मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की सफल यात्रा के बाद नई दिल्ली लौट रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की अपनी यात्रा के दौरान 31 विश्व नेताओं और संगठन प्रमुखों के साथ बैठकें कीं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों से भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए राष्ट्र प्रथम दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने हैदराबाद में सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम लोक मंथन का उद्घाटन किया।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम 10 नक्सली मारे गये।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की कल होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी। विभिन्न राज्यों की 46 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती भी होगी।
- पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के शुरुआती मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत पहली पारी में 150 रन पर ऑलआउट।
————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नाईजीरिया, ब्राज़ील और गयाना की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौट रहे हैं। इससे पहले गयाना की राजधानी जॉर्जटाउन में भारतवंशियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संस्कृति, खान-पान और क्रिकेट भारत तथा गयाना को मजबूती से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि समानताएं और साझा दृष्टिकोण दोनों देशों के संबंधों को प्रगाढ़ करते हैं।
————-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच दिन की नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना यात्रा के दौरान विश्व नेताओं के साथ अनेक द्विपक्षीय बैठकें कीं। प्रधानमंत्री ने इस दौरान 31 द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लिया और वैश्विक नेताओं के साथ अनौपचारिक बातचीत भी की। श्री मोदी ने नाइजीरिया में एक, ब्राजील में दस और गुयाना में नौ द्विपक्षीय बैठकें कीं। प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो, पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इसके अलावा उन्होंने सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, मिस्र, अमरीका और स्पेन के नेताओं, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों और अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत और बैठकें भी कीं।
————-
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज लाओस की राजधानी वियनतियाने में जापान के रक्षा मंत्री जनरल निकातानी से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि जनरल निकातानी के साथ उनकी मुलाकात बहुत अच्छी रही। रक्षा मंत्री ने फिलीपींस के रक्षा सचिव गिल्बर्टो टेओडोरो से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि फिलीपींस हमारी एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण में एक महत्वपूर्ण साझेदार है। श्री सिंह ने कहा कि भारत फिलीपींस के साथ रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
————-
भारत ने अज़रबैजान के बाकू में आयोजित कोप-29 सम्मेलन के पूर्ण अधिवेशन में जलवायु को लेकर पर्याप्त वित्तीय प्रावधान करने के बजाय केवल जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव को कम करने पर ध्यान केंद्रित किये जाने पर निराशा व्यक्त की है। भारत ने दोहराया है कि जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने की प्रक्रिया जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र रूपरेखा सम्मेलन और उसके पेरिस समझौते के अनुरूप होनी चाहिए क्योंकि विकाशील देश अभी भी जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभावों का सामना कर रहे हैं।
————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी देशवासियों से राष्ट्र प्रथम का दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया है। हैदराबाद में आज लोक मंथन के चौथे संस्करण को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि सभी नागरिकों को देश की सांस्कृतिक तथा बौद्धिक विरासत को समझना चाहिए और हमारी अमूल्य परंपराओं को मजबूत करना चाहिए।
19वीं सदी के कानून की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारत की न्याय संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किये गये हैं। दिल्ली में राजपथ का नाम बदलकर कर्त्तव्य पथ रखा गया है। राष्ट्रपति भवन में दरबार हॉल का नाम बदलकर गणतंत्र मंडप रखा गया है। ये नामकरण हमारे देश में लोकतंत्र की प्रचीन परंपरा के अनुरूप है।
राष्ट्रपति ने कहा कि सदियों से भारतीय समाज को विभाजित और कमजोर करने के प्रयास किए गए हैं।
हम चाहे बरवासी हों, ग्रामवासी हों या नगरवासी हों, सबसे पहले हम सभी भारतवासी हैं। इस राष्ट्रीय एकता की भावना ने हमें सभी चुनौतियों के बावजूद एकसूत्र में जोड़कर रखा है। हमारे समाज को हर तरह से बांटने के और कमजोर करने का प्रयास सदियों से किया गया है लेकिन भारतीयता की भावना से ओतप्रोत देशवासियों ने राष्ट्रीय एकता की मशाल जलाए रखी।
हैदराबाद के दो दिन के दौरे के बाद राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं।
————-
झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की 46 विधानसभा सीटों और केरल के वायनाड और महाराष्ट्र के नांदेड़ संसदीय क्षेत्रों के उपचुनाव की कल होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी ।सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए चुनाव आयोग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न राज्यों की 31 विधानसभा सीटों और केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र पर 13 नवंबर को उपचुनाव हुए थे। महाराष्ट्र की 15 विधानसभा सीटों और नांदेड़ संसदीय क्षेत्र में इस महीने की 20 तारीख को मतदान हुआ था।
————-
झारखंड में विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां हो गई है। मतों की गिनती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग और जिला अधिकारियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने बताया कि स्ट्रांग रूम के चारों ओर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है जिसमें प्रथम स्तर पर अर्ध सैनिक बलों की प्रति नियुक्ति की गई है। द्वितीय स्तर पर जो राज्य सशस्त्र बल है उनके प्रति नियुक्ति की गई है और तीसरी स्तर पर जिला बल के जवान लगाए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में क्यूआरटी फोर्सज लगाई गई है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के सभी 24 जिला मुख्यालयों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए वोटो की गिनती सुबह 8:00 बजे शुरू होगी सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती होगी, उसके बाद इवीएम के जरिए डाले गए वोटो की गिनती का काम शुरू होगा। इस बार मुख्यमंत्री और झमूमो के वरिष्ठ नेता हेमंत सोरेन, झारखंड भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी, आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जयराम कुमार महतो, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, जदयू नेता सरयू रॉय, कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता मैदान में है। इस बार डुमरी, महगामा, जमशेदपुर पश्चिम, बोकारो, जामताडा, चंदन क्यारी और नाला सहित कई सीटों पर कडा मुकाबला है। के के लाल साथ भूपेंद्र सिंह आकाशवाणी समाचार रांची।
————-
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों और नांदेड़ लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के लिए कल मतगणना होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने बताया कि 288 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती कल राज्य भर में समान संख्या में मतगणना केंद्रों पर होगी। इसके अलावा एकमात्र नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए एक ही मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है।
हमारी संवाददाता ने बताया है कि विधानसभा सीटों और संसदीय सीट के लिए मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं।
वोटों की गिनती कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी और सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी। सुबह 8.30 बजे ईवीएम गिनती के लिए खोले जाएंगे। सील्स स्ट्रांग रूम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों या नामांकित व्यक्तियों द्वारा नियुक्त प्रतिनिधियों के सामने खोले जाएंगे। स्ट्रांग रूम खुलने के बाद ईवीएम को मतगणना केंद्रों पर ले जाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन कार्यालय द्वारा कहा गया है कि अधिक डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं, जिसके कारण गिनती के लिए 1732 टेबलें रखी जाएंगी और इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम की गिनती के लिए 592 टेबलें रखी जाएंगी। कुणाल शिंदे के साथ अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
————-
छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम दस माओवादी मारे गए। सुकमा जिले के कोंटा इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर थी। इसी दौरान भेज्जी के जंगलों और पहाड़ियों में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में ये माओवादी मारे गए। सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा मौके से एके-47 और एक सेल्फ लोडिंग राइफल समेत बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
————-
प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने कहा है कि समाज के हर वर्गों तक पारिवारिक मनोरंजन का प्रसार करना प्रसार भारती का कर्तव्य है। प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स के उद्धाटन के बाद मीडिया को श्री सहगल ने बताया कि इस मंच से दूरदर्शन के अभिलेखागार वाले सभी कालजयी कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा।
प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने बताया कि इस ओटीटी से लगभग बारह भाषाओं में कार्यक्रम प्रस्तुत होगा। इसमें सभी बोलियों में कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाने की भी योजना है।
ये उचित ही है कि प्रसार भारती भी डिजीटल डोमेन में प्रवेश करे और इसके माध्यम से भारत भर में सुदूर क्षेत्रों में जो लोग रह रहे हैं उन तक अपना कंटेंट पहुंचा सके और जो भारतीय मूल के लोग हैं जो अन्य देशों में है उनको भारत के हिस्टोरिकल आरकाइव्स हैं, हमारे एंटरटेंमेंट प्रोग्राम, हमारी फिल्म्स सब कुछ एक पैकेज में उपलब्ध कराएं।
————-
गोवा में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के 55वें संस्करण में फिल्मों के प्रदर्शन का आज दूसरा दिन है। विभिन्न विधाओं, भाषाओं और देशों से संबंधित 70 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की जानी हैं। कई प्रसिद्ध फिल्मी हस्तियां भी इस मौके पर मौजूद रहेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि फिल्म बाजार में बड़ी संख्या में निर्माता, वितरक और फिल्म उद्योग के हितधारक आए हैं।
अभिनेत्री रश्मि अगडेकर ने फिल्म महोत्सव के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि फिल्म बाजार मनोरंजन के क्षेत्रों के सभी पेशेवरों को एक साथ ला रहा है।
————-
सर्वोच्च न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश में संसदीय सचिव नियुक्त किये गए 6 विधायकों के खिलाफ अयोग्यता कार्रवाई शुरू करने के हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश पर आज अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। इससे पहले, उच्च न्यायालय ने वर्ष 2006 के उस कानून को रद्द कर दिया था, जिसमें राज्य सरकार को विधानसभा के विधायकों को संसदीय सचिवों के रूप में नियुक्त करने की अनुमति थी।
————-
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला क्रिकेट टेस्ट मैच आज पर्थ में खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 38 रन बना लिए हैं। भारत की शुरूआत कमजोर रही और पूरी टीम पहली पारी में 150 रन पर ही सिमट गई।
————-
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है। आज दोपहर एक बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 379 था, जो बेहद खराब श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली के कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर 400 के पार पहुंच गया है।
————-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की सफल यात्रा के बाद नई दिल्ली लौट रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की अपनी यात्रा के दौरान 31 विश्व नेताओं और संगठन प्रमुखों के साथ बैठकें कीं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों से भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए राष्ट्र प्रथम दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने हैदराबाद में सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम लोक मंथन का उद्घाटन किया।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम 10 नक्सली मारे गये।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की कल होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी। विभिन्न राज्यों की 46 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती भी होगी।
- पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के शुरुआती मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत पहली पारी में 150 रन पर ऑलआउट।
————-