Download
Mobile App

android apple
signal

December 12, 2024 3:47 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण  स्थगित। राज्‍यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित।
  • सरकार ने कहा- सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार की योजना जल्द ही पूरे देश में शुरू की जाएगी। इस योजना से अब तक छह राज्यों में दो हजार से अधिक लोगों की जान बचाई गई।
  • छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए।
  • संयुक्त अरब अमीरात के उप-प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
  • पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रंगेल भारत के चार दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे।
  • और, सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डोमराजू गुकेश और चीन के डिंग लिजे़न के बीच 14वां और अंतिम मुकाबला अब से थोड़ी देर में।

 

————————————

 

संसद के दोनों सदन आज विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण बाधित रहे। हंगामे के बीच राज्यसभा को पहले दोपहर 2 बजे तक और फिर कल तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया। लोकसभा को पहले दोपहर 1 बजे और फिर दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित किया गया।

 

————————————

 

संसद की कार्यवाही के ताजा जानकारी के लिए आइये चलते हैं संसद में मौजूद हमारे संवाददाता आनन्‍द के पास… 

 

प्रश्न- बताइये, संसद में कार्यवाही किस प्रकार चल रही है और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष द्वारा कौन से प्रमुख मुद्दें उठाये जा रहे हैं ?

 

अगर आज के सांसद की कार्यवाही की बात करें तो दोनों सदनों में जॉर्ज सोरस और अडाणी समूह के मुद्दे छाए हुए हैं। लोकसभा और राज्यसभा दोनों में इस मुद्दे को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। एक ओर जहां सत्ता पक्ष ने कांग्रेस नेताओं और अमेरिका स्थित जॉर्ज सोरस फाउंडेशन के बीच मिलीभक्‍त मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर वार किया वहीं, विपक्ष के अडाणी मामले के संसद के संयुक्त समिति से जांच कराने की मांग दोहराई। सत्ता पक्ष के सदस्‍यों ने जॉर्ज सोरस के मामले में कांग्रेस से अपनी स्थिति साफ करने की मांग की है। कनक, आज लोकसभा की शुरुआत शांतिपूर्ण रही और प्रश्न कल सुचारू रूप से चला लेकिन शून्य काल में जब सदस्य लोग हित के मुद्दे उठा रहे थे तो दोनों पक्षों के बीच गहमा-गहमी बढ़ गई वहीं, राज्यसभा में दोनों पक्षों के बीच इन्हीं मुद्दों पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली जिसके चलते सदन की कार्यवाही दिन के दो बजे तक स्‍थगित कर दी गई।

 

————————————

 

इससे पहले विपक्षी इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने आज संसद परिसर में एक प्रमुख भारतीय व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वे इस मामले की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग कर रहे थे। अन्य विपक्षी दल भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

 

————————————

 

उधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेताओं से अमरीका स्थित जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ उनके कथित संबंधों पर सवाल उठाया है। संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत में श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर सफाई देनी चाहिए और अपने नेता की जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ कथित सांठगांठ के बारे में बताना चाहिए।

 

————————————

 

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज लोकसभा में कहा कि दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस इलाज योजना जल्द ही पूरे देश में शुरू की जाएगी। लोकसभा में एक प्रश्‍न के लिखित उत्‍तर में उन्‍होंने यह बात कही। श्री गडकरी ने कहा कि छह राज्यों में प्रचलित योजना जल्द ही उत्‍तर प्रदेश और बाद में देश के बाकी हिस्सों में शुरू की जाएगी।

 

इसमें जो व्‍हीकल इंश्योरेंस होगा। उसमें सात दिन तक का खर्चा या डेढ लाख रुपये वो उनको तुरंत मिल जाएगा। मैं उनको और बताना चाहता हूं, उत्तर प्रदेश में ही इसकी शुरूआत हो रही है और अगले तीन महीने में ये पूरे देश में, इस योजना की शुरूआत करेंगे।

 

राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री गडकरी ने सदस्यों से ऐसी सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने के लिए हर जिले में दुर्घटना निवारण समितियां गठित करने का अनुरोध किया। उन्‍होंने बताया कि सड़क दुर्घटना के 30 प्रतिशत पीड़ितों की मौत शुरुआती इलाज में देरी के कारण होती है। श्री गडकरी ने कहा कि छह राज्‍यों में लागू कैशलेस उपचार योजना ने 21 सौ लोगों की जान बचाई है।

 

————————————

 

छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गये। इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सीआरपीएफ, स्पेशल टास्क फोर्स और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी की एक संयुक्त टीम नारायणपुर जिले के दक्षिण अबूझमाड़ इलाके में तलाशी अभियान पर थी। उसके बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान आज सुबह यह मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें सात नक्सली मारे गये। सुरक्षा बलों ने मारे गए माओवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। इलाके में गोलीबारी और तलाशी अभियान अब भी जारी है।

 

————————————

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात-यूएई के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान के साथ कूटनीतिक वार्ता करेंगे। श्री नहयान  दोपहर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वे चौथी कूटनीतिक वार्ता और 15वीं भारत-यूएई संयुक्‍त आयोग की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्‍ली आए हैं।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रंणधीर जयसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनके इस दौरे से भारत और यूएई के बीच बहुआयामी तथा व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।

 

हमारे संवददाता ने बताया कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सदियों से व्यापारिक संबंध रहे हैं।

 

————————————

 

पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रंगेल आज भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने श्री रंगेल का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करेगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री रंगेल कल नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक में शामिल होंगे। वे शनिवार को अन्‍य कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए गोवा जाएंगे।

 

————————————

 

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि देश में घरेलू पर्यटकों की संख्या 2014 में एक सौ 20 करोड के मुकाबले वर्ष 2023 में बढकर ढाई सौ करोड़ हो गई है। उन्‍होंने कहा कि देश में घरेलू पर्यटकों की संख्या वर्ष 2023 में 95 प्रतिशत से अधिक बढ़कर ढाई सौ करोड़ पहुंच गई है। श्री शेखावत आज नई दिल्ली में पर्यटन क्षेत्र में पहल और विकास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में वैश्विक यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक में भारत की रैंकिंग 65 से बढ़कर 39वें स्थान पर हो गई है। श्री शेखावत ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में 2022 से 2023 के बीच सात करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।

 

कलचर क्रिएटिव इकोनॉमी में और अधिक इन्वेस्टमेंट हो यह भारत का जो संकल्प था एक बार फिर पूरा विश्व उसको दोहराता हुआ ऐसा दिखाई दे रहा है। हम सब जानते हैं कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जिस तरह से विरासत का सम्मान हमने करना प्रारंभ किया है एक बहुत महत्वाकांक्षी परियोजना संस्कृति मंत्रालय ने ली है और मननीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में हम भारत के दस हजार साल के इवोल्यूशन को दिखाने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम हमारे राष्ट्रपति भवन के सामने नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनाने की योजना पर कम कर रहे हैं।

 

————————————

 

विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और आरोग्य एक्सपो 2024 आज उत्तराखंड के देहरादून में शुरू हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्‍होंने इस अवसर पर आयुर्वेद के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने में कार्यक्रम की भूमिका पर प्रकाश डाला। श्री धामी ने कहा कि यह कार्यक्रम आयुर्वेद में अनुसंधान, विकास और नई खोजों को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

 

हम प्रत्‍येक जनपद में पचास बैड और दस बैड वाले आयुष चिकित्‍सालयों की स्‍थापना कर रहे हैं। प्रत्‍येक जनपद के एक गांव को आयुष मॉडल गांव के रूप में स्‍थापित कर आयुर्वेद, आयुर्वेदिक जडीबुटियों के उत्‍पादन को भी बढ़ावा दे रहे हैं। इसके साथ ही हमारी सरकार द्वारा प्रदेश में उत्तराखण्‍ड आयुष नीति को लागू कर आयुष निर्माण, वेलनेस, शोध, शिक्षा और औषधी पौधों उत्‍पादन को गति प्रदान की जा रही है।

 

————————————

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जल जीवन मिशन की सराहना करते हुए कहा है कि इस योजना ने विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि स्वच्छ पानी उपलब्‍ध होने के साथ, महिलाएं अब कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित कर सकती हैं।

 

————————————

 

आज से नई दिल्ली के इंडिया गेट पर 22वां दिव्य कला मेला आयोजित किया जा रहा है। एक रिपोर्ट…

 

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अधीन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भारत के दिव्यांग कारीगरों, उद्यमियों और कलाकारों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना को प्रदर्शित करने के लिए इसका आयोजन कर रहा है। मेले में 100 से अधिक दिव्यांग उद्यमी और कारीगर अपने उत्पादों और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। 11 दिवसीय यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की क्षमता, दृढ़ संकल्प और कौशल को प्रदर्शित करना है। रहीसुद्दीन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, वैष्‍णवी।

 

————————————

 

वैकोम सत्याग्रह के शताब्दी समारोह का तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने केरल के वैकोम में आज सुबह समापन किया। मुख्यमंत्री स्‍टालिन ने इस अवसर पर पुनर्निर्मित थांथाई पेरियार स्मारक का भी उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी शामिल हुए।

 

————————————

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में आज सुप्रबल जनसेवाश्री जनरल अशोक राज सिगडेल को भारतीय सेना के जनरल की मानद उपादी प्रदान की। श्री सिगडेल नेपाली सेना के प्रमुख हैं। उन्‍हें भारत के साथ नेपाल के दीर्घकालिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।

 

————————————

 

जम्मू-कश्मीर में वार्षिक सांस्कृतिक और कलात्मक उत्सव सोनजल-2024 आज से श्रीनगर में कश्मीर विश्वविद्यालय में शुरू हो रहा है। छात्र इस नौ दिवसीय उत्सव में क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा रचनात्मकता और सहयोग की भावना पर ध्यान केंद्रित करते हुए विविध प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगे।

 

————————————

 

पंजाब में सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉक्‍टर बलजीत कौर ने कहा है कि एक कमरे में चलने वाले प्ले स्कूल पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में तीन से छह वर्ष के बच्चों के स्वास्थ्य का पूरा ध्‍यान रखा जाएगा।

 

————————————

 

श्रीलंका की प्रमुख विपक्षी पार्टी समागी जन बालवेगया ने स्पीकर अशोक रणवाला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का संकेत दिया है। एसजेबी सांसद अजित पी. ​​परेरा ने एक स्थानीय समाचार पत्र को बताया कि पार्टी एसजेबी संसदीय समूह आज इस मामले पर विचार-विमर्श करने के लिए बैठक करेगा।

 

स्पीकर रानवाला के फर्जी डॉक्टरेट उपाधि के कारण यह विवाद उत्‍पन्‍न हुआ है जिससे उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। स्पीकर ने कहा है कि वह इस विषय पर जल्द ही अपना स्‍पष्‍टीकरण देंगे।

 

————————————

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्‍यूआई 270 रहा।

 

————————————

 

प्रसार भारती ने आगामी हॉकी इंडिया लीग का सीधा प्रसारण करने के लिए आज नई दिल्ली में हॉकी इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन के साथ दूरदर्शन हॉकी इंडिया लीग 2024-25 के लिए आधिकारिक प्रसारण भागीदार बन गया है।

 

इस अवसर पर हॉकी इंडिया लीग की संचालन समिति के सदस्य भोला नाथ सिंह और प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, आकाशवाणी की महानिदेशक प्रज्ञा पालीवाल गौड़, दूरदर्शन की महानिदेशक कंचन प्रसाद, दूरदर्शन (समाचार) की महानिदेशक प्रिया कुमार और अन्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

————————————

 

और, खेल समाचारों के साथ हैं शक्ति सिंह

 

शतरंज में, फीडे विश्‍व शतरंज चैम्पिनशिप के फाइनल बाजी 14 में भारत के ग्रैंड मास्‍टर डोम्‍माराजू गुकेश का मुकाबला आज सिंगापुर में पिछले बार के चैम्पियन चीन के डिंग लिरेन से होगा। यह बाजी भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगी। गेम-14 का विजेता विश्‍व चैम्पियन घोषित किया जाएगा। अगर बाजी बराबरी पर रहती है, तो शतरंज की टाई ब्रेकर बाजी कल खेली जाएगी। उधर, खेलो इंडिया विंटर गेम्स की तारीखों का ऐलान हो गया है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू कश्मीर दो अलग अलग चरणों में होगा। लद्दाख अगले वर्ष 23 से 27 जनवरी तक आइस हॉकी और आइस-स्केटिंग की मेजबानी करेगा। बैडमिंटन में चीन में खेले जा रहे बैडमिंटन वर्ल्ड टूर फाइनल्स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला जोड़ी ने मलेशिया की पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन को हराकर ग्रुप चरण के तीसरे दौर में प्रवेश किया।

 

————————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण  स्थगित। राज्‍यसभा की  कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित।
  • सरकार ने कहा- सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार की योजना जल्द ही पूरे देश में शुरू की जाएगी। इस योजना से अब तक छह राज्यों में दो हजार से अधिक लोगों की जान बचाई गई।
  • छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए।
  • संयुक्त अरब अमीरात के उप-प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
  • पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रंगेल भारत के चार दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे।
  • और, सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डोमराजू गुकेश और चीन के डिंग लिजे़न के बीच 14वां और अंतिम मुकाबला अब से थोड़ी देर में।

 

————————————