Download
Mobile App

android apple
signal

December 18, 2024 3:24 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर हंगामा, विपक्षी दलों ने माफी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- कांग्रेस की डॉ. आम्‍बेडकर की विरासत को मिटाने की घटिया चाल।
  • भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक पोत आईएनएस निर्देशक विशाखापत्तनम में जलावतरण किया जाएगा।
  • राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने वास्‍तविक नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्‍ट्रीय सीमा मुद्दों पर चर्चा के लिए चीन के विशेष प्रतिनिधि वांग यी से मुलाकात की।
  • भारत के दिग्‍गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
  • और, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट में वर्षा के कारण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच ड्रॉ।

 

———————————————

 

डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर के बारे में गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर विपक्ष के आरोपों को लेकर हुए शोर-शराबे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्‍थगित कर दी गई। लोकसभा में आज जैसे ही सदन की बैठक शुरू हुई, तो कांग्रेस, डीएमके और वाम दलों सहित विपक्षी पार्टियों ने कल राज्‍यसभा में दिये गए श्री शाह के बयान को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। वे अध्‍यक्ष के आसन के सामने आ गए। संसदीय कार्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने विपक्ष के व्‍यवहार पर आपत्ति व्‍यक्‍त की। श्री मेघवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा डॉक्‍टर आम्‍बेडकर का अपमान किया है।

 

बाबा साहेब का अपमान करने वाले लोग हैं और हम बाबा साहेब का सम्‍मान करने वाले लोग हैं। वो उस हाउस में जो राज्‍यसभा में माननीय गृहमंत्री जी ने जो जवाब दिया था वो संविधान की 75 साल की यात्रा पर उसके बाद और अब ये बाबा साहेब का चित्र लेकर के आ रहे हैं। ये बाबा साहेब का अपमान करने वाली पार्टी आज मजबूर हुई है क्‍योंकि नरेन्‍द्र मोदी जी ने बाबा साहेब के पांच तीर्थ स्‍थान बनाए हैं। बाबा साहेब का नाम स्‍वर्ण अक्षरों में लिखा जाने लगा है। लोग बाबा साहेब का नाम लेने लगे हैं तो मजबूरी में ये बाबा साहेब का नाम ले रहे हैं।  

 

इस बीच, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के कारण डॉ. आम्‍बेडकर को उस समय के केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था।    

 

आम्‍बेडकर का अपमान अगर किसी ने किया है तो कांग्रेस पार्टी ने किया है। आम्‍बेडकर को मंत्रिपरिषद से हटना पड़ा, आम्‍बेडकर को नेहरू के कारण, कांग्रेस ने उनको हराया।

 

शोर शराबे के बीच अध्‍यक्ष ओम बिरला ने सदन की बैठक दो बजे तक स्‍थगित कर दी।

 

इसी तरह यह मुद्दा राज्‍यसभा में भी उठाया गया। कांग्रेस, डीएमके, आरजेडी, आम आदमी पार्टी और अन्‍य सदस्‍यों ने गृहमंत्री की टिप्‍पणी के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति जगदीप धनखड ने कहा कि डॉक्‍टर आम्‍बेडकर अत्‍यन्‍त सम्‍मानित हैं और वे सभी के लिए अनुकरणीय हैं। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए बाबा साहेब के नाम का इस्‍तेमाल किया, जो निंदनीय है।

 

हम सब भीमराव आम्‍बेडकर के बताए हुए रस्‍ते पे हम लोग चलते हैं। आप लोग नहीं चलते हैं। सर, ये लोग ढोंग कर रहे हैं, मैं कड़ी आपत्ति करता हूं। बाबा साहब के नाम को वोट बैंक के लिए जो दुरूपयोग कर रहे हैं इसको मैं निंदा करता हूं।

 

शोरशराबे के बीच सभापति ने सदन की बैठक दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी थी।

 

इस बीच विपक्षी सांसदों ने श्री शाह से माफी की मांग करते हुए संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस, डीएमके, आर जे डी, आम आदमी पार्टी, वामपंथी दलों और अन्‍य सदस्‍यों ने इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारे लगाये। संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राज्‍यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे पर गृहमंत्री की टिप्‍पणियों की आलोचना की। 

 

अंग्रेजी और इस ढंग से अगर वो बात करते रहेंगे कि बाबा साहेब आम्‍बेडकर का अपमान कोई इंसान नहीं करेगा, उनको अपनी जगह से इस्‍तीफा देना चाहिए और ऐसा अपमान कोई पार्टी कोई देश का आदमी स्‍वीकार नहीं करेगा।

 

———————————————

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर आरोप लगाया है कि वह डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर के बारे में गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहा है। श्री रिजिजू ने इसकी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि यह कांग्रेस ही है जिसने डॉक्‍टर आम्‍बेडकर का अपमान किया है।

 

अभी पार्लियामेंट सत्र के समय में कांग्रेस पार्टी और उसके कुछ साथी दलों ने कल गृह मंत्री अमित शाह जी ने जो भाषण दिया राज्‍यसभा में उसका एक छोटा सा क्लिप निकालकर के तोड़मरोड़ करके बाबा साहेब भीमराव आम्‍बेडकर के नाम में जो गलत काम कर रहे हैं मैं उसको खंडन करना चाहता हूं।

 

———————————————

 

हंगामें के कारण संसद के दोनों सदनों की बैठक दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी गई है।

 

———————————————

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि श्री अमित शाह ने भारतीय संविधान के निर्माता का अपमान करने के कांग्रेस के काले इतिहास को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि श्री शाह द्वारा प्रस्तुत तथ्यों से कांग्रेस स्पष्ट रूप से तिलमिलाई हुई है। कल राज्यसभा में डॉक्‍टर आम्‍बेडकर पर श्री शाह की टिप्पणी पर विपक्ष के आरोपों का जिक्र करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस और उसके लचर तंत्र को लगता है कि उनके दुर्भावनापूर्ण झूठ कई वर्षों के उनके अनुचित कर्मों, विशेष रूप से डॉक्‍टर आम्‍बेडकर के प्रति उनके अपमान को छिपा सकते हैं, तो ये पूरी तरह से गलत हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने बार-बार देखा है कि कैसे एक राजवंश के नेतृत्व वाली पार्टी ने डॉक्‍टर आम्‍बेडकर की विरासत को मिटाने और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति‍ को अपमानित करने के लिए हरसंभव अनुचित चाल चली है।

 

सरकार की नीतियों पर बाबा साहिब के विचारों का उल्‍लेख करते हुए प्रधान मंत्री ने कहा कि चाहे वह 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना हो, अनुसूचित जाति और जनजाति अधिनियम को मजबूत करना हो तथा स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना सहित उनके शासन के प्रमुख कार्यक्रम हों, उनमें से प्रत्येक ने गरीबों और वंचितों के जीवन को प्रभावित किया है।

 

———————————————

 

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आज विशाखापत्तनम में नौसेना गोदी में भारतीय नौसेना के अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक पोत आईएनएस निर्देशक के जलावतरण समारोह में भाग लेंगे।

 

यह पोत जलक्षेत्र का सर्वेक्षण करने के साथ नौवहन और समुद्री परिचालन में सहायता के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह एक बार में समुद्र में 25 दिनों से अधिक समय तक रह सकेगा।

 

आईएनएस निर्देशक में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री प्रयुक्त हुई है। लगभग तीन हजार 800 टन वजनी और 110 मीटर लंबा यह पोत दो डीजल इंजनों से चलता है।

 

———————————————

 

राष्‍ट्रपति द्रौपति मुर्मु आज हैदराबाद के निकट बोलारम स्थित राष्‍ट्रपति निलयम में अनेक सुविधाओं का शुभारंभ करेंगी। राष्‍ट्रपति शीतकालीन प्रवास के लिए कल शाम निलयम पहुंची। नई सुविधाओं में आगंतुकों के लिए वहां एक नया भवन और स्‍मारक चिह्न विक्रय केंद्र शामिल है।

 

———————————————

 

राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज पेइचिंग में भारत-चीन विशेष प्रतिनिधि वार्ता में भाग लेंगे। इस बातचीत का उद्देश्‍य पूर्वी लद्दाख में सैनिकों की तैनाती के कारण पिछले चार वर्ष से बाधित द्विपक्षीय संबंधों को बहाल करना है। श्री डोभाल चीन के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विदेश मंत्री वांग यी के साथ 23वें दौर की विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे।

 

———————————————

 

केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि सरकार ने बुनियादी ढांचे, आर्थिक और कृषि क्षेत्र और सांस्कृतिक विकास तथा एकता पर विशेष जोर दिया है। आज सुबह नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए उन्‍होंने कहा कि देश की भाषाएँ राष्ट्र की एकता और सांस्कृतिक इतिहास का महत्वपूर्ण आधार हैं।

 

श्री रेड्डी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में तीन भाषाओं से संबंधित प्रारूप की सराहना की।

 

ट्वेंटीट्वेंटी में नेशनल एजुकेशन पॉलिसी, टृवेंटीट्वेंटी में थ्री लेंग्‍वेजिस फॉर्मूला को उस सिस्‍टम को और फ्लेक्सिबिलेटी लाने के लिए प्रयास किया है यानि अभी तीन भाषाओं से कम से कम दो भारत की स्‍थानीय भाषा एजुकेशन पॉलिसी ट्वेंटीट्वेंटी में और रिजनल लैंग्‍वेजिस को जोड़ दिया गया। इससे गांव में रहने वाले गरीब, सामान्‍य सभी लोगों को एजुकेशन में, इम्‍प्‍लायमेंट में रिजनल लैंग्‍वेजिस को बढावा देने के लिए भारत सरकार न्‍यू एजुकेशन पॉलिसी में एक महत्‍वपूर्ण कदम उठाया है।

 

———————————————

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों में अल्पसंख्यकों सहित गरीबों के जीवन को ऊपर उठाया है। नई दिल्ली में आज राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग के 20वें स्थापना दिवस पर श्री प्रधान ने कहा कि सरकार अपने आदर्श वाक्य – सबका साथ, सबका विश्वास पर चलती रही है।

 

जब हम कहते हैं हमारी सरकार सबके लिए उत्‍तरदायी है, सबको साथ लेकर चलने वाला है, सबका विकास की हमारी प्राथमिकता है इसमें भारत की जो सामाजिक और सहज वर्गीकरण है वो धार्मिक आधार पर हो। सभी लोग एक छत के नीचे हमारी विकास हो इसीलिए इस सामूहिक प्रयास के कारण भारत पिछले दस साल में आज विश्‍व की फिफ्थ लार्जेस्‍ट इक्‍नॉमी भी बनी। हमारी मानव सूचक कई मायने में आज विश्‍व में एक आदर्श की स्थिति तक पहुंची है।

 

श्री प्रधान ने सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए पीएम आवास योजना और पीएम उज्ज्वला योजना जैसी सरकार की योजनाओं ने गरीबों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के उत्थान में मदद की है।

 

———————————————

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी अगले वर्ष से केवल शिक्षण संस्‍थानों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करेगी, भर्ती परीक्षाएं नहीं। श्री प्रधान ने कहा कि त्रुटिमुक्‍त परीक्षा संचालित करने और जवाबदेही तय करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

 

———————————————

 

पंजाब में, प्रदर्शनकारी किसानों ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन की कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों को लेकर राज्य भर में लगभग 50 स्थानों पर रेलगाड़ियां रोकी हैं।

 

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा था कि विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे के लिए रेल यातायात को अवरुद्ध करेंगे।

 

एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने हमारे जालंधर संवाददाता को जानकारी दी है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए फिरोजपुर और अंबाला रेलवे डिवीजनों में सभी आवश्यक स्थानों पर राज्य पुलिस कर्मियों के साथ रेलवे पुलिस को तैनात किया गया है।

 

———————————————

 

राष्ट्रीय जांच एजेंसी-एनआईए ने प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल संगठन के आतंकवादी लखबीर सिंह के दो प्रमुख सहयोगियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है।

 

पंजाब के मोहाली में एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष कल आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया। एनआईए ने कहा कि आरोपी जसप्रीत सिंह और बलजीत सिंह कथित तौर पर विदेश में रहने वाले खालिस्तानी आतंकवादी लखबीर सिंह, द्वारा संचालित एक आतंकी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।

 

———————————————

 

निर्वाचन आयोग आज दिल्ली विधानसभा चुनाव पर तैयारी बैठक कर रहा है। अगले वर्ष के शुरु में चुनाव होने की संभावना है। आयोग दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी और पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा कर रहा है। आयोग विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेगा।

 

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल अगले वर्ष 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है।

 

चुनावों की घोषणा से पहले ही सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने सभी विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि कांग्रेस ने चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की घोषणा की है। भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

 

———————————————

 

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्डसेबी ने निवेश परामर्श देने के इच्छुक व्यक्ति को निवेश सलाहकार विनियम 2013 के तहत योग्य और पंजीकृत होना अनिवार्य कर दिया है। सेबी ने मंगलवार को भारत में निवेश सलाहकारों के लिए मानदंड कड़े करने के लिए प्रस्तावित संशोधन प्रकाशित किए।

 

———————————————

 

मौसम विभाग ने अगले 5 से 7 दिनों के दौरान पूरे उत्तर भारत में शीत लहर की स्थिति बनी रहने का अनुमान लगाया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।

 

ईस्‍टरली विंड्स आपका पूरा नॉर्थ इंडिया में आ रही है। ईस्‍टरली विंड्स के कारण टेम्‍परेचर कल के मुकाबले में आज थोड़ा सा बढ़ी है तो पश्चिमी राजस्‍थान में दो से चार डिग्री का फॉल हुआ है बाकि पूरे नॉर्थ इंडिया में टेम्‍परेचर थोड़ा बढ़ा है।

 

———————————————

 

और खेल खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल।

 

ब्रिस्‍बन में बॉर्डरगावस्‍कर ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ हो गया है। खेल रोके जाने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गवाए 8 रन बना लिए थे। उस समय भारत को जीत के लिए 267 रन की आवश्यकता थी, लेकिन खराब मौसम के कारण मैच का निर्णायक परिणाम नहीं आ सका। पांच मैचों की श्रंखला फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। अगला टेस्ट मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा। इस टेस्‍ट मैच के ड्रा होने के तुरंत बाद ही, भारत के दिग्‍गज ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।

 

———————————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर हंगामा, विपक्षी दलों ने माफी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- कांग्रेस की डॉ. अंबेडकर की विरासत को मिटाने की घटिया चाल।
  • भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक पोत आईएनएस निर्देशक विशाखापत्तनम में जलावतरण किया जाएगा।
  • राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने वास्‍तविक नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्‍ट्रीय सीमा मुद्दों पर चर्चा के लिए चीन के विशेष प्रतिनिधि वांग यी से मुलाकात की।
  • भारत के दिग्‍गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
  • और, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट में वर्षा के कारण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच ड्रॉ पर समाप्‍त।

 

———————————————