Download
Mobile App

android apple
signal

December 11, 2024 3:28 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • संसद के विभिन्न मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित। राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महान तमिल कवि सुब्रमण्या भारती की जयंती पर उनकी संपूर्ण रचनाओं का संग्रह जारी किया।
  • स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के 7वें संस्करण का ग्रैंड फिनाले देशभर में शुरू। प्रधानमंत्री आज शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम से प्रतिभागी नवाचारियों से बातचीत करेंगे।।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 45 पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।
  • दिल्ली में आज इस सीजन में सबसे ठंडा दिन, तापमान 4 दशमलव 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • और शतरंज में भारत के डी. गुकेश विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 13वी बाजी में आज चीनी खिलाड़ी डिंग लिज़ेन के साथ खेलेंगे।

 

*************************

 

संसद के दोनों सदनों में सत्‍ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच हंगामे के कारण राज्‍यसभा की कार्यवाही आज दिनभर के लिए और लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई। पहले स्‍थगन के बाद राज्‍यसभा की कार्यवाही जब दोपहर बारह बजे दोबारा शुरू हुई तो सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेताओं के अमरीका स्थित, जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ कथित संबंधों के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की। उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्‍व में विपक्ष पर सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर जनता का ध्यान इस मुद्दे से भटकाने का आरोप लगाया। उपसभापति हरिवंश ने विरोध कर रहे सदस्यों से अपने सीटों पर वापस जाने और सदन की कार्यवाही में बाधा ना डालने का आग्रह किया। इसके बाद उपसभापति ने सदन को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया।  

 

इससे पहले, जब आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्षी सांसदों द्वारा विभिन्न मुद्दों पर दिए गए स्थगन प्रस्‍तावों को खारिज कर दिया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा के सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस के लिए विपक्ष की निंदा की।

 

भारतीय लोकतंत्र में 72 साल बाद एक ऐसा किसान का बेटा उपराष्ट्रपति के पद में पहुंच करके इस देश को सेवा करने का काम किया है। इस राज्यसभा सदन का सभापति के रूप में पूरा देश देख रहा है।

 

सुबह जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो सदन में बिना किसी व्यवधान के प्रश्नकाल शुरू हुआ। कार्यवाही पूरी होने के बाद सदन में शून्यकाल शुरू किया, जिसमें कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मणिपुर में कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इस पर जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने देश में अशांति के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

 

सभापति ने सदन को व्यवस्थित करने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हुए। बाद में सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

 

*************************

 

संसद के बाहर आज पत्रकारों से बातचीत में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाना सरकार की जिम्मेदारी है और हम इसके पक्ष में है।

 

अगर हमने डिसीजन लिया है कि यह जो भी प्रोवोकेशन करें इनको हम करने देंगे, बट हम हाउस को रन कराएंगे। हम चाहते हैं कि डिबेट हो, डिस्कशन हो। 13 तारीख को कमिटमेंट था कि कॉन्स्टिट्यूशन पर डिबेट होगा हम चाहते हैं कि वह डिबेट हो और हम हाउस को रन करने देंगे।

 

संसद में हंगामे पर भाजपा सांसद और पार्टी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि व्यवधान का मुख्य कारण यह है कि इंडिया गठबंधन का कांग्रेस से विश्वास उठ चुका है और इसे छिपाने की कोशिश की जा रही है।  

 

कांग्रेस के प्रति इंडी गठबंधन के दलों का अविश्वास अब प्रकट रूप में सामने आ गया है तो उस अविश्वास को कवर अप करने के लिए यहां अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। वास्तविकता में यह कांग्रेस पार्टी के प्रति इंडी गठबंधन का अविश्वास है इसलिए महामहिम राष्ट्रपति के ऊपर या अनर्गल निराधार आरोप लगाकर अपनी असफलता का बचाव करने का प्रयास है।

 

*************************

 

केंद्रीय इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि यदि सदन में आम सहमति हो तो सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्‍ता – एआई के बारे में कानून बनाने के लिए तैयार है। आज लोकसभा में पूरक प्रश्‍न के उत्‍तर में श्री वैष्‍णव ने कहा कि अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता और नैतिकता आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्‍ता पर कानूनी रूपरेखा के बीच संतुलन बनाने की आवश्‍यकता है। उन्‍होंने कहा कि देश में व्‍यापक इंडिया एआई मिशन शुरू किया गया है।  

 

एआई मिशन के सात पिलर्स है उसमें से एक बड़ा पिलर है एप्लीकेशन डेवलपमेंट। फॉर रिस्पांसिबल यूज ऑफ़ एआई के लिए आठ प्रोजेक्ट्स बनाए गए हैं, जिसमें आईआईटी जोधपुर, आईटी रूड़की, एनआईटी  रायपुर, पुणे, आईआईटी दिल्ली, ट्रिपल आईटी दिल्ली और 8 ऐसे प्रोजेक्ट्स बनाए गए, जिन प्रोजेक्ट से टूल्स डेवलप हो, जो रिस्पांसिबल एआई के लिए काम आए।

 

*************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में तमिल कवि और स्‍वाधीनता सेनानी सुब्रह्मण्‍य भारती के संपूर्ण कार्य के संग्रह का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सुब्रह्मण्‍य भारती को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश आज महान कवि की जयंती मना रहा है।

 

आज देश महाकवि सुब्रह्मण्य भारती जी की जन्म जयंती मना रहा है। मैं सुब्रह्मण्य भारती जी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत की संस्कृति और साहित्य के लिए भारत के स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों के लिए और तमिलनाडु के गौरव के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है।

 

श्री मोदी ने कहा कि महाकवि सुब्रह्मण्‍य भारती के कार्य के संग्रह का विमोचन करते हुए उन्‍हें सम्‍मान का अनुभव हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि समृद्ध भारत और प्रत्‍येक व्‍यक्ति के सशक्तिकरण के लिए सुब्रह्मण्‍य भारती का विजन पीढि़यों को प्रेरित कर रहा है।

 

यह संकलन रिसर्च स्कॉलर्स के लिए बहुत मददगार साबित होगा। आज गीता जयंती का पावन अवसर भी है। श्री सुब्रह्मण्य भारती जी की गीता के प्रति गहरी आस्था थी और गीता ज्ञान को लेकर उनकी समझ भी उतनी ही गहरी थी। उन्होंने गीता का तमिल में अनुवाद किया। उसकी सरल और सुगम व्याख्या भी की और आज देखिए, आज गीता जयंती सुब्रह्मण्य भारती जी की जयंती और उनके कामों के प्रकाशन का सहयोग अनेक प्रकार से त्रिवेणी संगम है।

 

श्री मोदी ने कहा कि आज का दिन देश की संस्‍कृति और साहित्‍य के लिए, भारत के स्‍वाधीनता संघर्ष की स्‍मृतियों के लिए और तमिलनाडु के गौरव के लिए महत्‍वपूर्ण अवसर है।

 

*************************

 

महाकवि सुब्रमण्‍य भारती की जयंती पर आज तूतीकोरिन जिले के एट्टायपुरम में उनके जन्मस्थान पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सोशल मीडिया पोस्ट में महिलाओं की स्वतंत्रता और समानता के लिए उनके योगदान की सराहना की।

 

*************************

 

स्‍मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2024 के 7वें संस्करण का ग्रैंड फिनाले आज देशभर के 51 केन्‍द्रों में शुरू हो गया है। शिक्षा मंत्री धमेन्‍द्र प्रधान ने इसका वर्चुअली माध्‍यम से उद्घाटन किया।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम वीडियो कान्‍फ्रेंस के माध्‍यम से स्‍मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रांड फिनाले में युवा नवप्रवर्तकों से बातचीत करेंगे। देशभर के 51 केंद्रों में हो रहे ग्रांड फिनाले में एक हजार तीन सौ से अधिक विद्यार्थी टीमें भाग ले रही हैं। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

 

सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि वे इस विशेष कार्यक्रम से जुडने के लिए उत्‍सुक हैं। उन्‍होंने आशा प्रकट की कि युवा नवप्रवर्तकों से बातचीत करना प्रसन्‍नताभरा अनुभव होगा जो यकीनन आने वाले समय में भारत की विकासगाथा को प्रोत्‍साहित करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन वर्षों में स्‍मार्ट इंडिया हैकाथॉन युवाओं के लिए प्रोत्‍साहन का गतिशील मंच बनकर उभरा है। एक रिपोर्ट-

 

स्‍मार्ट इंडिया हैकेथॉन दैनिक जीवन में आने वाली प्रमुख समस्‍याओं के समाधान का मंच उपलब्‍ध कराने की राष्‍ट्रव्‍यापी पहल है। इसके माध्‍यम से चुनौतियों के नवाचारी समाधान की क्षमता विकसित होती है। शिक्षा मंत्रालय और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद नवाचार, उद्यमिता और रचनात्‍मकता को बढावा देने के लिए एक साथ इन 51 केन्‍द्रों पर हैकेथॉन का आयोजन कर रही है। इस वर्ष 54 मंत्रालयों, विभागों, राज्‍य सरकारों और उद्योगों द्वारा 250 से अधिक समस्‍याविवरण सौंपे गये हैं। संस्‍थान स्‍तर पर 86 हजार टीमों ने हैकेथॉन में भागीदारी की और इन संस्‍थानों द्वारा राष्‍ट्रीय स्‍तर की प्रतिस्‍पर्द्धा के लिए लगभग 49 हजार विद्यार्थियों की टीमों की अनुसंशा की गई। समाचार कक्ष से जया भारती।

 

*************************

 

आईआईटी हैदराबाद और वर्धमान अभियांत्रिकी महाविद्यालय में हैकाथॉन में लगभग चार सौ विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। हैदराबाद विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रो.बी.जे राव ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि हैकाथॉन का निष्‍कर्ष विभिन्‍न क्षेत्रों में सार्वजनिक जीवन में सुधार से संबंधित विभिन्‍न मुद्दों का समाधान करेगा।

 

सातवां एडिशन इंडिया हैकाथॉन चल रहा है और यहां बहुत से संख्या में युवक और युवती लोग देश की समस्याओं को सोच कर और उसका समाधान निकालने का एक यग्‍न है जैसे उनकी जीवन धारा को कैसे हम सरल करें, उनको टेक्नोलॉजी कैसे पहुंचाई जाए और साफ पानी, साफ हवा और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के गोल्स को हम कैसे अचीव करें। यह सब समस्याओं का समाधान यहां हैकाथॉन में मिलेगा।

 

हैका‍थॉन में शामिल एक विद्यार्थी ने इस राष्‍ट्रीय आयोजन में भाग लेने का अवसर मिलने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है।

 

मेरा नाम है अविरल गुप्ता और मैं पार्टिसिपेट कर रहा हूं स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 के ग्रैंड फिनाले में। आई एम फ्रॉम ट्रिपल आईटी नागपुर और हमारी जो प्रॉब्लम स्टेटमेंट है वह यूजर्स को यह बताइए कि कौन से बीज इंडिया में सूटेबल है किस टाइम पर। ऑन द बेसिस ऑफ़ वॉटर क्वालिटी और अगर कोई सुनामी-वुनामी आएगी तो यूजर को अलर्ट भी भेजेगी। तो हमारा ऐप पूरे इंडिया में अगर इंप्लीमेंट होता है स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन द्वारा तो पूरे इंडिया की बीचेज की टूरिज्म को चेंज कर देगा।

 

*************************

 

तमिलनाडु के चेंगलपेट, नमक्कल, कोयंबटूर और चेन्नई में इसका आयोजन हो रहा है।

 

*************************

 

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन पंजाब के दो शैक्षणिक संस्थानों में भी शुरू हो गया है।

 

*************************

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्‍ली के विज्ञान भवन में राष्‍ट्रीय पंचायत पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। इस वर्ष जमीनी स्‍तर पर शासन और सामुदायिक विकास की व्यापक उपलब्धियों को दर्शाते हुए विभिन्‍न श्रेणियों में कुल 45 व्यक्तियों को पुरस्‍कार के लिए चुना गया है।

 

समारोह के दौरान पंचायती राज मंत्री पुरस्‍कार विजेता पंचायतों की नवाचारी और प्रभावी कार्य प्रणालियों पर एक पुस्तिका का अनावरण करेंगे। मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में बताया कि इन पुरस्‍कारों का उद्देश्‍य अन्‍य पंचायतों को श्रेष्‍ठ कार्य प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करना और ग्रामीण भारत के समग्र विकास में योगदान देना है।

 

*************************

 

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज वैश्विक शांति बहाल करने के लिए दुनियाभर की सरकारों और उद्योगों के लिए मिलकर काम करने की आवश्‍यकता पर बल दिया। नई दिल्‍ली में वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था के लिए दशकीय प्राथमिकताएं विषय पर वैश्विक आर्थिक नीति मंच में उपस्थित लोगों को संबोधन में वित्‍त मंत्री ने यह बात कही।

 

वित्‍तमंत्री ने कहा कि मुद्रास्‍फीति दुनियाभर में प्रमुख चुनौती है और इसका प्राथमिक कारण आपूर्ति में व्‍यवधान है। उन्‍होंने कहा कि सामान्‍य स्थिति बहाल करने के लिए सभी उद्योगों, सरकारों, नीति निर्माताओं, नागरिकों और नागरिक मंचों को मिलकर काम करना जरूरी है।

 

*************************

 

झारखंड के राज्‍यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा है कि केन्‍द्र के सहयोग से राज्‍य का सर्वांगीण विकास होगा। आज विधानसभा में उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार ने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कई कदम उठाए हैं। राज्यपाल ने कहा कि किसानों को बिना ब्‍याज के कृषि ऋण प्रदान किया जाएगा।

 

*************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज गीता महोत्‍सव के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने भगवान श्री कृष्ण को याद किया और उम्मीद जताई कि भगवद् गीता सभी को कर्मयोग का मार्ग दिखाएगी।

 

*************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने आज भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 

*************************

 

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही। सफदरजंग स्टेशन पर तापमान 4 दशमलव 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने या उसके बराबर होने को शीत लहर के रूप में रेखांकित किया जाता है।

 

*************************

 

फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप में, भारतीय ग्रैंडमास्टर डी.गुकेश आज सिंगापुर में मौजूदा चैंपियन डिंग लिजेन के साथ 13वीं बाजी खेलेंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा जिसमें गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे।

 

*************************

 

पर्थ में महिला क्रिकेट में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला का तीसरे और अंतिम मुकाबले में ऑस्‍ट्रेलिया ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए भारत के सामने 299 रन का लक्ष्‍य रखा है।  

 

*************************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

संसद में विभिन्न मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष के हंगामे कारण कार्यवाही बाधित। राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महान तमिल कवि सुब्रमण्या भारती की जयंती पर उनकी संपूर्ण रचनाओं का संग्रह जारी किया।

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के 7वें संस्करण का ग्रैंड फिनाले देशभर में शुरू। प्रधानमंत्री आज शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम से प्रतिभागी नवाचारियों से बातचीत करेंगे।।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 45 पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।

दिल्ली में आज इस सीजन में सबसे ठंडा दिन, तापमान 4 दशमलव 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

और शतरंज में भारत के डी. गुकेश विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 13वी बाजी में आज चीनी खिलाड़ी डिंग लिज़ेन के साथ खेलेंगे।

 

*************************