Download
Mobile App

android apple
signal

December 5, 2024 3:19 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के लिए कृषि महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने टिकाऊ खेती के लिए नवीनतम तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।
  • वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्‍द्र फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में आज शाम शपथ लेंगे।
  • रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से छोटे और मध्यम आकार के उद्यमों के लिए स्‍थाई परिस्थिति बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व की सरकार की सराहना की।
  • इसरो ने आज शाम श्रीहरिकोटा से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 मिशन उपग्रहों के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती शुरू की।
  • अविश्वास प्रस्‍ताव पारित होने के बाद फ्रांस सरकार गिरी। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
  • और महिला क्रिकेट में तीन मैचों की श्रृंखला के पहले वनडे में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पांच विकेट से हराया।

 

********************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज कृषि वैज्ञानिकों से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दुरुपयोग जैसी चुनौतियों से बचाने के लिए वर्तमान समय के अनुरूप नई योजनाएं बनाने का आह्वान किया है। आज भुवनेश्वर में ओडिशा कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 40वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों को देश के लिए नई योजनाएं बनाते समय मृदा स्वास्थ्य, पर्यावरण, मृदा संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के उचित उपयोग पर ध्यान देना चाहिए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार से अपने गृह राज्य ओडिशा की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। एक रिपोर्ट…

 

राष्ट्रपति ने कहा है कि कृषि और किसानों की बेहतरी से ही देश 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर सकता है। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कृषि और किसानों को सशक्त बनाने के लिए नवीनतम ड्रोन प्रौद्योगिकी, रिमोट सेंसिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नैनो प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले कुछ दशकों में कृषि के क्षेत्र में जबरदस्त वृद्धि हासिल की है और यह अन्य देशों को खाद्यान्न और कृषि उपकरण निर्यात कर रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत कृषि उत्पादन को और बढ़ा सकता है क्योंकि उसके पास कृषि अनुकूल जलवायु, कुशल जनशक्ति, उपजाऊ भूमि और नवीनतम तकनीक है। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

********************************

 

महाराष्‍ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेन्‍द्र फडणवीस आज शाम राज्‍य के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा-शिवसेना-राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 288 सीटों में से 230 सीटों पर जीत हासिल की थी। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से –

 

देवेंद्र फडणवीस आज शाम महाराष्ट्र के 31वे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री के तौर पर ये उनका तीसरा कार्यकाल होगा। मुंबई के आजाद मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन, देवेंद्र फडणवीस और उनके मंत्रिमंडल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, पक्ष के पदाधिकारी और महायुति के नेता भी उपस्थित रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले आज देवेंद्र फडणवीस ने सिद्धिविनायक मंदिर और मुंबादेवी जा कर दर्शन किया। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

********************************

 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्‍यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची में राजभवन में आयोजित एक समारोह में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कुल ग्यारह मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के छह और कांग्रेस के चार तथा आरजेडी से एक मंत्री शामिल हैं।

 

आज के मंत्रिमंडल विस्तार में दो महिलाओं को शामिल किया गया हैजेएमएम कोटे से सुदिव्य कुमार चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, दीपक बिरुआ और हफीजुल हसन और रामदास सोरेन ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस से राधा कृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह और शिल्पा नेहा तिर्की मंत्री बनाए गए हैं। आरजेडी से संजय प्रसाद यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के पहले राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई। रांची से शिल्पी के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए कृष्ण कुमार लाल

 

हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

 

********************************

 

विपक्षी सांसदों ने एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों के मुद्दे पर आज संसद भवन परिसर में विरोध मार्च निकाला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अन्य सांसदों के साथ-साथ डीएमके, राष्‍ट्रीय जनता दल और अन्‍य दलों के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। वे संयुक्‍त संसदीय समिति से मामले की जांच कराए जाने की मांग कर रहे थे।

 

इस बीच, केन्‍द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुए संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में इसे नाटक बताया है।      

 

ये पॉलिटिकल ड्रामा है। इससे बढ़िया था ये जो संसद का चक्कर लगा रहे हैं, अयोध्या में राम का चक्कर लगा लेते, नहीं तो राजघाट का जाकर चक्कर लगा लेते।

 

********************************

 

भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर आरोप लगाने और संभल हिंसा के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। शून्यकाल के दौरान श्री दुबे ने एक फ्रांसीसी प्रकाशन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी ताकतें भारतीय संसद और देश की अर्थव्यवस्था को बाधित करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के कई नेता अपने सोशल मीडिया पर ऐसी रिपोर्ट साझा करते हैं। कांग्रेस, डीएमके और अन्य दलों के सदस्यों ने एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों और संभल हिंसा के मुद्दे पर सदन में हंगामा किया। हंगामा जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन को दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

 

********************************

 

भारत ने कहा है कि फलस्तीन के प्रति उसकी नीति लंबे समय से चली आ रही है और उसने हमेशा सुरक्षित और मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर इस्राइल के साथ एक सम्‍प्रभु, स्वतंत्र और व्यवहार्य फलस्तीन राज्य की स्‍थापना का समर्थन किया है। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज राज्यसभा में एक प्रश्‍न के लिखित उत्‍तर में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले साल अक्टूबर में इस्राइल पर हुए आतंकी हमलों और इस्राइल-हमास संघर्ष में नागरिकों की जान के नुकसान की कड़ी निंदा की है और भारत इस स्थिति को लेकर चिंतित है।

 

********************************

 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत में छोटे और मध्यम उद्यमों की स्थिति बेहतर बनाने के   लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना की है। कल मॉस्को में एक निवेश मंच को संबोधित करते हुए श्री पुतिन ने रूस के आयात प्रतिस्थापन कार्यक्रम के साथ इसकी समानता बताते हुए भारत की आर्थिक पहल, विशेष रूप से मेक इन इंडिया पहल को महत्‍व दिया। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि भारत के नेतृत्व ने अपने हितों को प्राथमिकता देने की नीति पर ध्यान केंद्रित किया। श्री पुतिन ने भारत में विनिर्माण ईकाई स्थापित करने के लिए रूस की इच्‍छा व्यक्त की। श्री पुतिन ने छोटे और मध्यम उद्यमों के विकास के लिए ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का भी आह्वान किया।

 

********************************

 

पीएसएलवी सी 59 यान के प्रक्षेपण के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रोबा 3 अंतरिक्ष यान को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के स्पेसपोर्ट शार के पहले लॉन्च पैड से शाम चार बजकर चार मिनट पर छोडा जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो की वेबसाइट पर तीन बजकर तीस मिनट से लाइव प्रसारण देखा जा सकता है।

 

इसरो की अंग संस्था न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड के लिए प्रोबा-3 को नौका द्वारा श्रीहरिकोटा से कक्षा तक पहुंचेगा। इस मिशन द्वारा इसरो नए सामर्थ्‍य का परिचय देने वाला है। दोनों सैटेलाइट्स को एलिप्टिकल ऑर्बिट में पहुंचाना और उनको 150 मीटर के अंतर में सुनिश्चित करते हुए कक्षा में रखना एक कुशल कार्य माना जाएगा। दोनों उपग्रहों एक ही अंतर बनाते हुए उड़ेंगे तो सूरज के गतिविधियों पर निरंतर ध्यान रख पाएंगे और कोरोना की महत्वपूर्ण जानकारी वैज्ञानिकों को दे पाएंगे। सुधींद्रा, आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।

 

********************************

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा कि भारत अन्य अर्थव्यवस्थाओं के लिए केवल उपभोक्ता बाजार नहीं बनना चाहता। आज नई दिल्ली में ‘भारत के वैश्विक उदय को बढ़ावा’ विषय पर भारत एट 100 शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि वैश्विक समूह और उद्योग न केवल अपने बाजार के लिए बल्कि अपनी प्रतिभा के लिए भी भारत आ रहे हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत चीन के साथ स्वस्थ व्यापार संबंध चाहता है लेकिन उस पर निर्भर नहीं रहना चाहता।

 

********************************

 

सरकार ने आज तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में दो स्टार्ट-अप को मंजूरी दी है। तकनीकी वस्त्रों में महत्वाकांक्षी नवप्रवर्तकों के लिए अनुसंधान और उद्यमिता के लिए अनुदान-ग्रेट योजना के तहत लगभग पचास लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। स्वीकृत स्टार्ट-अप परियोजनाएं सतत वस्त्रों और चिकित्सा वस्त्रों के प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों पर केंद्रित है।

 

अधिकार प्राप्त कार्यक्रम समिति-ईपीसी की 9वीं बैठक के दौरान समिति ने तकनीकी वस्त्रों में पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए छह शिक्षा संस्थानों को लगभग चौदह करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दी है।

 

********************************

 

विधि और न्‍याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि केन्‍द्र सरकार दूरदर्शी नेता डॉ. भीमराव आम्‍बेडकर के मूल्‍यों और नैतिकता की रक्षा तथा वंचितों के कल्‍याण के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में श्री मेघवाल ने बताया कि 2017 में नई दिल्ली में डॉ अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना जैसी योजनाओं और पहलों के माध्यम से दुनिया को श्री अम्बेडकर के योगदान और आदर्शों से अवगत कराया जा रहा है।

 

********************************

 

फ्रांस के प्रधानमंत्री मिशेल बार्नियर के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद सरकार गिर गई है।

 

वामपंथी न्यू पॉपुलर फ्रंट गठबंधन और दक्षिणपंथी नेशनल रैली के 331 सांसदों ने संसद में अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया।

 

मतदान से पहले प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों की गरिमा के साथ सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात है। वे सिर्फ़ दो महीने और 29 दिन ही इस पद पर थे।

 

श्री बार्नियर को अपना इस्तीफ़ा राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को सौंपना होगा। राष्ट्रपति मैक्रों आज शाम राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

 

********************************

 

महिला क्रिकेट में, तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एक दिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 101 रन के लक्ष्‍य का पीछा करते हुए 16 ओवर 2 गेंद में लक्ष्‍य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वोल ने नाबाद 46 रन बनाएं।

 

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 34 ओवर 2 गेंद में 100 रन पर आउट हो गई। भारत की जेमिमा रोड्रिग्स ने 23 रन बनाएं। ऑस्ट्रेलिया की मेगन स्‍कट ने पांच विकेट लिए।

 

श्रृंखला का दूसरा मैच 8 दिसंबर को ब्रिसबेन में खेला जाएगा।

 

********************************

 

भारत ने पुरुष जूनियर हॉकी एशिया कप जीत लिया है। ओमान के मस्कट में कल रात फाइनल में उसने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को तीन के मुकाबले 5 गोल से हरा दिया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जूनियर एशिया कप 2024 का खिताब जीतने पर टीम को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने इस जीत को भारतीय हॉकी के लिए ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के बेजोड़ कौशल, अटूट धैर्य और अविश्वसनीय टीम वर्क को ऐतिहासिक बताया।

 

********************************

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में नवनिर्मित सड़क-सह-रेल वाहन का निरीक्षण किया। श्री वैष्णव ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि यह रेल मशीनरी मोटर ट्रॉली सुविधा के आधुनिकीकरण पर रेलवे कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद बनाई गई है।

 

मोटर ट्रॉली की व्यवस्था कई दशकों पुरानी है। उसमें मॉर्डैनाइजेशन कैसे किया जाए इस पर रेलवे के सभी कर्मचारियों के साथ, सुपरवाइजर के साथ काफी डिटेल चर्चा हुई। हमें एक रोड कम रेल व्हीकल बनाना चाहिए और एक नए तरीके से ट्रैक का इंस्पेक्शन हो वो एक इनोवेशन किया गया है।

 

********************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज हॉर्नबिल महोत्सव के पच्चीस वर्ष पूरे होने पर नागालैंड के लोगों को शुभकामनाएं दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे इस महोत्सव में भाग लें और नागा संस्कृति की  विविधता का अनुभव करें।

 

********************************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के लिए कृषि महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने टिकाऊ खेती के लिए नवीनतम तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।
  • वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्‍द्र फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में आज शाम शपथ लेंगे।
  • रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से छोटे और मध्यम आकार के उद्यमों के लिए स्‍थाई परिस्थिति बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना की।
  • इसरो ने आज शाम श्रीहरिकोटा से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 मिशन उपग्रहों के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती शुरू की।
  • अविश्वास प्रस्‍ताव पारित होने के बाद फ्रांस सरकार गिरी। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
  • और महिला क्रिकेट में तीन मैचों की श्रृंखला के पहले वनडे में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पांच विकेट से हराया।

 

********************************