मुख्य समाचार:-
- भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर लोकसभा में विशेष चर्चा आज दूसरे दिन भी जारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम चर्चा का जवाब देंगे।
- प्रधानमंत्री नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे है, सम्मेलन में तेज विकास के लिए केंद्र और राज्यों के बीच साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा।
- ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ से संबंधित दो विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किए जाएंगे।
- दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून सुक योल के मार्शल लॉ लगाने के प्रयास को लेकर दूसरे महाभियोग प्रस्ताव के लिए संसद में कार्यवाही शुरू हुई।
- भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल आज बारिश के कारण समय से पहले समाप्त करना पडा।
- और, ओमान में आज महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के सेमीफाइनल में भारत का सामना जापान से होगा।
———————————
भारतीय संविधान की 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा आज लोकसभा में फिर शुरू हुई। चर्चा में भाग लेते हुए संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने संविधान निर्माण में डॉक्टर भीम राव आम्बेडकर के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान की भावना के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं।
कॉन्स्टिट्यूशन स्प्रिट जिस स्पीड से हम आज तक 75 वर्ष पूरा हो गए हैं उसमें लिखा हुआ जो शब्द होते हैं उसके अलावा संविधान का जो स्प्रिट है उसको भी हमने कैसे मानते हुए आगे चलने का काम किया है। मैं सदैव महसूस करता हूं प्रधानमंत्री मोदी जी का जब कार्यकाल शुरू हुआ उसने संविधान को उसी स्प्रिट को मानते हुए अपना सरकार का मंत्र को इस देश का सामने में रखा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।
श्री किरेन रिजिजु ने कहा कि देश ने स्वतंत्रता के बाद प्रत्येक नागरिक के लिए समान अधिकार सुनिश्चित किए हैं। उन्होंने कहा कि देश में अल्पसंख्यकों के साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है और अल्पसंख्यकों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि देश में छह अल्पसंख्य समुदायों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। चर्चा जारी है। प्रधानमंत्री आज शाम चर्चा का जवाब देंगे।
———————————
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे हैं। तीन दिवसीय सम्मेलन कल शुरू हुआ था। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसमें राज्यों के साथ साझेदारी में एक साझा विकास एजेंडा और सुसंगत कार्रवाई का प्रारूप तैयार करने और उसे लागू करने पर ध्यान दिया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य सहकारी संघवाद पर ध्यान केंद्रित करते हुए केंद्र और राज्यों के बीच साझेदारी को और मजबूत करना और विकास हासिल करने के लिए बेहतर सहयोग सुनिश्चित करना है। सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुडे विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री मोदी के केंद्र और राज्यों के बीच मजबूत सहयोग को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण से प्रेरित महत्वपूर्ण पहल है, जो ‘उद्यमिता, रोजगार और कौशल को प्रोत्साहन देना – जनसांख्यिकी लाभांश का लाभ उठाना’ विषय पर केंद्रित है। इसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं और रणनीतियों को शामिल किया गया है। इसमें छह क्षेत्रों विनिर्माण, सेवा, ग्रामीण गैर-कृषि, शहरी, नवीकरणीय ऊर्जा और पुन: उपयोग वाली अर्थव्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सम्मेलन में विकसित भारत के लिए भविष्य के लिए प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास केंद्रों के रूप में शहरों का विकास, निवेश के लिए राज्यों में आर्थिक सुधार और मिशन कर्मयोगी के माध्यम से क्षमता निर्माण पर चार विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
———————————
एक राष्ट्र एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों को सोमवार को लोकसभा में पेश किये जाने का कार्यक्रम है। केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल 129वां संविधान संशोधन विधेयक और केन्द्रशासित क्षेत्र संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश करेंगे।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति ने राजनीतिक दलों और विशेषज्ञों समेत सभी हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। एक राष्ट्र एक चुनाव का सिद्धांत दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराये जाएंगे जबकि पंचायत और नगर पालिकाओं जैसे स्थानीय निकायों के चुनाव आम चुनावों के सौ दिनों के भीतर कराये जाएंगे।
———————————
वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार से अनुरोध किया है कि केरल में भूस्खलन से प्रभावित वायनाड के लिए विशेष पैकेज घोषित किया जाए। आज संसद के बाहर मीडिया कर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार को इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भूस्खलन के कारण दो हजार करोड रुपये मूल्य की संपति नष्ट हो गई है और सरकार को निर्धारित नियमों के अनुसार सहायता राशि जारी करनी चाहिए।
———————————
भारतीय रिजर्व बैंक ने बिना जमानत के कृषि ऋण की सीमा एक लाख साठ हजार से बढ़ाकर दो लाख रुपये करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय अगले वर्ष पहली जनवरी से प्रभावी होगा।
रिजर्व बैंक के इस निर्णय का उद्देश्य किसानों को बेहतर वित्तीय सुविधा प्रदान करना है। इसे यह सुनिश्चित होगा कि किसानों के पास परिचालन और विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधन है यह कदम विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए ऋण की पहुंच को बढ़ावा देगा। इस पहल से किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की मांग भी बढ़ेगी जिससे किसान कृषि कार्यों में निवेश और अपनी आजीविका में सुधार कर सकेंगे। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———————————
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र को अभिव्यक्ति और संवाद के संतुलन पर केन्द्रित होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लोकतंत्र केवल व्यवस्थाओं पर ही नहीं बल्कि मौलिक मूल्यों पर भी विकसित होता है। उपराष्ट्रपति ने आज नई दिल्ली में भारतीय डाक और दूरसंचार लेखा तथा वित्त सेवा के 50वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने उल्लेख किया कि अभिव्यक्ति और संवाद एक दूसरे के पूरक हैं और दोनों के बीच सामंजस्य ही सफलता की कुंजी है।
———————————
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल के विरूद्ध में संसद में दूसरा महाभियोग प्रस्ताव पारित हो गया है। राष्ट्रपति यूं सुक येओल के देश में सैन्य शासन लागू करने के प्रयास के बाद ये महाभियोग प्रस्ताव लाया गया था।
प्रस्ताव पारित होने के लिए नेशनल असेंबली के 300 में से 200 सदस्यों का समर्थन आवश्यक है। प्रस्ताव पारित होने के बाद यह मामला संवैधानिक न्यायालय में जाएगा। स्थानीय मीडिया के अनुसार सत्तारूढ़ पार्टी ने राष्ट्रपति यूं सुक येओल के महाभियोग के खिलाफ़ मतदान का फैसला किया है।
इस बीच, महाभियोग पर मतदान से कुछ घंटे पहले ही हजारों लोग सियोल में प्रदर्शन कर रहे हैं।
संवैधानिक न्यायालय के निर्णय तक राष्ट्रपति पर महाभियोग के बाद उनकी शक्तियां निलंबित रहेंगी। राष्ट्रपति को हटाने के न्यायालय के निर्णय के बाद 60 दिनों के भीतर चुनाव कराना होगा।
———————————
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके कल से भारत की तीन दिन की यात्रा पर आएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कल संवाददाताओं को ये जानकारी देते हुए कहा कि श्रीलंका का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद श्री दिसानायके की यह पहली विदेश यात्रा होगी। इस दौरान श्री दिसानायके राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हित के अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
———————————
श्रीलंका ने अपने आर्थिक सुधारों के प्रयासों में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय बॉन्ड पुनर्गठन का काम पूरा कर लिया है। एक बयान में, श्रीलंका के वित्त मंत्रालय ने घोषणा की कि पुनर्गठन में 25 नवंबर को जारी की गई नई प्रतिभूतियों के लिए डिफ़ॉल्ट अंतर्राष्ट्रीय सॉवरेन बॉन्ड आईएसबी का आदान-प्रदान शामिल था। इस पहल में अच्छी भागीदारी देखी गई और लगभग 98 प्रतिशत बकाया आईएसबी को परिवर्तित किए जाने की उम्मीद है।
———————————
वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने आज नव नियुक्त अधिकारियों को भविष्य के नेता और कमांडर बनने पर शुभकामनाएं दीं। हैदराबाद के पास डुंडीगल में वायुसेना अकादमी में पासिंग आउट परेड में उन्होंने कहा कि फ्लाइंग ऑफिसर केवल वायु सैनिक ही नहीं बल्कि भविष्य के कमांडर भी हैं। उन्होंने भारतीय वायुसेना के मूल्यों, मिशन, अखंडता और उत्कृष्टता को बनाए रखने का आग्रह किया।
भारतीय वायुसेना, भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के विभिन्न विभागों के 200 से अधिक फ्लाइट कैडेटों के अलावा मित्र देशों के एक अधिकारी ने वायुसेना अकादमी में अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। परेड में भारतीय वायुसेना में हथियार प्रणाली शाखा के अधिकारियों के पहले बैच को भी शामिल किया गया। समारोह में एयर चीफ मार्शल ने स्नातक प्रशिक्षुओं को ‘राष्ट्रपति कमीशन’ और फ्लाइट कैडेटों को विंग और ब्रेवेट प्रदान किए।
———————————
उधर, भारतीय सेना को आज 456 नए सैन्य अधिकारी मिले हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी – आई.एम.ए.में आयोजित पासिंग आउट परेड में इन अधिकारियों ने भारतीय सेना का हिस्सा बनने का गौरव प्राप्त किया।
ऐतिहासिक चेटवुड बिल्डिंग के ड्रिल स्क्वायर पर आयोजित इस परेड की सलामी नेपाल के सेना प्रमुख, जनरल अशोक राज सिगडेल ने ली। अनुशासन, समर्पण और गर्व का प्रतीक यह परेड दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। इस अवसर पर जैंटलमैन कैडेट जतिन कुमार को प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। इस परेड में कुल 491 जैंटलमैन कैडेट्स ने पास आउट हुए, जिनमें 35 कैडेट्स मित्र राष्ट्रों से थे। ऑर्डर ऑफ मेरिट में पहले स्थान पर रहे जैंटलमैन कैडेट प्रथम सिंह को स्वर्ण पदक, दूसरे स्थान पर रहे जतिन कुमार को रजत पदक और तीसरे स्थान पर रहे मयंक ध्यानी को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
———————————
ओमान के मस्कत में जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में आज भारत का सामना जापान से होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम छह बजे से खेला जायेगा। दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया का सामना चीन से होगा।
———————————
ब्रिस्बेन में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल वर्षा के कारण समय से पहले समाप्त घोषित करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने उस समय पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 28 रन बनाए थे । सुबह टॉस जीतकर भारत ने गेंदबाज़ी का फैसला किया। उसके बाद खेल वर्षा के कारण कई बार रोकना पड़ा। कल दूसरे दिन का खेल आधे घंटे पहले शुरू होगा।
———————————
वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान विधायक ईवीकेएस एलंगोवन का आज चेन्नई में निधन हो गया। इरोड पूर्व से निर्वाचित 75 वर्षीय एलंगोवन कई बीमारियों से ग्रस्त थे। एलंगोवन पेरियार ई.वी. रामासामी के भाई ई.वी. कृष्णसामी के पोते थे। वे 2004 में गोबीचेट्टिपलयम से लोकसभा के लिए चुने गए और दो बार राज्य विधानसभा के लिए भी चुने गए। उन्होंने 2004 से 2009 तक केंद्रीय कपड़ा मंत्री के रूप में कार्य किया।
———————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिल्म अभिनेता राज कपूर की 100वीं जयंती पर आज उन्हें भावभीनी श्रद्धांजली दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि राज कपूर केवल फिल्मकार ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक दूत थे जिन्होंने भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई।
राज साहब का सौवा जन्मदिन यानी हिंदुस्तान की फिल्म इंडस्ट्री की स्वर्णिम यात्रा का कालखंड है ये डिप्लोमेटिक वर्ल्ड में, शॉफ्ट पावर इसकी बहुत चर्चा होती थी जिस जमाने में शॉफ्ट पावर शब्द का जन्म नहीं हुआ होगा राज कपूर साहब ने दुनिया में भारत के शॉफ्ट पावर की ताकत को एस्टेब्लिश कर दिया था। एक बहुत बड़ी भारत को उनकी सेवा थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सिनेमा के प्रति राज कपूर के अगाध समर्पण की सराहना की और कहा कि उनकी फिल्में कला, भावना और सामाजिक सरोकारों के साथ जनसामान्य की आकांक्षाओं और संघर्षों का चित्रण करती थीं। प्रधानमंत्री ने राज कपूर की फिल्मों के सशक्त पात्रों और यादगार मधुर गीतों का भी उल्लेख किया जो आज भी दुनियाभर के सिनेमा प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करते हैं।
———————————
दिल्ली के आरके पुरम स्थित एक निजी स्कूल को आज सुबह ईमेल के जरिये बम की धमकी मिली। दिल्ली पुलिस, बम का पता लगाने वाला दल और अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अग्निशमन के अधिकारी ने बताया कि धमकी फर्जी थी। कल, राष्ट्रीय राजधानी के 30 से अधिक स्कूलों को बम की फर्जी धमकी मिली थी। सूचना मिलने पर, स्कूलों को खाली करा लिया गया था और बम निरोधक दस्ते ने वहां जांच की, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।
———————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर लोकसभा में विशेष चर्चा आज दूसरे दिन भी जारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम चर्चा का जवाब देंगे।
- प्रधानमंत्री नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे है, सम्मेलन में तेज विकास के लिए केंद्र और राज्यों के बीच साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा।
- ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ से संबंधित दो विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किए जाएंगे।
- दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ संसद में दूसरा महाभियोग प्रस्ताव पारित।
- भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल बारिश के कारण समय से पहले समाप्त करना पडा।
- और, ओमान में आज महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के सेमीफाइनल में भारत का सामना जापान से होगा।
———————————