Download
Mobile App

android apple
signal

November 26, 2024 3:36 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान को अंगीकार किये जाने की 75वीं वर्षगांठ पर संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। राष्‍ट्रपति ने नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने और विकसित भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने संविधान को देश की हजारों वर्षों की परंपरा का मार्गदर्शक और आधुनिक अभिव्यक्ति बताया।

  • केंद्र सरकार ने 15 राज्यों के लिए आपदा शमन और क्षमता निर्माण परियोजनाओं के लिए एक हजार एक सौ 15 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी।

  • देश आज 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के शहीदों को याद कर रहा है। शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत सभी तरह के आतंकवाद को खत्‍म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बने दबाव के अगले 12 घंटे में गहरे दबाव में बदलने से तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज बारिश के आसार।

——

संविधान को अंगीकार किये जाने की 75वीं वर्षगांठ आज है।  सरकार ने इस अवसर पर आज से एक वर्ष तक चलने वाले समारोह की शुरूआत की है। ये समारोह 26 नवम्‍बर, 2025 तक देशभर में आयोजित किए जाएंगे। संविधान सभा ने 26 नवम्‍बर, 1949 को संविधान को अंगीकार किया था और यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। एक रिपोर्ट – 

 

 

संविधान के निर्माण में डॉक्‍टर बी०आर० आम्‍बेडकर ने महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जो मसौदा समिति के अध्‍यक्ष थे। इसके निर्माण में संविधान सभा को दो साल ग्‍यारह महीने और 17 दिन लगे थे। 26 नवम्‍बर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान भारत को एक सम्‍प्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्‍य घोषित करता है, जो अपने सभी नागरिकों को न्‍याय, समानता और स्‍वतंत्रता सुनिश्‍चित करता है और भाईचारे को बढावा देता है। इसे दुनिया के किसी भी सम्‍प्रभु देश का सबसे लम्‍बा लिखित संविधान माना जाता है। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय संविधान का उल्लेख एक जीवित और प्रगतिशील दस्तावेज के रूप में किया है। इसके माध्यम से देश ने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लक्ष्यों को हासिल किया है। संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सरकार ने समाज के सभी वर्गों विशेषकर कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए हाल के वर्षों में कई उपाय किये हैं।

 

 

सरकार ने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर कमजोर वर्गों के लोगों के विकास के लिए अनेक कदम उठाए हैं। इस निर्णय से लोगों का जीवन बेहतर हुआ है तथा उन्‍हें प्रगति के नए अवसर मिल रहे हैं। गरीब लोगों का अपना पक्‍का घर, बिजली, पानी, सड़क की सुविधा, खाद्य सुरक्षा और चिकित्‍सा सेवाएं मिल रही हैं। इतने बड़े पैमाने पर विश्‍वस्‍तर का इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर बनाया जा रहा है।

 

 

राष्ट्रपति ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण से संबंधित नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किये जाने की सराहना की।

 

 

वीमैन डेव्‍लपमेंट की सोच को यर्थात रूप देना सामाजिक न्‍याय के संवैधानिक आदर्शों को प्राप्‍त करने के लिए अनिवार्य है। नारी शक्ति बंधन अधिनियम द्वारा हमारे लोकतंत्र में महिला शक्तिकरण के एक नए युग की शुरूआत की गई है।

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी नागरिकों से 2047 तक विकसित भारत बनाने के राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य हासिल करने की दिशा में अपने बुनियादी कर्तव्‍यों और कार्यों को निभाने के लिए अपने आचरण में संवैधानिक आदर्शों को आत्‍मसात करने का आग्रह किया।

 

 

संविधान के प्रति युवाओं में उत्‍साह को देखकर हम सब देश के भविष्‍य के प्रति आश्‍वस्‍त हो सकते हैं। मैं सभी देशवासियों से अनुरोध करती हूं कि वे हमारे संवैधानिक आदर्शों को अपने आचरण में डाले, मूल कर्तव्‍यों का पालन करें तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के रास्‍ते और लक्ष्‍यों के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़े।

 

 

इस अवसर पर उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि यह महत्वपूर्ण दिन देश के संविधान को अंगीकार करने के 75 वर्ष के ऐतिहासिक पड़ाव को चिन्हित करता है। यह विश्व के सबसे बड़े और अत्यधिक गतिशील लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत उल्लेखनीय आर्थिक विकास, मजबूत बुनियादी ढांचे और व्यापक स्तर पर डिजिटल फैलाव के साथ आगे बढ़ रहा है। इन सभी उपलब्धियों को अंतर्राष्ट्रीय स्वीकृति मिल रही है।

 

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश के लोगों की वर्षों की तपस्या, बलिदान, प्रतिभा और शक्ति का परिणाम है।

 

 

हमारा संविधान हमारे वर्षों के तप, त्‍याग, विद्धता, सामर्थ और क्षमता का परिणाम है। इसी केन्‍द्रीय कक्ष में लगभग तीन वर्षों के कठिन परिश्रम के बाद, उन्‍होंने देश की भौगोलिक और सामाजिक विविधताओं को एक सूत्र में बांधने वाला संविधान बनाया।

 

 

कांग्रेस पार्टी के अध्‍यक्ष मल्‍लि‍कार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर दोनों सदनों में दो दिन संविधान के विषय पर चर्चा होनी चाहिए।

 

 

हमने रिक्‍वेस्‍ट किया है कि दो दिन संविधान के ऊपर चर्चा के लिए दोनों सदन में एक टाइम देना चाहिए ताकि इस संविधान के अंदर जो अच्‍छी चीजें हैं, लोगों को बताने के लिए और उसके बारे में भी लोगों को समझा सकते हैं।

 

 

इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने भारत के संविधान के अंगीकार की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया। इस अवसर पर मेकिंग ऑफ द काँस्‍टीट्यूशन ऑफ इंडिया: ए गल्म्‍पिस” और ”मेकिंग ऑफ द काँस्‍टीट्यूशन ऑफ इंडिया एण्‍ड इट्स ग्‍लोरियस जर्नी शीर्षक की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। संस्कृत और मैथिली भाषाओं में संविधान जारी किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान आर्ट ऑफ कंस्‍टीट्यूशन ऑफ इंडिया को समर्पित एक पुस्तिका का भी अनावरण किया गया।

——

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि संविधान राष्ट्र का मार्गदर्शक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान देश की हजारों वर्षों की परंपरा की आधुनिक अभिव्यक्ति है।

——

प्रधानमंत्री आज सर्वोच्च न्‍यायालय में सविधान दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

——

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि राष्ट्र उन सुरक्षाकर्मियों को नमन करता है जिन्होंने देशवासियों की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्रपति ने बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

——

केंद्र सरकार ने 15 राज्यों के लिए आपदा शमन और क्षमता निर्माण परियोजनाओं के लिए एक हजार एक सौ 15 करोड़ से अधिक रुपये की मंजूरी दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने इस कोष की मंजूरी दी है। समिति ने आठ पूर्वोत्तर राज्यों के लिए तीन सौ 78 करोड़ रुपये, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए 139-139 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र के लिए एक सौ करोड़ रुपये, कर्नाटक और केरल के लिए 72-72 करोड़ रुपये और तमिलनाडु तथा पश्चिम बंगाल के लिए 50-50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

 

 

उच्च स्तरीय समिति ने एक सौ 15 करोड़ से अधिक रुपये के कुल बजट आवंटन के साथ सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नागरिक रक्षा के प्रशिक्षण तथा क्षमतावर्धन के लिए एक अन्य परियोजना की भी मंजूरी दी है। 

——

मुंबई में एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने एकनाथ शिंदे को कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। श्री शिंदे ने उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार के साथ आज राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एनसीपी के अजीत पवार के गुट वाले महायुति गठबंधन ने 288 में से 230 सीटें हासिल कीं। भाजपा रिकॉर्ड 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 सीटें और अजीत पवार के नेतृत्व वाली एन.सी.पी. को 41 सीटें प्राप्‍त हुईं।

——

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने आयकर विभाग की परमानेंट अकाउंट नंबर-पैन परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर एक हजार चार सौ 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस चरण में पूरे मौजूदा तंत्र को संवर्धित किया जाएगा और पोर्टल को एकीकृत किया जाएगा।

——

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास को कल रात अचानक पेट में तकलीफ होने के बाद चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। अस्‍पताल से उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।

——

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उद्योगपति शशिकांत रुइया के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि शशिकांत रुइया उद्योग जगत में एक महान हस्ती थे।

——

महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने मुंबई में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार के साथ 26/11 मुंबई आतंकी हमले की 16वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों की शहादत को सम्मान देने के लिए पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

 

 

पुलिस की एक टुकड़ी ने सलामी शस्त्र दिया और बिगुलर्स लास्ट पोस्ट बजाया। सभी गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों और शहीदों के परिजनों ने शहीदों को सलामी दी।

 

 

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात भी की।

——

 तमिलनाडु मौसम विभाग ने अनुमान व्‍यक्‍त किया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर बना दबाव अगले 12 घंटों के दौरान गहरे दबाव में बदल सकता है। इसके दो दिनों में श्रीलंका और तमिलनाडु के तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। दबाव के कारण 29 नवंबर तक तेज से बहुत तेज वर्षा की संभावना है। तमिलनाडु के तटीय इलाकों में बहुत अधिक वर्षा का अनुमान है। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की से तेज वर्षा की संभावना है। मछुआरों को इन क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। चेन्नई और उसके आसपास हल्की से मध्यम बारिश हुई। नागापट्टिनम और कुड्डालोर में आज सुबह से लगातार वर्षा हो रही है।

——

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आर्टिकल 370 फिल्म के निर्देशक आदित्य सुहास जांभले  ने कहा कि इस महोत्सव में उनका अनुभव बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने गोल्डन पिकोक पुरस्कार जीतने के बारे में भी आशा व्यक्त की।

 

 

डाक्यूमेंट्री फिल्म पिलर्स ऑफ प्रोग्रेस: ​​द एपिक स्टोरी ऑफ दिल्ली मेट्रो को भी भारतीय पैनोरमा की गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में प्रदर्शित किया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो के संचार के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने आकाशवाणी से कहा कि डाक्यूमेंट्री का उद्देश्य कहानी के माध्यम से जटिल इंजीनियरिंग अवधारणाओं को सरलता से समझाना है।

 

 

महोत्सव के मास्टरक्लास सत्र में आज सोनू निगम, शाहिद रफी, सुभाष घई और अनुराधा पौडवाल  हिस्सा लेंगी।

——

भारत का अगले 10 वर्षों में विश्व में उत्पादित कुल दुग्ध का एक तिहाई उत्पादन करने का लक्ष्य है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आकाशवाणी से विशेष बातचीत में गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ-जी.सी.एम.एम.एफ. के प्रबंध निदेशक जयेन महेता ने कहा कि अमूल महासंघ इस लक्ष्य के लिए बड़ी भूमिका निभाने का संकल्‍प लेकर चल रहा है

——

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान को अंगीकार किये जाने की 75वीं वर्षगांठ पर संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। राष्‍ट्रपति ने नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने और विकसित भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने संविधान को देश की हजारों वर्षों की परंपरा का मार्गदर्शक और आधुनिक अभिव्यक्ति बताया।

  • केंद्र सरकार ने 15 राज्यों के लिए आपदा शमन और क्षमता निर्माण परियोजनाओं के लिए एक हजार एक सौ 15 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी।

  • देश आज 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के शहीदों को याद कर रहा है। शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत सभी तरह के आतंकवाद को खत्‍म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम पर बने दबाव के अगले 12 घंटे में गहरे दबाव में बदलने से तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज बारिश के आसार।

——