Download
Mobile App

android apple
signal

November 30, 2024 3:06 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर में पुलिस के वरिष्‍ठ अधिकारियों के अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल हुए।
  • केंद्र और एशियाई विकास बैंक ने बागवानी किसानों की उत्पादकता में सुधार के लिए 98 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने बिहार के मधुबनी में विभिन्न विकास योजनाओं के लाभार्थियों को ग्‍यारह सौ करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए।
  • तमिलनाडु में चक्रवात फेंजल के कारण तटीय और डेल्टा जिलों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त; निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में ले जाया गया।
  • और, पी.वी. सिंधु ने लखनऊ में सैय्यद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स में तथा ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने मिक्‍स्‍ड डबल्‍स के फाइनल में जगह बनायी।   

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ओडिशा के भुवनेश्‍वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्‍मेलन में भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय सम्‍मेलन का कल केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्घाटन किया। श्री मोदी कल भी इसमें शामिल होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा है कि प्रधानमंत्री ने अनौपचारिक चर्चाओं और नए विचारों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा ही सम्‍मेलन में गहरी रूचि दिखाई है।

 

गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजि‍त डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा सहित कई गणमान्‍य व्‍यक्ति इस महत्‍वपूर्ण आयोजन में भाग ले रहे हैं।

 

राष्‍ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्‍न मुद्दों के बारे में चर्चा करने के लिए वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा से जुड़े प्रशासकों के लिए यह बहुत महत्‍वपूर्ण मंच है। सम्मेलन में आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद, तटवर्ती सुरक्षा, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्‍करी से निपटने सहित नए आपराधिक कानूनों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर ध्‍यान केन्द्रित किया जा रहा है। इस अवसर पर विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान किए जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी तीन दिन के ओडिशा दौरे पर कल शाम भुवनेश्वर पहुंचे थे।

 

*******

 

केंद्र सरकार और एशियाई विकास बैंक– ए.डी.बी. ने बागवानी से जुड़े किसानों के लिए 9 करोड़ 80 लाख डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते से किसानों को रोग मुक्‍त प्रमाणित रोपण सामग्री प्राप्‍त हो सकेगी और फलों की उत्‍पादकता, गुणवत्‍ता बढ़ाने तथा जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने में सहायता मिलेगी।

 

वित्त मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना पौधों को स्वास्थ्य प्रबंधन को बढ़ावा देती है। इस परियोजना की सफलता सुनिश्चित करने के लिए निजी नर्सरियों, शोधकर्ताओं, राज्‍य सरकारों और किसानों से जुड़े संगठनों को शामिल किया जाएगा।

 

*******

 

केन्‍द्रीय वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने बिहार के मधुबनी जिले के झांझरपुर में ऋण आउटरीच कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को एक हजार 121 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण के स्‍वीकृति-पत्र सौंपे। श्रीमती सीतारामन ने प्रधानमंत्री स्‍वनिधि, प्रधानमंत्री विश्‍वकर्मा, मुद्रा, स्‍टैंडअप इंडिया और किसान क्रेडिट कार्ड योजनाओं के अंतर्गत विभिन्‍न लाभार्थियों को ऋण वितरित किए।

 

इससे पहले उन्‍होंने स्‍व-सहायता समूहों, विशेषकर जीविका दीदी की महिला सदस्‍यों के साथ बातचीत की। इन महिलाओं ने हस्‍तशिल्‍प, मिट्टी से बने बर्तन, मशरूम और अन्‍य विभिन्‍न कृषि उत्‍पादों का प्रदर्शन किया।

 

अपने बिहार दौरे के अंतिम दिन श्रीमती सीतारामन मधुबनी जिले के सौरथ जाएगी। जहां वे मिथिला चित्रकला संस्‍थान में कारीगरों, महिला शिल्‍पकारों और मधुबनी पेंटिंग के कलाकारों तथा शिल्‍पकारों के अलावा पदम पुरस्‍कार से सम्‍मानित व्‍यक्तियों से भेंट करेंगी।  

 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने ड्रोन दीदी कार्यक्रम शुरू किया है जो लखपति दीदी बनाने में मदद करेगा और प्रधानमंत्री का सपना है कि भारत का विकास महिलाओं के नेतृत्व में होना चाहिए।

 

माननीय प्रधानमंत्री जी एक और बात बोलते हैं, लखपति दीदी हर गांव में होना चाहिए उसके लिए बैंक के द्वारा जितने भी काम करना चाहिए आप करिए हर एसएनजी ग्रुप के लिए महिला को उनके कार्यक्रम बनाने के लिए पैसा भी देते हैं, उनको ट्रेनिंग भी देते हैं।

 

श्रीमती सीतारमन ने कहा कि उत्तरी बिहार के विकास के लिए एनडीए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्रीय बजट 2024-25 में इस क्षेत्र के लिए बाढ़ शमन और मौद्रिक आवंटन के लिए केंद्र के कार्यों पर भी प्रकाश डाला।

 

इस बार बजट में बिहार के लिए बहुत सारे ऐसे कार्यक्रम दिए हैं जैसे विष्णुपद गया के लिए कॉरिडोर, बोधगया के लिए कॉरिडोर और उत्तर बिहार के लिए दिये हैं। इन सब के अलावा रेलवे स्टेशन हो या कुछ ग्राम सड़क योजना हो इन सब का भी प्रावधान हम कर रहे हैं।

 

*******

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि विकसित भारत अब सपना नहीं बल्कि चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है और राष्ट्र अपने संकल्प से इसे हासिल करेगा। श्री धनखड़ आज नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत 2047: नए भारत 3.0 का विजन सम्मेलन को संबो‍धित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना, डिजिटल बुनियादी ढांचे तथा डिजिटल पहुंच को अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ, विश्व बैंक और विश्व आर्थिक मंच द्वारा सराहा जा रहा है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि आईएमएफ के अनुसार, निवेश और अवसर के लिए भारत पसंदीदा गंतव्य स्‍थल है।

 

श्री धनखड ने कहा कि तंत्र में पारदर्शिता तथा जवाबदेही तय हुई है। 50 करोड़ से अधिक लोगों को कम समय में बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। उन्‍होंने कहा कि लोगों को संसाधनों के एक संरक्षक की तरह काम करना चाहिए और संसाधनों का अनावश्यक दोहन नहीं करना चाहिए।

 

लोग समझते हैं कि हम संसाधनों का उपयोग कर सकते हैं क्‍योंकि हमारी आर्थिक ताकत है, गलत, आर्थिक ताकत आपको यह अधिकार नहीं देती की संसाधनों को चाहे जैसे उपयोग करें, दूसरी बात स्‍वदेशी पर ध्‍यान दीजिए बिलियंस ऑफ डॉलर आर वेंट आउट मुद्रा भंडार के अंदर कुश्‍ती होती है। लोगों के हाथ से काम छीना जाता है। इंटरप्रेन्योरशिप ब्लॉसम नहीं होता है। यहां आम आदमी का कर्त्तव्‍य है कि मैं उपयोग करुंगा तो स्‍वदेशी। प्रधानमंत्री जी ने अपना मनतव्‍य दे दिया है। दी वोकल फॉर लोकल।

 

उपराष्‍ट्रपति ने इस दौरान संसद में व्यवधानों पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संसद जनता की आकांक्षाओं को साकार करने और बहस, संवाद, चर्चा तथा विचार-विमर्श का स्थान है।

 

*******

 

सरकार ने कहा है कि सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत लगभग 7 करोड़ 43 लाख लाभार्थियों को पंजीकृत किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं और 16 वर्ष तक के बच्चों को 12 जीवन-घातक बीमारियों की रोकथाम के टीके दिए जाते हैं। लोकसभा में कल एक लिखित उत्तर में, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने यह जानकारी दी। सुश्री पटेल ने यह भी बताया कि गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप यूविन ने टीकाकरण सेवाओं की पहुंच और जागरुकता में सुधार किया है।

 

यूविन में टीकाकरण सेवाओं की पहुंच ‘कभी भी’, ‘कहीं भी’, आयुष्मान भारत हैल्‍थ अकाउंट-आभा और QR-आधारित ई-टीकाकरण प्रमाणपत्र जैसी सुविधाएँ दी गई हैं।

 

*******

 

सरकार ने कहा है कि 25 नवम्‍बर तक आयुष्मान भारत– प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगभग 14 लाख आयुष्मान वय वंदन कार्ड जारी किए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने लोकसभा में लिखित उत्तर में कल यह जानकारी दी।

 

श्री जाधव ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बिना किसी सामाजिकआर्थिक भेदभाव के 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाता है। इस योजना के अंतर्गत साढे चार करोड परिवारों के छह करोड व्‍यक्ति लाभ उठा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इस योजना के तहत कुल 29 हजार 870 अस्पताल पंजीकृत हैं, जिनमें से 13 हजार 173 निजी अस्पताल हैं। केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने लोकसभा में यह भी जानकारी दी है कि केन्द्रीय आयुष मंत्रालय, राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत पंजाब में आयुष चिकित्सा पद्धति के विकास और संवर्धन के लिए वित्तीय सहायता देकर विभिन्न गतिविधियों में सहयोग दिया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मंत्रालय ने राज्य वार्षिक कार्य योजनाओं में प्राप्त प्रस्तावों के अनुसार पंजाब को लगभग 19 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*******

 

महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों के करीब एक हफ्ते बाद भी महाराष्ट्र में सरकार के फैसले को लेकर अटकलें जारी हैं। महायुति गठबंधन के नेता मुंबई और दिल्ली में कई बैठकें कर रहे हैं। हालांकि अगले मुख्‍यमंत्री का नाम अभी तय नहीं हुआ है। भाजपा और शिवसेना के सूत्रों ने बताया कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह पांच दिसंबर को आजाद मैदान में होने की संभावना है।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के एक विधायक पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की मंजूरी से जबरन वसूली का धंधा चला रहे हैं। नई दिल्ली में आज पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी गुंडों और बदमाशों की पार्टी बन गई है। उन्होंने एक ऑडियो क्लिप के रूप में सबूत भी पेश किए। श्री भाटिया ने कहा कि आप विधायक बिल्डरों से पैसे वसूलने के लिए गैंगस्टरों के साथ काम कर रहे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी विधायक के खिलाफ कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा जांच की जानी चाहिए।

 

*******

 

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम से चक्रवात फेंजल कल आधी रात से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्‍तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि चक्रवात के आज रात पुद्दुचेरी पहुंचने का अनुमान है।

 

वर्तमान स्थिति के कारण तटवर्ती क्षेत्रों और डेल्‍टा हिस्‍सों में रहने वाले लोगों का जीवन अस्‍तव्‍यस्‍त हो गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात के तौर पर शिविरों में भेजा गया हैं और उन्‍हें भोजन और आवश्‍यक सहायता उपलब्‍ध कराई जा रही हैं। इस बीच, जलाशयों का जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। निचले इलाकों में लगातार वर्षा के कारण पूंडी, चोलावरम, पुझल, वीरनम और थेरवॉय कंडीगई में जलस्‍तर तेजी से बढ़ा है। विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। तेज हवाओं और रनवे पर पानी जमा होने के कारण हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। चक्रवात के मद्देनजर, तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री एम. के. स्‍टालिन ने आज स्थिति का जायजा लिया। चेन्‍नई स्थित चक्रवात नियंत्रण केंद्र का दौरा करने के बाद संवाददाताओं को मुख्‍यमंत्री ने बताया कि सरकार ने आवश्‍यक कार्रवाई के लिए तिरूवल्‍लूर, कांचीपुरम, रानीपेट और अन्‍य जिलों के जिला कलेक्‍टरों को निर्देश दिए हैं। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

 

*******

 

इस बीच, चक्रवात फेंजल के पुद्दुचेरी तट के निकट आने से पहले हल्‍की वर्षा हो रही है और समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं। राज्य में अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं। सभी विभागों से पूरी तरह चौकस रहने को कहा गया है। पुद्दुचेरी के मुख्‍यमंत्री एन.रंगास्‍वामी, विधानसभा अध्‍यक्ष आर.सेल्‍वम और जिला कलेक्‍टर ने स्थिति का जायजा लेने के लिए तटवर्ती और वर्षा से प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

 

प्रभावित लोगों के लिए अतिरिक्‍त खाद्य आपूर्ति की व्‍यवस्‍था की जा रही है और सामुदायिक रसोई खोली गई हैं।

 

*******

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 353 रहा।

 

मौसम विभाग ने दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में अगले दो दिन के दौरान सुबह और रात में धुंध छाए रहने की सम्‍भावना व्‍यक्‍त की है।

 

*******

 

भारत ने बांग्लादेश से आग्रह किया है कि वह अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्‍यक कदम उठाए। नई दिल्ली में कल संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर खतरों और लक्षित हमलों के मामलों को लगातार दृढ़ता से उठाया है।

 

*******

 

सूडान के गेज़ि‍रा राज्‍य में कल रैपिड सर्पोट फोर्सेज – आर.एस.एफ. द्वारा गांवों पर किए गए हमलों में कम से कम 12 लोग मारे गए हें। हालांकि आर.एस.एफ. ने इन आरोपों का खंडन किया है। पिछले वर्ष अप्रैल से सूडान में सशस्‍त्र सैन्‍य बलों और आर.एस.एफ. के बीच संघर्ष चल रहा है।

 

*******

 

लखनऊ में सैय्यद मोदी अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स में पीवी सिंधु ने फाइनल में जगह बना ली है। उन्‍होंने अंतिम चार के मुकाबले में उन्नति हुड्डा को पराजित किया।

 

मिक्‍स्‍ड डब्‍ल्‍स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्‍टो फाइनल में पहुंच गयी है।

 

पुरुष सिंगल्‍स में आज लक्ष्य सेन का मुकाबला जापान के शोगो ओगावा होगा और प्रियांशु राजावत के सामने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह की चुनौती होगी।

 

*******

 

दुबई में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप-ए में आज पाकिस्‍तान ने भारत को 282 रन का लक्ष्‍य दिया है। इससे पहले पाकिस्‍तान ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 281 रन बनाए।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर में पुलिस के वरिष्‍ठ अधिकारियों के अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल हुए।
  • केंद्र और एशियाई विकास बैंक ने बागवानी किसानों की उत्पादकता में सुधार के लिए 98 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने बिहार के मधुबनी में विभिन्न विकास योजनाओं के लाभार्थियों को ग्‍यारह सौ करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए।
  • तमिलनाडु में चक्रवात फेंजल के कारण तटीय और डेल्टा जिलों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त; निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में ले जाया गया।
  • और, पी.वी. सिंधु ने लखनऊ में सैय्यद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स में तथा ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने मिक्‍स्‍ड डबल्‍स के फाइनल में जगह बनायी।   

 

*******