Download
Mobile App

android apple
signal

November 29, 2024 3:24 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • गृह मंत्री अमित शाह ने आज भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के तीन दिवसीय अखिल भारतीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कल सम्मेलन में भाग लेंगे। 
  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण लगातार चौथे दिन स्थगित।
  • सरकार ने लोकसभा में कहा- भारत बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं से संबंधित स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने संभल की शाही जामा मस्जिद समिति को मस्जिद सर्वेक्षण मामले में उच्च न्यायालय जाने को कहा। सर्वेक्षण आदेश के खिलाफ याचिका सूचीबद्ध होने तक स्‍थानीय अदालत को   कार्यवाही रोकने का निर्देश दिया।
  • और, लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में महिला सिंगल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु का मुकाबला चीन की ताईवांग से हो रहा है।  

********************

केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भुबनेश्‍वर में आज पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्‍मेलन का उद्घाटन किया।

 

तीन दिवसीय सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, साइबर अपराध, माओवादी खतरे, कृत्रिम मेधा और ड्रोन हमले जैसी उभरती चुनौतियों पर विमर्श होगा। आतंकवाद से निपटने पर भी चर्चा होगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस दौरान विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान किए जाएंगे।

 

आज से शुरू हो रहे अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों की सम्मेलन में भाग लेने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक और सीआरपीएफ एनएससी खुफिया ब्यूरो और एसपीजी के प्रमुख भुवनेश्वर के लोक सेवा भवन पहुंचे हैं। सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और गृह मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कल और परसों सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने भुवनेश्वर में कम से कम पांच स्थानों को नोफ्लाइंग जोन घोषित किया है प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।

********************

संसद के दोनों सदनों में आज शीतकालीन सत्र के लगातार चौथे दिन भी व्यवधान जारी रहा। एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के कारण राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

 

राज्यसभा में, जब आज सुबह सदन की बैठक शुरू हुई, तब सभापति जगदीप धनखड़ ने एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग करने वाले विपक्ष के स्थगन प्रस्‍ताव को खारिज कर दिया। कार्यवाही के दौरान लगातार व्यवधान पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभापति ने कहा कि लोग सदस्यों के व्‍यवहार से दुखी हैं। सदन में शोर-शराबे के बीच सभापति ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही, कांग्रेस, डी.एम.के., समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी सदस्‍यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। प्रश्नकाल सुचारू रूप से चलने देने की अध्‍यक्ष ओम बिरला की अपील के बावजूद हंगामा जारी रहा। उन्‍होंने व्यवधान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जनता चाहती है कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले। शोर-शराबे के बीच अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन की बैठक दोबारा शुरू होने पर हंगामा जारी रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

********************

आम आदमी पार्टी सांसदों ने दिल्‍ली में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि का आरोप लगाते हुए आज संसद के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी नेता संजय सिंह ने मीडिया को बताया कि केन्‍द्र सरकार को राजधानी में अपराध रोकने के उपाय करने चाहिए।

 

बेटियों को बचाने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और मोदी सरकार की है, अमित शाह की है।  पोस्ट पर जवाब भी नहीं देना चाहते। दिल्ली की सुरक्षा का क्या होगा। देश की राजधानी अगर सुरक्षित नहीं है तो देश कैसे सुरक्षित रहेगा।

 

पंजाब के कांग्रेस सांसदों ने भी संसद परिसर में प्रदर्शन किया। सांसद और पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिन्‍दर सिंह राजा वारिंग ने आरोप लगाया कि पंजाब के किसानों के साथ अन्‍याय हो रहा है।

 

जिन लोगों ने किसान की लूट की है। बिलो एसपी जिनका माल खरीदा गया है। सरकार कोई कमेटी बनाएं और कमेटी जायजा ले और उसका भरमाई केंद्र सरकार और पंजाब सरकार दोनों ही सरकारें ही इसको लेकर आज हमारा प्रोटेस्‍ट है।

********************

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि सरकार ने बंगलादेश में हिन्‍दुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं की खबरों को गंभीरता से लिया है। आज लोकसभा में बताया कि बंगलादेश में इस वर्ष अगस्‍त में अल्‍पसंख्‍यकों के घरों और व्‍यवसायिक प्रति‍ष्‍ठानों को नुकसान पहुंचाया गया तथा मंदिरों और अन्‍य पूजास्‍थलों पर हमले हुए। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान ढाका के तांतिबाजार में पूजा मंडप पर हुए हमले और सतखिरा के जोशेश्‍वरी काली मंदिर में हुई चोरी पर सरकार ने गंभीर चिंता व्‍यक्‍त की है। श्री जयशंकर ने कहा कि ढाका में भारतीय उच्‍चायोग बंगलादेश में अल्‍पसंख्‍यकों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्‍होंने कहा कि अल्‍पसंख्‍यकों सहित सभी नागरिकों के जीवन की सुरक्षा और स्‍वतंत्रता की जिम्‍मेदारी बंगलादेश सरकार की है। 

********************

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने संभल की स्‍थानीय अदालत से कहा है कि वह चंदौसी में शाही जामा मस्जिद के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई तब तक न करे, जब तक कि सर्वेक्षण आदेश के खिलाफ मस्जिद समिति की याचिका इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय में सुनवाई नहीं हो जाती। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने मस्जिद समिति को इस मामले में इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय में याचिका दायर करने को कहा है।

 

न्‍यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि मस्जिद का सर्वेक्षण करने वाले एडवोकेट कमिश्नर की रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में रखा जाए और इसे बीच में न खोला जाए।

 

न्‍यायालय मस्जिद समिति द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें 19 नवंबर को पारित स्‍थानीय न्‍यायालय के आदेश को चुनौती दी गई है। स्‍थानीय न्‍यायालय ने एडवोकेट कमिश्नर को मस्जिद का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया था। 

********************

केन्‍द्रीय मंत्री सत्‍यपाल सिंह बघेल ने उत्‍तर प्रदेश के संभल में हिंसा सहित अन्‍य मुद्दों पर संसद में व्‍यवधान उत्‍पन्‍न करने के लिए आज विपक्ष पर सवाल उठाये। संसद के बाहर उन्‍होंने कहा कि सर्वेक्षण दल अदालत के आदेश पर मस्जिद पहुंचा लेकिन शरारती तत्‍वों ने उस पर और पुलिस पर हमला किया। श्री बघेल ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है।

 

इस बीच समाजवादी पार्टी सांसद डिम्‍पल यादव ने संभल हिंसा घटना की जांच की मांग की। उन्‍होंने  कहा कि उनकी पार्टी संसद में इस मुद्दे को उठाना चा‍हती है।

********************

जम्मू कश्मीर में किश्तवाड़ की ज़िला पुलिस ने पाकिस्तान और उसके कब्ज़े वाले कश्मीर से सक्रिय सात फरार आतंकवादियों की संपत्ति कुर्क कर ली है। इससे पहले पाकिस्तान और उसके कब्ज़े वाले कश्मीर से सक्रिय किश्‍तवाड के 36 आतंकवादियों को डोडा जिले की राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण की विशेष अदालत ने फरार घोषित किया था। कुर्क की गई सम्‍पत्तियों पर विशेष पट्टिका लगाई गई है। जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस ने बताया कि शेष 29 आतंकवादियों की सम्‍पत्ति की भी पहचान कर ली गई है। उसकी भी कुर्की प्रक्रिया जारी है, जो जल्‍द ही पूरी हो जाएगी।

********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पर्यटन क्षेत्र में अनेक लोगों के जीवन में समृद्धि लाने की क्षमता है। पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सोशल मीडिया पोस्‍ट को शेयर करते हुए श्री मोदी ने कहा कि सरकार भारत के पर्यटन बुनियादी ढांचे को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक पोस्ट में प्रतिष्ठित पर्यटन केंद्रों को विकसित करने के लिए 40 परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की है।

********************

भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर वायु प्रदूषण सहित अन्य जनहित मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाते हुए आज दिल्ली विधानसभा से वॉकआउट किया। तीन दिवसीय सत्र के पहले दिन सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर, भाजपा विधायकों ने दिल्ली सरकार के खिलाफ़ नारेबाज़ी की। आम आदमी पार्टी विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा सदस्यों ने बस मार्शलों के मुद्दे पर चर्चा करने से बचने के लिए विधानसभा से वॉकआउट किया।

 

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों पर चर्चा नही करना चाहती। उन्होंने कहा कि शहर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है।

********************

इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब बनी हुई है। आज दोपहर 1 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 329 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में यह 400 का स्तर पार कर गया है।

********************

राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश आज आकाशवाणी का प्रतिष्ठित डॉक्‍टर राजेन्‍द्र प्रसाद स्‍मारक व्‍याख्‍यान देंगे। इसका विषय है- वैश्विक क्षितिज पर भारत की बढती भूमिका। व्‍याख्‍यान का आयोजन नई दिल्‍ली स्थित आकाशवाणी परिसर के रंगभवन में होगा। भारत के पहले राष्‍ट्रपति डॉक्‍टर राजेन्‍द्र प्रसाद की जयन्‍ती पर तीन दिसम्‍बर को प्रति वर्ष व्‍याख्‍यान का प्रसारण किया जाता है।

********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। अपने संदेश में श्री मोदी ने उनके निधन को न केवल उनके परिवार बल्कि झारखंड के जनजातीय समुदाय के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया।

********************

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग जल्द ही स्नातक छात्रों के लिए डिग्री पाठ्यक्रमों की अवधि कम करने या उसे बढ़ाने का विकल्प प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने त्वरित और विस्तारित डिग्री कार्यक्रम के लिए मानक प्रचालन प्रक्रियाओं को मंजूरी दे दी है। आयोग के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने मीडिया को बताया कि त्वरित डिग्री कार्यक्रम से छात्रों को प्रति सेमेस्टर अतिरिक्त क्रेडिट अर्जित करके कम समय में तीन साल या चार साल की डिग्री हासिल करने का मौका मिलेगा।

 

त्‍वरित और विस्‍तारित डिग्री कार्यक्रम के तहत छात्रों को सामान्य अवधि के कार्यक्रम के तहत क्रेडिट मिलेंगे। विस्तारित डिग्री कार्यक्रम के तहत छात्र अपनी डिग्री की समय सीमा को दो सेमेस्टर तक बढ़ा सकते हैं। उच्च शिक्षा संस्थान इन कार्यक्रमों के लिए छात्रों की पात्रता का मूल्यांकन करने के लिए समितियों का गठन करेंगे। संस्‍थान स्वीकृत प्रवेश सीमा के 10% तक इस विशेष डिग्री कार्यक्रम के लिए निर्धारित कर सकते हैं। उच्च शिक्षा संस्थान स्टैंडर्ड पीरियड के बजाय चुनी गई अवधि में कार्यक्रम पूरा करने पर छात्रों को डिग्री जारी करेंगे। पहले या बाद में पूरी की गई स्नातक डिग्री को भी रोजगार और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए सामान्य अवधि की डिग्री के बराबर माना जाएगा। सुपर्णा सैकिया की रिपोर्ट के साथ भानु प्रताप सिंह।

********************

बांग्‍लादेश सरकार ने कहा है कि देश में इस्‍कॉन पर प्रतिबंध लगाने के बारे में कोई विचार-विमर्श नहीं हुआ है। अंतरिम सरकार में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन से संबंधित सलाहकार सैय्यदा रिजवाना हसन ने बृहस्‍तिवार को ढाका में यह जानकारी दी। 

 

इससे पहले गुरुवार को बांग्लादेश उच्च न्यायालय ने बांग्लादेश में इस्कॉन पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाली एक निजी रिट याचिका पर सुनवाई के बाद इस्‍कॉन मुद्दों में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। न्यायालय ने सरकार की प्रतिक्रिया पर संतुष्टि व्यक्त की और नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया। बाद में गुरुवार को इस्कॉन बांग्‍लादेश के महासचिव चारू चंद्रदास ब्रह्मचार्य ने ढाका में एक प्रेसवार्ता में कहा कि चिनमन्‍य कृष्‍णादास ब्रह्मचारी हमारे संगठन के नहीं है, क्‍योंकि संगठन ने उन्‍हें निष्‍काषित कर दिया है। उन्‍होंने आगे कहा कि संगठन उनके बयानों और भाषणों पर कोई जिम्‍मेदारी नहीं उठाएगा। नवलसंग परमार, आकाशवाणी समाचार, ढाका।

********************

भारतीय नौसेना ने श्रीलंका की नौसेना के सहयोग से आज अरब सागर में मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं से लगभग पांच सौ किलोग्राम मादक पदार्थ जब्‍त किया है।

 

नौसेना ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि उसने श्रीलंका की नौसेना के सहयोग से मादक पदार्थ ले जा रही नौकाओं का पता लगाया और उसे कब्‍जे में ले लिया।

********************

दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र आज सुबह पुद्दुचेरी के 360 किलोमीटर दक्षिण पूर्व और चेन्नई से 400 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग के अनुसार इसके अगले तीन घंटों में चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके उत्तर की ओर बढ़ने और कल दोपहर बाद पुद्दुचेरी के पास महाबलीपुरम और कराईकल के बीच समुद्र तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।

********************

लखनऊ में पी वी सिंधु सैयद मोदी अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिन्‍टन चैम्पियनशिप में महिला सिंगल्‍स के सेमीफाइनल में पहुंच गईं। उन्‍होंने चीन की दाई वांग को 21-15, 21-17 से हराया।

 

पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन का मुकाबला एक अन्य भारतीय खिलाड़ी मीराबा लुवांग मैसनाम से होगा।

 

मिक्‍स्‍ड डबल्‍स के क्वार्टर फाइनल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की भारतीय जोड़ी ने मलेशिया की जोड़ी लू बिंग कुन और हो लो ई को हराया। दूसरी ओर, सतीश कुमार और आद्या वरियाथ की भारतीय जोड़ी थाईलैंड के पुवारानुक्रोह डेचापोल और सुपिस्सारा पेवसम्प्रान से हार गई।

********************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • गृह मंत्री अमित शाह ने आज भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के तीन दिवसीय अखिल भारतीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कल सम्मेलन में भाग लेंगे। 
  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण लगातार चौथे दिन स्थगित।
  • सरकार ने लोकसभा में कहा- भारत बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं से संबंधित स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने संभल की शाही जामा मस्जिद समिति को मस्जिद सर्वेक्षण मामले में उच्च न्यायालय जाने को कहा। सर्वेक्षण आदेश के खिलाफ याचिका सूचीबद्ध होने तक स्‍थानीय अदालत को   कार्यवाही रोकने का निर्देश दिया।
  • और, लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पीवी सिंधू महिला सिंगल्‍स सेमीफाइनल में पहुंची।   

********************