मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति निशान अलंकरण’ से सम्मानित किया। माओवादियों से हथियार डालकर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की।
- प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
- महाराष्ट्र मे नवगठित सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज नागपुर में किया जाएगा।
- मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज शीत लहर चलने का अनुमान व्यक्त किया।
- ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में 7 विकेट पर 405 रन बनाए।
****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन की आज दूसरे दिन भी अध्यक्षता कर रहे हैं। तीन दिन का यह सम्मेलन शुक्रवार को शुरू हुआ था। श्री मोदी आज सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में एक साझा विकास एजेंडा तैयार करने और उसे कार्यान्वित करने के अलावा राज्यों के साथ भागीदारी की रूपरेखा तय करने पर ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है। इस सम्मेलन का उद्देश्य केन्द्र और राज्य सरकारों के बीच भागीदारी को अधिक मजबूत करना तथा सहकारी संघवाद को बढाने के साथ तेजी से वृद्धि और विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना भी है। सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।
****************
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे होने पर लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वक्तव्य की सराहना की। संविधान के 75 वर्ष की इस यात्रा पर राज्यसभा में चर्चा की शुरूआत कल श्री नड्डा करेंगे। इसके लिए 16 और 17 दिसम्बर का समय निर्धारित किया गया है।
****************
गृहमंत्री अमित शाह ने माओवादियों से हथियार डालने और समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की है। रायपुर में छत्तीसगढ पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति निशान अलंकरण प्रदान करने के एक कार्यक्रम में श्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ को नक्सल मुक्त बनाने के केन्द्र सरकार के संकल्प को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ पुलिस पूरी वीरता और समर्पण के साथ नक्सलरोधी अभियान चला रही है।
छत्तीसगढ़ पुलिस कभी भी दोयम स्थान पर नहीं रही है, हमेशा अग्रम स्थान पर रही है। यह हम सबके लिए गर्व का विषय है, नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। मैं आज फिर से एक बार छत्तीसगढ़ की जनता को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि आपने विष्णु देव जी पर भरोसा किया है। हम सब कटिबद्ध है छत्तीसगढ़ को 31-03-2026 के पहले नक्सल मुक्त करने के लिए।
गृहमंत्री कहा कि छत्तीसगढ सरकार ने बहुत ही अच्छी समर्पण नीति तैयार की है और समर्पण करने वाले माओवादियों को अच्छा पैकेज मिलेगा। श्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ पुलिस को प्रदान किया गया राष्ट्रपति का निशान राज्य पुलिस की सेवा, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह केवल एक अलंकरण नहीं है बल्कि एक दायित्व है।
मेरे लिए बहुत सम्मान का विषय है कि राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में आज मुझे अपने हाथों से छत्तीसगढ़ जैसी जांबाज पुलिस को राष्ट्रपति निशान का अलंकरण करने का मौका मिला है।
छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमण सिंह और उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ पुलिस की कई टुकडियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। गृहमंत्री अमित शाह आज शाम बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर ओलिम्पिक के समापन समारोह में भी भाग लेंगे। वे समर्पण करने वाले माओवादियों से बातचीत भी करेंगे।
***************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल को आज उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व और उनके कार्य देश की एकता और अखंडता तथा विकसित भारत के संकल्प को हासिल करने में देशवासियों के लिए प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे। गृहमंत्री अमित शाह ने भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत के लौह पुरूष का स्मरण करते हुए गृहमंत्री ने उन्हें देश की एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति उनकी वचनबद्धता ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की मजबूत नींव रखी। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाले सरदार पटेल का महान व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण का उनका संकल्प देशवासियों का हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा।
****************
बेंगलुरू में इंजिनियर अतुल सुभाष आत्महत्या मामले में वहां की पुलिस ने आज अतुल की पत्नी को गुरूग्राम से और उसकी मां तथा भाई को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर अतुल को आत्महत्या के लिए उकसाने, कथित तौर पर उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापिस लेने के लिए 3 करोड़ रूपए मांगने और बेटे से मिलने के लिए 30 लाख रूपए की मांग रखने का मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को बेंगलुरू में अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। अतुल को 9 दिसंबर को बेंगलुरू के उनके अपार्टमेंट में मृत पाया गया था। उन्होंने 40 पृष्ठ का सुसाइ़ड नोट लिखा था और वीडियो बनाई थी। इसमें अतुल ने अपनी पत्नी और उसके परिवार वालों पर उन्हें प्रताडित करने का आरोप लगाया था।
****************
महाराष्ट्र मे नवगठित सरकार के मंत्रिमंडल का आज नागपुर में विस्तार किया जाएगा। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं अजीत पवार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सत्तारूढ़ महायुति सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आज शाम राज्य की उप-राजधानी नागपुर के राजभवन परिसर में होने वाला है, जो एक सप्ताह तक चलने वाले शीतकालीन विधानसभा सत्र के ठीक पहले होगा। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। महाराष्ट्र विधानसभ का शीतकालीन सत्र कल से नागपुर में शुरू होगा। धनंजय वानखेड़े के साथ नम्रता फल्के, आकाशवाणी समाचार, नागपुर।
****************
नई दिल्ली के मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में आज खेले गए टीबी मुक्त भारत जागरूकता क्रिकेट मैच में लोकसभा स्पीकर इलैवन ने राज्यसभा चेयरमेन इलैवन को हरा दिया। इस मैत्री क्रिकेट मैच में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया। इस मैच का उद्देश्य तपेदिक के प्रति जागरूकता बढ़ाना और तपेदिक मुक्त भारत को सहयोग प्रदान करना था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला क्रिकेट मैच के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर लोकसभा स्पीकर इलैवन का नेतृत्व किया जबकि केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू राज्यसभा चैयरमैन इलैवन के कप्तान है। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने प्रधानमंत्री टी. बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025 तक तपेदिक को समाप्त करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख किया।
इस संकल्प के साथ कि 2025 तक हमें टी.बी. मुक्त भारत बनाना है। इस खेल कराने का मकसद यही है कि जिस तरीके से खेल में प्रतिस्पर्धा होती है अपने-अपने खेल को जो जीतने की, उसी तरीके की प्रतिस्पर्धा है अपने-अपने संसदीय क्षेत्र को टी.बी. मुक्त रखने का और ये प्रतिस्पर्धा एक स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा है।
केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैच के माध्यम से न सिर्फ इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढेगी बल्कि लोगों के बीच शारीरिक स्वस्थता का महत्व भी बढ़ेगा।
टी.बी. मुक्त भारत को लेकरके अभियान को और तेजी से आगे बढ़ाने के लिए आज क्रिकेट मैच रखा गया है। लोकसभा राज्यसभा के बीच में और कई हमारे सांसद साथी यहां आये हुए हैं। हम फिट रहेंगे तो देश फिट रहेंगे और टी.बी. मुक्त भारत को आगे ले जाने के लिए हम खेल के माध्यम से एक जोश दिलाने के लिए यह कार्यक्रम रखा है।
****************
मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीत लहर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मध्य प्रदेश और पंजाब में आज शीत लहर जारी रह सकती है।
मौसम विभाग ने आज हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्र और ओडिशा में शीत लहर होने की संभावना व्यक्त की है। वहीं, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान और मुजफ्फराबाद में अगले दो दिनों तक शीत लहर चलने का अनुमान है। विभाग ने अगले दो दिनों में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग क्षेत्रों में रात और सुबह के समय घना कोहरा हो सकता है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी रात और सुबह के समय धुंध बनी रहने की संभावना है। विभाग ने आज अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश और कल तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। भानु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
****************
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली में आज दोपहर बाद एक बजे तक वायु गणवत्ता सूचकांक – ए क्यू आई दो सौ 70 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले दो दिनों के दौरान सुबह और रात में धुंध का अनुमान व्यक्त किया है।
****************
मोलडोवा के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मिहाइल पोपसोई भारत की यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंच गये हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि श्री पोपसोई की यात्रा से भारत-मोलडोवा के बीच संबंध मजबूत होंगे और दोनों देशों के बीच भागीदारी बढेगी।
****************
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके तीन दिन की यात्रा पर आज भारत आयेंगे। श्रीलंका का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद श्री दिसानायके की भारत की यह पहली यात्रा होगी। इस दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आपसी हित के द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। श्री दिसानायके नई दिल्ली में भारत और श्रीलंका के बीच निवेश और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देने से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे बिहार में बोधगया भी जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि श्री दिसानायके की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय और आपसी सहयोग मजबूत होगा।
****************
सेनाध्यक्ष उपेन्द्र द्विवेदी ने भारत यात्रा पर आए नेपाल के सेना प्रमुख सुप्रबल जनसेवाश्री जनरल अशोक के साथ सकारात्मक बातचीत की है। उनकी तीन दिन की यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई जिसमें दोनों सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाना और संबंधों को मजबूत करना शामिल है।
****************
देश के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त वर्ष 2023-24 में अब तक का लगभग एक लाख 41 हजार करोड रूपये का सबसे अधिक शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इस दौरान सकल गैर निष्पादनकारी परिसंपत्तियों का अनुपात घटा है। इस वर्ष सितम्बर में यह अनुपात तीन दशमलव एक-दो प्रतिशत दर्ज किया गया। मार्च 2018 में यह अनुपात 14 दशमलव पांच आठ प्रतिशत था।
****************
हरियाणा के हिसार में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की अखिल भारतीय समेकित कृषि प्रणाली अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत विकसित एक हेक्टेयर की समेकित कृषि प्रणाली मॉडल को राष्ट्रीय मान्यता प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति बी.आर काम्बोज ने बताया कि इस मॉडल से किसान विभिन्न फसलों, सब्जियों और फलों की खेती के साथ केंचुए से बनी खाद के उत्पादन, मशरूम की खेती और बायोगैस के उत्पादन सहित विभिन्न प्रकार की कृषि गतिविधियां कर सकते हैं।
****************
ब्रिटेन आज प्रशांतपार व्यापक और प्रगतिशील भागीदारी (सीपीटीपीपी) समझौते में शामिल हो गया। वह इस समझौते में शामिल होने वाला 12वां और यूरोप का पहला देश बन गया है। इस समझौते में कनाडा, जापान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ब्रुनेई, चिली, मलेशिया, मैक्सिको, पेरू, सिंगापुर और वियतनाम शामिल हैं।
****************
ब्रिस्बेन में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के आज दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में सात विकेट पर 405 रन बना लिए थे। इस पारी में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड के बीच चौथे विकेट के लिए 241 रनों की महत्वपूर्ण भागीदारी हुई। ट्रेविस हेड ने श्रृंखला में लगातार दूसरा शतक बनाया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने पांच खिलाडि़यों को आउट किया। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की श्रृंखला एक-एक की बराबरी पर है।
****************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति निशान अलंकरण’ से सम्मानित किया। माओवादियों से हथियार डालकर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
- महाराष्ट्र मे नवगठित सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज नागपुर में किया जाएगा।
- मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज शीत लहर चलने का अनुमान व्यक्त किया है।
- ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में 7 विकेट पर 405 रन बनाए।
*****************