Download
Mobile App

android apple
signal

December 13, 2024 3:45 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अगले साल होने वाले महाकुंभ से पहले निर्बाध संपर्क प्रदान करने के लिए प्रयागराज में सात हजार करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

  • लोकसभा में भारत के संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर दो दिवसीय विशेष चर्चा शुरू।

  • राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के कारण राज्‍यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत को उम्मीद है कि बांग्लादेश अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगा।

  • राष्ट्र, 2001 में संसद पर हुए आतंकवादी हमले के बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

  • तमिलनाडु के कई जिलों में तेज वर्षा से जनजीवन प्रभावित।

*************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज उत्‍तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज के दौरे पर हैं। श्री मोदी अब से कुछ देर बाद लगभग सात हजार करोड़ रूपये की महाकुंभ परियोजना का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री महाकुंभ 2025 का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे जो आधिकारिक रूप से अगले वर्ष 13 जनवरी से शुरू होगा।

 

प्रधानमंत्री आज दोपहर प्रयागराज पहुंचे और वहां पूजा अर्चना की। उन्‍होंने संगम नोज, अक्षय वट वृक्ष, हनुमान मंदिर और सरस्‍वती कूप के दर्शन भी किए। उन्‍होंने कुंभ की तैयारियों का नि‍रीक्षण करने के लिए संगम क्षेत्र में क्रूज से यात्रा भी की। इस कुंभ में भक्‍तों के लिए क्रूज सेवाएं उपलब्‍ध रहेंगी।

 

प्रधानमंत्री ने महाकुंभ प्रदर्शनी स्‍थल का भी अवलोकन किया।

 

श्री मोदी प्रमुख मंदिर गलियारों का भी उद्घाटन करेंगे जिनमें भारद्वाज आश्रम गलियारा, श्रृंगवेरपुर धाम गलियारा, अक्षय वट गलियारा और हनुमान मंदिर गलियारा शामिल हैं।

 

वे कुंभ मेला क्षेत्र में रैली को भी संबोधित करेंगे।

*************************

लोकसभा में आज भारतीय संविधान के 75 वर्ष की शानदार यात्रा पर विशेष चर्चा शुरू हुई। चर्चा शुरू करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान ने सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्‍कृतिक जीवन के सभी पहलुओं को स्‍पर्श करते हुए राष्‍ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्‍त्र किया। उन्‍होंने कहा कि संविधान देश के सांस्‍कृतिक मूल्‍यों की अभिव्‍यक्ति है।

 


संविधान को अंगीकार करने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में इस सदन और समस्‍त देशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं। अध्‍यक्ष महोदय, साथ ही भारत की आजादी और भारत के संविधान के निर्माण से जुड़े सभी महानुभावों के प्रति कृतज्ञता भी व्‍यक्‍त करता हूं और उन सभी को शीश झुकाकर नमन करता हूं।

 

 

विपक्षी कांग्रेस पर अप्रत्‍यक्ष रूप से आक्षेप करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सविधान को विशेष पार्टी के योगदान के रूप में प्रस्‍तुत करने के प्रयास किये गए हैं। उन्‍होंने कहा कि संविधान किसी एक पार्टी का योगदान नहीं है बल्कि यह भारत के मूल्‍यों के अनुरूप अतुलनीय और क्रंतिकारी दस्‍तावेज है।

 

 

चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संविधान नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा कवच है। श्रीमती वाड्रा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने इस सुरक्षा कवच को तोडने के प्रयास किये हैं।

 

 

समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्‍मा है।

*************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी दो दिन की चर्चा पर कल अपना मत रखेंगे।

 

चर्चा से पहले प्रधानमंत्री ने कल कार्यनीतिक बैठक की।

 

राज्‍यसभा में संविधान पर चर्चा 16 और 17 दिसम्‍बर को होगी।

*************************

राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति अविश्‍वास प्रस्‍ताव के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्‍यों के शोरशराबे के कारण कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई। कांग्रेस के नेतृत्‍व में विपक्ष ने सभापति के प्रति अविश्‍वास का प्रस्‍ताव दिया है। श्री धनखड़ ने कहा कि सदन को ये जानना चाहिए कि पिछले तीस वर्ष में सभापति और मेरे कार्यकाल में कितने नोटिस प्राप्‍त हुए।

 

 

सभापति ने विपक्षी सदस्‍यों के व्‍यवहार और सदन के बाहर उनके आपत्तिजनक बयानों पर अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। श्री धनखड ने कहा कि उन्‍होंने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे का सर्वोच्‍च सम्‍मान किया है और सदन के सुगम कामकाज के लिए उनका सहयोग मांगा है। बार-बार अपील के बावजूद शोर-शराबा जारी रहा और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित करनी पड़ी।

*************************

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आशा व्‍यक्‍त की है कि बांग्‍लादेश अपने हित में ऐसे उपाय करेगा कि अल्‍पसंख्‍यक वहां सुरक्षित रहें। आज लोकसभा में पूरक प्रश्‍न के उत्तर में डॉ. जयशंकर ने कहा कि बांग्‍लादेश में अल्‍पसंख्‍यकों पर अनेक हमले चिंता का विषय है।

*************************

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने आज कहा कि भर्ती एजेंसियों द्वारा उल्‍लंघन के मामले में सरकार ने हमेशा उनके विरूद्ध सख्‍त कार्रवाई की है और प्रवासियों की सुरक्षा का ध्‍यान रखा है। लोकसभा में प्रश्‍नों और पूरक प्रश्‍नों के उत्तर में विदेश मंत्री ने कहा कि देश में दो हजार एक सौ 64 भर्ती एजेंसी पंजीकृत हैं। जहां कहीं कुछ गलत किया जाता है संबंधित भर्ती एजेंसी का लाइसेंस भी वापस ले लिया जाता है।

*************************

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि सरकार ने पिछले दस वर्ष में देश में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। श्री सिंधिया ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटन किया गया है जिससे पूर्वोत्तर राज्यों में सड़क, रेलवे और विमानन बुनियादी ढांचा विकसित हुआ है।

 

 

भारत में ये विदित हो गया है कि इंफ्रास्ट्रक्चर इस वन ऑफ़ द ग्रेटेस्ट इकोनॉमिक मल्टीप्लायर और प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जो एक नया वातावरण देश में निर्मित हो चुका है। आज देश के किसी कोने में जाओ आप चर्चा यही होती है कि नया हवाई अड्डा बना है या नया रेल स्टेशन बनाया है, नया हाईवे बना हुआ है मैं मानता हूं कि दिस इज डिफाइनिंग मूवमेंट ऑफ गुड गवर्नेंस एंड पॉलिटिक्स।

*************************

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आपसी हित के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात – यूएई के साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढाने की आवश्‍यकता पर बल दिया है। आज नई दिल्‍ली में भारत – यूएई संयुक्‍त आयोग की 15वीं बैठक के उद्घाटन भाषण में विदेश मंत्री ने कहा कि  क्षेत्र में स्थिरता, सुरक्षा और समृद्धि के संरक्षण और संवर्धन में भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के साझा हित है। इस अवसर पर यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्‍दुल्‍लाह बिन जायेद बिन सुल्‍तान अल नाहयान भी उपस्थित थे।

*************************

राष्ट्र आज उन सुरक्षाकर्मियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है, जिन्होंने 23 साल पहले 13 दिसंबर 2001 को आतंकवादी हमले के दौरान संसद की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवा दी थी।

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उन सुरक्षाकर्मियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्‍ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में संसद के सुरक्षा कर्मियों के अदम्‍य साहस और नि:स्‍वार्थ सेवा का स्‍मरण किया।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि बहादुरों का सर्वोच्‍च बलिदान देश को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

*************************

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी संसद हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की ।

 

 

संसद पर हुए हमले की हम सभी जानते हैं बरसी है। हमें इस लोकतंत्र के मंदिर की रक्षा करने वाले अपने सारे शहीद, सुरक्षाकर्मियों के प्रति अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने संसद की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी है।

*************************

संसद के दोनों सदनों में भी संसद हमले के शहीदों को आज श्रद्धांजलि दी गई। दोनों सदनों के सदस्‍यों ने वीर सुरक्षा कर्मियों के सम्‍मान में मौन भी रखा। जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिडला ने कहा कि इस अवसर पर सदन आतंकवाद से दृढतापूर्वक निपटने की प्रतिबद्धता दोहराता है।

 

 

यह सभा 13 दिसंबर, 2001 के आतंकवादी हमलों के दौरान संसद की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त सभी महान शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। इस अवसर पर हम आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए अपने संकल्प को पुन: दोहराते हैं।

 

 

राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड ने कहा कि देशवासियों को हमारी एकता, स्‍वतंत्रता और न्‍याय की सुरक्षा के लिए अटल रहना चाहिए।  

*************************

उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और सांसदों ने आज संसद भवन में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहीदों के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।

*************************

छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए। बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और जिला रिजर्व गार्ड-डीआरजी की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर थी। सुरक्षा बलों ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है।

*************************

तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने फिल्म पुष्पा 2 के प्रीमियर में भगदड़ से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की।

 

अधिकारियों के अनुसार, अल्लू अर्जुन को देखने के लिए थिएटर में घुसने की कोशिश कर रहे प्रशंसकों की अनियंत्रित भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी।

*************************

भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने कल सिंगापुर में वर्ल्ड शतरंज चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया है। गुकेश, विश्वनाथन आनंद के बाद शतरंज में विश्व चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने। वह इस खिताब को जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी हैं। एक रिपोर्ट –

 

 

डोम राजू गुकेश ने निर्णायक 14वें खेल में चीन के डिंग लिजेन को हराकर खिताब अपने नाम किया। विश्व शतरंज चैंपियनशीप के 18वें विश्व विजेता गुकेश चेन्नई के रहने वाले हैं। गुकेश का जन्म चेन्नई में 7 मई 2006 को हुआ था। उन्होंने 7 साल की उम्र में ही शतरंज खेलना शुरू कर दिया था। गुकेश को भास्कर नागैया ने कोचिंग दी थी। इसके बाद विश्वनाथन आनंद ने गुकेश को खेल की जानकारी देने के साथ कोचिंग दी। विश्व विजेता गुकेश ने संवाददाता को बताया कि लिजेन के खिलाफ जीत दिलाने वाली चाल उनके जीवन का सबसे शानदार पल है।

 

 

गुकेश ने बताया कि उनका सपना शतरंज के दिग्गज खिलाड़ी और विश्व विजेता रहे मैग्नस कार्लसन की तरह ही विश्व विजेता बनना था।

 

 

गुकेश ने 17 साल की उम्र में फिडे कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट भी जीता था। तब वह ऐसा करने वाले सबसे युवा प्लेयर बने थे। वहीं, इसी साल 10 से 23 सितंबर 2024 को बुडापेस्ट में चेस ओलंपियाड का आयोजन हुआ था। भारत महिला और पुरुष दोनों वर्ग में चैंपियन बना था। ओपन कैटेगरी में गुकेश ने ही फाइनल गेम जीतकर भारत को जीत दिलाई थी। समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।.

*************************

लोकसभा और राज्‍यसभा ने सबसे युवा विश्‍व शतरंज चैंपियन बनने पर डी गुकेश को बधाई दी है।

*************************

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश को पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।

*************************

तमिलनाडु में वर्षा के कारण कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तिरुनेलवेली, तिरुवल्लूर, कुड्डालोर, तेनकासी और तंजावुर के अन्य हिस्सों में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। अरियालुर में बाढ़ में छह महीने के शिशु सहित सात लोगों को बचाया गया।

*************************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अगले साल होने वाले महाकुंभ से पहले निर्बाध संपर्क प्रदान करने के लिए प्रयागराज में सात हजार करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

  • लोकसभा में भारत के संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर दो दिवसीय विशेष चर्चा शुरू।

  • राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के कारण राज्‍यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत को उम्मीद है कि बांग्लादेश अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगा।

  • राष्ट्र, 2001 में संसद पर हुए आतंकवादी हमले के बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

  • तमिलनाडु के कई जिलों में तेज वर्षा से जनजीवन प्रभावित। 

*************************