Download
Mobile App

android apple
signal

December 3, 2024 3:49 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज चंडीगढ में तीन नए आपराधिक कानूनों के सफल क्रियान्वयन को राष्ट्र को समर्पित किया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। उन्‍होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि सम्‍मान की आवश्यकता है।

  • पांच दिन के गतिरोध के बाद संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सामान्य रूप से शुरू।

  • केंद्रीय कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा–केंद्र ने पिछले दस वर्षों में न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगभग तीन गुना वृद्धि की।

  • थाईलैंड में, भारत के पवन काम्पेली ने एशियाई ई-स्पोर्ट्स खेलों की ई-फुटबॉल स्पर्धा में पहला पदक जीता। 

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज चंडीगढ़ में नए अपराध कानूनों को राष्‍ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने भारतीय न्‍याय संहिता लागू किए जाने पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्‍होंने कहा कि यह सच्‍चा सामाजिक न्‍याय है।

एक ऐसे समय में जब देश विकसित भारत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है, जब संविधान के 75 वर्ष हुए हैं, तब संविधान की भावना से प्रेरित भारतीय न्याय संहिता का प्रभाव में आना एक बहुत बड़ी शुरुआत है।

श्री मोदी ने कहा कि देश औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि नए अपराध कानूनों का लागू होना उन आदर्शों को पूरा करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जिनकी परिकल्‍पना हमारे संविधान में की गई थी। श्री मोदी ने चंडीगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के सफल कार्यान्वयन के लिए पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के वकीलों और चंडीगढ़ बार काउंसिल के सदस्यों को भी धन्यवाद और बधाई दी।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तीन नए आपराध कानून तीन साल के अन्‍दर पूरे देश में लागू हो जाएंगे।

*****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्‍ली में अंतर्राष्‍ट्रीय दिव्‍यांग दिवस 2024 के अवसर पर 33 प्रतिशत की दिव्‍यांगता वाले अनुकरणीय व्‍यक्तियों और संस्‍थानों के सशक्तिकरण के लिए राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार प्रदान किये।

राष्‍ट्रपति मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि इस पुरस्‍कार के विजेता समाज के लिए आदर्श के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इनका अनुसरण करके अन्‍य व्‍यक्ति और संस्‍थान दिव्‍यांगजनों को सशक्‍त बनाने की दिशा में आगे बढ सकते हैं। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दिव्‍यांगजनों में उद्यमशीलता को बढावा देने, उनके कौशल को विकसित करने, उन्‍हें रोजगार देने, उनके उत्‍पादों को खरीदने की प्राथमिकता देने और बाजार की सुविधायें प्रदान करने से दिव्‍यांगजनों के नेतृत्‍व की क्षमता बढेगी।     
 

प्रतिवर्ष अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस का आयोजन कराना, मानव समुदाय में संवेदनशीलता का प्रमाण है। विश्‍व समुदाय में अपने दिव्‍यांग साथियों के सशक्तिकरण की भावना का होना बहुत अच्छी बात है। इस भावना के साथ सभी दिव्‍यांगजन को सहायता और बराबरी का अनुभव करना पूरी मानवता का कर्तव्‍य है। दिव्‍यांगजनों को हर तरह से बाधामुक्‍त वातावरण सुलभ कराना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए।

राष्‍ट्रपति ने दिव्‍यांगजनों को सार्वभौमिक सुगमता प्रदान करने में सुगम्‍य भारत अभियान की भूमिका का उल्‍लेख किया। यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि दिव्‍यांगजन सहानुभूति के पात्र नहीं बल्कि सम्‍मान के पात्र हैं।

आज के पुरस्‍कार विजेता समाज के सामने रोल मॉडल के रूप में प्रतिष्ठित हो रहे हैं। इनका अनुकरण करके अन्‍य व्‍यक्ति और संस्‍थान दिव्‍यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। वास्‍तव में दिव्‍यांगजन के अदम्‍य उत्‍साह को देखकर हम सभी को प्रेरणा मिलती है। आज के पुरस्कार विजेता दिव्यांगजन की उपलब्धियां के बारे में जानकार सभी का मनोबल बढ़ा होगा।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि इस वर्ष का विषय-समावेशी और टिकाऊ भविष्य के लिए दिव्‍यांगजनों के नेतृत्व को बढ़ावा देना है।

*****

सुगम्‍य भारत अभियान आज अपनी नौवीं वर्षगांठ मना रहा है। इसे सुलभ भारत अभियान के नाम से भी जाना जाता है। इस परिवर्तनकारी पहल का उद्देश्‍य दिव्‍यांगजनों के लिए एक सुगम और समावेशी भारत का निर्माण करना है।

पिछले 9 वर्षों में सुगम्‍य भारत अभियान के अंतर्गत दिव्यांग लोगों के लिए समावेशी विकास करने में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई है। हजारों सरकारी इमारत और परिवहन सुविधाओं की नवीनीकरण से लेकर सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने और सुलभ टीवी सामग्री सुनिश्चित करने तक यह अभियान सार्वभौमिक सुगम्‍यता के लिए आधार तैयार कर रहा है। आज सभी 35 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और 55 घरेलू हवाई अड्डों में रेम्‍प, सुलभ शौचालहेल्प डेस्क और लिफ्ट ब्रेल और श्रवण प्रणाली से सुसज्जित हैं। लगभग 709 रेलवे स्टेशनों को पूरी तरह जबकि 4000 से अधिक स्टेशनों को आंशिक रूप से दिव्यांगता अनुकूल बनाया गया है। लगभग छह प्रतिशत बसें पूरी तरह से और लगभग 30 प्रतिशत को आंशिक रूप से दिव्यांगता अनुकूल बनाया गया है। वहीं इस पहल के तहत 1000 से अधिक दिव्यांगों को भारतीय सांकेतिक भाषा में प्रशिक्षित किया गया है। पल्लवी परमार के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पुरी के ब्लू फ्लैग बीच पर कल भारतीय नौसेना दिवस सहित कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भागीदारी करने के लिए पांच दिवसीय ओडिशा यात्रा पर आज शाम भुबनेश्‍वर पहुंचेंगी। राष्‍ट्रपति भुबनेश्‍वर में पंडित रघुनाथ मुर्मु की नई प्रतिमा का अनावरण करेंगी और आदिम ओवार जरपा जाहेर का दौरा करेंगी। राष्‍ट्रपति मुर्मु कल सुबह 12वीं सदी में पुरी में निर्मित जगन्‍नाथ मंदिर जाएंगी और पूर्जा अर्चना करेंगी।

*****

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सरकार और विपक्ष के पांच दिनों का गतिरोध समाप्‍त होने के बाद आज सामान्‍य रूप से शुरू हुई। लोकसभा और राज्‍यसभा में प्रश्‍नकाल और शून्‍यकाल के दौरान सार्वजनिक महत्‍व के मुद्दों को उठाया गया।

लोकसभा में सदन की कार्यवाही जब शुरू हुई तो विपक्षी दलों ने उत्‍तर प्रदेश के संभल जिले में हिंसा और प्रतिष्ठित व्‍यापारिक समूह के विरूद्ध कथित रिश्‍वत के मामलों सहित विभिन्‍न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कुछ समय के लिए वॉकआउट किया। विपक्षी सदस्‍यों ने उन मुद्दों को उठाने की कोशिश की लेकिन उन्‍हें अनुमति नहीं दी गई। अध्‍यक्ष ओम बिरला ने उन्‍हें शून्‍यकाल के दौरान इन मुद्दों को उठाने को कहा। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रविड मुनेत्र कषगम और अन्‍य दलों के सदस्‍यों ने शोर शराबा किया।

राज्‍यसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने इस मुद्दे को उठाया और इस मामले में राज्य पुलिस की मनमानी का आरोप लगाया। उन्‍होंने कहा कि घटना में पांच लोग मारे गए हैं और बीस लोग घायल हुए है। समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के सदस्‍यों ने इस मुद्दे का विरोध करते हुए राज्‍यसभा से कुछ समय के लिए वॉकआउट किया।

*****

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि देश को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए संसद की कार्यवाही का सुचारू रूप से चलना आवश्यक है।

देश को चलाने के लिए भारत का संसद चलना बहुत जरूरी है एक चीज है जो बहुत से लोगों को पता नहीं है। पार्लियामेंट ठीक से अगर नहीं चलेगा तो उसमें सबसे ज्यादा नुकसान देश को होता है और अपोजिशन एम्‍पीज का होता है। संसद को इस तरीके से बाधित करना और डिस्‍रप्‍शन करना यह देश हित में भी नहीं है पार्लियामेंट को डिस्टर्ब करना यह अपोजिशन एम्‍पीज का बड़ा नुकसान हो रहा है और देश का तो नुकसान है ही।

श्री रिजिजू ने कहा कि लोकसभा में 13 और 14 दिसंबर को तथा राज्यसभा में 16 और 17 दिसंबर को संविधान पर चर्चा होगी।

*****

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केन्द्र ने न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगभग तीन गुना वृद्धि की है। आज लोकसभा में एक पूरक प्रश्न के उत्तर में श्री चौहान ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान चावल का न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य एक हजार 310 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर दो हजार तीन सौ रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

इस सरकार ने लागत पर 50 प्रसेंट लाभ तय करके न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है और मैं माननीय अध्‍यक्ष महोदय को दिखाना चाहता हूं आप एमएसपी की बात कर रहे हैं। धान का एमएसपी जब उद्धव की सरकार थी तो 1310 रुपए था बढ़ाकर 2300 रूपए क्विंटल किया तो नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने किया।

श्री चौहान ने कहा कि ज्वार का न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य डेढ़ हजार रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर तीन हजार 371 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। बाजरे की कीमत एक हजार दो सौ पचास रुपये से बढ़ाकर दो हजार छह सौ पच्चीस रुपये प्रति क्विंटल और रागी की कीमत डेढ़ हजार रुपये से बढ़ाकर चार हजार 269 रुपये प्रति क्विंटल की गई है।

*****

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि सरकार देश में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा सुविधा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्यसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि भारत में लगभग एक लाख 73 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं।

*****

महिला और बाल विकास मंत्री अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा है कि सरकार महिलाओं के विकास के प्रति वचनबद्ध है। सरकार महिला नेतृत्‍व वाले विकास की दिशा में आगे बढ रही है। नई दिल्‍ली में एक संववाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण हर क्षेत्र में महिलाओं को नेतृत्‍व का अवसर प्रदान करते हुए महिला केन्द्रित विकास हासिल करना है।

लोकसभा और राज्य के विधानसभाओं ने 33% आरक्षण देकर महिलाओं को समृद्ध और महिलाओं को डिसीजन मेकिंग हम बनाना चाहते हैं ताकि वह राज्य और देश के सर्वोच्च संस्था में बैठकर के वह देश को आगे बढ़ाने के लिए निर्णय कर सकें।

*****

जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के बाहरी इलाके दाचीगम के जंगलों में जारी आतंकरोधी कार्रवाई में आज सवेरे एक आतंकवादी मारा गया। इससे पहले सुरक्षा बलों ने कल देर रात आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर इलाके में अभियान शुरू किया था। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जंगलों में अभियान जारी है और आतंकवादियों को रोकने के लिए सभी प्रवेश और निकास स्‍थल को सील कर दिया गया है।

*****

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने सउदी अरब के रियाद में मरुस्थलीकरण से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र कॉन्वेंशन के कॉप-16 में भूमि क्षरण और मरुस्थलीकरण को रोकने के प्रति भारत के व्यापक दृष्टिकोण का उल्लेख किया। सूखे से निपटने पर मंत्रिस्तरीय वार्ता के दौरान श्री यादव ने सूखे से निपटने की भारत की टिकाऊ रणनीतियों का उल्लेख किया। कॉप-16 के मंत्रि‍स्तरीय सत्र के अपने संबोधन में श्री यादव ने 2030 तक 26 मिलियन हेक्टेयर की क्षरित भूमि की गुणवत्‍ता सुधारने के प्रति भारत की वचनबद्धता दोहराई।

*****

इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच युद्धविराम सोमवार को असफल हो गया। इज़राइल ने संघर्षविराम समझौते के बाद लेबनान में अपना सबसे बड़ा हवाई हमला किया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब हिजबुल्लाह ने अमरीका और फ़्रांस की मध्यस्थता में हुए समझौते के कथित इज़रायली उल्लंघनों के जवाब में मिसाइल दागे। हमला माउंट डोव के आसपास के क्षेत्र में हुआ, जो एक विवादित क्षेत्र है, जहां लेबनान, सीरिया और इज़राइल की सीमाएँ मिलती हैं। 60-दिवसीय युद्धविराम समझौते के अंतर्गत दक्षिणी लेबनान से हिजबुल्लाह और इज़राइल की सेना की वापसी अनिवार्य थी।

*****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश के पहले राष्ट्रपति डॉक्टर राजेन्‍द्र प्रसाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि डॉक्टर राजेन्‍द्र प्रसाद ने संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव रखने में अमूल्य योगदान दिया।

*****

भारत के पवन कम्पेली ने कल थाईलैंड के बैंकॉक में 2024 एशियन ई-स्‍पोर्टस खेलों में ई-फुटबॉल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया है। यह एशियन ई-स्‍पोर्टस खेलों में भारत का पहला पदक है। पवन ने इंडोनेशिया के असगार्ड अजीजी को 2-1 से हराया।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने तीन नए आपराधिक कानूनों के सफल क्रियान्वयन को राष्ट्र को समर्पित किया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। उन्‍होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि सम्‍मान की आवश्यकता है।

  • पांच दिन के गतिरोध के बाद संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सामान्य रूप से शुरू।

  • केंद्रीय कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा–केंद्र ने पिछले दस वर्षों में न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगभग तीन गुना वृद्धि की।

  • थाईलैंड में, भारत के पवन काम्पेली ने एशियाई ई-स्पोर्ट्स खेलों की ई-फुटबॉल स्पर्धा में पहला पदक जीता।


*****