Download
Mobile App

android apple
signal

December 19, 2024 3:36 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी पर हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित।
  • जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मारे गए, मुठभेड़  जारी।
  • केंद्र ने अरुणाचल प्रदेश में सड़क विकास परियोजनाओं के लिए लगभग चार सौ करोड़ रुपये आवंटित किए।
  • रेलवे अगले महीने प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ मेले के मद्देनजर 34 विशेष रेलगाडियां चलाएगा।
  • अमरीकी फेडरल रिजर्व ने मुद्रास्फीति से निपटने के लिए इस साल तीसरी बार ब्याज दरों में कटौती की।

 

——————————

 

गृहमंत्री अमित शाह की डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर पर टिप्‍पणी को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई है।

 

लोकसभा की कार्यवाही जब आज सुबह शुरू हुई तो कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, समाजवादी पार्टी और अन्‍य दलों सहित विपक्षी पार्टियों ने गृहमंत्री की टिप्‍पणी को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध करने वाले कुछ सांसद, सदन के बीचों-बीच आ गए। इस शोर-शराबे के बीच अध्‍यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी। दो बजे के बाद कार्यवाही जब फिर शुरू हुई तो हंगामा जारी रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के स्थगित कर दी गई।

 

राज्‍यसभा में भी कुछ इसी प्रकार का दृश्‍य देखने को मिला। सदन की कार्यवाही जब शुरू हुई तो सभापति जगदीप धनखड़ ने श्री शाह की टिप्‍पणी और अन्‍य मुद्दों पर विपक्षी सांसदों के स्‍थगन प्रस्‍ताव को खारिज कर दिया। कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्‍ट्रीय जनता दल, वाम दल और अन्‍य दलों के विपक्षी सांसद, गृहमंत्री के विरूद्ध नारेबाजी करने लगे। सभापति ने सदन की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया, लेकिन यह निरर्थक साबित हुआ। इसके बाद उन्‍होंने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई।

 

दो बजे के बाद कार्यवाही फिर हुई। विपक्षी सदस्‍यों के हंगामा जारी रहने के कारण सभापति ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी।

 

——————————

 

संसद भवन परिसर में सत्तारूढ भाजपा और विपक्षी सदस्‍यों के विरोध प्रदर्शन और जवाबी विरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत आज घायल हो गए। मीडिया से बातचीत में श्री सारंगी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्‍का दिया, जिसके कारण वह सांसद उन पर गिर पड़े, और वे घायल हो गए। उन्‍होंने कहा कि जब श्री गांधी आए तब वे सीढियों के पास खडे थे। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने घायल सांसदों से बात की और उनके स्‍वास्‍थ्‍य के बारे में जानकारी ली।  संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इस घटना की निंदा की है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी के नेतृत्‍व में कांग्रेस सांसदों ने भाजपा के सांसदों पर हमला किया।

 

पार्लियामेंट के परिसर में एमपीस अपना-अपना विचार ले करके प्रदर्शन करते आए हैं। अपना-अपना बात रखने का अधिकार होता है। कौन सा कानून राहुल गांधी को वो ताकत दिया है कि वो आ करके दूसरे एमपी को धक्‍के मार करके चोट पहुंचा देगा। मैं अभी सीधा-सीधा राहुल गांधी को सवाल करना चहता हूं कि अगर सब लोग अपना ताकत दिखा करके मारपीट करने लग जाएंगे तो पार्लियामेंट कैसे चलेगा।     

 

वहीं श्री राहुल गांधी ने कहा कि जब वे संसद के भीतर जाने का प्रयास कर रहे थे, तब भाजपा के सांसद ने उन्‍हें रोकने की कोशिश की।

 

धक्‍का-मुक्‍की से यहां पे कुछ होता नहीं है, मगर यह एन्‍ट्रेन्‍स है पार्लियामेंट हाऊस की और हमारा अधिकार है अंदर जाने का और बीजेपी के जो मेम्‍बर्स हैं वो हमें अंदर जाने से रोक थे। सेंट्रल इशू है कि ये कॉन्स्टिट्यूशन पर आप आक्रमण कर रहे हैं और जो आम्‍बेडकर जी की मेमरी है, उसका अपमान कर रहे हैं।

 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मीडिया को बताया कि सत्तारूढ पार्टी के सांसदों ने संसद के प्रवेश द्वार पर बाधा पहुंचा कर लोकसभा अध्‍यक्ष के निर्देशों का उल्‍लंघन किया है।

 

राज्‍यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के कुछ सांसदों ने उन्‍हें धक्‍का दिया। उन्‍होंने इस बारे में लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिडला को पत्र लिखा है और मामले की जांच करने का अनुरोध किया है।

 

——————————

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने संसद भवन में विरोध-प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के दो सांसदों के घायल होने बाद कांग्रेस की कड़ी निन्‍दा की है। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद की गरि‍मा नष्‍ट कर रही है।

 

संविधान पर बहुत ही डिटेल्‍ड चर्चा हुई और जिस तरह से कांग्रेस के इतिहास को आज पूरे देश के सामने रखा गया उससे कांग्रेस पूरी तरह से झल्‍लाई हुई है और जो उनका असली काम करने का तरीका है वो आज सामने आया, किस तरह से उन्‍होंने हमारे दो सांसदों को धक्‍का-मुक्‍की करके उनको घायल किया, दोनों सांसद अभी हॉस्‍पिटल में हैं। ये संसद की मर्यादा है! क्‍या ये इस तरह से संसद में काम करने का तरीका होता है!      

 

भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने आज संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और कांग्रेस पर बी.आर. आम्‍बेडकर के अपमान का आरोप लगाया। पार्टी सदस्‍यों ने हाथ में तख्‍तियों लेकर इस मुद्दें पर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। मीडिया से बातचीत में पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेहरू गांधी परिवार ने हमेशा डॉक्‍टर आम्‍बेडकर का अपमान किया है।

 

कितनी घृणा थी नेहरू, गांधी परिवार को बी. आर. आम्‍बेडकर जी से ये देश जानता है, उनको राजनीति से बाहर करने के लिए जो षडयंत्र कांग्रेस पार्टी ने रचा। नेहरू जी ने सभाएं उनके खिलाफ की। उनको चुनाव हरवाए और बाबा साहेब आम्‍बेडकर को भारत रत्‍न भी नेहरू, गांधी परिवार की तीन पीढियां पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी जी और राजीव गांधी तीनों ही ने ही नहीं दिया। कांग्रेस सदा आम्‍बेडकर जी से घृणा करती रही आज अचानक प्रेम कैसे जागा है।         

 

वहीं, विपक्षी दलों ने भी डॉक्‍टर बी.आर. आम्‍बेडकर पर केन्‍दीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर संसद भवन परिसर में विरोध-प्रदर्शन जारी रखा। विपक्षी सदस्‍यों ने संसद परिसर में जुलूस निकालकर श्री शाह से माफी की मांग की। मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद खुद को बचाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

——————————

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में जारी आतंकरोधी अभियान के दौरान आज सुबह कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मारे गए। सेना प्रवक्‍ता ने पुष्‍टि‍ की है कि मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दो सैनिकों को उपचार के लिए भेजा गया है। आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर कल रात क्षेत्र में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया था। कादर गांव में छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सेना प्रवक्‍ता ने बताया कि अभियान जारी है। मारे गए आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।

 

——————————

 

मुंबई में कल एक नौका दुर्घटना में तीन रक्षा कर्मियों सहित 13 लोगों की मृत्यु हो गई। भारतीय नौसेना द्वारा जारी किये गए बयान के अनुसार, भारतीय नौसेना की एक नौका ने तकनीकी खराबी के कारण इंजन परीक्षण के दौरान नियंत्रण खो दिया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवारों के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रूपये तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

 

——————————

 

केन्‍द्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश में सड़क विकास परियेाजनाओं के लिए 398 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में सड़क, परिहवन और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने बताया कि केन्‍द्रीय सड़क और मूलभूत सुविधा कोष के अंतर्गत वर्ष 2024-25 के दौरान राज्‍य की 19 जिला सड़क विकास परियोजनाओं के लिए यह धनराशि आवंटित की गई है। एक रिपोर्ट…..

 

श्री गडकरी ने कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों का विस्‍तार किया जाएगा और लोगों के निर्बाध आवागमन से राज्‍य में सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि यह निवेश इस बात का परिचायक है कि सरकार सुदूर क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, क्षेत्रीय विकास की रफ्तार तेज करने और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में लोगों की आजीविका में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

——————————

 

गृहमंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में एक उच्‍चस्‍तरीय सुरक्षा बैठक की अध्‍यक्षता करेंगे। बैठक में जम्‍मू-कश्‍मीर सहित सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। जम्‍मू-कश्‍मीर के उप-राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्‍य जम्‍मू-कश्‍मीर में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए नीतियों की समीक्षा करना है। बैठक में राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केन्‍द्रीय गृह सचिव गोविन्द मोहन, खुफिया विभाग के निदेशक तपन डेका, थलसेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी, केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, जम्‍मू-कश्‍मीर के मुख्‍य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी शामिल होंगे।

 

——————————

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आधुनिक युद्ध के बदलते तरीकों से तालमेल बिठाने के लिए उच्च-स्तरीय तकनीकों को अपनाने पर बल दिया है। नई दिल्‍ली में आज एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

 

ज‍ाहिर सी बात है कि जब पूरी दुनिया बदल रही है तो मिशन 70 भी इस बदलाव से अछूता नहीं रह सकता। जहां तक भारत की बात है, कुछ ऐतिहासिक कारण से हम आधुनिक हथियारों के मामले में और डिफेन्‍स सेक्‍टर में टेक्‍नोलॉजी के मामले में कुछ हद तक पीछे रह गए थे लेकिन अब स्थितियां तेजी से बदल रही हैं। भारत बेहद तेज गति से डिफेन्‍स सेक्‍टर में सेल्‍फ रिलायंस की ओर अपने कदम आगे बढ़ा चुका है।        

 

——————————

 

स्‍वास्‍थ्‍य राज्‍य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि भारत में चिकित्‍सा उपकरण क्षेत्र, बढ़ते हुए क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। देश की बढ़ती स्वास्थ्य सेवा आवश्यकताओं और उभरते बाजार अवसरों के कारण इस क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं। नई दिल्ली में वार्षिक स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुश्री पटेल ने कहा कि चिकित्सा उपकरण क्षेत्र लगभग 14 अरब होने का अनुमान है और 2030 तक इसके 30 अरब डॉलर तक बढ़ने की उम्मीद है। सुश्री अनुप्रिया पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत आने वाले वर्षों में चिकित्सा उपकरणों और नवीन स्वास्थ्य सेवा प्रौद्योगिकियों के प्रमुख निर्यातक के रूप में उभरेगा।

 

——————————

 

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा है कि देश की बड़ी जनसंख्या का लाभ उठाने, नवाचार को बढ़ावा देने और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और गुणवत्‍तापूर्ण शिक्षा में निवेश आवश्यक है।

 

नई दिल्ली में वार्षिक स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए, स्‍वास्‍थ्‍य सचिव ने कहा कि भारत के स्वास्थ्य सेवा का लक्ष्‍य प्रत्येक नागरिक के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सस्‍ता, सुलभ और समावेशी बनाना है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने में महत्‍वपूर्ण घटक साबित होगा।

 

——————————

 

जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने आज बताया कि सरकार उन राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है,  जहां अभी तक ग्रामीण घरों में शत प्रतिशत नल से जल कनेक्शन उपलब्‍ध नहीं कराए गए हैं। नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में श्री पाटिल ने कहा कि अभी भी चार करोड़ घर ऐसे हैं, जिनमें नल जल कनेक्शन नहीं है।

 

——————————

 

मध्य रेलवे ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले के लिए 34 विशेष रेलगाड़ियों को चलाने की घोषणा की है। यह मेला 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होगा। ये विशेष रेलगाड़ियाँ मुंबई, पुणे, नागपुर और अन्य शहरों से चलाई जायेंगी। कुंभ मेले के लिए विशेष रेलगाड़ियों की बुकिंग 20 दिसंबर से शुरू होगी। इन विशेष रेलगाड़ियों में बिना आरक्षण के भी यात्रा की जा सकेगी।

 

——————————

 

अमरीका के रिजर्व बैंक ने कल रात ब्‍याज दरों में चौथाई प्रतिशत कटौती की घोषणा की।  यह इस साल में  तीसरी कटौती है। फेडरल रिजर्व ने एक बयान में बताया कि नीति निर्धारकों ने प्रमुख ब्‍याज दरों को सवा चार और साढ़े चार प्रतिशत के बीच रखने का निर्णय लिया है।

 

——————————

 

फेडरल रिजर्व द्वारा ब्‍याजदरों में कटौती के बाद दुनिया के प्रमुख शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई। घरेलू शेयर बाजारों में भी यही रूख देखने को मिला। आज दिन के कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्‍स और निफ्टी में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई। 

 

——————————

 

राजधानी दिल्ली में हवा अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज दोपहर 1 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 457 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के कुछ क्षेत्रों में एक्यूआई 450 के पार जाकर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले दो दिनों में रात और सुबह के समय धुंध और घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

 

——————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी पर हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित।
  • जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मारे गए, मुठभेड़ जारी।
  • केंद्र ने अरुणाचल प्रदेश में सड़क विकास परियोजनाओं के लिए लगभग चार सौ करोड़ रुपये आवंटित किए।
  • रेलवे अगले महीने प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ मेले को देखते हुए 34 विशेष रेलगाडियां चलाएगा।
  • और, अमरीकी फेडरल रिजर्व ने मुद्रास्फीति से निपटने के लिए इस साल तीसरी बार ब्याज दरों में कटौती की।

 

——————————