Download
Mobile App

android apple
signal

December 1, 2024 3:32 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भुवनेश्वर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सम्मेलन के अंतिम दिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की।
  • तेलंगाना के मुलुगु जिले में पुलिस मुठभेड़ में सात वामपंथी उग्रवादी मारे गए।
  • नागालैंड आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं दीं।
  • आज विश्व एड्स दिवस मनाया जा रहा है। रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उपचार के लिए सही दृष्टिकोण पर विशेष ध्यान केंद्रित।
  • चक्रवात फेंजल के आज शाम तक गहरे दबाव में तब्दील होने की संभावना। सेना और राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों का पुद्दुचेरी में बचाव अभियान जारी। 
  • और बैडमिंटन में, पीवी सिंधु तथा लक्ष्य सेन लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में खिताबी मुकाबले के लिए मैदान में उतरेंगे।   

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भुवनेश्वर में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के सम्मेलन के अंतिम दिन देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। एक रिपोर्ट- 

 

बैठक में मुख्य रूप से साइबर अपराध, तटीय सुरक्षा और माओवादी उग्रवाद से निपटने पर विचार किया जा रहा है। सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गृह सचिव गोविंद मोहन, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद हैं। सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों का समाधान करने के लिए कार्यनीतिक उपायों पर ध्‍यान केन्द्रित किया जा रहा है। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ड्रोन जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों से उत्पन्न चुनौतियों, शीर्ष पुलिस अधिकारियों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों के साथ आतंकवाद विरोधी रणनीतियाँ शामिल हैं। प्रधानमंत्री और प्रमुख अधिकारी, पुलिस के सामने आने वाले विभिन्न परिचालन और बुनियादी ढाँचे से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा कर रहे हैं। बैठक में मादक पदार्थों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। इसमें कल वामपंथी नक्सली समस्या पर विचार किया गया था। भुवनेश्‍वर से प्रकाश दास की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

 

*******

 

तेलंगाना के मुलुगु जिले में आज सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में सात वामपंथी उग्रवादी मारे गए। इनमें बीजापुर से संबंधित सरगना भद्रू उर्फ ​​पपन्ना और दो अन्‍य सदस्य शामिल हैं। मुठभेड़ से पहले इन उग्रवादियों ने पुलिस मुखबिर बताकर दो आदिवासियों की हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, आज सुबह तलाशी अभियान के दौरान एतुरंगारम इलाके में नक्सल विरोधी कमांडो इकाई को उग्रवादियों की गतिविधियां दिखने पर गोलीबारी शुरू हुई। पुलिस ने दो एके-47 राइफलें भी बरामद कीं। और ब्‍यौरे की प्रतीक्षा है।

 

*******

 

राजस्थान मंत्रिमंडल ने जबरन धर्म परिवर्तन रोकने के लिए विधेयक के प्रारूप को स्‍वीकृति दे दी है। ‘राजस्थान गैरकानूनी धर्म परिवर्तन निषेध विधेयक 2024’ आगामी विधानसभा सत्र में प्रस्‍तुत किया जाएगा। राज्य के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि विधेयक के अनुसार किसी भी व्यक्ति को धर्म परिवर्तन करने के लिए 60 दिन पहले जिला मजिस्ट्रेट को आवेदन देना होगा। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन जबरन या किसी प्रलोभन में होने पर आवेदक को इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। श्री पटेल ने कहा कि इस विधेयक के कानून बन जाने के बाद कोई भी व्यक्ति या संस्था गलत बयानी, धोखाधड़ी, बल और अनुचित प्रभाव के इस्तेमाल से किसी व्यक्ति का धर्म परिवर्तन नहीं करा सकेगा। राज्य मंत्रिमंडल ने औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देने के लिए 9 नई नीतियों, 7वें राज्य वित्त आयोग के गठन, बीकानेर और भरतपुर में विकास प्राधिकरणों के गठन के लिए अध्यादेश लाने तथा राजस्थान सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम-2017 में संशोधन सहित कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।

 

*******

 

नागालैंड आज अपना 62वां राज्‍य दिवस मना रहा है। 1963 में आज ही के दिन नागालैंड भारत का 16वां राज्‍य बना था। इस अवसर पर राज्‍यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एक रिपोर्ट-

 

नागालैंड की राजधानी कोहिमा में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सभा को संबोधित किया।

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में शासन और शिक्षा में सुधार के लिए कई पहलों की शुरुआत की। समारोह में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

राज्य दिवस के साथ ही, हॉर्नबिल महोत्सव का 25वां संस्करण आज शाम नागा हेरिटेज विलेज किसामा में शुरू होगा। कोहिमा से ASONUO की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*******

 

राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर राज्‍य के लोगों को शुभकामनाएं दीं हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वनस्पतियों और जीवों की समृद्ध विरासत से संपन्न, नागालैंड का खूबसूरत राज्य वीरों की भूमि भी है। उन्‍होंने राज्य के लोगों को शांतिपूर्ण, समृद्ध और प्रगतिशील भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नागालैंड का अछूता प्राकृतिक वैभव, जीवंत संस्कृति और प्रकृति के साथ गहरा सामंजस्य वास्तव में मनमोहक है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नागालैंड अपनी समृद्ध संस्कृति और राज्य के लोगों के अद्भुत स्वभाव के लिए व्यापक रूप से प्रशंसनीय है। श्री मोदी ने भविष्‍य में राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।

 

*******

 

एक्वायर्ड इम्यूनो डेफिसिएंसी सिंड्रोम-एड्स के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए आज विश्व एड्स दिवस मनाया जा रहा है।

 

*******

 

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर लोगों से एचआईवी एड्स संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्‍यवहार और संक्रमित व्यक्तियों के मानवाधिकारों की रक्षा करने की अपील की है।

 

यह दिवस अपने आप को एचआईवी से प्रोटेक्ट करने के लिए भी कमिटमेंट है जो एचआईवी के साथ जी रहे हैं उनको हम सामान्य जीवन में अपने साथी के रूप में देखें। आज का थीम है टेकिंग द राइट्स पाथस यानी लोगों को उनके अधिकारों के साथ उस रास्ते पर ले जाना है जो मुख्यधारा में उनका शामिल कर सके इसको भी ध्यान में रखने का दिवस है।

 

श्री नड्डा ने कहा कि केन्द्र सरकार ने एचआईवी सुरक्षा अधिनियम 2017 के माध्यम से संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी भेदभाव को रोकने का काम किया है। उन्‍होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जांच और उपचार की नीति पर अमल किया। उन्‍होंने कहा कि इसके परिणाम स्‍वरूप अब देश में एड्स से होने वाली मौत में 79 प्रतिशत की कमी आई है और नए संक्रमण भी 44 प्रतिशत कम हुए हैं। श्री नड्डा ने कहा कि भारत ने इस बीमारी की सबसे सस्ती और कारगर दवा बनाने में सफलता प्राप्त की है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने आशा व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि भारत वर्ष 2030 तक इस बीमारी से मुक्त हो जाएगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीमारी से डरें, मरीज से नहीं।

 

*******

 

महाराष्‍ट्र में नवनिर्वाचित महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पांच दिसम्बर को शाम पांच बजे मुंबई के आजाद मैदान में होगा।

 

महायुति गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में 288 सीटों में से दो सौ तीस सीटों पर जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि शिवसेना शिंदे गुट के 57 और एनसीपी ने 41 सीटें हासिल कीं हैं।

 

*******

 

दिल्‍ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्‍य के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन की संभावना से इंकार कर दिया है। श्री केजरीवाल ने यह जानकारी एक प्रेसवार्ता में दी।

 

श्री केजरीवाल ने राजधानी में सुरक्षा और कानून व्‍यवस्‍था को लेकर सवाल भी उठाये। 

 

*******

 

दिल्ली पुलिस ने आज बताया कि आम आदमी पार्टी विधायक नरेश बालियान और गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ ​​नंदू के बीच कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग के संबंध में जांच चल रही है। मीडिया को संबोधित करते हुए पुलिस उपायुक्‍त संजय कुमार सैन ने कहा कि गैंगस्टर के ऑडियो और आम आदमी पार्टी विधायक से उसके संबंध की जांच की जा रही है।

 

वर्तमान मामले में कपिल सांगवान एलिस नंदू और आम आदमी पार्टी के एमएलए नरेश बालियान के गठजोड़ का साक्ष्य जो दोनों के बीच की बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग है वह पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है। विदेश में छुपकर बैठे इन गैंगस्टर के खिलाफ जो दिल्ली पुलिस की कार्यवाही जारी है उसका एक फोकस इनके मददगारों का यहां पता लगाना भी है।

 

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान को जबरन वसूली के मामले में कल गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी बातचीत की ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद हुई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बातचीत में कथित तौर पर व्यापारियों से फिरौती की रकम वसूलने की बात सामने आई है।

 

*******

 

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की रंगदारी मामले में आलोचना की है। उन्‍होंने गिरफ्तार आम आदमी पार्टी विधायक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ ​​नंदू के बीच कथित बातचीत के सिलसिले आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी दी। श्री सचदेवा ने कहा कि वे कल दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिलकर मामले की गहन जांच की मांग करेंगे। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि वे इस संबंध में पुलिस आयुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपेंगे।

 

*******

 

मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात फेंजल के अगले पाँच से छह घंटे में कमजोर पडने की संभावना है। विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख डॉक्‍टर एस. बालचंद्रन ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि मौजूदा स्थिति के कारण माममल्लापुरम, चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट, रानीपेट, विल्लुपुरम, कड्डालोर और पुदुचेरी में वर्षा जारी रहने की संभावना है।

 

चक्रवात फेंजल के कारण राज्य के उत्तरी जिलों में व्यापक वर्षा हुई है। प्रभावित जिलों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला प्रशासन गिरे हुए पेड़ों और बाढ़ के पानी को हटाने में लगा है । मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अन्य मंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आज भी कई स्थानों पर वर्षा हो रही है।चक्रवात पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में सात किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से आगे बढ़ रहा है और पुडुचेरी के पास एक गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। इस बीच, विल्लुपुरम में अचानक बाढ़ आ गई है और स्थिति सामान्य होने में एक से दो दिन लगेंगे। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

*******

 

इस बीच, पुदुचेरी के पास कल देर रात पहुंचा चक्रवाती तूफान फेंजल कड्डालोर से लगभग 30 किलोमीटर और चेन्नई से 120 किलोमीटर दूर स्थित है। मौसम विभाग के अनुसार, फेंजल के अगले छह घंटों में कमजोर पड़ने की संभावना है।

 

तूफ़ान के  कारण पुद्दुचेरी में पिछले 24 घंटों में 48 दशमलव तीन-सात सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है – पुद्दुचेरी, कुड्डालोर, कल्लाकुरिची और विल्लुपुरम जिलों में मध्यम बारिश के साथ-साथ तेज़ बारिश जारी है। चेन्नई गैरीसन बटालियन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों ने जलमग्न क्षेत्रों में फंसे सैकड़ों निवासियों को बचाया है। पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल ने वर्षा से दुष्‍प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। पुद्दुचेरी से बिपिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*******

 

मौसम विभाग ने आज दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान लगाया है। मछुआरों को आज तटीय क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

 

*******

 

इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में है। आज दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 291 था।

 

मौसम विभाग ने राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो दिन सवेरे और रात के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ को आज इसके स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने कहा कि बीएसएफ का देश की रक्षा पंक्ति में महत्वपूर्ण योगदान है और उन्‍होंने कहा कि यह बल साहस, समर्पण और असाधारण सेवा का प्रतीक है। श्री मोदी ने राष्ट्र की सुरक्षा और संरक्षा में बीएसएफ की सतर्कता तथा साहस की सराहना की।

 

*******

 

अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारतीय मूल के अमरीकी काश पटेल को फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन-एफ.बी.आई. का प्रमुख नामित किया है। श्री पटेल उनके मंत्रिमंडल में चुने जाने वाले दूसरे भारतीय अमरीकी बन गए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि काश पटेल एफ.बी.आई. के अगले निदेशक के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि काश शानदार वकील, जांचकर्ता और अमरीका के पहले ऐसे व्‍याक्ति हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन भ्रष्टाचार को उजागर करने, न्याय की रक्षा करने तथा अमरीकी लोगों की कल्‍याण कार्यों में बिताया है।

 

*******

 

सैयद मोदी अंतरराष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले आज लखनऊ के बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सभी पांच खिताबी मुकाबलों में भारतीय खिलाडी शामिल हैं।

 

मिक्‍स्ड डबल्‍स में, ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोडी को थाईलैंड के डेचापोल पुवारानुक्रोह और सुपिस्सारा पेवसम्प्रान से 21-18, 14-21, 8-21  से हार का सामना करना पड़ा।

 

वहीं, पुरुष डबल्‍स फाइनल में भारत के पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और के साई प्रतीक का मुकाबला चीन के हुआंग डि और लियू यांग से जारी है।

 

महिला डबल्‍स के फाइनल में भारत की त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला लिए चीन की बाओ ली जिंग और ली कियान से होगा। वहीं, महिला सिंगल्‍स फाइनल में पी. वी. सिंधु का मुकाबला चीन की वू लुओ यू से होगा। पुरुष सिंगल्‍स फाइनल में लक्ष्य सेन का सामना सिंगापुर की जिया हेंग जेसन तेह से होगा।

 

*******

 

बिहार की राजधानी पटना में आज मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यह मैराथन युवाओं के लिए व्यसन मुक्त और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश पर आधारित थी।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भुवनेश्वर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सम्मेलन के अंतिम दिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की।
  • तेलंगाना के मुलुगु जिले में पुलिस मुठभेड़ में सात वामपंथी उग्रवादी मारे गए।
  • नागालैंड आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
  • आज विश्व एड्स दिवस मनाया जा रहा है। रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उपचार के लिए सही दृष्टिकोण पर विशेष ध्यान केंद्रित।
  • चक्रवात फेंजल के आज शाम तक गहरे दबाव में तब्दील होने की संभावना। सेना और राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों का पुद्दुचेरी में बचाव अभियान जारी है। 
  • और बैडमिंटन में, शीर्ष भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में खिताबी मुकाबले के लिए मैदान में उतरेंगे।      

 

*******