मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील में जी-20 शिखर सम्मेलन में ग्लोबल साउथ की समस्याओं का उल्लेख किया। राष्ट्रों से खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरक आपूर्ति पर वैश्विक संघर्षों के प्रतिकूल प्रभावों पर ध्यान देने का आग्रह।
- शिखर सम्मेलन से अलग, प्रधानमंत्री ने विभिन्न नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत को फिर से शुरू करने की घोषणा की।
- झारखण्ड और महाराष्ट्र में कल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सभी तैयारियां पूरी। चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कल।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- देश ने संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा को कम करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद गंभीर स्थिति में पहुंची। दिल्ली सरकार ने कृत्रिम बारिश कराने के लिए क्लाउड सीडिंग की अनुमति देने का केंद्र से आग्रह किया।
- शेयर बाजार में दोपहर के कारोबार में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी।
- महिला एशियाई चैंपियंस हॉकी के सेमीफाइनल में भारत आज शाम जापान से खेलेगा।
*******************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अल्प विकसित और विकासशील देश- ग्लोबल साउथ की स्थिति पर बल देते हुए ब्राजील के रियो डी जनेरो में जी-20 शिखर सम्मलेन को संबोधित किया।
भुखमरी और निर्धनता के विरूद्ध लडाई और सामाजिक समावेशन पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने वैश्विक संघर्षों का ग्लोबल साउथ के देशों पर पडने वाले प्रतिकूल प्रभावों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान लिए गए जन केंद्रित निर्णयों को आगे बढाने के लिए ब्राजील की सराहना भी की। उन्होंने भारत के जी-20 विषय एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य की टिकाऊ प्रासंगिकता की पुष्टि की। श्री मोदी ने समावेशी वैश्विक शासन सुधारों का आह्वान किया। यह शिखर सम्मेलन 80 राष्टों के समर्थन से निर्धनता और भुखमरी से निपटने के लिए वैश्विक गठबंधन के शुभारंभ का साक्षी बना। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने इस पहल को सराहनीय बताया। भारत की घरेलू उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पिछले दशक में 25 करोड़ से अधिक लोगों को निर्धनता से उबारा गया है। देश में 80 करोड नागरिकों को निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, 55 करोड़ नागरिकों को विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ बीमा योजना का लाभ दिया गया है। श्री मोदी ने अफ्रीका और अन्य क्षेत्रों को दी जाने वाली सहायता सहित वैश्विक खाद्य सुरक्षा में भारत के योगदान को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत ने जी-20 की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को इसमें शामिल करके एक ऐतिहासिक पहल की है। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
*******************
जी-20 शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है, जहां प्रतिभागी अधिक महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
जी20 शिखर सम्मेलन में पहले दिन जहां एक ओर भूख और गरीबी पर वैश्विक गठबंधन और वैश्विक शासन संस्थानों में सुधार पर सफल सत्र आयोजित हुआ, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी ने कई द्विपक्षीय सम्मेलनों में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने नॉर्वे, पुर्तगाल, इंडोनेशिया, फ्रांस, इंग्लैंड के राष्ट्र अध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करी। दिन का प्रमुख आकर्षण 2024 जी20 शिखर सम्मेलन के लिए रियो डी जनेरियो घोषणा पत्र रहा, जिसमें सतत विकास, जलवायु परिवर्तन, वैश्विक स्वास्थ्य, आर्थिक सुधार और बहुपक्षवाद के भविष्य सहित कई मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया। दूसरे दिन भी, सम्मेलन सदस्य दो सत्रों में भाग लेंगे। पहला सत्र – सतत विकास और ऊर्जा संक्रमण और दूसरा सत्र – डिजिटल बुनियादी ढांचा होगा। पीएम मोदी सतत विकास और ऊर्जा संक्रमण के सत्र को संबोधित भी करेंगे। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, ब्राजील।
*******************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रियो दी जनेरो में जी-20 शिखर सम्मेलन से अलग कई वैश्विक नेताओं के साथ बैठक की। प्रधानमंत्री ने इन वैश्विक नेताओं के साथ अपनी चर्चा का ब्यौरा सोशल मीडिया पोस्ट पर साझा किया। उन्होंने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसि, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेएन सहित वैश्विक नेताओं के साथ अपने विचार विमर्श का उल्लेख किया।
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि वैश्विक कल्याण के लिए भारत यूरोपीय संघ के साथ निकटता से काम करता रहेगा। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ प्रधानमंत्री ने अपने वाणिज्य, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में संबंधों को बढावा देने पर चर्चा की। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ चर्चा में व्यापार, आर्थिक सहयोग और नवीकरणीय ऊर्जा तथा नीली अर्थव्यवस्था में संयुक्त प्रयासों पर बल दिया गया।
ये विचार विमर्श एक सतत भविष्य के लिए वैश्विक सहयोग को बढावा देने तथा साझेदारी को सुदृढ बनाने के प्रति भारत की वचनबद्धता का परिचायक है।
*******************
इंग्लैंड के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने अगले साल की शुरुआत में भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफ.टी.ए.) के बारे में बातचीत को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने ब्राजील में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद कहा कि भारत के साथ एक नया व्यापार समझौता इंग्लैंड में नौकरियों का सृजन करने में मदद करेगा और देश भर में विकास और अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
*******************
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ बैठक की और भारत-चीन सीमा पर हाल ही में हुई सैन्य वापसी में हुई प्रगति पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने मौजूदा वैश्विक स्थिति पर भी बातचीत की।
*******************
झारखण्ड और महाराष्ट्र में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। झारखण्ड में दूसरे चरण में 12 जिलों के 38 निर्वाचन-क्षेत्रों में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। सुरक्षा कारणों से झारखंड में 31 मतदान केन्द्रों पर मतदान शाम 4 बजे तक होगा क्योंकि ये मतदान केन्द्र नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थित हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी।
असेंबली कांस्टीट्यूएंसी सभी जिला में कहा पर पोलिंग हो रही है। वहां पर पर्याप्त संख्या में फोर्स की व्यवस्था कर दी गई। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से आपका जिला का आरओ-डीओ, साथ में सीईओ ऑफिस में मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ में कमीशन की तरफ से भी सभी बूथों पर मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी बूथों पर दो कैमरा हैं- एक अंदर में और एक बाहर में। इसमें सभी गतिविधियों को हम लोग यहां से देख सकते हैं।
महाराष्ट्र में एक ही चरण में सभी 288 सीटों के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए महाराष्ट्र के मुख्य चुनाव अधिकारी एस चोकलिंगम ने कहा कि राज्य में चुनाव आयोग मुंबई और अन्य जगहों पर मतदान बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है।
दोनो राज्यों में मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
*******************
चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उप-चुनाव के लिए भी कल वोट डाले जाएंगे। इनमें उत्तर प्रदेश की 9, पंजाब की 4, केरल और उत्तराखण्ड की एक-एक सीट के साथ महाराष्ट्र की नांदेड संसदीय सीट शामिल है। मतों की गिनती 23 नवम्बर को होगी।
*******************
गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधी नगर में 50वें अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो- बीपीआरडी तथा राष्ट्रीय रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है। उद्घाटन समारोह में गृहमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में देश ने संघर्ष प्रभावित अत्यधिक क्षेत्रों की हिंसा में कमी लाने में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
तीन क्षेत्र बहुत डिस्टर्ब माने जाते थे- कश्मीर, उत्तर पूर्व और नक्सलवाद पीडि़त क्षेत्र। ये तीनों क्षेत्र में हमने सुरक्षा स्थिति में काफी सुधार किया है। विगत 10 साल के आंकड़े और इसके आगे के 10 साल के आंकड़ों का तुलनात्मक अभ्यास करें तो लगभग 70 परसेंट हिंसा हम कम करने में सफल हुए और इसके लिए ढेर सारे लोगों ने मनोयोग के साथ सरकार के उद्देश्यों को सफल करने में काम किया।
*******************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि स्वतंत्र, उन्मुक्त और सुरक्षित समुद्री नेटवर्क के लिए भारत के दृष्टिकोण की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है। श्री मोदी ने नई दिल्ली में सागरमंथन, द ओशन्स डायलॉग के सफल आयोजन के लिए बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के प्रयासों की सराहना करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सागरमंथन की सफलता से मानवता के समृद्ध भविष्य के लिए आम सहमति बनाने में मदद मिलेगी।
*******************
दिल्ली सरकार ने केंद्र से राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर वायु प्रदूषण संकट से निपटने के लिए कृत्रिम बारिश कराने के लिए क्लाउड सीडिंग की अनुमति देने का आग्रह किया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर वायु प्रदूषण पर आपातकालीन बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए श्री राय ने कहा कि विशेषज्ञों से परामर्श किया गया है, और अब समय आ गया है कि दिल्ली-एनसीआर में धुंध को दूर करने और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए कृत्रिम बारिश शुरू की जाए।
*******************
निचले स्तर पर मूल्य-खरीदारी और ब्लू-चिप शेयरों की मजबूत मांग के कारण घरेलू शेयर बाजार इक्विटी सूचकांक, सेंसेक्स और निफ्टी आज दोपहर के कारोबार में ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इससे पहले, दोनों सूचकांक पिछले सत्रों में हुए नुकसान से उबरते हुए बढ़त के साथ खुले। अब से कुछ देर पहले तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1030 अंक बढ़कर 78 हजार 369 पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 300 अंक की वृद्धि के साथ 23 हजार 754 पर था।
*******************
महिलाओं की एशियाई हॉकी चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2024 में दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को हराकर पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। राजगीर हॉकी स्टेडियम में आज सेमीफाइनल के दोनों मैच खेले जायेंगे। पहले सेमीफाइनल में चीन का मुकाबला मलेशिया से जारी है जबकि दूसरा सेमीफाइनल मैच शाम चार बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा, जिसमें भारत का मुकाबला जापान से होगा।
*******************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील में जी-20 शिखर सम्मेलन में ग्लोबल साउथ की समस्याओं का उल्लेख किया। राष्ट्रों से खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरक आपूर्ति पर वैश्विक संघर्षों के प्रतिकूल प्रभावों पर ध्यान देने का आग्रह।
- शिखर सम्मेलन से अलग, प्रधानमंत्री ने विभिन्न नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत को फिर से शुरू करने की घोषणा की।
- झारखण्ड और महाराष्ट्र में कल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सभी तैयारियां पूरी। चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कल।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- देश ने संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा को कम करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद गंभीर स्थिति में पहुंची। दिल्ली सरकार ने कृत्रिम बारिश कराने के लिए क्लाउड सीडिंग की अनुमति देने का केंद्र से आग्रह किया।
- शेयर बाजार में दोपहर के कारोबार में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी।
- महिला एशियाई चैंपियंस हॉकी के सेमीफाइनल में भारत आज शाम जापान से खेलेगा।
*******************