मुख्य समाचार:-
- जी20 शिखर सम्मेलन आज शाम ब्राजी़ल के रियो दी जनेरियो शहर में शुरू होगा। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न वैश्विक मुद्दों और नई दिल्ली घोषणापत्र के परिणामों पर भारत की स्थिति स्पष्ट करेंगे।
- झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार आज शाम समाप्त होगा, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास में जुटे।
- दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के एक दिन बाद आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
- दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘अति गंभीर’ श्रेणी में और एक्यूआई 487 अंक तक पहुंचा। इसके कारण कई उडानें तथा रेलगाडियां बाधित।
- और, ज्योति सुरेखा वेन्नम ने लक्ज़मबर्ग में जीटी ओपन टूर्नामेंट में महिलाओं की तीरंदाजी कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
——————————————-
19वां जी20 शिखर सम्मेलन आज ब्राज़ील में रियो डी जेनेरियो के आधुनिक कला संग्रहालय में शुरू होने वाला है। हमारे संवाददाता ने बताया कि सदस्य देशों के प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे और इस वर्ष की घोषणा के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कुछ घंटों पहले ही ब्राजील के रियो दे जनेरों पहुंचे और बहुत ही उत्साह और गरमजोशी से उनका स्वागत यहां के प्रवासी भारतीयों ने किया। ये गोरतलब है की ब्राजील में भारतीयों की संख्या चार हजार से चार हजार पांच सौ जैसी छोटी है, इसके बावजूद वह भारी संख्या में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए रियो पहुंचे और उनका उत्साह जबरदस्त था।
प्रधानमंत्री आज से शुरू होने वाले, 19वे जी-20 सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। इस वर्ष जी-20 शिखर सम्मेलन “एक न्यायगत और टिकाऊ दुनिया का निर्माण” विषय के साथ शुरू हो रहा है। यह उम्मीद की जा रही है कि “भूख और गरीबी पर वैश्विक गठबंधन” पहल के प्रबल समर्थक और इस वर्ष ट्रॉयिका प्रणाली का सदस्य होने के कारण, प्रधानमंत्री इस सत्र में वक्ता होंगे। सिंह, आकाशवाणी समाचार, ब्राजील।
——————————————-
ब्राजील में भारतीय राजदूत सुरेश के रेड्डी ने इस बात पर जोर दिया है कि भारत प्रमुख नेता के रूप में ग्लोबल साउथ देशों के हितों की रक्षा के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री की ब्राजील यात्रा के दौरान आकाशवाणी को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में, श्री रेड्डी ने यह बात कही।
——————————————-
महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार खत्म होने में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। हमारे संवाददात ने बताया है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक अपने-अपने पार्टी प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने की आखिरी कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
बीजेपी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने नवी मुंबई के बेलापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महायुति के कारण महाराष्ट्र में समृद्धि, त्वरित शासन, कल्याण और सर्वांगीण विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि महायुति और एनडीए, राज्य और देश को विकास के मार्ग पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और एनसीपी के नेताओं पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सत्ताधारी महायुति सरकार की वजह से सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं अन्य राज्यों में गई है। एनसीपी (एसपी) नेता शरद पवार पुणे और अहिल्यानगर में अपने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे है। वहीं, दूसरी ओर, बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अक्कलकोट और कर्जत में भी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। अंकिता आपटे के साथ, कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
——————————————-
उधर, झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। इस चरण में 38 सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं। साहिबगंज जिले के राजमहल में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिलाया कि अगर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई तो बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाला जायेगा। दूसरी ओर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। जामताड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।
ये लोग सिर्फ जाती धर्म के नाम पर उन्माद हैं। पूरा देश का सारा विपक्ष लोग झारखण्ड में डेरा डाले हुए हैं और पहली बार राज्य अलग होने के बाद ये भारतीय जनता पार्टी को हम लोगों ने पांच साल सत्ता से बाहर रखा है।
श्री शिवराज सिंह चौहान, हिमंत बिस्वा सरमा और चंपई सोरेन सहित भाजपा के कई अन्य नेता एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट यूनियन पार्टी और वामपंथी दलों के नेता भी राज्य के विभिन्न इलाकों में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है और हमने जो झारखण्ड का मुड देखा, ये पूरा मुड परिवर्तन का मुड है। मोदी जी का पक्ष में एक लहर बह रहा है। बहुत अच्छा मैज्योरिटी से बीजेपी का सरकार बनेगा। एनडीए का सरकार बनेगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने भाजपा पर मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। झारखण्ड और महाराष्ट्र में मतगणना 23 नवंबर को होगी।
——————————————-
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल की हमारी विशेष श्रृंखला में आज हम चर्चा करेंगे महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ राजा निर्वाचन क्षेत्र की।
महाराष्ट्र के पश्चिमी विदर्भ में बुलडाणा जिले के सिंदखेड राजा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एनसीपी शरदचंद्र पवार पक्ष के नेता डॉ. राजेन्द्र शिंगणे कर रहै हैं। 2014 के चुनाव को छोड़कर वे 1995 से इस विधानसभा सीट पर जीतते आ रहे हैं। इस साल डॉ. राजेन्द्र शिंगणे ने एनसीपी के अजित पवार गुट से अपना नाता तोड़कर एनसीपी के शरद पवार गुट में शामिल हो गए हैं। शिवसेना और महायुति गठबंधन के डॉ. शशिकांत खेडकर का मुकाबला डॉ. राजेंद्र शिंगणे से होगा, जबकि महायुति के ही सहयोगी अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भी इस निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार मनोज कायंदे को मैदान में उतारा है, जिससे यह चुनावी लड़ाई त्रिकोणीय हो गई है। इस निर्वाचन क्षेत्र में कृषि समस्या, जलापूर्ति के संकट और बेरोजगारी जैसे मुद्दे हैं। धनंजय वानखेडे के साथ मैं हेमांगी कुलकर्णी आकाशवाणी समाचार नागपूर।
——————————————-
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता कैलाश गहलोत आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा और दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने श्री गहलोत को बधाई दी।
गांव देहात का एक बड़ा चेहरा, आज भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की नीतियों से प्रभावित होकर, वो आज हमारे बीच प्रवेश कर रहे हैं। मैं उनका अभिनन्दन करता हूं और साथ ही ये उम्मीद भी करता हूं कि कैलाश जी का जो अनुभव है, वो दिल्ली की जनता के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर और उपयोगी होगा, महत्वपूर्ण होगा, आपका बहुत-बहुत अभिनन्दन, बहुत-बहुत आभार।
श्री गहलोत ने कल आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे अपने त्यागपत्र में श्री गहलोत ने कहा कि पार्टी आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। श्री गहलोत ने आरोप लगाया कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने लोगों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धताओं को पीछे छोड़ दिया है, जिसके कारण कई वादे अधूरे रह गए हैं।
——————————————-
राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 अगले वर्ष 11 और 12 जनवरी को विकसित भारत युवा नेताओं के संवाद के रूप में मनाया जाएगा। केंद्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह मंच देश की युवा शक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष बातचीत करने और अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।
हम देश के कौने-कौने से सभी युवाओं को इस कार्यक्रम में जोड़ना चाहते हैं। due this talent and opportunity to present their vision before the honorable prime minister modi। हम अपने आइडिया शेयर करने के लिए, अपनी बात करने के लिए दिल्ली में दो दिन का कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में यह देश युवा अलग-अलग थीम के द्वारा आएंगे।
श्री मांडविया ने कहा कि इस संवाद का उद्देश्य देश भर के युवाओं में प्रतिभा की पहचान करना और उन्हें विकसित करना है, साथ ही उन्हें विकसित भारत के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा करने के उद्देश्य से एक प्रभावी मंच प्रदान करना है।
——————————————-
हाल में शुरू किए गए आयुष्मान वय वंदना कार्ड ने 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के 10 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को नामांकित करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह कार्ड वृद्ध नागरिकों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अनंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने में सक्षम बनाता है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 29 अक्टूबर को लॉन्च किए जाने के तीन सप्ताह के भीतर हासिल की गई है। आयुष्मान वय वंदना कार्ड के तहत अब तक नौ करोड रूपये खर्च किये गए हैं। जिसमें 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के चार हजार आठ सौ से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभ हुआ है, जिनमें 1,400 से अधिक महिलाएँ शामिल हैं। इस कार्ड के तहत कई गंभीर बीमारियों में इलाज की सुविधा मिलती है। इस वर्ष सितंबर में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पीएम-जेएवाई के एक महत्वपूर्ण विस्तार को मंजूरी दी थी, जो 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए है। इस कदम का उद्देश्य चार दशमलव पांच करोड़ परिवारों के लगभग 6 करोड़ रिष्ठ नागरिकों को लाभ पहुंचाना है। योजना के लाभों तक पहुंचने के लिए एबी पीएम-जेएवाई के तहत एक नया और अलग कार्ड प्राप्त होगा। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
——————————————-
नेपाल-भारत सीमा सुरक्षा समन्वय पर एक उच्च स्तरीय बैठक आज काठमांडू में शुरू हुई है। बैठक में सीमा पार अपराध और अन्य देश के नागरिकों के अवैध प्रवेश रोकने पर चर्चा की जा रही है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कल नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक से मुलाकात की।
——————————————-
श्रीलंका के नवनियुक्त मंत्रिपरिषद ने आज कोलंबो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के समक्ष शपथ ली। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मंत्री मडंल में 22 सदस्य शामिल हैं।
श्रीलंका में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के नेतृत्व वाली एनपीपी सरकार ने 22 सदस्यीय मंत्रिमंडल की शपथ ग्रहण के साथ ही विशेषज्ञता और ताजगी का मिश्रण सरकार में शामिल कर लिया है। दो तिहाई बहुमत प्राप्त करने के बाद, एनपीपी सरकार को उन सुधारों को लागू करने के लिए एक मजबूत जनादेश मिला है, जिनका वादा किया गया था। हालाँकि, सरकार में अपेक्षाकृत कम अनुभव जो कि प्रमुख आलोचना थी, उसको डॉक्टरों, इंजीनियरों और वकीलों के मिश्रण वाले मंत्रिमंडल को तैयार करके संतुलित किया गया है। मंत्रिमंडल में प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या और विजिता हेराथ शामिल हैं। अहमद मुईन फ़ारूक़ी आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
——————————————-
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) का एक प्रतिनिधिमंडल द्वीप राष्ट्र के वित्तपोषण कार्यक्रम की तीसरी समीक्षा के लिए श्रीलंका पहुंचा है। आईएमएफ के वरिष्ठ मिशन प्रमुख पीटर ब्रेउर के नेतृत्व में टीम से श्रीलंका की आर्थिक नीतियों, चल रहे सुधारों की प्रगति और आईएमएफ के साथ पिछले समझौतों के कार्यान्वयन का आकलन करने की उम्मीद है।
——————————————-
तीरंदाजी में ज्योति सुरेखा वेन्नम ने लक्जमबर्ग में जीटी ओपन में महिलाओं की कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने कल बेल्जियम की सारा प्रिएल्स को हराकर खिताब जीता।
इस बीच पुरूषों की कंपाउंड स्पर्धा में अभिषेक ने रजत पदक जीता है। वे फाइनल मैच में 150 अंक हासिल करने के बावजूद कुछ अंकों की कमी के कारण स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।
——————————————-
सर्वोच्च न्यायालय ने आज ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रैप-4 के तहत कड़े प्रदूषण रोधी उपाय लागू करने में देर करने को लेकर दिल्ली सरकार से प्रश्न किया है। न्यायालय ने निवारक उपायों को कम करने पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा कि इसकी पूर्व अनुमति के बगैर इन उपायों को कम करने की अनुमति नहीं होगी। इस पीठ ने कहा कि वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से 400 के बीच पहुंचते ही ग्रैप-4 की पाबंदियों का अवश्य पालन किया जाना चाहिए।
——————————————-
इस बीच, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता और भी खराब हो गई है। आज दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 490 के साथ गंभीर-प्लस स्तर को पार कर गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शहर के कुछ हिस्सों में 500 AQI स्तर दर्ज किया गया है।
——————————————-
इसके कारण कई ट्रेन और उड़ान सेवाएं बाधित हुई हैं। क्षेत्र में दृश्यता कम हो गई है। करीब 11 उड़ानें देरी से चल रही हैं और सात उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें क्योंकि कम दृश्यता के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकता है। उत्तर रेलवे ने बताया कि 13 रेलगाडियां देरी से चल रही हैं।
——————————————-
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कल तक कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने बताया कि अगले 5 दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।
——————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- जी20 शिखर सम्मेलन आज शाम ब्राजी़ल के रियो दी जनेरियो शहर में शुरू होगा। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न वैश्विक मुद्दों और नई दिल्ली घोषणापत्र के परिणामों पर भारत की स्थिति स्पष्ट करेंगे।
- झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार आज शाम समाप्त होगा, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास में जुटे।
- दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के एक दिन बाद आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
- दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘अति गंभीर’ श्रेणी में और एक्यूआई 487 अंक तक पहुंचा। इसके कारण कई उडानें तथा रेलगाडियां बाधित।
- और, ज्योति सुरेखा वेन्नम ने लक्ज़मबर्ग में जीटी ओपन टूर्नामेंट में महिलाओं की तीरंदाजी कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
——————————————-