मुख्य समाचार:-
- भाजपा नेता देवेन्द्र फड़णवीस, कल मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
- इसरो, श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 उपग्रह का प्रक्षेपण आज शाम चार बजकर आठ मिनट पर करेगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, ओडिशा के पुरी में वार्षिक नौसेना दिवस समारोह में हिस्सा लेंगी।
- कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
- अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सेवा के दौरान शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाई गई, वे सुरक्षित हैं।
- और मस्कट में, पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में आज रात भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
*****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुंबई में आज भारतीय जनता पार्टी की कोर समिति की बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की उपस्थिति में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। वित्तमंत्री और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री को भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था। श्री फडणवीस कल मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। एक रिपोर्ट –
कल मुंबई में शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, भाजपा के पदाधिकारी और महायुति के नेताओं की उपस्थिति में देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के २१ वे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री के तौर पर यह देवेंद्र फडणवीस का तीसरा कार्यकाल होगा। उनके साथ राज्य के मंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इस बीच, श्री फडणवीस को आज भाजपा के विधिमंडळ पक्ष नेता के रूप में चुना गया। पार्टी की केंद्रीय समिति ने मुंबई में आज अपनी बैठक आयोजित की, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में सम्मिलित हुए। विधायक चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगंटीवार ने श्री फडणवीस का नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने समर्थन दिया। अंकिता आपटे आकाशवाणी समाचार मुम्बई
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन ने बैठक को संबोधित करते हुए श्री फडणवीस को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी है।
नवनिर्वाचित प्रतिनिधि मंडल का नेता के नाम में देवेंद्र फडणवीस का मेरा प्रस्ताव है। महाराष्ट्र के 14 करोड जनता जर्नादन के डिसिजन पूरे भारत के लिए एक संदेश है।
श्रीमती सीतारामन ने भरोसा जताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार महाराष्ट्र के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेन्द्र फडणवीस ने विशाल जनादेश के लिए महायुति सहयोगियों और महाराष्ट्र के मतदाताओं को धन्यवाद दिया और ‘एक है तो सुरक्षित हैं’ और ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारे दोहराए। श्री फड़णवीस ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों से किये गये वादों को पूरा करना होगा।
*****
उधर, झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह कल होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार राजभवन में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठबंधन वाली इस सरकार में 11 मंत्रियों को शामिल किए जाने की संभावना है। झारखंड मुक्ति मोर्चा से छह, कांग्रेस से चार और राष्ट्रीय जनता दल से एक विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
*****
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो आज पीएसएलवी– सी-59 से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 उपग्रह का प्रक्षेपण करेगा। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से यह प्रक्षेपण शाम चार बजकर आठ मिनट पर होगा। प्रक्षेपण की उल्टी गिनती सुबह दो बजकर 38 मिनट पर शुरू हुई थी और यह सुचारू रूप से आगे बढ रही है। एक रिपोर्ट –
प्रोबा 3 का प्रक्षेपण, दुनिया का पहला सटीक फॉर्मेशन फ्लाईंग मिशन है जो सूर्य की सबसे बाहरी परत, सौर कोरोना का अध्ययन करेगा। प्रोबा 3 दो उपग्रहों– दो सौ किलोग्राम का ऑकुल्टर स्पेस क्राफ्ट और तीन सौ 40 किलोग्राम का कोरोनाग्राफ अंतरिक्ष यान को ले जा रहा है। मिशन के लिए इसरो पीएसएलवी के एक्सएल संस्करण का उपयोग करेगा। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा है कि प्रोबा 3 सटीक फॉर्मेशन हासिल करेगा जो विज्ञान और अनुप्रयोगों तथा बड़े पैमाने पर भविष्य के मिशनों के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा। इसरो ने इस मिशन को भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर और वैश्विक साझेदारी का एक ज्वलंत उदाहरण बताया है। चेन्नई से ब्लैसी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आयुर्वेद में और अधिक शोध करने का आह्वान किया है क्योंकि यह लोगों के जीवन का अभिन्न अंग रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद उपचार से कई पुरानी बीमारियां ठीक हो जाती हैं, जिससे देश में बड़ी संख्या में लोग आज भी इस चिकित्सा पद्धति पर विश्वास करते हैं। राष्ट्रपति ने ओडिशा के पुरी में गोपबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि केंद्र सरकार का आयुष मंत्रालय देश में आयुर्वेद और योग को लोकप्रिय बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, ताकि लोग बीमारियों से मुक्त हों और स्वस्थ रहें। राष्ट्रपति मुर्मु, नौसेना दिवस पर ब्लू फ्लैग बीच पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए पुरी में हैं। एक रिपोर्ट –
इस वर्ष इस कार्यक्रम में पुरी के ब्लू फ्लैग बीच पर एक ऑपरेशनल प्रदर्शन होगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी, जो भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर भी हैं। यह कार्यक्रम ‘लड़ाकू तैयार, विश्वसनीय, एकजुट, भविष्य के लिए तैयार बल‘ थीम के तहत भारतीय नौसेना की युद्ध तत्परता और उन्नत क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा। नौसेना के संचालन में एंटी-पायरेसी मिशन, मानवीय सहायता और वैश्विक समुद्री अभ्यास शामिल हैं, जो एक ब्लू-वाटर फोर्स के रूप में इसकी भूमिका को मजबूत करते हैं। इसने 62 जहाजों और पनडुब्बियों के विकास के साथ स्वदेशी निर्माण को भी प्राथमिकता दी है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती हुई तकनीकों को अपनाया है। पुरी से आकाशवाणी समाचार के लिए प्रकाश दाश।
*****
कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल याहया आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। श्री अल याहया दो दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे थे। वह विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर के साथ भी बैठक करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि कुवैत के विदेश मंत्री की यात्रा से भारत-कुवैत के बहुआयामी संबंध और मजबूत होंगे।
*****
पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर हत्या की कोशिश की गई लेकिन वे बाल-बाल बच गए। उन पर हमला उस समय किया गया जब वे व्हील चेयर पर स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर श्रीअकाल तख्त द्वारा दिये आदेश का पालन करने के लिए गुरूद्वारे में सेवा के लिए जा रहे थे। एक रिपोर्ट –
अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह गुद्दा ने कहा कि श्री बादल पर आतंकवादी नारायण सिंह ने जानलेवा हमला किया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नारायण सिंह अपने हाथ साथ हथियार लेकर आया था।
वहीं श्री अकाल तख्त साहेब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने श्री बादल को हुए इस हमले को अकाल तख्त पर हमला करार दिया है क्योकि वे अकाल तख्त द्वारा दी गयी सजा निभा रहे थे।
शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भी श्री बादल पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि ये हमला पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस के खराब प्रदर्शन के कारण राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाता है।
राजेश बाली आकाशवाणी समाचार पंजाब।
*****
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के स्वर्ण मंदिर में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमले की निंदा की है। संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में श्री बिट्टू ने घटना की जांच की मांग करते हुए कहा कि एक बार फिर पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश की जा रही है।
आज बहुत पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। तो इसके ऊपर सख्त इन्वेस्टिगेशन होनी चाहिए, पर मैं फिर कहूंगा कोई भी पार्टी हो पंजाब की और बाहर की इन लोगों को बचाना, इनकी मदद करना बंद करो।
कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने कहा कि स्वर्ण मंदिर जैसे स्थान पर यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस बीच, पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाने की कोशिश करने वाले नारायण सिंह के रूप में पहचाने गए व्यक्ति को एसजीपीसी सेवादारों और सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारने के लिए अपनी पिस्तौल निकालने के तुरंत बाद काबू कर लिया। इस दौरान उसकी ओर से चलाई गई गोली गेट की दीवार पर लगी। सूत्रों के अनुसार, नारायण सिंह को खालिस्तानी समर्थक बताया जाता है, जो 2003-2004 के दौरान चंडीगढ़ के बुड़ैल जेल से कैदियों को भगाने के मामले में शामिल था, जहां पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारों को रखा गया था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
*****
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर गरीब व्यक्ति को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने दो करोड़ 95 लाख मकान बनाने की स्वीकृति दी है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 38 लाख घर आवंटित किए गए हैं। इसके लिए दस हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई थी।
योजना के प्रारम्भ में ग्रामीण विकास विभाग दो करोड 95 लाख आवास स्वीकृत कर चुका है जो हमारा टारगेट था और उसमें से दो करोड 68 लाख घरो का निर्माण भी हम पूरा कर चुके है। अब पांच साल सालों में दो करोड नए घर हमको और बनाने हैं।
*****
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नवीनतम प्रौद्योगिकी से रेल पटरियों को लगातार उन्नत किया जा रहा है। आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली-कवच का विकास पूरा हो गया है।
माननीय अध्यक्ष जी आज विश्व में सबसे बडा स्टेशन रि–डेवलपमेंट प्रोग्राम हिन्दुस्तान में चल रहा है। 13 सौ स्टेशनों का एक साथ माननीय प्रधानमंत्री जी ने अप्रूव किया है और उसका काम बहुत विस्तृत तरीके से चल रहा है। कई स्टेशन्स तो इतने बडे स्टेशन्स हैं कि उसपे पर सात सौ आठ सौ करोड रूपये का खर्चा हो रहा है। जिसमें से खर्च हो रहा है बहुत सारे स्टेशन पर सौ से दो सौ करोड के बीच में इन्वेस्टमेंट हो रहा है।
*****
अनाज के न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए कानून बनाने की मांग को लेकर विपक्ष ने आज राज्यसभा से वॉकआउट किया। आज सुबह जब सदन की बैठक शुरू हुई, तो सभापति जगदीप धनखड़ ने न्यूनतम समर्थन मूल्य, चक्रवात फेंजल, संभल हिंसा और एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों के मुद्दें पर विपक्षी सदस्यों द्वारा दिए गए स्थगन नोटिस को खारिज कर दिया। सभापति ने आश्चर्य व्यक्त किया किसानों के मुद्दें पर पिछले सप्ताह कोई स्थगन नोटिस क्यों नहीं दिया गया और सदन का समय व्यवधान में बर्बाद किया गया। कुछ विपक्षी सदस्यों ने श्री धनखड़ की टिप्पणी पर आपत्ति जताई।
*****
नौसेना दिवस आज मनाया जा रहा है। भारतीय नौसेना की भूमिका और उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए प्रत्येक वर्ष चार दिसम्बर को यह दिवस मनाया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौसेना दिवस के अवसर पर जवानों को बधाई दी है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नौसेना के बहादुर जवान साहस और समर्पण के साथ देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करते हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय नौसेना राष्ट्र के सुरक्षा तंत्र और समुद्री सुरक्षा का सशक्त स्तंभ है।
*****
ओमान के मस्कट में जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे शुरू होगा।
*****
अंडर-19 एशिया कप में भारत और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के बीच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में एक दिवसीय मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने नौवें ओवर में 63 रन बना लिए हैं। इससे पहले मेजबान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भारत के सामने 138 रनों का लक्ष्य रखा।
*****
मौसम विभाग ने आज कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ तूफान की भविष्यवाणी की है। विभाग ने आज लक्षद्वीप क्षेत्र, उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिणी हिस्सों में आंधी तूफान की संभावना व्यक्त की है। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भाजपा नेता देवेन्द्र फड़णवीस, कल मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
- इसरो, श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 उपग्रह का प्रक्षेपण आज शाम चार बजकर आठ मिनट पर करेगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, ओडिशा के पुरी में वार्षिक नौसेना दिवस समारोह में हिस्सा लेंगी।
- कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
- अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सेवा के दौरान शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाई गई, वे सुरक्षित हैं।
- और मस्कट में, पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में आज रात भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
*****