मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- साइबर अपराध और जलवायु परिवर्तन मानवाधिकारों के लिए नई चुनौतियां। उन्होंने सभी के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए समान डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध के कारण दिन भर के लिए स्थगित।
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी विपक्षी दलों से सहयोग का आग्रह किया। संसद सत्र को सफल बनाने के प्रति सरकार की वचनबद्धता दोहराई।
- कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. एम. कृष्णा का निधन। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज मॉस्को में रूस के रक्षामंत्री के साथ भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे
——
आज मानवाधिकार दिवस मनाया जा रहा है। प्रतिवर्ष दस दिसंबर को मानवाधिकारों के संबंध में सार्वभौम घोषणा की याद में यह दिवस मनाया जाता है।
संयुक्त राष्ट्र आम सभा ने 1948 में मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा पारित की थी और इसे लागू किया था। इसे समूचे विश्व में मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए साझा मानक के रूप में अपनाया गया। इस वर्ष मानवाधिकार दिवस का विषय है- हमारे अधिकार, हमारा भविष्य। यह विषय इस बात पर ज़ोर डालता है कि मानवाधिकार महज एक आकांक्षा नहीं है, बल्कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए व्यक्तियों और समुदायों को सशक्त बनाने का व्यावहारिक साधन है। चिराग की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी के अधिकारों और गरिमा की सुरक्षा करने वाले समान डिजिटल वातावरण को सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया है। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि साइबर अपराध और जलवायु परिवर्तन मानवाधिकारों के लिए नई चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग परिवर्तनकारी है, लेकिन इससे साइबर बुलिंग, डीप फेक, गोपनीयता संबंधी चिंताएं और गलत सूचना के प्रसार जैसे मुद्दे भी सामने आये हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने गरीबी और भुखमरी को समाप्त करने तथा युवाओ को समान अवसर प्रदान करने के लिए नीतियां लागू कर के दुनिया के सामने उदाहरण पेश किया है।
हमें प्रत्येक व्यक्ति के मौलिक अधिकारों को बनाए रखना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पीछे ना छूटे एक साथ निरंतर एकजुटता के माध्यम से हम एक ऐसे भविष्य का निर्माण कर सकते हैं जिसमें हर व्यक्ति उम्र, प्रष्ठभूमि या परिस्थिति की चिंता किए बिना समान अवसर और पूर्णता का जीवन जीने के लिए स्वतंत्र है।
——
राष्ट्रपति ने मानवाधिकार उल्लंघनों को दूर करने, जागरूकता लाने और हाशिए पर मौजूद लोगों के अधिकारों को बनाए रखने के लिए नीतिगत बदलावों की सिफारिश करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सराहना की। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के तीन प्रकाशनों का विमोचन भी किया। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष विजया भारती सयानी ने कहा कि मानवाधिकार दिवस हर व्यक्ति के मौलिक अधिकारों की याद दिलाता है, चाहे उनकी पहचान या पृष्ठभूमि कुछ भी हो।
——
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण-नालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति बी आर गवई ने एक साक्षात्कार में अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता देश के दूरदराज के हिस्सों में कानूनी सेवाओं को सुलभ बनाना है जिससे प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को मुफ्त कानूनी सहायता का लाभ मिल सके।
नालसा की जो व्यवस्था वह व्यवस्था इस देश के दूर-दराज इलाकों में जहां लोगों को एक्सेसिबिलिटी कम है जैसे टार्जन …… एरियाज है, लडाका एरिया है, अंडमान निकोबार है, लक्षद्वीप है। वहां पर जरूर मंजूर है जो मेन लाइन से दूर रहते हैं जो देश की मुख्य प्रभाव में आने को तकलीफ होती है ऐसे लोगों को कानूनी सहायता मिली जाए और उसी के साथ-साथ जो कमजोर वर्ग हैं उन तक भी कानूनी सहायता पहुंचनी चाहिए। नालसा सही ढंग से भारत के हर नागरिक को न्याय देने की कोशिश करेगा।
श्री गवई ने बताया कि इस वर्ष तीन राष्ट्रीय लोक अदालतों के आयोजन से सात करोड़ 70 लाख से अधिक मामलों का निपटारा किया गया है।
न्यायमूर्ति बी आर गवई का यह पूरा साक्षात्कार आकाशवाणी पर आज शाम 7 बजकर दस मिनट पर सुर्खियों में कार्यक्रम में सुना जा सकता है।
——
मानवाधिकार दिवस समारोह के हिस्से के रूप में महाराष्ट्र राज्य मानवाधिकार आयोग ने मुंबई के राजभवन में एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य इन मुद्दों को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
——
संसद के दोनों सदनों में आज भी गतिरोध जारी रहा, जिससे लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। इस सप्ताह का यह दूसरा दिन है, जबकि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा। संसद के दोनों सदनों में सत्ता पक्ष ने कांग्रेस नेताओं पर अमरीका स्थित एक प्रमुख फाउंडेशन के साथ कथित संबंध रखने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इससे देश की बदनामी हुई है। वहीं दूसरी ओर विपक्षी सदस्यों ने एक प्रमुख भारतीय कारोबारी समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोप का मुद्दा उठाया।
आज दोपहर 12 बजे पहले स्थगन के बाद जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सदस्यों के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की। विपक्षी सदस्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और कुछ सदस्य अध्यक्ष आसन के सामने आ गए। पीठासीन अधिकारी ने दोनों पक्षों के सदस्यों से सदन में शालीनता बनाए रखने और सदन को चलने देने को कहा। बाद में पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, जब आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो अघ्यक्ष ओम बिरला ने सभी सदस्यों को शालीनता बनाए रखने के लिए कहा और देश के लोगों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए भी कहा।
इस लोकतंत्र के मंदिर के प्रति लोगों की बहुत आस्था, विश्वास है। 75 वर्ष में हमने इसी चर्चा समाज असहमति तीखी आलोचना ये सब इस सदन में हुए हैं जो यहां की परंपराएं भी रही है आप सकारात्मक सहयोग करें जो कुछ भी विषय मुद्दे हैं, आप आकर चर्चा करें सत्ता पक्ष से प्रतिपक्ष के लोग आपस में बैठकर चर्चा करें सदन को चलाने का प्रयास करें।
——
राज्य सभा में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दोपहर 12 बजे पहले स्थगन के बाद जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो सदन के नेता जेपी नड्डा ने अमरीकी व्यवसायी जॉर्ज सोरोस और भारत को अस्थिर करने के प्रयासों पर संगठित अपराध और भ्रष्टाचार रिपोर्टिंग परियोजना की रिपोर्ट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि वे जवाब दें कि जम्मू-कश्मीर को एक अलग राज्य के रूप में दिखाने की कोशिश कर रही विदेशी ताकतों के साथ उनका क्या संबंध है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने सदन के नेता द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया और उन्हें निराधार बताया। शोरगुल के बीच सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया।
——
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने संसद की कार्यवाही के सुचारू संचालन पर बल दिया है। उन्होंने सांसदों से चर्चा पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया है। श्री रिजिजू ने कहा कि समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के कई सांसदों ने सार्थक बहस की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि वे संसदीय लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखते हैं।
हम चाहते हैं कि पार्लियामेंट चले, मैं फिर से अपील करता हूं कि कांग्रेस पार्टी के जो एमपीज हैं, डिबेट डिस्कशन में हिस्सा लेना चाहते हैं सब लोग जाकर राहुल गांधी को समझाएं के बचकाना यह नाटकीय जो हर दिन वह करते रहते हैं। वह बंद करें और फिर हाउस में आकर के हाउस चलाने में मदद करें।
श्री रिजिजू ने लाभकारी संसदीय सत्र सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की वचनबद्धता दोहरायी। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से सहयोग करने का आग्रह किया।
——
विपक्षी इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने आज एक प्रमुख भारतीय कारोबारी समूह के खिलाफ कथित रिश्वत मामले को लेकर संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
——
कर्नाटक के अनुभवी राजनीतिज्ञ और पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा का आज तड़के निधन हो गया। उनका दाह संस्कार कल उनके गृह नगर मद्दूर के सोमनाहल्ली में किया जाएगा। इससे पहले बेंगलुरू में उनके आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों के लिए प्रबंध किए गए हैं।
राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन के शोक की घोषणा की है। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कई राजनीतिक नेता तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यक्तियों ने उनके निधन पर शोक संवेदना प्रकट की है।
राष्ट्रपति ने एस एम कृष्णा को विकास के प्रति वचनबद्ध एक नेता बताया। प्रधानमंत्री ने उन्हें अवसंरचना विकास पर ध्यान केंद्रित करने वाले एक संवेदनशील नेता और एक उत्साही पाठक और चिंतक के रूप में याद किया।
राज्यसभा ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा को श्रद्धांजलि दी और दिवंगत नेता के सम्मान में मौन रखा।
——
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता रवींद्र नाथ महतो आज सर्वसम्मति से दूसरी बार झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। मुख्य मंत्री हेमन्त सोरेन ने रवींद्र नाथ महतो को उनके निर्वाचन पर बधाई दी और विश्वास जताया कि वे सदन की परंपरा को कायम रखते हुए निष्पक्ष रूप से कार्यवाही करेंगे।
——
स्मार्ट इंडिया हेकाथॉन – एस आई एच 2024 के सातवें संस्करण का ग्रैंड फिनाले कल देशभर के 51 केंद्रों पर शुरू होगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ग्रैंड फिनाले में युवा नवोन्मेषकों के साथ बातचीत करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इस ग्रैंड फिनाले में 13 सौ से अधिक विद्यार्थी टीम भागीदारी करेगी।
स्मार्ट इंडिया हेकाथॉन हमारे दैनिक जीवन में आने वाली कुछ कठिन समस्याओं का समाधान करने का एक मंच विद्यार्थियों को प्रदान करने संबंधी एक राष्ट्रव्यापी पहल है। इस तरह उत्पाद नवाचार की संस्कृति और समस्या सुलझाने की मनोदशा विकसित की जा सकती है।
इस वर्ष 54 मंत्रालयों, विभागों, राज्य सरकारों और उद्योगों ने 250 से अधिक समस्या संबंधी वक्तव्य जमा कराए हैं। इस राष्ट्रव्यापी प्रतिस्पर्धा के लिए संस्थान स्तर पर एसआईएच 2024 में 86 हजार से अधिक टीम ने भागीदारी की है। इन संस्थानों द्वारा लगभग 49 हजार विद्यार्थी टीम की अनुशंसाएं की गई हैं। चिराग की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कुमार।
——
राजस्थान में जयपुर का मणिपाल विश्वविद्यालय, स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 के ग्रैंड फिनाले की मेजबानी के लिए तैयार है।
स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के अंगतर्गत विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों की हार्डवेयर संबंधित 68 समस्याओं समाधान खोजा जायेगा। इनमें से 26 टीमें जयपुर में संचार मंत्रालय, संस्कृति, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्रालय की पांच महत्वपूर्ण समस्याओं काम करेंगी। ये टीमें पांच दिन के फिनाले के दौरान प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह आयोजन उद्योग विशेषज्ञों, सरकारी एजेंसियों और अन्य हितधारकों को एक एक मंच पर लायेगा। साथ ही प्रतिभागियों को वर्तमान समय में हमारे सामने आने वाली महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करने का समृद्ध अनुभव प्रदान करेगा। -जितेंद्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
——
जम्मू कश्मीर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जम्मू में कल से शुरू हो रहे स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 के ग्रैंड फिनाले की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
——
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मॉस्को में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सोवियत सैनिकों के सम्मान में अज्ञात सैनिकों की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री सिंह रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलोसोव के साथ सेना और सैन्य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 21वीं बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। दोनों नेता दोनों देशों के बीच रक्षा के क्षेत्र में बहुआयामी संबंधों की पूरी श्रृंखला की समीक्षा करेंगे, जिसमें सैन्य-से-सैन्य और औद्योगिक सहयोग शामिल है। वे आपसी हित के समकालीन क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी करेंगे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार से रूस की तीन दिन की यात्रा पर हैं।
——
बांग्लादेश को उम्मीद है कि भारत के साथ सभी “अनसुलझे मुद्दों” का जल्द से जल्द समाधान हो जाएगा। कल ढाका में भारत के साथ एकदिवसीय विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) के बाद, बांग्लादेश के विदेश सचिव जशीम उद्दीन ने इस बारे में भारत के साथ मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की।
——
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया ने नशा मुक्त पंजाब को बढ़ावा देने के लिए नशा मुक्त रंगला पंजाब अभियान के हिस्से के रूप में दो दिवसीय पीपुल्स वॉक को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वॉक को आज जालंधर जिले के व्यास गांव से झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह विश्व के जाने-माने 113 वर्षीय भारतीय मैराथन धावक फौजा सिंह का गांव है। उन्होंने राज्यपाल के साथ आठ किलोमीटर का वॉक किया।
——
घरेलू बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक, सेंसेक्स और निफ्टी, में आज दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 306 अंक गिरकर 81,202 पर और एनएसई निफ्टी 50 दशमलव 98 अंक गिरकर 24,521 पर आ गया।
——
मुख्य समाचार एक बार फिर: –
मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- साइबर अपराध और जलवायु परिवर्तन मानवाधिकारों के लिए नई चुनौतियां। उन्होंने सभी के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए समान डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध के कारण दिन भर के लिए स्थगित।
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी विपक्षी दलों से सहयोग का आग्रह किया। संसद सत्र को सफल बनाने के प्रति सरकार की वचनबद्धता दोहराई।
- कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. एम. कृष्णा का निधन। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज मॉस्को में रूस के रक्षामंत्री के साथ भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे
——