मुख्य समाचार:-
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दिन भर के लिए स्थगित।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तमिलनाडु की यात्रा के पहले चरण में कोयंबटूर पहुंचीं।
- सरकार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरूआत की।
- बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरा दबाव आज शाम तक चक्रवाती तूफान फेंगल में बदल सकता है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- लेबनान में इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष विराम लागू।
- और, पाकिस्तान के मुख्य विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने पार्टी के सैकड़ों समर्थकों को गिरफ्तार किए जाने के बाद अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
—————————-
संसद में एक प्रमुख कारोबारी समूह के खिलाफ रिश्वतखोरी के कथित आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में पहले स्थगत के बाद सदन की कार्यवाही साढ़े 11 बजे शुरू हुई, तो कांग्रेस, वामपंथी दलों, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी सहित विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा और सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित करनी पडी।
इससे पहले आज सवेरे सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष की ओर से नियम 267 के अंतर्गत स्थगन नोटिस खारिज कर दिये। ये नोटिस प्रमुख कारोबारी समूह के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोपों, मणिपुर हिंसा और उत्तरप्रदेश के सम्भल में हिंसा के मामलों पर दिये गये थे। श्री धनखड़ ने सदस्यों से अनुरोध किया कि बहस और चर्चा का अनुकूल वातावरण बनाएं और सदन की कार्यवाही में सहयोग करें।
विपक्षी सदस्यों ने शोर जारी रखा और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
उधर, लोकसभा में पहले स्थगन के बाद जब दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य एक प्रमुख कारोबारी समूह पर कथित रिश्वतखोरी के आरोपों और अन्य मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गए। पीठासीन अधिकारी ने कई बार सदन में व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया लेकिन विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहा। इसके कारण सदन को दिनभर के लिए स्थगित करना पड़ा। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
—————————-
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री पर अंकुश लगाने के लिए मौजूदा कानूनों को ओर अधिक सख्त बनाने की जरूरत है। लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि सोशल मीडिया प्रेस की स्वतंत्रता का बहुत बड़ा माध्यम है लेकिन साथ ही सोशल मीडिया में संपादकीय अंकुश की कमी के कारण अश्लील सामग्री का प्रसारण भी होता है। उन्होंने कहा कि संसद की संबंधित स्थाई समिति को इस मुद्दे पर विचार करना चाहिए और कड़े कानून बनाने चाहिए।
श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 अधिसूचित किए हैं जिनमें ओटीटी मंचों के प्रसारकों के लिए आचार संहिता निर्धारित की गई है। आचार संहिता के अंतर्गत प्रकाशकों को ऐसी किसी सामग्री के प्रसारण की अनुमति नहीं है जो कानूनन प्रतिबंधित है।
—————————-
सरकार ने आज लोकसभा को बताया कि भारतीय रेलवे ने हाई स्पीड ट्रेनों की डिजाइनिंग और निर्माण का काम शुरू कर दिया है। एक प्रश्न के लिखित जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड के साथ मिलकर हाई स्पीड ट्रेन सेट की डिजाइनिंग और निर्माण कर रही है। इसकी डिजाइन स्पीड 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
—————————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तमिलनाडु की चार दिन की यात्रा के पहले चरण में आज कोयम्बटूर पहुंची। वे कल वेलिंगटन, ऊटी में रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज के एक कार्यक्रम में भाग लेंगी। वे संकाय सदस्यों और छात्र संघ के अधिकारियों को सम्बोधित करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को नीलगिरि में जनजातीय समुदाय के लोगों से बातचीत करेंगी।
—————————-
सरकार ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय अभियान बाल विवाह मुक्त भारत की शुरुआत की। अभियान का मुख्य उद्देश्य देश को बाल विवाह मुक्त राष्ट्र बनाना है। महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार ने 130 जिलों की पहचान की है जहां इस अभियान को मुख्य तौर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल एक अपराध है बल्कि मानवाधिकारों का उल्लंघन भी है। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान केवल 10 और 15 दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर प्रयास है।
आज हमने एक शपथ भी लिया है। बाल विवाह मुक्त भारत के लिए, तो इस लक्ष्य को हासिल करना हम सबकी जिम्मेवारी, जवाबदेही है, तो इसके लिए, ये महज एक कार्यक्रम बनके न रह जाए बल्कि इस कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने जिम्मा भी हम सब पर है।
कार्यक्रम के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल का भी अनावरण किया। इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को जागरूकता बढ़ाने, बाल विवाह को रोकने और बाल विवाह की घटनाओं को दर्ज कराने के अभियान के लिए विकसित किया गया है।
—————————-
सरकार, तटवर्ती क्षेत्रों के आसपास कल से खनिज ब्लॉकों की नीलामी की पहली श्रृंखला की शुरुआत करेगी। इस श्रृंखला में अरब सागर और अंडमान सागर में फैले 13 खनिज ब्लॉक शामिल हैं जिनमें रेत, चूना मिट्टी और पॉलीमेटेलिक नोड्यूल का मिश्रण है।
—————————-
जम्मू कश्मीर में जम्मू पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैय्यबा से जुड़े आतंकी नेटवर्कों पर कल धावा बोला। पुलिस ने राजौरी, पुंछ, किश्तवाड़ और उद्यमपुर जिलों में विभिन्न ठिकानों पर 56 छापे मारे। पुलिस के इस बड़े अभियान में आतंकी संगठनों से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रोनिक उपकरण, बेहिसाब नकदी, हथियार और गोली बारूद बरामद किए गए।
—————————-
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने राज्य में महिलाओं और बच्चों पर अत्याचार की घटनाओं पर आज विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव रखा। महिला सदस्यों ने इस मुद्दे पर सदन में बहस की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रस्ताव को पढ़ने की अनुमति दी लेकिन चर्चा कराने से इंकार कर दिया। भाजपा सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष की इस कार्रवाई का विरोध किया। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी विधायक तापसी मंडल जब इस मुद्दे पर बोल रही थी तो उनका माइक बंद कर दिया गया।
—————————-
गुजरात प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत छतों पर सौर प्रणाली लगाने के मामले में गुजरात सबसे अग्रणी राज्य है। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नायक ने बताया कि 26 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं और देशभर में छह लाख 16 हजार सौर प्रणाली स्थापित कर दी गई है। गुजरात में इनकी संख्या सर्वाधिक दो लाख 81 हजार है।
—————————-
केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि सरकार पूर्वोत्तर राज्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे पर्यटन और बुनियादी ढांचे को विकसित किया जा सके। श्री शेखावत ने आज काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और बाघ अभयारण्य में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मार्ट के 12वें संस्करण का उद्घाटन किया।
—————————-
भारतीय तटरक्षक की 11वीं समुद्री खोज और बचाव अभ्यास कार्यशाला कल से केरल के कोच्चि में शुरू होगी। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह दो दिन की इस कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। कार्यशाला में क्षेत्रीय सहयोग के माध्यम से खोज और बचाव क्षमताएं बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा होगी।
—————————-
55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव में आज प्रख्यात फिल्म निर्देशक तपन सिन्हा की फिल्म यात्रा पर विशेष कार्यक्रम द स्पेक्ट्रम एंड द सोल आयोजित किया गया। अर्जुन चक्रवर्ती, एन मनु चक्रवर्ती तथा जानीमानी अभिनेत्री शर्मिला टैगोर की सदस्यता वाले एक प्रतिष्ठित समूह ने तपन सिन्हा की अतुलनीय निर्देशक कला पर अपनी बात कही। आकाशवाणी से बातचीत में अर्जुन चक्रवती ने बताया कि तपन सिन्हा ने 48 फिल्मों का निर्देशन किया लेकिन किसी भी फिल्म में विषय और शैली को नहीं दोहराया।
इससे पहले जानेमाने फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर की अध्यक्षता वाले अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता निर्णायक मंडल ने इस वर्ष प्रतियोगिता वर्ग में आई फिल्मों के बारे में अपने विचार साझा किए। हमारे संवाददाता से बातचीत में जानेमाने कलाकार और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर ने बताया कि प्रतियोगिता श्रेणी में 15 फिल्मों की असाधारण गुणवत्ता वाली 15 फिल्में थीं जिनकी अपनी ही अलग कथा और शैली थी।
—————————-
इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच युद्धविराम का ऐतिहासिक समझौता हुआ है जो भारतीय समय के अनुसार आज सवेरे साढे सात बजे लागू हो गया है। दोनों पक्षों के बीच महीनों के भयंकर संघर्ष में हजारों लोगों की जान जाने के बाद यह समझौता हुआ है। अमरीका की मध्यस्थता में हुए इस युद्धविराम समझौते को 14 महीने से चले आ रहे युद्ध में निर्णायक मोड़ माना जा रहा है। आज सवेरे साढे दस बजे तक युद्धविराम के उल्लंघन का कोई समाचार नहीं हैं।
—————————-
भारत ने इजराइल और लेबनान के बीच युद्ध विराम का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि भारत ने हमेशा तनाव कम करने, संयम बरतने, बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने का आह्वान किया है। भारत को उम्मीद है कि इन घटनाक्रमों से व्यापक क्षेत्र में शांति और स्थिरता आएगी।
—————————-
पाकिस्तान में, मुख्य विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने आज राजधानी इस्लामाबाद में अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। यह फैसला दो दिन से जारी प्रदर्शनों में सरकार द्वारा कल रात पार्टी के सैकड़ों समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद किया गया। गृह मंत्रालय ने कहा कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के शीर्ष नेता इलाके से फरार हो गए।
—————————-
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के मयिलादुतुरई, नागापट्टिनम और तिरूवरूर जिलों और पुद्दुचेरी के कराईकल में आज तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाडी पर बने गहरे दबाव का आज चक्रवाती तूफान फेंगल में बदलने का अनुमान व्यक्त किया है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
—————————-
मौसम विभाग ने तटीय तमिलनाडु में अत्यधिक वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर0 के0 जेनामणि ने कहा कि मछुआरों को अगले तीन दिनों के दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों, तमिलनाडु के तटों और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर न जाने की सलाह दी गई है।
पिछले छह घंटे में 13 किलोमीटर प्रति घंटे में उत्तर और उत्तर-पश्चिम की दिशा में मूवमेंट हुआ है और अभी सुबह 8.30 में तीन सौ 70 किलोमीटर जो दक्षिण-पूर्व नागापट्टनम से केन्द्रीय बूथ है और चार सौ 70 किलोमीटर पॉंडेचेरी के दक्षिण-पूर्व और चेन्नई के पांच सौ पचास किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है और ये जो डेप्रिवेशन में है धीरे-धीरे जो साइक्लोन स्ट्रॉर्म का रूप लेगा समुद्र के अंदर और अभी भी दूर है तमिलनाडु कोस्ट से और ये वीक होने की संभावना है लेकिन इसके प्रभाव से आज जो कोस्टल तमिलनाडु है, वहां भारी बारिश हो सकता है। कोस्टल आंध्र प्रदेश और रायलसीना है वहां भी हेवी रेन होगा।
—————————-
श्रीलंका के मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि गहरे दबाव का क्षेत्र आज सुबह साढे आठ बजे त्रिंकोमाली के पूर्व में करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित था।
—————————-
दिल्ली के भारत मंडपम में जारी 43वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-आईआईटीएफ का आज आखिरी दिन है। मेले की थीम विकसित भारत 2047 है। चौदह दिवसीय यह मेला वैश्विक स्तर पर भारत की आर्थिक और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करता है।
—————————-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता “बहुत खराब” श्रेणी में बनी हुई है। आज दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 301 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शहर के कई इलाकों में यह सूचकांक “बहुत खराब” श्रेणी में बना हुआ है।
मौसम विभाग ने आज दिल्ली और एनसीआर में धुंध और मध्यम कोहरा तथा रात के समय हल्का कोहरा छाय रहने का अनुमान लगाया है।
—————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दिन भर के लिए स्थगित।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तमिलनाडु की यात्रा के पहले चरण में कोयंबटूर पहुंचीं।
- सरकार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरूआत की।
- बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरा दबाव आज शाम तक चक्रवाती तूफान फेंगल में बदल सकता है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- लेबनान में इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष विराम लागू।
- और, पाकिस्तान के मुख्य विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने पार्टी के सैकड़ों समर्थकों को गिरफ्तार किए जाने के बाद अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
—————————-