मुख्य समाचार:-
- एक विशेष कारोबारी समूह के खिलाफ रिश्वत के आरोपों और अन्य मुद्दो को लेकर विपक्ष के हंगामे के बाद ससंद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के शीतकालीन सत्र के सफल होने की आशा व्यक्त करते हुए सांसदों से आग्रह किया कि वे इस सत्र का उपयोग भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए करें।
- प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्ली के भारत मंडपम में आईसीए के वैश्विक सहकारिता सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे।
- केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा – भारत सहकारी आंदोलन में वैश्विक नेता के रूप में उभरा।
- क्रिकेट में, भारत ने पर्थ में पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराया।
—-
एक विशेष कारोबारी समूह के खिलाफ रिश्वत के आरोपों और अन्य मुद्दो को लेकर विपक्ष के हंगामे के चलते ससंद के दोनों सदनों की बैठक आज दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
शीतकालीन सत्र के पहले दिन प्रथम स्थगन के बाद 11 बजकर 45 मिनट पर जैसे ही राज्यसभा की बैठक फिर शुरू हुई तो सभापति जगदीप धनखड ने विपक्षी सदस्यों से अपील की कि वे सदन की बैठक सामान्य रूप से चलने दें। लेकिन, शोर-शराबा जारी रहने पर उन्होंने सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, सभापति जगदीप धनखड ने कारोबारी समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी सांसदों द्वारा दिए गए स्थगन प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया। सभापति ने कहा कि ये नोटिस दिशा-निर्देशो के अनुरूप नही हैं। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने अडानी मुद्दे पर बोलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अनुमति नही दी गई। इसके बाद कांग्रेस, वामदलों, डीएमके, आरजेडी, आप और अन्य सदस्य शोर मचाने लगे जिसे देखते हुए सदन की कार्यवाही 11 बजकर 45 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में प्रथम स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे सदन की बैठक जब फिर शुरू तो कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और अन्य सदस्यों ने एक व्यावसायिक घराने के खिलाफ रिश्वत के आरोपो सहित विभिन्न मुद्दों पर शोर मचाना शुरू कर दिया। इन मुद्दों में उत्तर प्रदेश के संभल में कथित हिंसा का मुद्दा भी शामिल था। शोर-शराबे की बीच अध्यक्ष ने सदन की बैठक दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले लोकसभा की कार्यवाही मौजूदा सदन के दो दिवंगत सदस्यों वसंतराव चव्हाण और शेख नूरुल इस्लाम को श्रद्धांजलि देने के बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आशा प्रकट की है कि संसद का शीतकालीन सत्र लाभकारी रहेगा और इसमें रचनात्मक विचार विमर्श किया जायेगा। संसद सत्र से पहले मीडिया को सम्बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह सत्र संविधान पारित होने के 75 वर्ष सहित कई कारणों से विशेष रहेगा।
हमारे संविधान के 75 साल की यात्रा। 75वें साल में इसका प्रवेश, ये लोकतंत्र के लिए बहुत ही उज्ज्वल अवसर है और कल संविधान सदन में सब मिल करके संविधान के 75वें वर्ष की शुरुआत करेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि यह सत्र लोकतंत्र के लिए गरिमापूर्ण ऐतिहासिक अवसर होगा। विपक्ष की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता द्वारा अस्वीकृत चुनिन्दा लोग अव्यवस्था पैदा करके संसद पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसद के समय का उपयोग भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और सम्मान बढाने के लिए किया जाना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि विश्व मंच पर देश को आज जो दुर्लभ अवसर मिले हैं, हमें उनका लाभ उठाना चाहिए।
भारत की संसद से वो संदेश भी जाना चाहिए कि भारत के मतदाता, उनका लोकतंत्र के प्रति समर्पण, उनका संविधान के प्रति समर्पण, उनका संसदीय कार्य पद्धति पर विश्वास संसद में बैठे हुए हम सबको जनता जनार्दन की इन भावनाओं पर खरा उतरना ही पड़ेगा।
—-
दोनों सदनों की कार्यवाही में व्यवधान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हार से विपक्ष हताश है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का आचरण अनुचित है।
ये बहुत ही अनुचित आचरण है। इतनी बड़ी हार हुई है। हर विषय को यहां आप रख सकते हैं। आपको अधिकार है, लेकिन जबर्दस्ती सदन नहीं चलने देंगे, यह ठीक नहीं है। आप तो बोलने के लिए तैयार ही नहीं है, बहस करने के लिए। बहस से कोई नहीं भागता है, सरकार नहीं भागती है।
दूसरी ओर, कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि एक खास समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोप महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है। इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।
—-
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कुछ वर्गों के इन आरोपों का खंडन किया है कि संविधान खतरे में है, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संकीर्ण राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। मंगलवार को संविधान दिवस से पूर्व आकाशवाणी समाचार के साथ एक विशेष साक्षात्कार में श्री बिरला ने कहा कि संविधान देश के लोगों से संबंधित है और समाज के प्रत्येक वर्ग का इस पर भरोसा है।
सभी समाज के व्यक्ति संविधान का सम्मान करते हैं। संविधान की मूल भावना विचार और विश्वास और भरोसा करते हैं। तो मेरा मानना है कि सबको इसको राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखना चाहिए। ये संविधान सबका है। संविधान एक सौ 40 करोड़ जनता का है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर हमें संविधान सभा में हुई चर्चा और विचार विमर्श से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। आरक्षण के मुद्दे पर श्री बिरला ने कहा कि किसी भी सरकार ने आरक्षण कोटे को बदलने की कोई कोशिश नहीं की है।
मेरा मानना है कि आज भी समाज में दलित, शोषित व्यक्तियों को उनकी समानता, उनके व्यापक अधिकार, आरक्षित करने का अभी समय है और इसलिए हर सरकारों ने यह प्रयास किया है कि संविधान के साथ आरक्षण को लेकर कभी कोई सरकार ने छेड़छाड़ नहीं की।
श्री बिरला का पूरा साक्षात्कार आज शाम सात बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी के एफ एम गोल्ड चैनल पर सुना जा सकता है।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता गठबंधन-आईसीए के वैश्विक सहकारिता सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता गठबंधन के एक सौ तीस वर्षों के इतिहास में पहली बार वैश्विक सहकारिता सम्मेलन और आम सभा का आयोजन भारत में किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री मोदी अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष – 2025 पर स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। सम्मेलन में भूटान के प्रधानमंत्री दाशो छेरिंग तोबगे और फिजी के उप प्रधानमंत्री मनोआ कामिका-मिका भी शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन की स्थापना 1895 में हुई थी। यह दुनिया भर में 30 लाख सहकारी उद्यमों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें एक अरब से अधिक सहकारी सदस्य हैं। छह दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया भर के सहकारी समितियां विभिन्न कार्यक्रमों और चर्चाओं में भाग लेंगे। इसमें लगभग 3000 विदेशी और भारतीय प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इस सम्मेलन का विषय है- सहकारिता से सभी की समृद्धि का निर्माण। इस सम्मेलन में सभी के लिए सामूहिक शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के निर्माण में सहकारी समितियों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—-
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत सहकारिता आंदोलन में वैश्विक नेता के रूप में उभरा है। एक राष्ट्रीय दैनिक में छपे आलेख में श्री शाह ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र न केवल आर्थिक रूप से महत्वाकांक्षी व्यक्तियों को समृद्ध बनाने के लिए है, बल्कि उन्हें अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा में लाने के लिए भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र सहकार से समृद्धि का उद्देश्य देश की सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। श्री शाह ने इस बात पर जोर दिया कि पिछड़े, अति पिछड़े, वंचित और समाज के हाशिए पर पड़े वर्गों के उत्थान के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं।
—-
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान पदयात्रा में भाग लिया। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, ओलंपिक एथलीटों और युवाओं सहित सभी प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी ली।
पदयात्रा में युवाओं के बीच संवैधानिक मूल्यों की समझ को गहरा करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षिक प्रदर्शिनियां और संवाद सत्र भी आायोजित किए गए। पद यात्रा के बाद मीडिया से बातचीत में डॉक्टर मनसुख मांडविया ने कहा कि युवाओं में दिख रहे उत्साह से पता चलता है कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित भारत बन जाएगा।
युवाओं का उत्साह और अपने कॉन्स्टिट्यूशन के प्रति सम्मान को देखते हुए, मैं इतना अवश्य कहूंगा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर आगे बढ़ चला है। 2047 यानी कि जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मनाता हो, तब देश विकसित भारत होके रहेगा।
इस पदयात्रा में पीयूष गोयल, धर्मेन्द्र प्रधान, गजेन्द्र सिंह शेखावत और किरेन रिजिजू सहित अन्य केन्द्रीय मंत्रियों, सांसदों और ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाडियों ने भाग लिया। सकलने अख्तर, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
—-
सरकार आज नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय अभियान अब कोई बहाना नहीं की शुरूआत करेगी। इस अभियान में जनता, सरकार और प्रमुख हितधारकों से महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया जाएगा।
—-
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि सरकार देश में और अधिक उत्पादों को जीआई टैग देने पर विचार कर रही है। आज नई दिल्ली में विरासत से विकास तक विषय पर आयोजित सम्मेलन में श्री सिंह ने देश में ऐसे उत्पादों को खोजने की आवश्यकता बताई जिन्हें जीआई टैग प्रदान किया जा सके।
—-
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत, इटली को यूरोप में अपना प्रमुख साझेदार, महत्वपूर्ण सहयोगी और भूमध्यसागरीय क्षेत्र में अत्यंत प्रभावशाली देश मानता है। रोम में भारतीय दूतावास में नये कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच विभिन्न स्तरों पर नियमित रूप से हो रही बातचीत से पता चलता है कि आपसी संबंध कितने गहरे और व्यापक हैं।
—-
उत्तरप्रदेश के हिंसाग्रस्त सम्भल जिले में स्थिति नियंत्रण में है। शाही मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद भड़की हिंसा में कल तीन लोगों की मौत के मामले में दो महिलाओं समेत 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में 7 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और करीब 700 से 800 लोगों को नामजद किया गया है। इसमें संभल के सांसद जियाउर्रहमान और विधायक इकबाल महमूद के बेटे सोहेल इकबाल भी शामिल हैं। संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने बताया कि हिंसा के बाद तलाशी अभियान जारी रहा और घरों से देसी पिस्तौल समेत आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस दोषियों की पहचान के लिए ड्रोन कैमरे के वीडियो को खंगाल रही है।
—-
भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आज क्षेत्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आकाशवाणी से बातचीत में कन्नड़ फिल्म केरेबेटे के अभिनेता और निर्माता गौरी शंकर एसआरजी ने क्षेत्रीय सिनेमा का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय संस्कृति की गहराइयों को प्रदर्शित करती है।
महोत्सव में आज लगभग 75 फिल्में दिखाई जा रही हैं। ऑस्ट्रेलियाई निर्देशक फिलिप नोयस एक मास्टरक्लास आयोजित करेंगे। शाम को अभिनेत्री कृति सेनन, सिनेमा में महिलाओं की अग्रणी भागीदारी” विषय पर विचार रखेंगी।
—-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढ़े नौ बजे “डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेनगुप्ता, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर विश्वेश्वरन तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के मुख्य महाप्रबंधक और मुख्य विक्रय विपणन अधिकारी गुरुशरण राय बंसल इसमें भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के महत्व, पात्रता और अन्य पहलुओं के संबंध में हमारे विशेषज्ञों से टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
—-
ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 295 रन की शानदार जीत दर्ज की है। जसप्रीस बुमराह को प्लयेर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- एक विशेष कारोबारी समूह के खिलाफ रिश्वत के आरोपों और अन्य मुद्दो को लेकर विपक्ष के हंगामे के बाद ससंद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के शीतकालीन सत्र के सफल होने की आशा व्यक्त करते हुए सांसदों से आग्रह किया कि वे इस सत्र का उपयोग भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए करें।
- प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्ली के भारत मंडपम में आईसीए के वैश्विक सहकारिता सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे।
- केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा – भारत सहकारी आंदोलन में वैश्विक नेता के रूप में उभरा है।
- क्रिकेट में, भारत ने पर्थ में पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराया।
—-