Download
Mobile App

android apple
signal

December 6, 2024 3:46 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

  • कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी को आवंटित राज्यसभा सीट से नकदी बरामद। जांच के आदेश दिए गए। विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित।

  • रिजर्व बैंक ने नकद आरक्षी अनुपात में 50 आधार अंकों की कटौती कर इसे 4 प्रतिशत किया। रेपो दर में कोई बदलाव नहीं।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत और जापान के बीच सहयोग वैश्विक सेमीकंडक्टर परिदृश्‍य को नया आकार देने के लिए तैयार।

  • राष्ट्र आज महापरिनिर्वाण दिवस पर भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव आम्‍बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

  • एडिलेड में दूसरे क्रिकेट टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के साथ मैच में भारत के शीर्ष खिलाड़ी आउट।

********************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली स्थित भारत मंडपम में अष्‍टलक्ष्‍मी महोत्‍सव का उद्घाटन करेंगे। तीन दिवसीय उत्सव में पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक झलक मिलेगी। उत्‍सव का सबसे बड़ा आकर्षण ग्रामीण हाट बाजार होगा, जिसमें 320 किसानों और कारीगरों की उपज तथा कला का प्रदर्शन किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इस उत्‍सव में पूर्वोत्तर भारत के प्रसिद्ध मूगा और एरी सिल्क को समर्पित मंडप और कारीगर शिल्प का सजीव प्रदर्शन होगा।

 

 

अष्ट लक्ष्मी महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत की प्रगति और परंपरा दोनों की झलक देखने को मिलेगी। इस महोत्सव के दौरान 250 से अधिक शिल्पकार 34 जीआई टैग वाली वस्तुओं का प्रदर्शन करेंगे। पारंपरिक हस्तशिल्प, हस्तकरघा, कृषि उत्पादन और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए इस महोत्सव में कई तरह के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा इस महोत्सव में कारीगरों की प्रदर्शनियां, ग्रामीणहाट, राज्य विशेष मंडप होंगे। साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली

********************************

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि शिक्षा ही मनुष्य के सर्वांगीण विकास का एकमात्र मार्ग है।   उन्‍होंने मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में आज यह बात कही। हमारे संवाददाता ने बताया कि राष्ट्रपति ने करीब छह दशक पहले इस विद्यालय में पढ़ाई की थी।

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देश की प्रथम नागरिक बनने के बाद आज पहली बार अपने पैतृक गांव उपरबेड़ा पहुंचीं। पूरा गांव चहल-पहल से गुलजार है, क्योंकि समुदाय अपनी सबसे मशहूर बेटी का स्वागत कर रहा है। राष्ट्रपति ने उपरबेड़ा सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए भावुक हो गईं। उपरबेड़ा में उन्होंने अपने शुरुआती साल बिताए और कहा कि अपने स्कूल में आकर उन्हें एक छोटे बच्चे जैसा महसूस होता है। उन्होंने अपने दिनों की कुछ घटनाओं को याद किया, जो ज्यादातर कठिन थीं। राष्ट्रपति मुर्मु ने छात्रों से बातचीत भी की और छात्रों और स्कूल के अपने पुराने दोस्तों के लिए लाए गए उपहार वितरित किए। राष्ट्रपति अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए अपने पैतृक घर जाएंगी। वह आज दोपहर रायरंगपुर भी जाएंगी, जहां रायरंगपुर महिला कॉलेज की छात्राओं के साथ बातचीत सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी। आकाशवाणी समाचार के लिए उपरबेड़ा से प्रकाश दास।

 

 

राष्ट्रपति अपने दौरे के आखिरी दिन, कल बंगरीपोसी में तीन रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगी।

********************************

विपक्षी सदस्‍यों के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक के लिए लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्‍य नेताओं के विरूद्ध भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आरोप पर विपक्षी हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही पहले दिनभर के लिए स्‍थगित की गई। शून्‍यकाल के दौरान श्री दुबे ने अमरीका आधारित एक निवेशक, एक विदेशी मीडिया प्‍लेटफॉर्म और कांग्रेस की भारत की सफलता गाथा को पटरी से उतारने की कोशिश संबंधी कल के अपने आरोपों को दोहराया। जब भाजपा सांसद को बोलने की अनुमति दी गई तो कांग्रेस के नेतृत्‍व वाले विपक्षी दलों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस कारण सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित करनी पड़ी।

 

 

इससे पहले सदन की कार्यवाही आज जब शुरू हुई तो कांग्रेस के सांसदों सहित विपक्षी सदस्‍यों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया। अध्‍यक्ष ओम बिरला ने सदस्‍यों से सदन में प्रश्‍नकाल चलाने की अनुमति देने का आग्रह किया लेकिन सदस्‍यों ने उनके आग्रह पर ध्‍यान नहीं दिया। हंगामा जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्‍थगित की गई। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा, तो सदन सोमवार तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया।

********************************

राज्‍यसभा में कल नोटों का एक बंडल बरामद किया गया। सदन के स्‍थगन के बाद राज्‍यसभा की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान नोटों का यह बंडल बरामद किया गया था। सदन की कार्यवाही जब आज सुबह शुरू हुई तो सभापति जगदीप धनखड़ नें इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सदन की सीट संख्‍या 222 से सुरक्षा अधिकारियों ने कल नोटों का एक बंडल बरामद किया। यह सीट कांग्रेस के सांसद अभिषेक मनु सिंघवी को आवंटित की गई है। उन्‍होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। इस मामले को लेकर जांच चल रही है।  

********************************

राज्‍यसभा में कांग्रेस सदस्‍य अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से नोट के बरामद होने के बाद स्‍पष्‍टीकरण देते हुए कहा है कि वे जब सदन में जाते हैं तो वे सिर्फ पांच सौ रूपए का एक नोट अपने साथ रखते हैं। उन्‍होंने कहा कि कल वे दोपहर बारह बजकर 57 मिनट पर सदन पहुंचे और एक बजे सदन से निकल गए। उन्‍होंने कहा कि वे साथी सांसद अयोध्‍या रामी रेड्डी के साथ कैंटीन में डेढ़ बजे तक बैठे और फिर संसद भवन से बाहर चले गए। 

********************************

न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य और अन्‍य मांगों के मुद्दों पर किसानों के विरोध-प्रदर्शन के बीच सरकार ने आज कहा कि वह फसलों की उत्‍पादन लागत से कम से कम 50 प्रतिशत अधिक न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य देने के लिए वचनबद्ध है। राज्‍यसभा में पूरक प्रश्‍नों का उत्‍तर देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों का कल्‍याण केंद्र की वचनबद्धता है। केंद्र सरकार कई फसलों पर न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य बढ़ा चुकी है।

********************************

विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों ने आज एक प्रमुख व्‍यापारिक समूह के विरूद्ध कथित रिश्‍वत के मामलों पर संसद परिसर में एक विरोध मार्च किया। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस, राष्‍ट्रीय जनता दल, झारखंड मुक्ति मोर्चा और वामपंथी दल शामिल हुए। कांग्रेस और अन्‍य विपक्षी दल इस मुद्दे की एक संयुक्‍त संसदीय समिति द्वारा जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

********************************

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने चार के मुकाबले दो के बहुमत से रेपो दर को छह दशमलव पांच शून्‍य प्रतिशत पर बनाए रखने का फैसला किया है। इसी तरह स्थायी जमा सुविधा दर छह दशमलव दो पांच प्रतिशत और बैंक दर छह दशमलव सात पांच प्रतिशत पर बनी रहेगी। बैंक ने फरवरी 2023 से इन दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। रिजर्व बैंक ने संभावित नकदी की कमी को दूर करने के लिए नकद आरक्षित अनुपात में  50 आधार अंकों की कटौती कर इसे 4 प्रतिशत कर दिया है। इससे एक लाख 16 हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्‍त राशि उपलब्‍ध होगी।

 

 

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि रिजर्व बैंक बढती महंगाई को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2025 के लिए अपने मुद्रास्‍फीति के पूर्वानुमान को संशोधित कर चार दशमलव आठ प्रतिशत कर दिया है। यह पिछले अनुमान से दशमलव तीन प्रतिशत अधिक है।

********************************

विदेश मंत्री सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने भारत और जापान के बीच सेमीकंडक्टर सहयोग के बढ़ते महत्व का उल्‍लेख किया। आज नई दिल्ली में भारत-जापान फोरम के उद्घाटन सत्र में उन्‍होंने कहा कि दोनों देश इस क्षेत्र में ताइवान के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इससे एक बड़ी साझेदारी बन रही है जो वैश्विक सेमीकंडक्टर परिदृश्‍य को नया स्‍वरूप दे सकती है। श्री जयशंकर ने कहा कि आने वाले दशक में भू-राजनीतिक समीकरणों को संतुलित करने में सेमीकंडक्टर की बडी भूमिका होगी।

********************************

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि आने वाले वर्षों में पूर्वोत्‍तर भारत दक्षिण-पूर्व एशिया के विकास का केंद्र बनने की संभावना रखता है। उन्‍होंने नई दिल्‍ली में आज पूर्वोत्तर का सशक्तिकरण – आत्मनिर्भर भारत की ओर परिवर्तनकारी दशक विषय पर एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित किया। श्री सोनोवाल ने कहा किविकसित भारत 2047 के संकल्‍प को साकार करने और आत्‍मनिर्भर भारत बनाने में पूर्वोत्‍तर भारत की मुख्‍य भूमिका होगी।

 

 

दस साल के अंदर निष्‍ठापूर्वक जो कदम उठाई है नॉर्थ-ईस्‍ट में विकास की एक माहौल खड़ा करने के लिए सभी स्‍तर पर जो स्‍पोर्ट उन्‍हें दी है माननीय प्रधानमंत्री जी ने निष्‍ठापूर्वक जो सहयोग किया है, जिसकी वजह से आज नॉर्थ ईस्‍ट देश का विकास का एक केंद्र बना और साऊथ ईस्‍ट एशिया की एक मूल केंद्र बनाने के लिए एक्‍ट ईस्‍ट पॉलिसी के जरिए जो भी कदम उठाए जिसकी वजह से आज नॉर्थ ईस्‍ट का विकास देशवासियों को भी शक्ति देने का काम किया है। 

********************************

गृह राज्‍यमंत्री नित्‍यानंद रॉय ने आज कहा कि सरकार पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के विकास की दिशा में काम करने के लिए वचनबद्ध है। पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के विकास को लेकर उन्‍होंने मीडिया को बताया कि स्‍वास्‍थ्‍य, कन‍ेक्टिविटी, शिक्षा और रेलवे के क्षेत्रों की सुविधाओं में सुधार होने के कारण पूर्वोत्‍तर के राज्‍यों के लोगों का जीवन बदल चुका है।

 

 

सांस्कृतिक संस्थाओं से लेकर हर प्रकार की यातायात सुविधाओं के साथ आज चिकित्सा सुविधा भी बड़े-बड़े अस्पतालों के माध्यम से की गई है जो नॉर्थ-ईस्ट के भाइयों बहनों के जीवन में काफी बदलाव लाया है और आज नॉर्थ-ईस्ट भारत के जो महत्वपूर्ण विषय उसको विकसित होना है, भारत के लिए गौरव की बात है।

 

मणिपुर के विकास को लेकर श्री रॉय ने कहा कि राज्‍य विकास के मामले में अच्‍छा काम कर रहा है।

 

 

मणिपुर में 443 करोड रुपए की लागत से भारत के पहले राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। एक नया भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्‍थान की भी स्‍थापना की गई। पहली मालगाड़ी 2022 में मणिपुर में पहुंची। 35 करोड रुपए की लागत से लोंगपी ब्लैक पॉटरी कला को बढ़ावा देने के लिए कलाकारों का गांव डेवलप किया गया।

********************************

भारतीय जनता पार्टी के विधायक कालिदास कोलाम्बकर ने आज महाराष्ट्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मुंबई के राजभवन में श्री कोलाम्बकर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। श्री कोलाम्बकर 7 से 9 दिसंबर तक चलने वाले महाराष्ट्र विधानमंडल के विशेष सत्र की अध्यक्षता करेंगे।

********************************

पंजाब से किसानों का एक समूह ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन के अंतर्गत आज शंभू बॉर्डर से पैदल दिल्ली की ओर बढ रहा था, जिसे हरियाणा पुलिस ने वहीं रोक दिया।

 

 

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा की गृह सचिव सुमिता मिश्रा ने पंजाब-हरियाणा सीमा से लगे अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट बंद करने के आदेश दिए हैं। शंभू बॉर्डर को सील कर दिया गया है और केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल के साथ राज्य पुलिस की कई कंपनियां तैनात की गई हैं।

********************************

भारतीय संविधान के मुख्‍य शिल्‍पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्‍बेडकर की पुण्‍यतिथि पर आज महापरिनिर्वाण दिवस मना जा रहा है। राष्‍ट्र निर्माण में बाबा साहब के योगदान को दर्शाने के लिए पूरे देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज भुवनेश्वर में श्री आम्‍बेडकर को उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने नई दिल्‍ली के संसद भवन परिसर में प्रेरणा स्‍थल पर बा‍बा साहब को पुष्‍पांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस वर्ष की शुरूआत में मुंबई की चैत्‍य भूमि की अपनी यात्रा का एक चित्र साझा करते हुए बाबा साहेब आम्‍बेडकर को सामाजिक न्‍याय का आकाशदीप बताया।

********************************

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच एडिलेड ओवल में खेले जा रहे बॉर्डर गावस्‍कर ट्रॉफी के दूसरे क्रिकेट टैस्‍ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम 180 रन पर ऑल आउट हो गई।

********************************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

  • कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी को आवंटित राज्यसभा सीट से नकदी बरामद। जांच के आदेश दिए गए। विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित।

  • रिजर्व बैंक ने नकद आरक्षी अनुपात में 50 आधार अंकों की कटौती कर इसे 4 प्रतिशत किया। रेपो दर में कोई बदलाव नहीं।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत और जापान के बीच सहयोग वैश्विक सेमीकंडक्टर परिदृश्‍य को नया आकार देने के लिए तैयार।

  • राष्ट्र आज महापरिनिर्वाण दिवस पर भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव आम्‍बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

  • और एडिलेड में दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में 180 रन पर सिमटी।  

********************************