मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार के जमुई से छह हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरो पर।
- एस एंड पी ग्लोबल रेटिंग्स ने वित्तीय वर्ष 2026-2027 तक भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धिदर 6 दशमलव 5 से 7 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान लगाया।
- देशभर में गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।
- श्रीलंका की सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर पार्टी ने संसदीय चुनाव में भारी जीत दर्ज की।
- और, जोहान्सबर्ग में चौथे तथा अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज शाम भारत का मुकाबला मेजबान दक्षिण अफ्रीका से होगा।
******************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस पर आज बिहार के जमुई में छह हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य जनजातीय समुदायों का उत्थान और ग्रामीण तथा दूरदराज के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार करना है।
धरती आभा बिरसा मुंडा के इस भव्य स्मरण के बीच आज छह हजार करोड रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया हुआ है। इनमें मेरे आदिवासी भाई-बहनों के लिए करीब डेढ लाख पक्के घरों की स्वीकृति पत्र हैं।
श्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और समृद्ध आदिवासी विरासत और संस्कृति पर आधारित एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया।
प्रधानमंत्री ने दो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय और दो जनजातीय अनुसंधान संस्थानों का भी उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों के समृद्ध इतिहास और विरासत को संरक्षित करना है। प्रधानमंत्री जमुई से वर्चुअल माध्यम से पीएम-जनमन अभियान के अंतर्गत बनाए गए ग्यारह हजार घरों के गृह प्रवेश में भी शामिल हुए।
******************
प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार जनजातीय समुदाय की विरासत और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। जमुई में श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष ग्राम अभियान शुरू किया है।
देश के 60 हजार से अधिक आदिवासी गांवों के विकास के लिए एक विशेष योजना हमने शुरू की धरती आभा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान। इसके तहत करीब 80 हजार करोड रुपए आदिवासी गांवों में लगाए जाएंगे। इसका मकसद आदिवासी समाज तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं के लिए ट्रेनिंग और रोजगार के अवसर बनाने का भी है।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के लिए इस तरह की पहल तैयार करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के विचारों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर आदिवासी बहुल जिलों में बिरसा मुंडा गौरव उपवन शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने देश के आदिवासी गौरव, विरासत, संस्कृति तथा परंपरा के साथ न्याय नहीं करने के लिए पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना की। श्री मोदी ने कहा कि हमने आदिवासी बहुल क्षेत्रों को आकांक्षी जिलों में बदल दिया है। प्रधानमंत्री ने जनजातीय समुदाय के ज्ञान और परंपरा की प्रशंसा करते हुए उन्हें संरक्षित करने पर बल दिया।
जनजातीय समाज की पढ़ाई, कमाई और दवाई इस पर हमारी सरकार का बहुत जोर है। आज डॉक्टरी हो, इंजीनियरिंग हो, सेना हो हर प्रोफेशन में आदिवासी बेटे बेटियां आगे आ रहे हैं। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि बीते दशक में स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर संभावनाएं बनी है। बीते 10 सालों में एनडीए सरकार ने दो नई सेंट्रल ट्राइबल यूनिवर्सिटी अनेक, डिग्री कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, दर्जनों आईटीआई आदिवासी बाहुल्य जिलों में बने हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम जनजातियों की शिक्षा, उपचार और रोजगार पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समुदाय की 20 लाख लखपति दीदियों को सरकारी सहायता प्रदान की गई हैं।
******************
इस समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा के वंशज बुधराम मुंडा और शहीद सिद्धो कान्हू के परिवार के सदस्य मंडल मुर्मु को भी सम्मानित किया।
******************
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा देश के स्वाधीनता आंदोलन के महानतम नायकों में से एक हैं। श्री शाह ने जनजातीय गौरव दिवस पर आज नई दिल्ली के बांसेरा पार्क में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय सदैव भगवान बिरसा मुंडा का आभारी रहेगा। गृह मंत्री ने कहा कि कम उम्र में ही भगवान बिरसा मुंडा ने अपना जीवन राष्ट्र और जनजातीय लोगों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था।
धर्मांतरण के खिलाफ खड़ा होने की वीरता बालक बिरसा मुंडा ने बताई और आग चलकर ये दृढ़ता और वीरता इस देश नायक के रूप में परिवर्तित हुए। जल, जमीन और जंगल यही आदिवासियों के लिए सब कुछ है। इस संस्कार को पुर्नजीवित करने का काम बिरसा मुंडा जी ने किया।
******************
अगरतला में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनजातीय समुदाय का इतिहास महान और विस्तृत है।
******************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में पुराने संसद भवन के प्रांगण में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
******************
भगवान बिरसा मुंडा की आज 150वीं जयंती है। इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती प्रतिवर्ष 15 नवंबर को यह दिवस मनाया जाता है।
झारखंड के वीर बिरसा प्रकृति के असीम प्रेमी थे। सभी लोग इन्हें जल, जंगल, जमीन के रक्षक के रूप में याद करते हैं। बिरसा मुंडा एक युवा स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय समुदाय के नेता थे। बिरसा मुंडा झारखंड की मुंडा जनजाति से थे। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड में हुआ था। बिरसा मुंडा ने ‘उलगुलान’ आंदोलन शुरू किया था। उस समय लोग उन्हें “धरती का पिता” कहकर पुकारते थे। उन्होंने अंग्रेजों की धर्मांतरण गतिविधियों के खिलाफ बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया। बिरसा मुंडा ने सामंती व्यवस्था के खिलाफ भी आंदोलन चलाया। उन्होंने जमींदारी प्रथा के विरोध में बड़ी लड़ाई लड़ी। बिरसा मुंडा झारखंड की भूमि से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम हिस्सा ले रहे लाखों आदिवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत थे। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
******************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर कल शाम राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों का तेजी से विकास करना सरकार की प्राथमिकता है।
राष्ट्रपति के संदेश का आज शाम साढे 5 बजे एफएम गोल्ड और एफएम रैनबो नेटवर्क सहित विभिन्न स्टेशनों से पुन: प्रसारण किया जाएगा।
******************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में पहले बोडोलैंड महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। दो दिन के महोत्सव का उद्देश्य बोडोलैंड, असम, पश्चिम बंगाल, नेपाल और पूर्वोत्तर के अंतर्राष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले बोडो समुदाय के लोगों को एकीकृत करना है। इस महोत्सव का विषय है समृद्ध भारत के लिए शांति और सद्भाव।
******************
झारखण्ड में दूसरे चरण और महाराष्ट्र के एक ही चरण में 20 नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन के नेता प्रचार में जुटे हैं।
धनबाद के टुंडी में चुनावी सभा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कड़ी आलोचना की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने गोड्डा में कहा कि आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन के सत्ता में आने पर सभी वादे पूरे किये जायेंगे।
राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी प्रसाद यादव ने देवघर में कहा कि भाजपा धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांट रही है।
ऑल झारखंड स्टूडेंस यूनियन और वामपंथी दलों के नेता भी राज्य में चुनावी रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
******************
उधर, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेता राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं। सांगली में एक रैली को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी -शरद पवार के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है और समान विचारधारा वाले दल इसका विरोध करने के लिए महा विकास अघाडी के छत्र के नीचे एक साथ हैं। शिवसेना- उद्धव ठाकरे प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आश्वासन दिया कि अगर हमारी सरकार में सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह हिंगोली, यवतमाल और चंद्रपुर में प्रचार करेंगे।
झारखण्ड और महाराष्ट्र दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
******************
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल की श्रृंखला में, आज बात महाराष्ट्र के पुणे जिले की कसबा विधानसभा सीट की….
कसबा विधानसभा क्षेत्र शहर के बीचों-बीच स्थित है और जिले की राजनीति में भी इसका उतना ही महत्व है। 1995 से 2019 तक इसे भाजपा का गढ़ माना जाता था। भाजपा के दिवंगत सांसद गिरीश बापट ने करीब 35 साल तक इस विधानसभा क्षेत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। दिवंगत भाजपा विधायक और पुणे की पूर्व महापौर मुक्ता टिलक ने 2019 का चुनाव जीता था, लेकिन पिछले साल उनके निधन के कारण यहां उपचुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस के रवींद्र धंगेकर ने भाजपा उम्मीदवार हेमंत रासने को हराकर कसबा पर भाजपा का कब्जा खत्म कर दिया। इस चुनाव में धंगेकर और रासने आमने-सामने हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने गणेश भोकरे को मैदान में उतारा है। कसबा विधानसभा क्षेत्र के नतीजों में महिला मतदाताओं की अहम भूमिका हैं, क्योंकि उनकी संख्या अधिक है। इस सीट के लिए कुल 12 उम्मीदवार हैं। मनोज क्षीरसागर, आकाशवाणी समाचार, पुणे।
******************
देश की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर 2027 तक सालाना छह दशमलव पांच से सात प्रतिशत के बीच बढ़ने का अनुमान है। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी है। एक रिपोर्ट….
रिपोर्ट के अनुसार संरचनात्मक सुधार और अच्छी आर्थिक संभावनाएं भारत की आर्थिक वृद्धि में सहायता करेंगी। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने पिछले महीने कहा था कि देश की आर्थिक वृद्धि बरकरार है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत की वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर सात दशमलव दो प्रतिशत रहने की संभावना है। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
******************
गुरु नानक जयंती आज देश – विदेश में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनायी जा रही है। सिख धर्म की स्थापना करने वाले सिखों के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती को गुरु पर्व के रूप में भी मनाया जाता है।
उनका जन्म 1469 में राय भोई दी तलवंडी में हुआ था। यह अब पाकिस्तान में है और इसे ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। गुरु नानक देव जी ने अपनी शिक्षाओं में समानता, प्रेम और ईश्वर के प्रति समर्पण पर बल दिया है।
सतगुरु नानक परगटेया, मिट्टी धुंध जग चानन होया’-
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को मनाने के लिए अमृतसर में हरिमन्दिर साहिब और पूरे भारत में अन्य सभी गुरुद्वारों को भावपूर्ण ढंग से सजाया गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही श्री हरिमन्दिर साहिब, अमृतसर में प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी को नमन करने के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं द्वारा कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में गुरु नानक देव जी से संबंधित गुरुद्वारों में भी शीश निवाने के लिए ताँता लगा हुआ हैI सुल्तानपुर लोधी में गुरु नानक देव जी 14 वर्षों तक रहे थे और यहीं उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इस बीच, 2656 श्रद्धालुओं का एक समूह गुरु नानक देव जी के पाकिस्तान स्तिथ जन्म स्थान ननकाना साहिब में नतमस्तक होने के लिए अटारी-वाघा संयुक्त चेक पोस्ट से वहां पहुंचा है। राजेश बाली/आकाशवाणी समाचार/जालंधर।
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
******************
श्रीलंका की सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर पार्टी ने संसद में दो तिहाई बहुमत हासिल करके शानदार जीत हासिल की है। वामपंथी गठबंधन ने 225 सदस्यीय सदन की 159 सीटें जीतीं।
श्रीलंका में सत्ताधारी नेशनल पीपुल्स पावर गठबंधन ने पूरे द्वीप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 में से 21 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका के गठबंधन ने संसदीय चुनाव में सीटों और वोट शेयर के मामले में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज किया। इस चुनाव में कई चौंकाने वाले परिणाम भी सामने आए जैसे कि कई पूर्व मंत्रियों ने संसद में सीट पाने में असफलता पाई और वहीं श्रीलंका की राजनीतिक परिदृश्य में लंबे समय से प्रभावी बड़े दल हास्य पर रह गए। अहमद मोईन फारूखी, आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
******************
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा तथा अंतिम टी-टवेंटी क्रिकेट मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच आज रात साढे आठ बजे से शुरू होगा।
******************
43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम में जारी है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल इस 14 दिवसीय मेले का उद्घाटन किया।
******************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार के जमुई से छह हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरो पर।
- एस एंड पी ग्लोबल रेटिंग्स ने वित्तीय वर्ष 2026-2027 तक भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धिदर 6 दशमलव 5 से 7 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान लगाया।
- देशभर में गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।
- श्रीलंका की सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर पार्टी ने संसदीय चुनाव में भारी जीत दर्ज की।
- और, जोहान्सबर्ग में चौथे तथा अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज शाम भारत का मुकाबला मेजबान दक्षिण अफ्रीका से होगा।
******************