मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कहना है कि उनकी सरकार का लक्ष्य भारत को वोट-बैंक की राजनीति से परे एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
- महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दिग्गजों का प्रचार जोर पकड़ रहा है।
- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम पांच माओवादी मारे गए।
- देशभर में आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जा रहा है।
- दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंची; अगले दो दिनों तक रात और सुबह के समय हल्का कोहरा जारी रहेगा।
- और हॉकी में, महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में आज शाम भारत का सामना चीन से।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोर देकर कहा है कि उनकी सरकार का लक्ष्य वोट बैंक की राजनीति से परे हटकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। एक निजी मीडिया संगठन द्वारा आयोजित लीडरशिप समिट को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के लिए, लोगों द्वारा प्रगति के मंत्र के साथ काम कर रही है।
हमने सरकार का एक परपज तय किया है ये परपज वोट बैंक वाली जो पॉलिसी होती है ना उससे हमने सरकार का एक परपज तय किया है। ये परपज वोट बैंक वाली जो पॉलिसी होती है ना उससे हजारों मील दूर है। हमारी सरकार का परपज उसका उद्देश्य बड़ा है, विराट है, व्यापक है। हम प्रोग्रेस ऑफ द पीपल्स प्रोग्रेस बाय द पीपल, प्रोग्रेस फॉर द पीपल के मंत्र को लेकर चल रहे हैं। हमारा उद्देश्य नया भारत बनाने का है, भारत को विकसित बनाने का है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार विकास का ऐसा मॉडल अपना रही है जहां निवेश से प्रगति और रोजगार को गति मिलती है। श्री मोदी ने कहा कि 2014 में देश का केंद्रीय बजट लगभग 16 लाख करोड़ रुपये था और आज यह 48 लाख करोड़ रुपये है।
2013-14 में हम कैपिटल एक्सपेंडिचर में करीब सवा दो लाख करोड रुपए खर्च करते हैं, लेकिन आज का कैपिटल एक्सपेंडिचर 11 लाख करोड़ से ज्यादा है। ये 11 लाख करोड रुपए आज नए अस्पताल, नए स्कूल, सड़क, रेल, रिसर्च फैसिलिटी, ऐसे अनेक पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रहे हैं। पब्लिक पर खर्च बढाने के साथ ही हम पब्लिक का पैसा भी बचा रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि देश में अब सवा लाख से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप हैं और युवा देश को गौरवान्वित करने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज भारत में कम से कम 10 करोड़ लखपति दीदियां हैं।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नाइजीरिया, ब्राजील और गयाना की पांच दिन की यात्रा पर रवाना हो गये हैं। अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिमी अफ्रीकी क्षेत्र में भारत के निकट सहयोगी नाइजीरिया की यह उनकी पहली यात्रा होगी। श्री मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा सामरिक भागीदारी की शुरूआत का अवसर प्रदान करेगी जो लोकतंत्र और बहुलवाद में साझा विश्वास पर आधारित होगी।
श्री मोदी 19वीं जी-20 शिखर बैठक में ट्रॉइका सदस्य के रूप में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारत की सफल अध्यक्षता में जी-20 लोगों का जी-20 समूह बन गया है और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को इसकी कार्यसूची में शामिल कर लिया गया है। इस वर्ष ब्राजील ने जी-20 की अध्यक्षता संभाली है। श्री मोदी ने आशा व्यक्त की कि एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के दृष्टिकोण के अनुरूप अर्थपूर्ण चर्चा होगी।
श्री मोदी ने कहा कि गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के निमंत्रण पर उनकी यात्रा 50 वर्ष से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस देश की पहली यात्रा होगी। बैठक के दौरान दोनों नेता साझा विरासत, संस्कृति और मूल्यों पर आधारित अपने अनूठे संबंधों को सामरिक दिशा प्रदान करने के लिए विचारों का आदान प्रदान करेंगे।
******
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दिग्गजों का प्रचार जोर पकड़ रहा है। झारखंड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और इंडिया गठबंधन के नेता विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर आरोप लगाया कि वह वोट बैंक के लिए आदिवासियों के साथ अन्याय कर रही है। श्री शाह ने दुमका में एक जनसभा में कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबन्धन की सरकार ने आदिवासियों के कल्याण के लिए धन आवंटित नहीं किया।
हेमंत बाबू यूपीए की सरकार थी जिसको आपका समर्थन था। इसका अंतिम बजट उसमें आदिवासियों के लिए जनजातियों के लिए सिर्फ 28 हजार करोड़ रुपया था और मोदी जी ने इसको बढ़कर एक लाख 35 हजार करोड़ रुपया करने का काम किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने जामताड़ा में एक जनसभा में कहा कि हेमंत सोरेन झूठे वादे कर रहे हैं। श्री सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को सत्ता से हटाने के लिए यह सही समय है।
क्या बोले थे हेमंत सोरेन कि पांच लाख युवाओं को नौकरी देगा। क्या आपका घर में किसी को नौकरी मिला। बहू और बेटा का शादी होने में सोने का सिक्का मिलेगा। किसी को मिला सोने का सिक्का।
दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी पर उनकी सरकार को धमकाने का आरोप लगाया। श्री सोरेन ने दुमका में एक जनसभा में कहा कि केंद्र ने राज्य में चुनावों के दौरान प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सक्रिय कर दिया है।
हमारी सरकार बनने के दूसरे घंटे से ही सरकार गिराने में लगे ये लोग धन बल के दम पर चुनाव को अंजाम देना चाहते हैं। आज जब राजनीतिक लड़ाई ये नहीं सक पाते हैं तो ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जितने भी संवैधानिक संस्थाएं सभी को चुनाव में सक्रिय कर रखा है।
दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।
******
झारखंड में लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दिनेश मरांडी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है।
******
प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी की हमारी श्रृंखला में, आज एक नजर महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के दिग्रस विधानसभा सीट पर, जहाँ से मौजूदा मंत्री संजय राठौड़ चुनाव लड़ रहे हैं।
शिवसेना के संजय राठौड़ पश्चिमी विदर्भ के यवतमाल जिले के दिग्रस निर्वाचन क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कैबिनेट में राठौड खाद्य एवं औषधि विभाग संभाल रहे हैं। इस साल कांग्रेस ने उनके खिलाफ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे को मैदान में उतारा है। करीब 20 साल बाद ये दोनों प्रतिद्वंद्वी, माणिकराव ठाकरे और संजय राठौड़ इस चुनावी जंग में आमने-सामने होंगे। दिग्रस निर्वाचन क्षेत्र में 3 लाख से ज्यादा मतदाता हैं और इस निर्वाचन क्षेत्र में कपास और सोयाबीन फसल के भाव, सूखा राहत और उद्योग की कमी के कारण क्षेत्र में बेरोजगारी जैसे मुद्दे मौजूद है। धनंजय वानखेडे के साथ मैं हेमांगी कुलकर्णी आकाशवाणी समाचार, नागपुर।
******
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने पर ध्यान केन्द्रित करने के लिए महाराष्ट्र की महायुति सरकार के प्रयासों की सराहना की है। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के अन्तर्गत महाराष्ट्र के भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग महायुति सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
महायुति की सरकार मराठी गौरव को बढ़ाने के लिए काम कर रही है। केंद्र सरकार ने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया है और मुझे तो महाराष्ट्र समेत देशभर के मराठी लोगों के संदेश, हमें हमारे इन सकारात्मक प्रयासों को जनता के बीच लगातार दोहराते रहना है।
******
छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच माओवादी मारे गए। माओवादियों की सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल, विशेष कार्य बल और जिला रिजर्व गार्ड की संयुक्त टीम नारायणपुर जिले में तलाशी अभियान पर थी। सुरक्षा बलों ने माओवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। घटनास्थल से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। गोलीबारी में दो सुरक्षाकर्मी घायल भी हो गए। तलाशी अभियान जारी है।
******
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। यह हादसा देहरादून नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर धामपुर इलाके में हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने एक तिपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तिपहिया वाहन में बैठे चालक समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई।
******
उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात गहन देखभाल इकाई-एन.आई.सी.यू. में कल रात भीषण आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मृत्यु हो गई जबकि 16 अन्य शिुशु घायल हुए हैं। घटना में जान गंवाने वाले 10 नवजात शिशुओं में से तीन के शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दस नवजात शिशुओं में से तीन की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेताओं ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख रूपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रूपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। झांसी में महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल नरेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि घायल 16 बच्चों का इलाज किया जा रहा है और सभी बच्चे पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं। घटना के पीछे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। एनआईसीयू में जिस वक्त आग लगी, वहां 50 से अधिक नवजात शिशुओं का इलाज किया जा रहा था। ओम अवस्थी आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
******
आज देशभर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जा रहा है। समाज में स्वतंत्र और उत्तरदायी प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका के सम्मान में हर वर्ष 16 नवम्बर को प्रेस दिवस मनाया जाता है। 1966 में आज ही के दिन भारतीय प्रेस परिषद ने काम करना शुरु किया था।
इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किये जाते हैं और एक स्मारिका जारी की जाती है।
******
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब होकर गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है, आज दोपहर एक बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 407 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली के शादीपुर स्टेशन में AQI 462, बवाना में 438, आनंद विहार में 436, अलीपुर में 438, अशोक विहार में 439 और रोहिणी में 426 दर्ज किया गया।
******
मौसम विभाग ने आज केरल और माहे में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले 2 दिनों के दौरान रात और सुबह के समय घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
******
बिहार में, एशियाई महिला हॉकी चैम्पियनशिप में आज भारत का सामना चीन से होगा। मैच शाम चार बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। टूर्नामेंट में दोनों ही टीमें अब तक अपराजेय हैं। पिछले मुकाबले में बृहस्पतिवार को भारत ने थाईलैण्ड को 13-0 से हराया था जबकि चीन ने जापान को 2-1 से पराजित किया था।
******
भारत के अभय सिंह ऐस मलेशिया स्कावॉश कप टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज मेजबान खिलाडी इयैन योव नग का सामना करेंगे। कल शाम क्वार्टर फाइनल में अभय ने भारत के ही वेलावन सेंथिल कुमार को 3-1 से हराया।
******
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक-सीएजी बहुत पारदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं और इसकी विश्वसनीयता और प्रामाणिकता को अब विश्व स्तर पर मान्यता मिल चुकी है। आज नई दिल्ली में चौथे लेखा परीक्षा दिवस पर श्री बिरला ने कहा कि विभिन्न देश भारतीय लेखा परीक्षा प्रणाली अपनाने का प्रयास कर रहे हैं।
दुनिया के देश हमारी इस लेखा परीक्षा का अध्ययन करने आते हैं और प्रयास करते हैं कि हम भारत की लेखा परीक्षा को अपने आप अपनाए और इसीलिए हमारी संस्था प्राइड के अंदर भी कम से कम 50 देश के अधिकारी कर्मचारी भारत में आते हैं।
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की संस्था की स्थापना और सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में इसके योगदान को याद करने के लिए हर साल 16 नवंबर को ऑडिट दिवस मनाया जाता है।
******
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने आज नई दिल्ली में 43वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मंत्रालय के मंडप का उद्घाटन किया। श्री सिंह ने कहा कि यह मेला कारीगरों को एक बड़ा मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर मंडप में जनजातीय थीम पर विशेष हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पाद रखे गए हैं।
******
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कहना है कि उनकी सरकार का लक्ष्य भारत को वोट-बैंक की राजनीति से परे एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
- महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दिग्गजों का प्रचार जोर पकड़ रहा है।
- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम पांच माओवादी मारे गए।
- देशभर में आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जा रहा है।
- दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंची; अगले दो दिनों तक रात और सुबह के समय हल्का कोहरा जारी रहेगा।
- और हॉकी में, महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में आज शाम भारत का सामना चीन से।
******