Download
Mobile App

android apple
signal

December 17, 2024 3:50 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • एक राष्ट्र, एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किये गए। विपक्ष ने विधेयक का विरोध करते हुए इसे संविधान के मूल ढांचे पर हमला बताया।

  • राज्यसभा में भारत के संविधान की 75 साल की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा आगे शुरू हुई। केन्‍द्रीय मंत्री जे पी नडडा ने कहा – सरकार संवैधानिक मूल्‍यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जयपुर में 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर और तेज हुई, कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा। दिल्‍ली में वायु गुणवत्‍ता का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचा, राष्‍ट्रीय राजधानी को वायु प्रदूषण ने अपनी गिरफ्त में लिया।

  • क्रिकेट में, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी करते हुए फॉलो-ऑन का खतरा टाला।

——-

एक राष्‍ट्र एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किये गए। केन्‍द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान (129वां) संशोधन विधेयक-2024 और केन्‍द्रशासित प्रदेश विधि (संशोधन) विधेयक-2024 सदन के पटल पर रखे।

 

 

विधि मंत्री ने जैसे ही विधेयक सदन में पेश किए तो विपक्षी दलों ने मत विभाजन की मांग की। 269 सदस्‍यों ने विधेयक पेश किए जाने के पक्ष में और 198 सदस्‍यों ने इसके विरोध में मत किया।

 

 

कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, डीएमके, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट, मार्क्‍सवादी कम्‍यूनिस्‍ट पार्टी सहित अन्‍य विपक्षी दलों ने विधेयक पेश करने का विरोध किया और इसे संविधान के बुनियादी ढांचे पर प्रहार बताया। उन्‍होंने विधेयक जांच के लिए संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजने की मांग की। 

 

 

श्री मेघवाल ने विपक्षी दलों के आरोपों का खंडन किया और कहा कि ये विधेयक संविधान की मूल संरचना के खिलाफ नहीं है। उन्‍होंने विधेयकों को संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजने का प्रस्‍ताव किया। देश के प्रथम विधि मंत्री डॉक्‍टर भीम राव आम्‍बेडकर का वक्‍तव्‍य उद्धृत करते हुए श्री मेघवाल ने कहा कि कोई भी संविधान के संघीय ढांचे में परिवर्तन नहीं कर सकता।

 

 

कांग्रेस के मनीष तिवारी ने कहा कि यह विधेयक संविधान की मूल संरचना का उल्‍लंघन करते हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत राज्‍यों का परिसंघ है और इन विधेयकों को वापस लिया जाना चाहिए। ऐसे ही विचार व्‍यक्‍त करते हुए टीएमसी नेता कल्‍याण बनर्जी ने कहा कि इन विधेयकों से राज्‍य विधानसभाओं की स्‍वायत्‍तता को आघात पहुंचेगा। डीएमके नेता टी आर बालू ने विधेयकों को संघवाद के खिलाफ बताया और उन्‍हें संयुक्‍त संसदीय समिति को सौंपने की मांग की।     

——-

संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू ने एक राष्‍ट्र एक चुनाव को देश के लिए महत्‍वपूर्ण मुद्दा बताया है। श्री रिजिजू ने कहा कि यह मुद्दा किसी पार्टी या व्‍यक्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्‍ट्र के लिए लाभदायक है।

 

 

विधेयक को लेकर विपक्ष की आलोचना के बारे में श्री रिजिजू ने कहा कि जब देश स्‍वतंत्र हुआ तो करीब दो दशक तक देश में चुनाव एक साथ कराए जाते थे।

——

उधर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि उनकी पार्टी एक राष्‍ट्र, एक चुनाव विधेयक के पक्ष में नहीं है। उन्‍होंने यह भी कहा कि विधेयक संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजे जाने चाहिए।

 

 

हम वन नेशन वन इलेक्‍शन के विधेयक को संविधान के खिलाफ मानते हैं। वह संविधान की मूल ढांचा जो है, उसके खिलाफ है। लोकतंत्र को हटाने के लिए, लोकतंत्र को चुप करने के लिए ये चलाए जा रहा है, एक तंत्र का तोप का एक हथियार है- वन नेशन वन इलेक्‍शन, और मैं कह दू। वन नेशन वन इलेक्‍शन विधेयक एक बिगुल है, संविधान बदलने का।

 

 

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्‍द्र यादव ने भी ऐसे ही विचार व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि यह विधेयक असंवैधानिक और राज्‍यों की आवाज को दबाने वाला है।

 

 

मैं अपनी पार्टी की ओर से इस बिल का पुरजोर विरोध करता हूं। भारतीय जनता पार्टी के लोग तानाशाही लाने के नित नए रास्ते लाते हैं, जो आठ विधानसभा का चुनाव एक साथ नहीं कर पाए, चार राज्यों के चुनाव एक साथ नहीं कर पाए, वो पूरे देश की लोकसभा और सारे प्रांतो की विधानसभाए एक साथ करने की बात करते हैं। मै पूछना चाहता हॅू सरकार से, अगर एक प्रांत के अंदर सरकार गिरती है, तो क्या पूरे देश की लोकसभा के चुनाव कराओगे।

 

 

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार की सुश्री सुप्रिया सुल्‍हे ने भी विधेयकों की जांच के लिए इसे संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजे जाने की मांग की।

 

 

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि एक राष्‍ट्र, एक चुनाव विधेयक संघवाद के सिद्धांत के विपरीत है और उनकी पार्टी इसका कड़ा विरोध करेगी।

——-

राज्यसभा ने आज भारतीय संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर अपनी विशेष चर्चा आगे शुरू की। सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि भारत न सिर्फ सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, बल्कि यह लोकतंत्र की जननी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकाचार के अनुसार, लोकतंत्र में स्वतंत्रता, समानता और समावेशिता समाहित हैं, जो देश के नागरिकों को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार देते हैं। श्री नड्डा ने कहा कि उनकी सरकार इसी दृष्टिकोण के प्रति समर्पित है। उन्‍होंने कहा कि देश, संविधान सभा के उन सभी सदस्यों का ऋणी है, जिन्होंने भारतीय संविधान को आकार दिया। इस बीच उन्‍होंने धारा-370 को निरस्‍त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का आभार प्रकट किया।

 

 

ऑन 5th का अगस्त 2019 एर्बोगेटिड आर्टिकल 370, निरस्त कर दिया। सब लोग आकर यहां बैठे हुये थे धरने पर इतिहास इस बात का गवाह है कि क्या आप किस कानून के लिए धरना दे रहे थे, किस कानून का विरोध करें थे किस लिए विरोध कर रहे थे, आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी को मैं बहुत-बहुत फिर से बधाई देता हूं कि उनके सूझबूझ के कारण आज जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्‍न अंग बन गया।

——-

सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए छह सूत्री कार्यनीति तैयार की है। लोकसभा में एक प्रश्‍न के उत्‍तर में कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस नीति के नतीजे सामने आने लगे हैं।

 

 

हमने छह सूत्री रणनीति बनाई है। पहला उत्पादन बढ़ाना, दूसरा उत्पादन की लागत कम करना, तीसरा उत्पादन के ठीक दाम देना। अगर प्राकृतिक आपदा आये तो नुकसान की भरपाई करना, पांचवा कृषि का विविधिकरण और छठवां जैविक को प्राकृतिक खेती को प्रोत्‍साहन देना और 2019 में प्रधानमंत्री जी ने एक क्रांतिकारी फैसला किया कि फसलों के दाम जो उत्पादन की लागत है, उस पर कम से कम 50% लाभ देकर घोषित किए जाएंगे और तब से घोषित हो रहे हैं, ये लगातार।

——-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज राजस्‍थान में 46 हजार तीन सौ करोड़ रूपये से अधिक की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास किया। इनमें ऊर्जा, सड़क, रेलवे और जल से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। श्री मोदी राज्‍य में भजन लाल शर्मा सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर जयपुर में आयोजित एक समारोह में शामिल हुए।

 

आज यहां 45-50 हजार करोड रुपए से अधिक के प्रोजेक्‍टस का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है यह प्रोजेक्ट राजस्थान में पानी की चुनौती का स्थाई समाधान करेंगे यह प्रोजेक्ट राजस्थान को देश के सबसे कनेक्टेड राज्‍य में से एक बनाएंगे इससे राजस्थान में निवेश को बल मिलेगा रोजगार के अनगिनत अवसर बनेंगे, राजस्‍थान के टूरिजम को, यहां के किसानों को, मेरे नौजवान साथियों को इससे बहुत फायदा होगा

 

इन परियोजनाओं में पार्वती, कालीसिंध और चम्‍बल लिंक परियोजना शामिल है, जो राजस्‍थान और मध्‍यप्रदेश को जोड़ती है। प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना राजस्‍थान और मध्‍यप्रदेश में विकास को बढ़ावा देगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों के कार्यकाल के दौरान राज्यों के बीच जल विवाद कभी नहीं सुलझ सके, जिससे मध्‍यप्रदेश और राजस्‍थान को काफी नुकसान हुआ है।

 

 

यहां के नौजवानों के साथ पिछली कांग्रेस सरकार ने बहुत अन्‍याय किया था। पेपर लीक और भर्तियों में घौटाला ये राजस्‍थान की पहचान बन चुकी थी। भाजपा सरकार ने आते ही इसकी जांच शुरू की और कईं गिरफ्तारियों भी हुई हैं। इतना ही नहीं भाजपा सरकार ने यहां एक साल में हजारों भर्तियां भी निकाली हैं। यहां पूरी पारदर्शिता से परीक्षाएं भी हुई हैं नियुक्तियां भी हो रही हैं।

 

इस समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन लाल यादव और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटिल भी उपस्थित थे।

——–

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने कहा है कि राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी वर्ष 2025 से, भर्ती परीक्षाओं की बजाए उच्‍च शिक्षा के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने पर विशेष ध्‍यान देगी। नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि सरकार दस नए पदों का सृजन कर राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी का पुनर्गठन करने की योजना बना रही है।

 

 

श्री प्रधान ने बताया कि पिछले दस साल में प्रति बच्‍चे पर किए जाने वाले खर्च में 130 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 

 

 

पर चाइल्ड एक्सपेंडिचर की एक मोटा-मोटा लेखा जोखा आपके सामने मैं रखूं, इसमें 130% की ग्रोथ हुई है, पिछले 10 साल में, पहले 13-14 की बजट में इस अमाउंट का 10780 यह अभी 21-22 के बजट में 25043 रुपीज हुए हैं। ये 130% की ग्रोथ हो रही है।

 

 

शोधार्थियों के लिए एक राष्‍ट्र, एक सदस्‍यता-ओएनओएस पर श्री प्रधान ने कहा कि अब लगभग 13 हजार ई-जनरल विद्यार्थियों को उपलब्‍ध हैं और अगले तीन साल में सरकार इस पहल पर छह हजार करोड़ रूपए निवेश करेगी।

 ——-

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में ‘फिट इंडिया साइक्लिंग पहल को हरी झंडी दिखाई। उन्‍होंने इस दौरान अच्छे स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया और कहा कि केवल एक स्वस्थ समाज ही एक समृद्ध राष्ट्र का विकास कर सकता है।

 

 

फिट इंडिया साइक्लिंग ट्यूजडेज़’ फिट इंडिया आंदोलन के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शुरू किया था। इस कार्यक्रम का आयोजन देशभर में करीब एक हजार स्‍थानों पर किया गया।

——-

भारत, दुनिया में स्मार्टफोन का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश बन गया है। 2019 में यह 23वें स्थान पर था। नवंबर में एक ही महीने में स्मार्टफोन निर्यात 20 हजार करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि की सराहना की और इसे ‘मेकिंग भारत स्टोरी’ बताया है।

——-

श्रीलंका के राष्‍ट्रपति अनुरा कुमार दिसाानायक ने आज बिहार के बोधगया में विश्‍व विरासत महाबोधि मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ 14 सदस्‍यों का प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

बोधगया में अपने दो घंटे के प्रवास के दौरान श्री दिसानायक स्‍थानीय श्रीलंकाई मंदिर भी गए।

——-

मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भीषण शीत लहर का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया है कि इन क्षेत्रों में शीत लहर की स्थिति की गंभीरता अगले 6-7 दिनों तक जारी रहने की आशंका है।

——-

राजधानी दिल्‍ली में वायु गुणवत्‍ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। आज दोपहर बाद एक बजे वायु गुणवत्‍ता सूचकांक 433 दर्ज किया गया।

——-

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों खुष्क मौसम के बावजूद शीतलहर जारी है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…..

 

हिमाचल प्रदेश में बढ़ रही शीत लहर के बीच रोहतांग दर्रे के साथ ही कोकसर और ग्राम्‍फू में हल्की बर्फबारी हुई है। जबकि प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरा छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर में जल स्रोत जमने लगे हैं। निचले मैदानी इलाकों में बारिश न होने से गेहूं की फसल की बिजाई प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम के साफ बने रहने लेकिन शीत लहर के और बढ़ने की संभावना जताई है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार शिमला।

——-

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्‍कर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्‍ट मैच ब्रिस्‍बेन में खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन का खेल समाप्‍त होने तक भारत ने पहली पारी में नौ विकेट पर 252 रन बना लिये हैं। भारतीय टीम अभी भी 193 रन पीछे है।

 

इससे पहले भारत ने कल के स्‍कोर चार विकेट पर 51 रन से आगे खेलना शुरू किया। भारत की तरफ से के एल राहुल ने सर्वाधिक 84 और रवीन्‍द्र जडेजा ने 77 रन बनाए।  

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  • एक राष्ट्र, एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किये गए। विपक्ष ने विधेयक का विरोध करते हुए इसे संविधान के मूल ढांचे पर हमला बताया।

  • राज्यसभा में भारत के संविधान की 75 साल की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा आगे शुरू हुई। केन्‍द्रीय मंत्री जे पी नडडा ने कहा – सरकार संवैधानिक मूल्‍यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जयपुर में 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर और तेज हुई, कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा। दिल्‍ली में वायु गुणवत्‍ता का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचा, राष्‍ट्रीय राजधानी को वायु प्रदूषण ने अपनी गिरफ्त में लिया।

  • क्रिकेट में, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी करते हुए फॉलो-ऑन का खतरा टाला।

——–