फिलहाल खेल-खबरों में निखिल इतना ही।
*************************
वडोदरा में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में भारत की महिला टीम ने ताजा समाचार मिलने तक 13 ओवर में बिना किसी नुकसान 56 रन बना लिए हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस जीता और भारत से बल्लेबाजी करने को कहा।
*************************
केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व बल के जवानों के साथ नई दिल्ली में रविवार फिट इंडिया साइकिल अभियान में हिस्सा लिया। श्री मांडविया ने जवानों के साथ मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से रायसीना हिल तक साइकिल चलाई। श्री मांडविया ने कहा कि यह अभियान देशभर में एक हजार एक सौ से ज्यादा स्थानों पर आयोजित किया गया है।
आज संडे ऑन साइकिल के द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ा रहे हैं साइकलिंग ए बेस्ट एक्सरसाइज भी है पॉल्यूशन का सॉल्यूशन भी है और विकसित भारत के संकल्पना को साकार करने के लिए देश के नागरिक को फिट लेना आवश्यक फिट नागरिक होगा तो स्वस्थ समाज होगा और स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है
श्री मांडविया ने इस पहल में ज्यादा से ज्यादा लोगों के शामिल होने की अपील है।
*************************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रिकेट खिलाडी रविचन्द्रन अश्विन को एक भावनात्मक पत्र लिखकर क्रिकेट और देश के प्रति उनके अनुकरणीय योगदान के लिए धन्यवाद दिया है। अश्विन ने 18 दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में अश्विन की सन्यास लेने की घोषणा को कैरम बॉल बताया। श्री मोदी ने बेजोड़ समर्पण और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शनों के लिए तमिलनाडु के स्पिनर की सराहना की।
*************************
कतर ने सीरिया में 13 वर्षों बाद अपना दूतावास आधिकारिक रूप से फिर खोल दिया है। सीरिया में शुरुआती गृह युद्ध के दौरान कतर ने अपना दूतावास बंद कर दिया था। सीरिया में आठ दिसम्बर को पूर्व राष्ट्रपति बसर अल असद सरकार के पतन के बाद क्षेत्रीय और पश्चिमी प्रतिनिधियों के नये नेतृत्व से विचार विमर्श शुरू होने के बाद कतर ने दूतावास खोला है।
*************************
अमरीका ने सना में यमन के विद्रोही हूती गुट के एक मिसाइल भंडारण गृह और कमान तथा नियंत्रण केंद्र को निशाना बनाकर हमला किया है। अमरीका के केन्द्रीय कमान ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुये बताया है कि अमरीकी सेना ने लाल सागर पर हूती विद्रोहियों के ड्रोन और जहाजरोधी क्रूज मिसाइल हमले को नाकाम किया। पिछले वर्ष नवम्बर से हूती विद्रोहियों ने इस्राइल के शहरों पर रॉकेट और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं और लाल सागर में इस्राइल से जुड़े जहाजों को निशाना बनाया है।
*************************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कुवैत शहर के बायन पैलेस में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के अलावा श्री मोदी कुवैत के अमीर और क्राउन प्रिंस के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
- भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग क्रिस्टमैन बाजार में हुए हमले की निंदा की। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और सात भारतीय नागरिकों सहित 200 से अधिक लोग घायल हुए।
- पंजाब के मोहाली में एक इमारत ढहने से दो लोगों की मृत्यु हो गई और कई के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जोरों पर है।
- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से कोई राहत नहीं। वायु गुणवत्ता स्तर बहुत खराब श्रेणी में।
- कुआलालंपुर में भारत ने क्रिकेट अंडर-19 महिला टी20 एशिया कप का खिताब जीता।
- गुजरात के वडोदरा में भारत तथा वेस्टइंडीज की महिला टीमों के बीच तीन एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला जारी।
******************