Download
Mobile App

android apple
signal

December 9, 2024 3:38 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा–भारत, दुनिया के सामने लोकतंत्र, जनसांख्यिकी और डेटा की वास्‍तविक शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है, प्रधानमंत्री ने जयपुर में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का उद्घाटन किया।
  • महाराष्ट्र में भाजपा नेता राहुल नार्वेकर विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।
  • आम आदमी पार्टी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीस उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
  • भारत ने सीरिया में जारी संघर्ष के बीच उसकी क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
  • विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने ढाका में भारत-बांग्लादेश विदेश कार्यालय परामर्श के तहत अपने बांग्लादेशी समकक्ष जशीम उद्दीन के साथ वार्ता की।
  • और, सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी० गुकेश का मुकाबला अब से कुछ देर बाद चीन के डिंग लिरेन से होगा।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश आत्‍मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है। आत्‍मनिर्भर भारत अभियान वैश्विक है और इसका असर भी वैश्विक है। इसके लिए सरकार एक समग्र दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है। श्री मोदी जयपुर में आज उभरता राजस्‍थान वैश्विक निवेश शिखर सम्‍मेलन के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे। उन्‍होंने कहा कि विश्‍व के निवेशक और विशेषज्ञ भारत को लेकर काफी उत्‍साहित हैं। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र का पालन करके भारत द्वारा हर क्षेत्र में हासिल किया गया विकास दिख रहा है।

 

रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म के मंत्र पर चलते हुए भारत ने जो विकास किया है वह हर क्षेत्र में नजर आता है। बीते 10 वर्षों में भारत ने अपनी इकोनॉमी का साइज करीब-करीब डबल किया है। भारत का एक्सपोर्ट भी डबल हो गया है। बीते दशक में एफडीआई भी दो गुना से अधिक हुआ है। भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर का खर्च करीब 2 ट्रिलियन रुपए से बढ़कर 11 ट्रिलियन तक पहुंचा दिया है।

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत की सफलता लोकतंत्र, जनसांख्यिकी, डिजिटल डेटा और डिलिवरी की शक्ति में प्रदर्शित होती है। उन्‍होंने कहा कि देश में लोकतंत्र मजबूत है। युवा आबादी और आंकडे देश को विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

यह सदी, टैक्स ड्रिवन डेटा ड्रिवन सदी है। भारत दुनिया को डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी और डेटा की असली ताकत दिखा रहा है। भारत में दिखाया है कि कैसे डिजिटल टेक्नोलॉजी का डेमोक्रेटाइजेशन हर क्षेत्र, हर वर्ग को फायदा पहुंचा रहा है। 

 

श्री मोदी ने कहा कि राजस्‍थान न सिर्फ विकसित हो रहा है बल्कि यह विश्‍वसनीय भी है।

 

राजस्थान के पास नेचुरल रिसोर्सेस का भंडार है़, आधुनिक कनेक्टिविटी का नेटवर्क है, एक समृद्ध विरासत है, एक बहुत बड़ा लैंडमार्क है और बहुत ही समर्थ युवा शक्ति भी है यानी रोड से लेकर रेलवेज तक, हॉस्पिटैलिटी से हैंडीक्राफ्ट तक, फॉर्म से लेकर फोर्ट तक राजस्थान के पास बहुत कुछ है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में विदेशी पर्यटकों की संख्‍या निरंतर बढ़ रही है और घरेलू पर्यटन में भी निरंतर नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम -एमएसएमई क्षेत्र को अपनी नीतियों और फैसलों के साथ एमएसएमई क्षेत्र को लगातार सशक्‍त बना रही है।

 

इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह शिखर सम्‍मेलन विकसित भारत और विकसित राजस्‍थान के संकल्‍प को साकार करने में बहुत महत्‍वपूर्ण साबित होगा। इस तीन दिवसीय शिखर सम्‍मेलन में देश और विदेश के पांच हजार निवेशक, उद्योगपति और व्‍यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि भागीदारी कर रहे हैं।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज भारतीय जीवन बीमा निगम-एल.आई.सी. की बीमा सखी योजना का शुभारंभ करेंगे और हरियाणा के पानीपत में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर की आधारशिला रखेंगे।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि यही समय है, जब युवाओं को राजनीति में शामिल होना चाहिए और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्‍य को प्राप्‍त करने के लिए, राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। अहमदाबाद में रामकृष्ण मठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए श्री मोदी ने मानव जाति की भलाई के लिए, आध्यात्मिकता और स्थिरता के बीच सही संतुलन पर जोर दिया।

 

युवा दिवस के अवसर पर दिल्ली में यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन हो। इसमें देश से दो हजार चयनित युवाओं को बुलाया जाएगा। करोड़ों अन्य युवा देश भर से टेक्नोलॉजी से इसमें जुड़ेंगे। युवाओं के दृष्टिकोण से विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा होगी। युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए रोड मैप बनाया जाएगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सामाजिक उत्थान में संतों के योगदान को याद किया और भारत के विकास में रामकृष्ण मिशन के योगदान की सराहना की।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी के नेता राहुल नार्वेकर को आज सर्वसम्मति से महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। श्री नार्वेकर को इस पद पर नियुक्त करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और उपमुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पेश किया था। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने श्री नार्वेकर को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह निष्पक्ष रूप से सदन की कार्यवाही संचालित करके, सदन की परंपरा को बनाए रखेंगे। विधानसभा की कार्यवाही आज शेष नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुई, जिन्हें अस्‍थायी अध्‍यक्ष कालिदास कोलंबकर ने शपथ दिलाई। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन आज विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे, जिसके बाद दोनों सदनों में विभिन्न अध्यादेशों को अलग-अलग पेश किया जाएगा।

 

*****

 

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी बांग्‍लादेश के विदेश सचिव जशिमुद्दीन के साथ ढाका में भारत-बांगलादेश विदेश कार्यालय परामर्श-एफ ओ सी में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व कर रहे हैं। यह बैठक ढाका के स्‍टेट गेस्‍ट हाउस पद्मा में आज दिन में 11 बजे शुरू हुई। श्री मिसरी आज सुबह लगभग साढे आठ बजे भारतीय वायुसेना के विमान से ढाका पहुंचे। इस बैठक के बाद विदेश सचिव दोपहर भोज में शामिल होंगे। भारतीय विदेश सचिव की बांग्‍लादेश के विदेश कार्य सलाहकार मोहम्‍मद तौहीद हुसैन के साथ एक शिष्‍टाचार मुलाकात होगी। विदेश सचिवों के नेतृत्‍व में विदेश कार्यालय परामर्श भारत तथा बांग्‍लादेश के बीच एक व्‍यवस्‍थागत बैठक है। गत वार्षिक विदेश कार्यालय परामर्श का आयोजन 24 नवम्‍बर 2023 को नई दिल्‍ली में किया गया था।

 

*****

 

आम आदमी पार्टी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को जंगपुरा से, अवध ओझा को पटपड़गंज  से, राखी बिडला को मादीपुर से, प्रवीण कुमार को जनकपुरी से और सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू को तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। पिछले महीने पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी ने आज राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने आंध्र प्रदेश से रयागा कृष्णैया, हरियाणा से रेखा शर्मा और ओडिशा से सुजीत कुमार को टिकट दिया है।

 

*****

 

झारखंड विधानसभा का चार दिन का विशेष सत्र नवनिर्वाचित सदस्यों के स्वागत के साथ रांची में आज शुरू हुआ। यह सत्र नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ लेने और अध्‍यक्ष का चुनाव करने के लिए बुलाया गया है। अस्‍थायी अध्‍यक्ष स्टीफन मरांडी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिला रहे हैं, जो कल तक जारी रहेगा। सदस्यों के शपथ के बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद हेमंत सोरेन सरकार विश्वास मत हासिल करेगी।

 

*****

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से भारत विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में श्री रिजिजू ने कहा कि कुछ मुद्दों को राजनीतिक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध एक हालिया रिपोर्ट में जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन और एक वरिष्ठ विपक्षी नेता के बीच संबंधों का पता चला है।

 

जॉर्ज सोरोस और उसके जो लिंक सामने में जो आए हैं। चाहे राहुल गांधी जी का नाम हो, सोनिया गांधी जी का नाम हो, हम इसको कांग्रेस पार्टी के रूप से भी नहीं देखते हैं। कोई भी भारतीय हैं अगर विदेशी ताकतों के साथ जो भारत विरोधी है उनसे लिंक होते हैं और भारत के खिलाफ काम करते हैं तो गंभीरता से लेना चाहिए तो उसके खिलाफ हमे एकजुट होकर के लड़ना चाहिए।

 

*****

 

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि इंटरनेट आज केवल सम्‍पर्क का साधन ही नहीं है, बल्कि दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं, समाजों और व्यक्तिगत आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने का मंच बन गया है। इंडिया इंटरनेट गवर्नेंस 2024 के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि यह मंच इंटरनेट को उत्साहजनक और सतत विकास के लिए एक शक्ति के रूप में उपयोग करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का अवसर है।

 

*****

 

केंद्र ने कहा है कि देश में छोटे और सीमांत किसानों के लिए कृषि ऋण लगातार बढ़ रहा है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में छोटे और सीमांत किसानों के कृषि ऋण खातों की संख्या 2023-24 में बढ़कर 13 दशमलव शून्‍य छह करोड़ हो गई है। उन्‍होंने कहा कि 2021-22 में यह 11 दशमलव छह-सात करोड़ और 2022-23 में 12 दशमलव तीन आठ करोड़ थी।

 

*****

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ स्कूलों को आज सुबह ईमेल के माध्‍यम से बम की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस के जनसम्‍पर्क अधिकारी संजय त्यागी ने बताया कि ईमेल मिलते ही पुलिस की टीमें सभी जगहों पर पहुंच गई हैं। उन्होंने सभी स्कूलों और बच्चों की सुरक्षा का भी आश्वासन दिया। श्री त्यागी ने कहा कि पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगा रही है और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

*****

 

भारत ने सीरिया की एकता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए सभी पक्षों से इस दिशा में काम करने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह सीरिया में स्थिति और घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। मंत्रालय ने कहा कि दमिश्क में भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए उनके संपर्क में है।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी ने अमरीका स्थित जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ कथित संबंधों को लेकर कांग्रेस की आलोचना की है। आज नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि एशिया-प्रशांत में फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स नामक एक संगठन है और इसके चार सह-अध्यक्ष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी फाउंडेशन की अध्यक्ष कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, एशिया-प्रशांत में डेमोक्रेटिक लीडर्स फोरम के सह-अध्यक्षों में से एक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन ने एशिया-प्रशांत में फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स को वित्तीय सहायता प्रदान की है।

 

*****

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज एक जनहित याचिका का निस्‍तारण कर दिया, जिसमें राजनीतिक दलों को यौन उत्पीड़न विरोधी कानूनों के तहत शामिल करने की मांग की गई थी। न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों पर कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के अनुसार यौन उत्पीड़न की शिकायतों से निपटने के लिए सक्षम प्राधिकारी होगा।

 

*****

 

उत्तराखंड के चमोली, चंपावत, उत्तरकाशी और देहरादून सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी से मौसम ठंडा हो गया है। वहीं, मैदानी इलाकों में सुबह और शाम को पाला पड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कंबल, गर्म कपड़े और जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, राज्य के मुख्य चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।

 

*****

 

मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में शीत लहर की भविष्यवाणी की है।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा–भारत दुनिया के सामने लोकतंत्र, जनसांख्यिकी और डेटा की वास्‍तविक शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है, प्रधानमंत्री ने जयपुर में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का उद्घाटन किया।
  • महाराष्ट्र में भाजपा नेता राहुल नार्वेकर विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।
  • आम आदमी पार्टी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीस उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
  • भारत ने सीरिया में जारी संघर्ष के बीच उसकी क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
  • विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने ढाका में भारत-बांग्लादेश विदेश कार्यालय परामर्श के तहत अपने बांग्लादेशी समकक्ष जशीम उद्दीन के साथ वार्ता की।
  • और, सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी० गुकेश का मुकाबला अब से कुछ देर बाद चीन के डिंग लिरेन से होगा।

 

*****