मुख्य समाचार:-
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर, विपक्षी दलों के हंगामे के कारण कल तक के लिए स्थगित।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- नवाचार और आत्मनिर्भरता से प्रेरित भारत की रक्षा क्षमताओं ने दुनिया भर का ध्यान आकर्षित किया है।
- झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आज शाम रांची में चौथी बार झारखण्ड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- 55वें भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आज शाम गोवा में रंगारंग समारोह के साथ समापन।
- भारत के रिनचेन यूडोल ने बहरीन में पहली विश्व पैरा पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।
- और, भारत की पीवी सिंधु, मीराबा लुवांग मैसनाम और आयुष शेट्टी लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के सिंगल्स स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
********************
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। आज सुबह जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और अन्य विपक्षी दलों ने एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों सहित कई मुद्दों पर हंगामा किया।
पहले स्थगन के बाद 12 बजे राज्यसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हुई। विपक्षी दलों का हंगामा जारी रहा।
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्षी सदस्यों से अपने-अपने स्थान पर लौटने की अपील की, लेकिन वे नारेबाजी करते रहे। उन्होंने सदस्यों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि संसद सार्थक चर्चा के लिए एक मंच है।
लोकसभा की कार्यवाही भी जब पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे शुरू हुई, तब विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोबीच आ गए। लोकसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया, लेकिन हंगामा जारी रहा तो, सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में विपक्ष के व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी सदस्य अनावश्यक हंगामा करने की कोशिश कर रहे हैं और नए सदस्यों को अपनी बात नहीं रखने दे रहे हैं।
हर एक बिल को उचित समय देकर चर्चा करने का भी हम लोग ने आग्रह किया और एक्सेप्ट भी किया। उसके बाद बाकी मुद्दें जो आने वाले हैं, उसके लिए भी चर्चा का अलग-अलग नियम बनाया हुआ है और अपना ही बनाया हुआ रूल को तोड करके कांग्रेस पार्टी और साथियों ने यहां हंगामा करने का जो कोशिश किया है मैं इसकी निंदा करता हॅू।
इस बीच, वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने समिति की रिपोर्ट पेश करने के लिए समय बढ़ाकर बजट सत्र, 2025 के अंतिम दिन करने का प्रस्ताव रखा। सदन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।
इससे पहले, हाल ही में हुए उपचुनावों में विजयी कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और रवींद्र वसंतराव चव्हाण ने लोकसभा में सांसद के रूप में शपथ ली।
********************
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने के लिए विपक्षी पार्टियों की गतिविधियों पर प्रश्न उठाये। संसद भवन परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि सरकार चर्चा करने के लिए तैयार है।
स्पीकर और चेयरमेन महोदय ने जो डिसाइड करेगा अकोर्डिंग टू रूल्स और प्रोसीजर वो चर्चा के लिए सरकार तैयार है। डिस्टर्ब करने में क्या है ये तो पहले ही आके बिना कुछ मांग रखते हुये डिस्टर्ब ही करते हैं क्या करें।
********************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत की रक्षा क्षमता ने विश्व का ध्यान आकर्षित किया है। वेलिंगटन ऊटी में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ ट्रेनिंग कॉलेज में एक संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी पर देश को गर्व है। दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन की अपनी हाल की यात्रा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि महिला सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी मजबूती के साथ खडी हैं। उन्होंने विभिन्न देशों से विशेष पाठ्यक्रम में भाग लेने वाली महिला अधिकारियों की सराहना की।
राष्ट्रपति ने देश की रक्षा के लिए प्रियजनों को सेना में भेजने वाले परिवारों के समर्पण की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम से पहले, उन्होंने रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज में स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। कल राष्ट्रपति आदिवासी समुदायों के साथ बातचीत करेंगी।
********************
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आज चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शाम चार बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में श्री सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए रांची पहुंच चुके हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आरजेडी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव भी समारोह के सहभागी बनेंगे। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने की संभावना है। रांची से शिल्पी के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए कृष्ण कुमार लाल।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रांची के सभी स्कूलों को आज बंद रखा गया है।
********************
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में विकास से भारत अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य, अनुसंधान और निवेश के लिए पहली पसंद बन गया है। नई दिल्ली में आज मीडिया को संबोधित करते हुए, श्री गोयल ने बताया कि डिजिटल इंडिया अभियान से देश में क्रांति आई है, जिसने विश्व में भारत को डेटा सेंटर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता में शोध और वैश्विक क्षमता केंद्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इंटरकनेक्टेड ग्रिड नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास से देश की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आया है।
हमने डिजिटल इंडिया लॉन्च किया, लोगों तक ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाई। अब 93 करोड़ यूजर्स इंटरनेट के साथ भारत में जुड़े हुए हैं। शायद ही कोई परिवार होगा जिसके पास आज कम से कम एक स्मार्टफोन कनेक्टेड विद द इंटरनेट ना हो। आज देश में दुनिया का सबसे सस्ता डेटा उपलब्ध है।
********************
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद-यूएनएससी के विस्तार के लिए संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के बीच समर्थन जुटाने के वास्ते भारत अन्य देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार विस्तारित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता प्राप्त करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
********************
प्रवर्तन निदेशालय, साईबर अपराध नेटवर्क से जुडे चार्टर्ड अकाउंटेंट से संबंधित जारी जांच के मामले में तलाशी अभियान चला रहा है। फिशिंग घोटाले, क्यूआर कोड धोखाधडी, पार्ट-टाइम जॉब घोटाले की खबरें देशभर से मिल रही हैं। भारतीय साईबर अपराध समन्वय केंद्र और भारतीय वित्तीय खुफिया इकाई की मदद से हजारों अपराधिक घटनाओं का विश्लेषण समग्र रूप से किया गया।
अपराधिक गतिविधियों से प्राप्त धन को 15 हजार गैरकानूनी खातों में भेजा जा रहा था फिर उनसे डेबिट या क्रेडिट कार्ड प्राप्त किए गए थे। इन कार्डों का प्रयोग करके उस धन को संयुक्त अरब अमीरात के पी.वाई.वाई.पी.एल. पेमेंट एग्रीगेटर के वर्चुअल खातों में भेजा गया था। इस धन का इस्तेमाल पीवाईवाईपीएल ने क्रिप्टो करेंसी खरीदने में किया था। जांच में यह भी पता चला कि समूचे नेटवर्क को कई संदिग्ध चार्टर्ड एकाउंटेंट चला रहे थे। इधर, दिल्ली के बिजवासन क्षेत्र में साईबर अपराध से जुडी छापेमारी के दौरान प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमला किया गया। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
********************
राष्ट्रीय जांच एजेंसी-एनआईए ने मानव तस्करी के खिलाफ आज देश के छह राज्यों में 22 स्थानों पर छापे मारे। इस जांच में म्यांमा और लाओस स्थित साइबर-स्कैम केन्द्रों का पता चला है।
********************
बंगाल की खाडी में गहरे दवाब की स्थिति, श्रीलंका के लगभग सौ किलोमीटर, नागापट्टिनम से 320 किलोमीटर, पुद्दुचेरी के 410 किलोमीटर पूर्व और चेन्नई के 490 किलोमीटर पर बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु के अधिकतर तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने गहरे दवाब के उत्तर तमिलनाडु और पुद्दुचेरी तट को शनिवार तक पार करने की संभावना व्यक्त की है। तटरक्षक बल को समुद्र तट के निकट होने वाली घटनाओं से निपटने के लिए अलर्ट कर दिया गया है।
दो दिसम्बर तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
खराब मौसम के कारण अब तक एक हजार सात सौ से अधिक घर आंशिक रूप से या पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं।
आज शाम सात बजे तक नौ जिलों में जमीन धंसने की चेतावनी जारी की गई है। राहत कार्य जारी है। प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए तीनों बलों के दो हजार सात सौ कर्मचारी तैनात किए गये हैं। अगले 24 घंटों तक मूसलाधार बारिश के साथ खराब मौसम बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
********************
अब खबर भारत अंतराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की।
55वां भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज शाम गोवा में एक भव्य समारोह के साथ संपन्न हो जाएगा। समापन समारोह में भारतीय सिनेमा की कुछ प्रसिद्ध हस्तियां शामिल होंगी। इस अवसर पर प्रतिष्ठित गोल्डन पिकॉक अवार्ड सहित कई पुरस्कार दिए जाएंगे। इन पुरस्कारों की प्रतिस्पर्धा में भारत की तीन फिल्मों सहित 15 फिल्में शामिल हैं। नौ दिन के इस फिल्मोत्सव में कई सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम आयोजित किए गये। विभिन्न भाषाओं और शैलियों की करीब 180 फिल्में दिखाई गईं।
********************
लखनऊ में, सैय्यद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में पी वी सिंधू, इरा शर्मा को हराकर महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधु ने इरा को एक कडे मुकाबले में 21-10, 12-21, 21-15 से पराजित किया। एक अन्य मैच में उन्नति हुड्डा ने पोर्नपिचा चोइकेवॉन्ग को 21-18, 22-20 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
उधर, पुरूष सिंगल्स में भारत के मीराबा लुआंग मैसनाम और आयुष शेट्टी ने भी र्क्वाटर फाइनल में जगह बना ली है।
********************
केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के करगिल की बोधखरबू की पैरा एथलीट रिनचेन यूडॉल ने बहरीन के मनामा में आयोजित पहली विश्व पैरा पूमसे ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।
********************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर, विपक्षी दलों के हंगामे के कारण कल तक के लिए स्थगित।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- नवाचार और आत्मनिर्भरता से प्रेरित भारत की रक्षा क्षमताओं ने दुनिया भर का ध्यान आकर्षित किया है।
- झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आज शाम रांची में चौथी बार झारखण्ड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- 55वें भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आज शाम गोवा में रंगारंग समारोह के साथ समापन।
- भारत के रिनचेन यूडोल ने बहरीन में पहली विश्व पैरा पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।
- और, भारत की पीवी सिंधु, मीराबा लुवांग मैसनाम और आयुष शेट्टी लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के सिंगल्स स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
********************