Download
Mobile App

android apple
signal

December 16, 2024 3:43 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के साथ वार्ता की।
  • राज्यसभा में भारतीय संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर चर्चा शुरू।
  • केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा – भारत निर्माण के लिए प्रतिबद्धता की फिर पुष्टि करने का समय आ गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।
  • राष्ट्र आज 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में विजय दिवस पर अपने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है।
  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने तबला वादक जाकिर हुसैन के निधन पर दुख व्यक्त किया।
  • इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू और अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों और सीरिया की स्थिति पर चर्चा की।
  • और क्रिकेट में, ब्रिसबेन में भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण बाधित। भारत ने 4 विकेट पर 51 रन बनाए।

 

—————————————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और श्रीलंका के राष्‍ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के बीच नई दिल्‍ली में बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने परस्‍पर हितों के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों के बीच समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस समय हैदराबाद हाउस में संयुक्‍त वक्‍तव्‍य में कहा कि दोनों देशों ने अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्‍होंने कहा कि विकास सहयोग को आगे बढाने पर भी चर्चा हुई।

 

हमें खुशी है कि राष्ट्रपति के रूप में अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए आपने भारत चुना है। आज की इस यात्रा से हमारे संबंधों में नई गति और ऊर्जा का सृजन हो रहा है। हमने अपनी पार्टनरशिप के लिए एक फ्यूचरिस्टिक विजन अपनाया है। हमने अपनी आर्थिक साझेदारी में इन्वेस्टमेंट लैड ग्रोथ और कनेक्टिविटी पर बल दिया है।

 

प्रधानमंत्री  ने कहा कि चेन्‍नई-जाफना कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

 

फेरी सर्विस और चेन्‍नई जाफना फ्लाइट कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिला है और साथ ही हमारे सांस्‍कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिली है। हमने निर्णय लिया है कि नागपट्टिनम और कांकेसंथुराई फेरी सर्विस की सफल शुरूआत के बाद अब रामेश्‍वरम और तलाईमन्‍नार के बीच फैरी सर्विस शुरू की जाएगी। 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब पाली भाषा को भारत में क्‍लासिकल भाषा का दर्जा दिया गया तब श्रीलंका में भी इस पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की गई।

 

पीपुल टू पीपुल संबंध हमारी सभ्‍यताओं से जुड़े हैं। जब भारत में पाली भाषा को क्‍लासिकल भाषा का दर्जा दिया गया, तो श्रीलंका में भी उसकी खुशी मनाई गई।

 

—————————————————————–

 

श्रीलंका के राष्‍ट्रपति ने कहा कि हम मछुआरों के मुद्दों पर मानवीय दृष्टिकोण रखेंगे।

 

—————————————————————–

 

इससे पहले, श्री दिसानयक का आज सुबह राष्‍ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्‍वागत किया गया। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री दिसानायक का स्‍वागत किया। श्रीलंका के राष्‍ट्रपति ने राजघाट पर राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को पुष्‍पांजलि भी अर्पित की।

 

श्रीलंका के राष्‍ट्रपति तीन दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्‍ली पहुंचे। वे आज शाम राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगे। श्री दिसानायक बिहार के बोधगया भी जाएंगे। राष्‍ट्रपति का कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री दिसानायक की यह पहली भारत यात्रा है।

 

—————————————————————–

 

राज्‍यसभा में आज भारत के संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर एक विशेष चर्चा शुरू हुई। इस चर्चा में अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब देने के लिए सत्‍ता पक्ष की ओर से वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन ने मोर्चा संभाला। चर्चा की पहल करते हुए उन्‍होंने 1949 में नियम की आलोचना करने के लिए प्रसिद्ध गीतकार मजरूह सुल्‍तानपुरी और अनुभवी अभिनेता बलराज साहनी को जेल भेजने संबंधी कांग्रेस के फैसले का उल्‍लेख किया। श्रीमती सीतारामन ने कहा कांग्रेस शासन के दौरान प्रतिबंधित की गई पुस्‍तकों और फिल्‍मों की सूची का भी उल्‍लेख किया। उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने एक परिवार की मदद करने और लोकतंत्र को सशक्‍त बनाने की बजाय सत्‍तासीन लोगों की रक्षा करने के लिए संविधान में संशोधन किया।

 

अपने संबोधन में श्रीमती सीतारामन ने संविधान सभा के सदस्‍यों का भी स्‍मरण किया। उन्‍होंने इसमें शामिल 15 महिला सदस्‍यों के विशेष योगदान को भी सराहा। उन्‍होंने कहा कि भारत निर्माण के लिए प्रतिबद्धता की फिर पुष्टि करने का समय आ गया है। 

 

चर्चा में भाग लेते हुए सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान को कमजोर करने का सरकार पर आरोप लगाया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों को सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार दिया है। चर्चा अभी जारी है।

 

—————————————————————–

 

1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में आज पूरा देश विजय दिवस मना रहा है। युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल ए खान नियाजी ने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने बिना शर्त आत्मसमर्पण कर दिया था। युद्ध की समाप्ति के बाद पूर्वी पाकिस्तान का उदय बांग्‍लादेश के रूप में हुआ ।

 

—————————————————————–

 

थल सेना की पैंथर डिविजन ने विजय दिवस के अवसर पर पंजाब के अमृतसर में सैन्‍य उपकरणों का प्रदर्शन किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर वीर नारियों का भी सम्‍मान किया गया।

 

इस भावनात्मक क्षण ने उन परिवारों के प्रति राष्ट्र की सराहना को रेखांकित किया, जिन्होंने देश के सम्मान और सुरक्षा के लिए अपने प्रियजनों का बलिदान दिया।  अमृतसर के ऐतिहासिक गोविंदगढ़ किले में कल एक भव्य सांस्‍कृतिक शाम ‘एक शाम वीरों के नाम’ में भारतीय सेना की वीरता से जुड़े सैन्य अभियानों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें डोगराई और पुल कंजरी की सबसे भयंकर लड़ाई भी शामिल थी। यह आयोजन भारतीय सेवा के सैनिकों के साहस और दृढ़ संकल्प को एक श्रद्धांजलि थी। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

 

—————————————————————–

 

पुद्दुचेरी के मुख्‍यमंत्री रंगासामी ने विजय दिवस के अवसर पर बीच रोड स्थित करगिल युद्ध स्‍मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

—————————————————————–

 

विजय दिवस के अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज 1971 के युद्ध के बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बहादुर सैनिकों के सर्वोच्‍च बलिदान का स्‍मरण करते हुए कहा कि उनकी कहानियां हर भारतीय को प्रेरित करती हैं और राष्‍ट्रीय गौरव का एक स्रोत बनी हुई हैं।

 

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सैनिकों के शौर्य और निस्‍वार्थ बलिदान की सराहना की।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्र उन वीर सैनिकों के साहस और बलिदान का सम्मान करता है जिन्होंने इस दिन 1971 में भारत की ऐतिहासिक जीत में योगदान दिया था।

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय समर स्‍मारक पर पुष्‍पांजली अर्पित की। रक्षा राज्‍यमंत्री संजय सेठ, रक्षा प्रमुख लेफटिनेंट जनरल अनिल चौहान, थल सेना अध्‍यक्ष जनरल उपेन्‍द्र द्विवेदी और वायुसेना अध्‍यक्ष एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने भी बहादुर सैनिकों को पुष्‍प चक्र और श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

—————————————————————–

 

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने आज विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आवश्यक सुधारों को पूरा करने के बाद देश में अगला आम चुनाव 2025 के अंत तक या 2026 की पहली छमाही में हो सकता है। एक रिपोर्ट –

 

आज विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए यूनुस ने यह बात पर जोर दिया कि चुनाव की समय सीमा चुनाव सुधार आयोग और संविधान सुधार आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करती है। इसी बीच, बांग्लादेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में से एक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी पिछले 3 महीने से यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर चुनावी रोड मैप को लेकर दबाव बना रही है। नवलसिंह परमार, आकाशवाणी समाचार, ढाका।

 

—————————————————————–

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि देश को रक्षा संपदाओं को आत्मनिर्भरता और सैन्य तत्परता को ध्‍यान में रखते हुए समृद्ध किया जाना चाहिए। श्री धनखड़ ने नई दिल्ली में 7वें रक्षा संपदा दिवस के अवसर पर कहा कि भूमि का अधिकतम उचित उपयोग होना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि भूमि का सटीक प्रबंधन 2047 तक विकसित भारत के संकल्‍प के लिए बेहद आवश्‍यक है।

 

—————————————————————–

 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आज बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में नक्सली हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की। हमारे संवाददाता ने बताया है कि केंद्रीय गृह मंत्री ने जगदलपुर में अमर शहीद वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जगदलपुर में शहीद जवानों के परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत सरकार का गृह मंत्रालय, जनजातीय कार्य मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय मिलकर शहीद जवानों के परिवारों की समस्याओं के समाधान और उन्हें पहुंची क्षति की प्रतिपूर्ति के लिए विशेष योजना बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इन परिवारों ने जो पीड़ा झेली है, वह किसी और परिवार को न झेलनी पड़े, इसके लिए केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार मिलकर मार्च 2026 तक इस पूरे क्षेत्र से नक्सलवाद का खात्‍मा कर देंगे। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री ने जगदलपुर में अमर शहीद वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। आकाशवाणी समाचार के लिए रायपुर से मैं विकल्प शुक्ला। 

 

—————————————————————–

 

भारतीय जनता पार्टी ने आज एक मीडिया रिपोर्ट के बाद कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2008 में प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय-पीएमएमएल से भारत के पहले प्रधान मंत्री जवाहरलाल नेहरू के दान किए गए कागजात ले लिए थे। पीएमएमएल सोसायटी के एक सदस्‍य तथा इतिहासकार रिज़वान क़ादरी ने हाल ही में उन कागजात को लौटाने संबंधी कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी को पत्र लिखा है। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने कहा कि कई अन्‍य गण्‍यमान्‍य व्‍यक्तियों को लिखे गये पत्रों के 51 डिब्‍बे सोनिया गांधी ने लिये थे। उस दौरान वे संयुक्‍त प्रगतिशील गठबंधन की अध्‍यक्ष थीं।

 

इस बीच, कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा है कि सत्‍तारूढ़ पार्टी एक प्रमुख कारोबारी समूह द्वारा कथित रिश्‍वत लेने के आरोपों से संबंधित मुद्दों से ध्‍यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

 

—————————————————————–

 

महान तबला वादक जाकिर हुसैन का कल रात अमरीका में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वे रक्तचाप संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इससे पहले उन्‍हें हृदय संबंधी समस्याओं के कारण सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

उस्ताद जाकिर हुसैन प्रख्यात तबला वादक अल्लाह रक्खा के सबसे बड़े बेटे उस्‍ताद जाकिर हुसैन का जन्म 9 मार्च, 1951 को मुंबई में हुआ था। वे बहुत कम उम्र से ही संगीत की ओर स्वाभाविक रूप से आकर्षित हो गए थे। छह दशकों के करियर में, उन्‍होंने विश्‍व स्‍तर पर पांच ग्रैमी पुरस्कार जीते, जिनमें से तीन इस साल की शुरुआत में 66वें ग्रैमी पुरस्कार में जीते। उन्होंने ‘साज़’, ‘हीट एंड डस्ट’ सहित कुछ फ़िल्मों में भी अभिनय किया। उनकी सबसे हालिया फ़िल्म ‘मंकी मैन’ वर्ष 2024 में रिलीज़ हुई। गिटारवादक जॉन मैकलॉघलिन, वायलिन वादक एल शंकर और तालवादक टी.एच. ‘विक्कू’ विनायकराम के साथ जुगलबंदी उनकी एक अभूतपूर्व उपलब्धि थी। हुसैन को 1988 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म श्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। समाचार कक्ष से मनोज।

 

—————————————————————–

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने तबला वादक जाकिर हुसैन के निधन पर दुख प्रकट किया है।

 

—————————————————————–

 

इजरायल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सीरिया के घटनाक्रम और हमास द्वारा बंधक बनाए गए लागों के बारे में चर्चा की है। दोनों नेताओं ने गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए इजरायली और विदेशी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के हालिया प्रयास पर चर्चा करने के लिए फोन पर बात की। 

 

—————————————————————–

 

ब्रिसबेन के गाबा में खेली जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन खेल खत्‍म होने तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 51 रन बनाए।

 

—————————————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के साथ वार्ता की। दोनों देशों के बीच दोहरे कराधान से बचने के लिए समझौते का भी आदान-प्रदान किया गया।
  • राज्यसभा में भारतीय संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर चर्चा शुरू।
  • केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा – भारत निर्माण के लिए प्रतिबद्धता की फिर पुष्टि करने का समय आ गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।
  • राष्ट्र आज 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में विजय दिवस पर अपने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है।
  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने तबला वादक जाकिर हुसैन के निधन पर दुख व्यक्त किया।
  • इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू और अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों और सीरिया की स्थिति पर चर्चा की।
  • और क्रिकेट में, ब्रिसबेन में भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण बाधित। भारत ने 4 विकेट पर 51 रन बनाए।

 

—————————————————————–