Download
Mobile App

android apple
signal

November 24, 2024 3:18 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से बुजुर्गों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए आगे आने को कहा। श्री मोदी ने दोहराया कि डिजिटल अरेस्‍ट का कोई प्रावधान नहीं।

 

  • आकाशवाणी पर मन की बात में प्रधानमंत्री ने गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि के युवाओं से राजनीति में शामिल होने का आग्रह किया। एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

 

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी में बालिका कैडेटों का नामांकन 25 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत हो गया है।

 

  • संसद के शीतकालीन सत्र से पहले आज केन्‍द्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक की।

 

  • झारखण्‍ड में नेता चुनने के लिए इंडिया गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक रांची में होगी।

 

  • भारत ने कॉप-29 में जलवायु संरक्षण के लिए 300 अरब डॉलर के वार्षिक प्रावधान को अपर्याप्‍त बताते हुए खारिज किया।

  • पर्थ में भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच में मजबूत स्थिति में। तीसरे दिन अब तक 473 रन की बढ़त हासिल की, यशस्वी जायसवाल ने 161 रन बनाए।

 

*********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों के युवाओं से राजनीति में शामिल होने का आग्रह किया है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में आज श्री मोदी ने कहा कि ऐसे एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

 

अगले साल स्वामी विवेकानंद जी की 162 सी जयंती है इस बार इसे बहुत खास तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 11-12 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में युवा विचारों का महाकुंभ होने जा रहा है। इस पहल का नाम है विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग। भारतवर्ष से करोड़ों युवा इसमें भाग लेंगे। गांव, ब्लॉक, जिले, राज्य और वहां से निकलकर के चुने हुए ऐसे 2000 युवा भारत मंडपम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए जुटेंगे।

 

प्रधानमंत्री ने निस्वार्थ भाव से समाज के लिए काम करने वाले युवाओं के बारे में बात की। उन्होंने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के मामले में वृद्धजनों की सहायता करने वाले लखनऊ के वीरेंद्र की प्रशंसा की। श्री मोदी ने कहा कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ने वृद्धजनों के लिए बड़ी सुविधा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र पाने वालों की संख्या 80 लाख से अधिक हो गई है। श्री मोदी ने बताया कि अहमदाबाद के राजीव ने लोगों को डिजिटल अरेस्‍ट के खतरे के बारे में आगाह कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि सरकार में डिजिटल अरेस्‍ट का कोई प्रावधान नहीं है।

 

हमें बार-बार लोगों को समझाना होगा कि डिजिटल अरेस्ट नाम का सरकार में कोई भी प्रावधान नहीं है यह सरासर झूठ लोगों को फंसाने का एक षडयंत्र है। मुझे खुशी है कि हमारे युवा साथी इस काम में पूरी संवेदनशीलता से हिस्सा ले रहे हैं और दूसरों को भी प्रेरित कर रहे हैं।

 

आज राष्‍ट्रीय कैडेट कोर दिवस पर श्री मोदी ने कैडेट के रूप में अपने दिनों का स्‍मरण किया। श्री मोदी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में एनसीसी से जुड़ने का आग्रह किया।

 

2014 में करीब 14 लाख युवा एनसीसी से जुड़े थे अब 2024 में 20 लाख से ज्यादा युवा एनसीसी से जुड़े हैं। पहले के मुकाबले 5000 और नए स्कूल कॉलेजों में अब एनसीसी की सुविधा हो गई है। पहले एनसीसी में गर्ल्स क्रेडिट की संख्या करीब 25% के आसपास ही होती थी। अब एनसीसी में गर्ल्स क्रेडिट की संख्या 40% हो गई है। बॉर्डर किनारे रहने वाले युवाओं को ज्यादा से ज्यादा एनसीसी से जोड़ने का अभियान भी लगातार जारी है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भर के दर्जनों देशों में लाखों भारतीय हैं, जिनके पूर्वजों की अपनी-अपनी कहानियाँ हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी कहानियों की तलाश करने का आग्रह किया। श्री मोदी ने लोगों से इन कहानियों को नमो ऐप या माई जीओवी डाट इन पर साझा करने का आग्रह किया।

 

श्री मोदी ने कहा कि जैव-विविधता को बनाए रखने में गौरैया की प्रमुख भूमिका है। उन्होंने बढ़ते शहरीकरण के कारण शहरों में गौरैया के अस्तित्‍व पर खतरे पर चिंता व्‍यक्‍त की। प्रधानमंत्री ने बच्चों के जीवन में गौरैया को वापस लाने के लिए किए जा रहे कुछ अनूठे प्रयासों के कुछ उदाहरण भी दिए।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एक पेड़ मां के नाम अभियान ने केवल पांच महीनों में 100 करोड़ पेड़ लगाने की महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्‍त कर ली है। श्री मोदी ने पूरे देश के लोगों के इस अभियान में भाग लेने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की।

 

इस अभियान ने 100 करोड़ पेड लगाने का अहम पड़ाव पार कर लिया है। वो भी सिर्फ पांच महीनों में। यह हमारे देशवासियों के अथक प्रयासों से ही संभव हुआ है। एक पेड मां के नाम अभियान अब दुनिया के दूसरे देशों में भी फैल रहा है।

 

श्री मोदी ने स्वच्छता के बारे में कहा कि सरकारी कार्यालयों से दशकों पुरानी फाइलें और कबाड़ हटाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सरकारी विभागों में आश्चर्यजनक परिणाम मिले हैं और काफी स्‍थान भी रिक्‍त हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा बहुत पुरानी है।

 

आपने अक्सर बड़े बुजुर्गों को कहते सुना होगा कि जहां स्वच्छता होती है वहां लक्ष्मी जी का वास होता है हमारे यहां कचरे से कंचन का विचार बहुत पुराना है देश के कई हिस्सों में युवा बेकार समझे जाने वाली चीजों को लेकर कचरे से कंचन बना रहे हैं।

 

*********************

 

प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्ली में ‘ओडिसा पर्ब’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। ओडिया विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए इसका आयोजन किया जा रहा है। आज समाप्‍त हो रहे कार्यक्रम में ओडिशा की समृद्ध विरासत के रंग-बिरंगे सांस्कृतिक रूपों को दर्शाते हुए राज्य के जीवंत सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक लोकाचार को प्रदर्शित किया गया।

 

*********************

 

सरकार कल से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से सत्र के सुचारू संचालन में सहयोग करने का आग्रह किया।

 

75 वर्ष है संविधान दिवस का तो देश भर में साल भर मनाएंगे यह एक दिन का इवेंट नहीं रहेगा बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का सोच और उनके टीम में जो संविधान इस देश को दिया है उसको जनता तक ले जाने के लिए हम लोग हर एक जगह ले जाऊंगा ताकि सबको संविधान का मूल भाव समझ में अच्छे से आए।

 

बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। इसमें केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, एल मुरुगन, बीजू जनता दल के सस्मित पात्रा, समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव, एमडीएमके सांसद वाइको, कांग्रेस के प्रमोद तिवारी, जयराम रमेश और अन्य सांसद शामिल हुए।

 

शीतकालीन सत्र कल से शुरू होगा और 20 दिसंबर तक चलेगा।

 

*********************

 

भाजपा, शिवसेना और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। नए मुख्यमंत्री का नाम तय करने से पहले गठबंधन की तीनों पार्टियां अपने-अपने विधायक दल की अलग-अलग बैंठकें कर रहे हैं।

 

*********************

 

झारखंड में इंडिया गठबंधन के नव-निर्वाचित विधायक आज रांची में विधायक दल के नेता का चुनाव करने के लिए बैठक करेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

 

झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस राजद और सीपीआईएमएल के नवनिर्वाचित विधायक आज की बैठक में शामिल होंगे। हेमंत सोरेन को इंडिया ब्लॉक के विधायक दल का नेता चुना जाना तय माना जा रहा है। इसके बाद श्री सोरेन दोपहर बाद 4:00 बजे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 81 सदस्यों के झारखंड विधानसभा में इंडिया ब्लॉक को 56 सीटों पर सफलता मिली जबकि एनडीए को 24 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा को एक सीट पर कामयाबी मिली आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से कृष्ण कुमार लाल।

 

*********************

 

महाराष्‍ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र चव्हाण ने भाजपा के संतूकराव  हंबार्डे  को एक हजार 4 सौ 57 वोटों से हरा दिया। कांग्रेस के वर्तमान सांसद वसंत चव्हाण के निधन के कारण इस सीट पर उप-चुनाव हुआ था। रवींद्र चव्हाण वसंत चव्हाण के सुपुत्र हैं।

 

*********************

 

टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने दो राज्यों में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव की मतगणना एक ही दिन में संपन्न होने पर भारतीय चुनाव प्रणाली की सराहना की है। उन्होंने अमरीकी चुनाव प्रक्रिया पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि कैलिफोर्निया राज्‍य में अभी तक मतगणना पूरी नहीं हुई है। दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कैलिफोर्निया में अब भी तीन लाख से अधिक मतों की गिनती होना बाकी है।

 

*********************

 

अज़रबैजान में संयुक्‍त राष्‍ट्र जलवायु परिवर्तन सम्‍मेलन-कॉप-29 में विश्‍व के नेताओं ने वर्ष 2035 तक जलवायु वित्‍त के लिए एक खरब तीस अरब डॉलर की प्रतिबद्धता पर सहमति व्‍यक्‍त की है। यह राशि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए विकासशील देशों को देने की बात कही गई है। इसमें वार्षिक लक्ष्‍य के लिए राशि तीन गुना बढ़ाकर तीन सौ अरब डॉलर की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की गई। पहले यह एक सौ अरब डॉलर थी। भारत सहित कई विकासशील देशों ने इस समझौते की आलोचना की है और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता की मांग की है।

 

*********************

 

55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो के परिणाम आज घोषित किए गए।

 

टीम ग्रीन की फिल्म गुल्लू ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता। इसके लिए टीम ग्रीन को 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इसी फिल्म के पुष्पेंद्र कुमार ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता।

 

आकाशवाणी से बातचीत में पुष्‍पेन्‍द्र ने अपने अनुभव साझा किए।

 

सीएमओडी एनएफडीसी इज अ ग्रेट प्लेटफार्म टू बी इन मुझे भी यही फील हुआ कि आप यहां आते हैं, एज एन एक्‍टर काम करते हैं। आपको तुरंत स्क्रिप्ट मिलती है। 48 घंटो के अंदर आपको प्रीपेरेशन करनी होती है नए-नए लोगों से मिलना पड़ता है और यह सब आपको प्रोवाइड करता है इफ्फी।

 

*********************

 

भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम में जारी है। 27 नवंबर तक चलने वाला यह मेला सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यमों, गैर-सरकारी संगठनों, शिल्‍पकारों और स्वयं सहायता समूहों के लिए अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने का एक प्रमुख मंच है।

 

*********************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में अंतर्राष्‍ट्रीय सहकारी गठबंधन के वैश्विक सहकारी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग तीन हजार विदेशी और भारतीय प्रतिनिधियों के सम्मिलित होने की संभावना है।

 

*********************

 

सरकार कल नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय अभियान अब कोई बहाना नहीं की शुरूआत करेगी। इस अभियान में जनता, सरकार और प्रमुख हितधारकों से महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया जाएगा।

 

*********************

 

आज शहीदी दिवस मनाया जा रहा है। सिखों के नौंवे गुरू श्री गुरु तेग बहादुर के बलिदान को हर वर्ष शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने श्री गुरु तेग बहादुर को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु तेग बहादुर एक महान आध्यात्मिक मार्गदर्शक और सच्चे देशभक्त थे। उन्होंने प्रेम और एकता को बढ़ावा दिया और लोगों को सच्चाई और न्याय के लिए लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहस और निस्वार्थ बलिदान के उज्ज्वल प्रतीक हैं।

 

*********************

 

मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मूसलाधार वर्षा की संभावना है। बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में आज तूफान आने की संभावना व्यक्त की है और मछुआरों को इन क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

 

*********************

 

पर्थ में ऑस्‍ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने दूसरी पारी में ताजा समाचार मिलने तक 6 विकेट पर 459 रन बना लिए हैं। भारत ने 505 रन की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। यशस्‍वी जायसवाल ने एक सौ 61 रन की शानदार पारी खेली। के. एल राहुल ने 77 और देवदततर पडिक्‍कल ने 25 रन बनाए।

 

*********************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से बुजुर्गों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए आगे आने को कहा। श्री मोदी ने दोहराया कि डिजिटल अरेस्‍ट का कोई प्रावधान नहीं।

 

  • आकाशवाणी पर मन की बात में प्रधानमंत्री ने गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि के युवाओं से राजनीति में शामिल होने का आग्रह किया। एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

 

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी में बालिका कैडेटों का नामांकन 25 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत हो गया है।

 

  • संसद के शीतकालीन सत्र से पहले आज केन्‍द्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक की।

 

  • झारखण्‍ड में नेता चुनने के लिए इंडिया गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक रांची में होगी।

 

  • भारत ने कॉप-29 में जलवायु संरक्षण के लिए 300 अरब डॉलर के वार्षिक प्रावधान को अपर्याप्‍त बताते हुए खारिज किया।

 

  • पर्थ में भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच में मजबूत स्थिति में। तीसरे दिन 505 रन की बढ़त हासिल की, यशस्वी जायसवाल ने 161 रन बनाए। 

 

*********************