Download
Mobile App

android apple
signal

November 17, 2024 3:30 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू आज दोपहर अबुजा में रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नाइजीरिया के ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अब केवल दो दिन शेष। जोरदार प्रचार अभियान जारी।
  • भारत ने ओडिसा के तट से पहली लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफल उड़ान परीक्षण किया।
  • ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमरीका ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के समुद्री निगरानी प्रयासों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। 
  • और, बिहार में खेली जा रही महिला एशियाई चैम्पियनशिप ट्रॉफी हॉकी में भारत का सामना आज जापान से।

 

<><><><> 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दोपहर अबुजा में नाइजीरिया के राष्‍ट्रपति बोला अहमद टीनुबू से वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और राष्‍ट्रपति टीनुबू दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों का विस्‍तार करने के तौर-तरीकों पर चर्चा करेंगे। वार्ता के बाद कई समझौतों पर हस्‍ताक्षर किये जाने की संभावना है। प्रधानमंत्री का नाइजीरिया में भारतीय समुदाय को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।

 

नाइजीरिया, प्रधानमंत्री मोदी को ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर से सम्‍मानित करेगा। यह सम्‍मान प्राप्‍त करने वाले वह दूसरे विदेशी गणमान्‍य व्‍यक्ति होंगे। इससे पहले 1969 में महारानी एलिजाबेथ को इस सम्‍मान से नवाजा जा चुका है। किसी भी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया जाने वाला यह 17वां अंतर्राष्‍ट्रीय सम्‍मान है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से..

 

प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया की दो दिन की यात्रा पर कल रात अबुजा पहुंचे। वहां पहुंचने पर उनका शानदार स्‍वागत किया गया। पिछले 17 वर्षों में भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की यह पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री को अबुजा की की टू द सिटी (Key to the City) सौंपी गई। यह चाबी प्रधानमंत्री पर नाइजीरिया के लोगों के विश्‍वास और सम्‍मान का प्रतीक है। नाइजीरिया में रहने वाले मराठी समुदाय ने मराठी को शास्‍त्रीय भाषा का दर्जा देने पर श्री मोदी का धन्‍यवाद किया। सुपर्णा सेकिया आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।   

 

प्रधानमंत्री मोदी आज देर शाम नाइजीरिया से ब्राजील के शहर रियो डी जेनेरो रवाना होंगे। वहां की दो दिन की यात्रा के दौरान वे राष्‍ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्‍वा द्वारा आयोजित जी-20 शिखर बैठक में भाग लेंगे। ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के साथ भारत, जी-20 ट्रोइका का हिस्‍सा है और जी-20 शिखर वार्ता में सक्रिया रूप से योगदान दे रहा है। इस शिखर बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी विभिन्‍न वैश्विक मुद्दों के बारे में भारत का दृष्टिकोण रखेंगे और जी-20 नेताओं के नई दिल्‍ली घोषणा-पत्र के परिणामों पर हुई प्रगति के साथ-साथ हाल के वर्षों में भारत द्वारा आयोजित ग्‍लोबल साउथ शिखर बैठकों के निष्‍कर्षों को सामने रखेंगे। जी-20 शिखर बैठक के दौरान श्री मोदी के कई नेताओं से भेंट करने की संभावना है। अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 19 से 21 नवम्‍बर तक गयाना की राजकीय यात्रा पर रहेंगे।

 

<><><><> 

 

महाराष्‍ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अब केवल दो दिन शेष हैं। इसे देखते हुए सभी राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।

 

<><><><> 

 

महाराष्‍ट्र में एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। विधान सभा की 2 सौ 88 सीटों के लिए चार हजार एक सौ 36 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें तीन हजार सात सौ 71 पुरूष उम्‍मीदवार और तीन सौ 63 महिला उम्‍मीदवार हैं। यह चुनाव महिलाओं के प्रतिनिधित्‍व के लिए महत्‍वपूर्ण है क्‍योंकि महाराष्‍ट्र की विधानसभा में महिला भागीदारी का समृद्ध इतिहास रहा है। 1957 में विधानसभा की स्‍थापना के बाद से चार सौ 61 महिलाएं निर्वाचित हुई है। एक रिपोर्ट..

 

मौजूदा महाराष्ट्र विधानसभा में 27 महिला विधायक थीं। दिलचस्प बात यह है कि 1957 से 1962 तक पहली विधान सभा के दौरान 30 महिला प्रतिनिधियों का चुनाव हुआ था, जो अब तक का रिकॉर्ड है। इसके अलावा, विधानसभा के पहले कार्यकाल में पांच महिला विधायक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में जीती थीं। बाद के कार्यकालों में महिला प्रतिनिधियों की संख्या में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस बार यह देखना दिलचस्प होगा कि 363 महिला उम्मीदवारों में से कितनी विधानसभा में स्थान प्राप्त करती हैं और निचले सदन में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने में सफल होती हैं। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित होंगे। कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

<><><><> 

 

वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विश्वास व्‍यक्‍त किया कि महाराष्ट्र के लोग विधानसभा चुनाव में महायुति सरकार के पक्ष में मतदान करेंगे। नागपुर में संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि महायुति सरकार की विकास पहलों ने नागरिकों के जीवन को छुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और महायुति सरकार की विभिन्न किसान हितैषी पहलों का भी उल्‍लेख किया।

 

<><><><> 

 

विधानसभा चुनाव की विशेष श्रृंखला में आज प्रस्‍तुत है, महाराष्‍ट्र के मुम्‍बई उप-नगर जिले के मानखुर्द शिवाजी नगर निर्वाचन क्षेत्र का लेखा-जोखा…

 

मानखुर्द-शिवाजीनगर मुंबई उपनगर जिले की 26 विधानसभा सीटों में से एक है। मानखुर्द-शिवाजीनगर विधानसभा क्षेत्र की स्थापना 2008 में हुई थी और यह समाजवादी पार्टी का गढ़ रहा है। इस बार समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी को महाविकास आघाड़ी का समर्थन प्राप्त है। हालांकि इस बार उनका मुकाबला उन्हीं के पूर्व सहयोगी नवाब मलिक से है, जो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस सीट पर महायुति के बीच एक आंतरिक मुकाबला देखने को मिल रहा है। महायुति ने शिवसेना उम्मीदवार सुरेश पाटील को समर्थन दिया है। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि मानखुर्द-शिवाजीनगर के मतदाता फिर एक बार अबू आज़मी को ही चुनते हैं या फिर कोई दूसरा उमीदवार विजयी होता है। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

<><><><> 

 

झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार कल शाम समाप्त हो जाएगा। बोकारो जिले के गोमिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हेमंत सोरेन पर झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाया।

 

जिस तरीके से मतदान हुआ है और जिस तरीके से लोगों ने मतदान का प्रयोग किया है। झारखंड की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि आने वाले 20 तारीख को चुनाव में आप एक तरफा एनडीए की सरकार बनाने जा रहे हैं।

 

वहीं, दूसरी ओर, वरिष्ठ झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया। दुमका में चुनावी सभा में श्री सोरेन ने कहा कि भाजपा लोगों को मुख्य मुद्दों से भटका रही है।

 

मेरे विरूद्ध झूठा आरोप लगा-लगाकर मुझे आपके लिए काम करने से रोका गया लेकिन फिर भी हम लोगों ने हार नहीं मानी आज दो ढ़ाई साल में हम लोगों ने इतना काम किया है कि यह 20 सालों का एक भी काम ये नहीं गिना सकते।

 

शिवराज सिंह चौहान, हेमंत बिस्वा सरमा और चंपई सोरेन सहित कई भाजपा नेता भी एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस, राष्‍ट्रीय जनता दल, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन पार्टी और वामपंथी दलों के नेता झारखंड के विभिन्न इलाकों में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

 

<><><><> 

 

निर्वाचन आयोग ने सभी राजनैतिक पार्टियों को झारखंड में चुनाव अभियान पूरा होने के बाद मतदाताओं को संदेश भेजना बंद करने को कहा है। मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों प्रशासन को इस संबंध में निर्देश जारी किए है।

 

यह इलेक्‍शन का वह साइलेंट पीरियड में है। कोई भी मीडिया बाइट वगैरा में इस तरह की कोई भी पोलीटिकल मैसेज कम्‍यूनिकेट नहीं कर सकता। कोई भी वोटर का पर्चा वो डिस्‍ट्रीब्‍यूशन पोल डे में नहीं देना है।  

 

<><><><> 

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डी.आर.डी.ओ. ने कल ओडिशा तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से भारत की पहली लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफल उडान परीक्षण किया। इस  मिसाइल को सशस्त्र बलों के लिए डेढ हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तक विभिन्न पेलोड ले जाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उड़ान-परीक्षण को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

 

<><><><> 

 

भगवान बिरसा मुंडा की विरासत को याद करने के लिए देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। देश भर में मनाया जाने वाला यह उत्सव भारत की समृद्ध आदिवासी विरासत और जनजातीय समुदायों के योगदान का सम्मान करता है। हमारे संवाददाता ने बताया कि सरकार ने जनजातीय समुदायों के विकास और उत्थान के लिए कई योजनाएँ शुरू की हैं।

 

केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति से संबंधित विकास कार्य योजना के लिए निर्धारित निधि में 5 गुना वृद्धि की गयी है। वर्ष 2013-14 में 24 हजार 6 सौ करोड रूपए से कम रहने वाली ये निधि वर्ष 2024-25 में बढ़कर एक लाख 23 हजार करोड रुपए हो गई है आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रयास में सरकार ने पिछले 10 वर्षों में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की संख्या चार गुना बढ़ाकर 123 से 476 कर दी है। केंद्र सरकार ने आदिवासी छात्रों को बेहतर करियर के अवसर प्रदान करने के लिए पिछले 10 वर्षों में 17 हजार करोड रुपए से अधिक की छात्रवृत्ति भी प्रदान की है। सकलेन अख्‍तर आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

<><><><> 

 

दिल्ली के मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता कैलाश गहलोत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे अपने इस्तीफे में श्री गहलोत ने कहा कि पार्टी आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। इस बीच, मीडिया से बात करते हुए दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने आप नेता के इस्तीफे को साहसी कदम बताया।

 

जिन मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार दिल्ली की जनता की आवाज बनकर लड़ रही थी उन्हीं मुद्दों पर कैलाश गहलोत ने इस्तीफा दिया है तो इस बात की पुष्टि है कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी के अंदर भी यह लोग मानते हैं कि अरविंद केजरीवाल ने शीश महल के नाम पर ठगा है, छला है, लूट मचाई है, भ्रष्टाचार किया है।

 

वहीं आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कैलाश गहलोत का इस्तीफा भाजपा की साजिश का हिस्सा है।

 

यह भारतीय जनता पार्टी की घिनौनी राजनीति और षड्यंत्र का हिस्सा है भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उनके ऊपर ईडी के छापे मरवाये 112 करोड रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप इसी भारतीय जनता पार्टी ने लगाया, तो एक दबाव उनके ऊपर बनाया गया और जिसके कारण से यह फैसला कैलाश गहलोत ने लिया है।

 

<><><><> 

 

ऑस्‍ट्रलिया, जापान और अमरीका ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में भारत के समुद्री निगरानी प्रयासों का समर्थन करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। ऑस्‍ट्रलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स, जापान के रक्षा मंत्री नाकातानी जेन और अमरीका के रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने आज ऑस्‍ट्रलिया के डार्विन में चौथी त्रिपक्षीय रक्षा बैठक की।

 

रक्षा मंत्रियों ने बैठक के बाद जारी एक वक्तव्‍य में वर्ष 2025 से हिंद प्रशांत क्षेत्र में ऑस्‍ट्रलिया-जापान-भारत और अमरीका द्वारा समुद्री डोमेन जागरूकता को बढाने की प्रतिबद्धता दिखाई।

 

<><><><> 

 

सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के पहल में, संयुक्त राज्य अमरीका ने भारत को 10 मिलियन डॉलर की 14 सौ से अधिक लूटी गई कलाकृतियों को लौटाने की घोषणा की।

 

इनमें वो वस्तुएं भी शामिल  हैं, जो हाल ही में न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में प्रदर्शित की गईं थीं। उनमें एक दिव्य नर्तक की बलुआ पत्थर की मूर्ति भी है, जिसे अवैध रूप से मध्य भारत से लंदन ले जाया गया था। अमरीका और भारत के बीच जुलाई में हुए समझौते के बाद सांस्कृतिक संपत्ति के अवैध व्यापार से निपटने और चोरी हुई कलाकृतियों की वापसी में तेजी आई है। ठीक दो महीने पहले, अमरीका ने भारत को 2000 ईसा पूर्व से 1900 ईस्वी तक की चार हजार वर्षों की 297 कलाकृतियां लौटाई थीं।      विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 2016 के बाद से, अमरीका ने 578 सांस्कृतिक वस्तुएं भारत को वापस भेजा है। समाचार कक्ष से…वैष्‍णवी

 

<><><><> 

 

श्रीलंका में सरकार के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह राष्‍ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की उपस्थिति में कल राष्‍ट्रपति सचिवालय में होगा। स्‍थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राष्‍ट्रपति की 23 सदस्‍यीय मंत्रिमंडल नियुक्‍त करने की योजना है।

 

<><><><> 

 

और, अब खेल खबरों के साथ हैं सरफिरोजी..

 

महिला एशियाई चैंपियन ट्राफी हॉकी में भारत का मुकाबला अंतिम ग्रुप स्‍टेज मैच में आज जापान से होगा। यह मुकाबला बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 4 बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। अन्य मैचों में चीन का मुकाबला दक्षिण कोरिया से और मलेशिया का सामना थाईलैंड से होगा। वहीं टेनिस में टेलर फ्रिट्ज ए.टी.पी. वर्ल्ड टेनिस के फाइनल में पहुंच गए हैं। इटली के ट्यूरिन में रोमांचक सेमीफाइनल में उन्होंने विश्व की दूसरी वरीयता के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को 6-3, 3-6, 7-6 से हरा दिया। फ्रिट्ज का मुकाबला इटली के जानिक सिनर और नॉर्वे के कैस्पर रूड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। उधर, स्क्वैश में भारत के वीर चोटरानी आज सुबह कोस्टा रिका में कोलंबिया के रोनाल्ड पालोमिनो से एस.ए.सी.सी. कोस्टा रिका ओपन 2024 के फाइनल में 1-3 से हार गए।

 

<><><><> 

 

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल और केरल में आज गरज के साथ तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

 

<><><><> 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू आज दोपहर अबुजा में रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नाइजीरिया के ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अब केवल दो दिन शेष। जोरदार प्रचार अभियान जारी।
  • भारत ने ओडिशा के तट से पहली लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण किया।
  • ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमरीका ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के समुद्री निगरानी प्रयासों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। 
  • और, बिहार में खेली जा रही महिला एशियाई चैम्पियनशिप ट्रॉफी हॉकी में भारत का सामना आज जापान से होगा।

 

<><><><>