Download
Mobile App

android apple
signal

December 7, 2024 3:18 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज ओडिशा में तीन नये रेलवे लाइन सहित विभिन्‍न परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में सम्‍पर्क सुविधा में सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • सीरिया में सुरक्षा बलों ने दारा शहर पर नियंत्रण खोया, विद्रोही देश के तीसरे सबसे बड़े शहर होम्स के करीब पहुंचे। भारत ने अपने नागरिकों को सीरिया छोड़ने की सलाह दी।
  • जूनियर महिला हॉकी एशिया कप आज से ओमान के मस्‍कत में शुरू हो गया है।
  • और, बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी के दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के 180 रन के जवाब में पहली पारी में 8 विकेट पर 330 रन बना लिये हैं।

 

———————————–

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज ओडिशा में केंदूझाड़ और मयूरभंज जिलों को जोड़ने वाली 6 हजार दो सौ 94 करोड़ रुपये की तीन रेल परियोजनाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने जनजातीय अनुसंधान और विकास केंद्र, 52 करोड़ 40 लाख रुपये के सौ बिस्तर वाले अस्पताल और अपने गृह जिले मयूरभंज के रायरंगपुर में दांडबोश हवाई पट्टी के सुधार के लिए विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

 

नई रेल लाइनों में बांकिरीपोशी से गैरूमहिषाठी, बादामपहाड़ से केंदूझारगढ़ और बुढ़ामारा से चाकुलिया लाइनें शामिल हैं। इससे क्षेत्र में संपर्क और आर्थिक विकास को बढावा मिलेगा तथा स्‍थानीय लोगों के जीवन में भी सुधार होगा। इन रेल लाइनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने मंजूरी दी थी।

 

इस अवसर पर ओडिशा के मुख्‍यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव और जनजातीय मंत्री जुएल ओराम भी उपस्थित थे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से- 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि केंद्र सरकार देश में आदिवासियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि नई रेल परियोजनाएं मयूरभंज जिले के लोगों का सपना हैं, जिसमें बांगरीपोसी और रायरंगपुर में रहने वाले लोग भी शामिल हैं। दो हजार 549 करोड़ रुपये की लागत वाली 86 किलोमीटर लंबी बांगरीपोसी-गोरुमहिसानी रेल लाइन मयूरभंज जिले के भीतर कनेक्टिविटी को बढ़ाएगी। 2,106 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 किलोमीटर लंबी बादामपहाड़-केंदुझारगढ़ रेल लाइन मयूरभंज और क्योंझर जिलों से होकर गुजरेगी। 1,639 करोड़ रुपये की लागत वाली 60 किलोमीटर लंबी बुरामारा-चाकुलिया रेल लाइन ओडिशा के मयूरभंज जिले और झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले को जोड़ेगी। इन नई रेल लाइनों के शुरू होने से स्थानीय निवासियों को काफी लाभ होगा। प्रकाश दाश, आकाशवाणी समाचार, बांगरीपोसी, ओडिशा

 

राष्ट्रपति मंगलवार से अपने गृह राज्य ओडिशा की पांच दिवसीय यात्रा पर थीं। वे आज दोपहर दिल्ली लौट आईं हैं।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार पूरे देश में संपर्क व्‍यवस्‍था बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्‍ली मेट्रो के फेज़-4 के तहत रिठाला कुंडली कॉरिडोर के निर्माण के लिए कैबिनेट की स्‍वीकृति से दिल्‍ली और हरियाणा के बीच यात्रा सुधिाजनक होगी। इस परियोजना का काम अगले चार साल में पूरा जाएगा।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश में 85 नए केन्‍द्रीय विद्यालय खोले जाने के कैबिनेट के फैसले की प्रशंसा की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि ज्‍यादा से ज्‍यादा लोगों को स्‍कूली शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्‍य से सरकार का यह बड़ा फैसला है। उन्‍होंने कहा कि इससे न केवल बड़ी संख्‍या में विद्यार्थी लाभान्वित होंगे, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।     

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अहमदाबाद में बोचासंन्यासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्थाबीएपीएस स्वर्णजयंती समारोह को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस अवसर पर गृहमंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में एक लाख बीएपीएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। एक रिपोर्ट –

 

बोचासणवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था द्वारा स्वयं सेवकों की सेवा को सम्मानित करने के लिए साल भर चलने वाले कार्यकर्ता स्वर्ण महोत्सव का उद्घाटन 28 जनवरी 2024 को सूरत में महान स्वामी जी ने किया था। इसका समापन आज नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस कार्यक्रम में दुनियाभर के 30 देशों के एक लाख से अधिक स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

———————————–

 

गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संविधान में वर्णित कल्याणकारी देश की परिकल्पना को वास्तविकता में बदल  दिया है। गृह मंत्री आज अहमदाबाद में लोक सेवा ट्रस्ट के वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबी उन्मूलन, किफायती आवास, चिकित्सा देखभाल और शिक्षा तथा नागरिकों के बेहतर जीवन के लिए प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र के समग्र विकास का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।

 

श्री शाह ने आज सुबह अहमदाबाद में 70 बिस्तरों वाले बहुउद्देशीय अस्पताल का उद्घाटन किया। वे शाम के समय बी ए पी एस अक्षरधाम के स्‍वर्ण जयंती उत्‍सव में भी हिस्‍सा लेंगे। 

 

———————————–

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, वीरता, धैर्य और बलिदान को नमन किया। उन्‍होंने कहा कि यह भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और योगदान को स्‍मरण करने का दिन है।

 

यह दिन हमारे वीर जवानो और पूर्व सैनिको के अदम्‍य साहस, त्‍याग और समर्पण को रिकोग्‍नाइज करने का अवसर है। हमारी आर्म्‍ड फोर्सेस हमारे लिए मजबूत सुरक्षा कवच हैं जो  हर परिस्थिति में हमें प्रोटेक्‍ट करने के लिए तत्‍पर रहती हैं। हमारी सेनाएं, न केवल बाहरी आक्रमणों से, बल्कि प्राकृतिक आपदा के समय भी हमारी सुरक्षा के लिए तैयार रहती है। उनका त्‍याग और अनुशासन प्रत्‍येक देशवासी के लिए प्रेरणा का स्‍त्रोत है।

 

श्री राजनाथ सिंह ने भारत की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सेना की सराहना की और सभी से सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में स्‍वेच्‍छा से योगदान देने का आग्रह किया। 7 दिसंबर 1949 से देश सशस्त्र सेना झंडा दिवस मना रहा है।

 

———————————–

 

केन्‍द्रीय वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में बजट पूर्व विचार-विमर्श के लिए आयोजित बैठक की अध्‍यक्षता की। बैठक में विभिन्‍न किसान संगठनों के प्रतिनिधि और मुख्‍य कृषि अर्थशास्त्रियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्‍य 2025-26 के केन्‍द्रीय बजट पर विचार-विमर्श करना था। इसमें केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी और वित्‍त सचिव के अलावा आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव तथा डी आई पी ए एम के सचिव भी मौजूद थे।     

 

———————————–

 

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि दुनिया की भू-राजनीतिक व्यवस्था, वैश्विक दक्षिण की ओर बढ़ रही है और पूर्वोत्तर क्षेत्र इसके विकास में महत्वपूर्ण भागीदार बन सकता है। श्री सिंधिया नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव के पहले तकनीकी सत्र के दौरान “विकसित भारत के लिए पूर्वोत्तर के विकास को गति देना” विषय पर बोल रहे थे। इस अवसर पर मेघालय, सिक्किम और त्रिपुरा के मुख्‍यमंत्री भी मौजूद थे। श्री सिंधिया ने कहा कि केंद्र प्रत्‍येक पूर्वोत्तर राज्यों की विशेषता को निखारने और पर्यटन से लेकर कृषि-बागवानी के उत्पादों तक इन्‍हें दुनिया के सामने लाने का प्रयास कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में आर्थिक ढांचे को मजबूत करने के लिए देश और विदेश में कई रोड शो आयोजित किए जाएंगे।

 

अगले माह हम लोग इन्‍वेस्‍टर समिट करने वाले है दिल्‍ली में नार्थ ईस्‍ट के लिए और उसके लिए अभी  हमारे रोड चल रहे हैं जैसे एक राज्‍य का रोड शो चलता है हम लोग पूरे नॉर्थ ईस्‍ट के लिए रोड शो कर रहे हैं बेंगलुरू का हो गया अभी हैदराबाद का हो गया। करीब करीब 18 हजार करोड़ के एमओयू पर हस्‍ताक्षर भी हो चुका है मुंबई का रोड शो भी होगा। चेन्‍नई का रोड शो होगा, पूणे का रोड शो होगा उसके बाद हम लोग दो अंतर्राष्‍ट्रीय रोड शो की भी सोच रहे हैं। लंदन का और दुबई का, त‍ाकि विश्‍व को हम दिखाए नार्थ-ईस्‍ट में क्‍या क्षमता है।

 

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा है कि राज्य में पिछले 6 से 7 वर्षों में विकास लगभग 7 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने निजी निवेशकों का स्वागत  करते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर काम करना होगा।

 

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में, श्री संगमा ने कहा कि अष्टलक्ष्मी महोत्सव सभी हितधारकों को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

———————————–

 

मुंबई में आज महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हुआ। प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर ने सत्र का संचालन किया और नवनिर्वाचित सदस्‍यों को शपथ दिलाई। और ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, देवेंद्र फणडवीस उप-मुख्यमंत्री, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने आज राज्य विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर विधानसभा की कार्यवाही की देखरेख कर रहे हैं और 288 नवनिर्वाचित विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिला रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह आज और कल, दो दिनों तक चलेगा विधानसभा अध्यक्ष के लिए चुनाव 9 दिसंबर को होना है। इसके बाद, राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन विधि मंडल के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

———————————–

 

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत में विद्युत चालित वाहन उद्योग एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें वर्ष 2030 तक लगभग 4 करोड़ रोजगार सृजित होने की संभावना है। वे आज ‘विद्युत चालित वाहनों में अग्नि दुर्घटनाओं के प्रबंधन’ विषय पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत नागपुर में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

 

श्री गडकरी ने इन वाहनों में उपयोग होने वाली लीथियम ऑयन बैटरी के बारे में बताया कि विश्‍व के लगभग 6 प्रतिशत लीथियम भंडार जम्मू में पाए जाते हैं और इसका उपयोग बैटरी के रूप में 60 करोड़ इलेक्ट्रिक वाहनों में किया जाएगा, जिससे लीथियम आयन बैटरी की लागत में भी कमी आएगी।

 

———————————–

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने देश भर में तपेदिक यानी टीबी के मामलों से निपटने के लिए आज हरियाणा के पंचकुला से 100 दिन के अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह और हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी मौजूद थीं। यह अभियान 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 347 जिलों में चलाया जाएगा।

 

———————————–

 

सीरिया में सरकारी सुरक्षा बलों ने दारा शहर पर अपना नियंत्रण खो दिया है। इसे मुख्‍य रूप से देश में वर्ष 2011 के सिविल विद्रोह का केन्‍द्र माना जाता है। ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, विद्रोहियों ने अब तक दारा प्रांत के दारा शहर में 90 प्रतिशत से अधिक भूभाग पर कब्‍जा कर लिया है।

 

इस बीच, विद्रोहियों ने कल दो शहरों पर कब्जा करने के बाद सीरिया के तीसरे सबसे बड़े शहर होम्स की ओर बढ़ना शुरू कर दिया था, जिसके कारण हजारों लोगों ने होम्स छोड़ दिया है।

 

जॉर्डन के गृहमंत्री माजेन फर्राया ने दक्षिणी सीरिया में विद्रोहियों से सुरक्षा के मद्देनजर अपने देश से लगने वाली जाबेर सीमा को बंद करने की घोषणा की है।

 

———————————–

 

दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली आज राष्ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान करेगी। यह प्रस्‍ताव उनके मंगलवार को विवादास्पद मार्शल लॉ लगाने की घोषणा के बाद आया है। हालांकि राष्ट्रपति यून सुक योल ने छह घंटे बाद इसे वापस ले लिया था। राजनीतिक दलों और मीडिया को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मार्शल लॉ लागू करने के उनके फैसले को 190 सांसदों ने खारिज कर दिया था।

 

इस बीच, राष्ट्रपति यून सुक योल ने मार्शल लॉ लागू करने के अपने असफल प्रयास के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

 

———————————–

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मणयम जयशंकर आज कतर में दोहा फोरम में भाग लेंगे। इस वर्ष के दोहा फोरम का विषय है- अनिवार्य नवोन्‍मेष। डॉक्टर जयशंकर कल बहरीन के विदेश मंत्री के साथ चौथे भारत-बहरीन उच्‍च संयुक्‍त आयोग की सह-अध्‍यक्षता भी करेंगे।

 

———————————–

 

किसामा के नागा हेरिटेज गांव में 25वें हॉर्नबिल समारोह को काफी संख्या में लोग देखने आ रहे हैं। देश के तीन मशहूर बैंड–परिक्रमा, इंडस बैंड और गिरीष ने शानदार प्रदर्शन किया एक लाख से ज़्यादा लोगों ने इस प्रदर्शन को देखा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हॉर्नबिल समारोह में विभिन्‍न सांस्‍कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

टिकट टू हॉर्नबिल 2024 प्रतियोगिता की विजेता ने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ शो की शुरूआत की  गीत…. दिन के लिए दिलचस्‍प कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें, उत्‍तर पूवी क्षेत्र द्वारा कार्यक्रम हार्न बजाने और चलाने प्रतियोगिता, हॉर्नबिल कार्निवल परेड आदि शामिल हैं। असुनियो, आकाशवाणी समाचार, कोहिमा। 

 

———————————–

 

जूनियर महिला एशिया हॉकी कप टूर्नामेंट आज से ओमान की राजधानी मस्‍कट में शुरू हो गया है। ज्‍योति सिंह की कप्‍तानी में भारतीय टीम कल पहला मैच बांग्‍लादेश से होगा।

 

———————————–

 

उधर, एडीलेड ओवल में भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन ऑस्‍ट्रेलिया ने पहली पारी में  8 विकेट पर 332 रन बना लिए है। मेजबान टीम ने आज एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया था।      इससे पहले,भारतीय टीम पहली पारी में 180 रन पर सिमट गई थी।

 

———————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज ओडिशा में तीन रेलवे लाइन सहित विभिन्‍न परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में सम्‍पर्क सुविधा में सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • सीरिया में सुरक्षा बलों ने दारा शहर पर नियंत्रण खोया, विद्रोही देश के तीसरे सबसे बड़े शहर होम्स के करीब पहुंचे। भारत ने अपने नागरिकों को सीरिया छोड़ने की सलाह दी।
  • जूनियर महिला हॉकी एशिया कप आज से ओमान के मस्‍कत में शुरू हो गया है।
  • और, बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के 180 रन के जवाब में पहली पारी में 8 विकेट पर 332 रन की बढ़त बना लिये हैं।

 

———————————–