मुख्य समाचार :-
- झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 65 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। 10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर भी मतदान हुआ।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सरकार देश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है।
- हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने छह मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति रद्द की।
- 43वां रत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला कल से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा।
- बिट्रिश साहित्यकार सामंथा हारवे ने वर्ष 2024 का बुकर पुरस्कार जीता।
- क्रिकेट में, दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन में तीसरे टी-ट्वेंटी मैच में भारत के साथ टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया।
*******
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 15 जिलों की 43 सीट पर मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। राज्य में लगभग 65 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। विधानसभा चुनाव से जुडी अधिक जानकारी के लिए चलते हैं झारखंड में अपने संवाददता के.के. लाल के पास।
प्रश्न – जी, के.के. राज्य में इस बार पिछली बार की तुलना में मतदान प्रतिशत कैसा रहा…
राज्य में दूसरे चरण का मतदान बीस नवम्बर को होगा। मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
*******
दस राज्यों की 31 विधानसभा सीटों पर भी आज उपचुनाव हुआ। इसमें राजस्थान की सात, पश्चिम बंगाल की छह, असम की पांच, बिहार की चार, कर्नाटक की तीन, मध्यप्रदेश की दो और केरल, छत्तीसगढ, गुजरात तथा मेघालय में एक-एक सीट शामिल है। बिहार उपचुनाव से संबंधित अधिक जानकारी के लिए चलते हैं पटना में हमारे संवाददाता धर्मेंद्र राय के पास –
प्रश्न– जी, धर्मेंद्र राज्य की चार विधानसभा सीटों पर आज कितना मतदान हुआ …
जी लवलीन, बिहार में आज सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है और जहां तक प्रतिशत की बात करें तो लगभग 53% वोटिंग दर्ज की गई है। सबसे अधिक बेलागंज में 56% मतदान हुआ है। अन्य तीन क्षेत्रों का हाल देखें तो पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में वोटिंग का प्रतिशत यहां फिर से कम रहा है। बेलागंज के बाद कैमूर जिले की रामगढ़ सीट कैसी रही। यहां सबसे अधिक वोटिंग दर्ज की गई है। मतदान का विश्लेषण करें तो जो वोटर्स अपेथी होती है उसका असर तीन विधानसभा क्षेत्रों में देखा गया है और इन क्षेत्रों में जो वोटर टर्न आउट है काफी गिरा है। जी लवलीन।
*******
झारखंड में दूसरे चरण और महाराष्ट्र में एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। सभी दलों के नेता मतदाताओं तक पहुंचने में कोई कोरकसर नहीं छोड रहे हैं। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आज झारखण्ड में देवघर जिले के सारठ और गोड्डा में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकसित झारखंड के निर्माण और राज्य को भारत का अग्रणी प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री मोदी ने घुसपैठ और इसके कारण संथाल इलाकों में कम होती जनजातीय आबादी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पहले चरण के चुनाव में मतदाताओं का उत्साह देखते बन रहा था।
पहले कांग्रेस फिर आरजेडी और जेएमएम, इन दलों ने इस क्षेत्र में लंबे समय तक राज किया। लेकिन आपको इन्होंने दिया क्या। इन्होंने संथाल परगना को सिर्फ पलायन दिया है। गरीबी दी है, बेरोजगारी दी है।
झामुमो नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केन्द्र सरकार पर झारखंड की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार जनजातीय समुदाय और गरीबों की आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रही है।
महंगाई बढाकर के आसमान पर पहुंचा दिया। महंगाई घटाने का नाम नहीं ले रहे। कॉपी, स्कूल, कॉलेज का किताब, कलम, दाल, रोटी–चावल सब चीज महंगा, सब महंगा। महागठबंधन की सरकार थी तो उसमें गैस सिलेण्डर साढे चार सौ रुपये में मिलता था।
इस बीच, राजद, आजसू और वामपंथी दलों के नेताओं ने भी राज्य भर में चुनाव प्रचार किया। झारखंड में दूसरे चरण में 38 सीटों पर 20 नवम्बर को मतदान होगा।
महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर भी इसी दिन मतदान होगा। भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के धुले जिले के दोंडाइचा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों के आरक्षण कोटा की रक्षा करेंगे। इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोयाबीन के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाने को लेकर एनडीए सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसानों से झूठे वादे करने के लिए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
एमएसपी जो है चार हजार आठ सौ है वह भी किसानों को नहीं मिल रहा अब किस कम दाम में वो बेच रहे हैं और परेशान है।
शिवसेना-यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे ने भी सावंतवाड़ी में एक रैली को संबोधित किया। राकांपा नेता शरद पवार ने भी पुणे के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियां कीं।
*******
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल की हमारी श्रृंखला में, आइए आज जानते हैं महाराष्ट्र की ओवडा–माझीवडा विधानसभा क्षेत्र के बारे में। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा रहा है। एक रिपोर्ट:
ओवडा माझीवडा विधानसभा क्षेत्र ठाणे जिले के 18 विधानसभा क्षेत्र में से एक है। 2009 में स्थापना के बाद से ही यह शिवसेना का गढ़ रहा है और वर्तमान विधायक प्रताप सरनाईक गठन से लेकर अब तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। शिवसेना के विभाजन के बाद प्रताप सरनाईक ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का साथ दिया और इस बार शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में फिर से चुनावी मैदान में है। इस बार उनका मुकाबला शिवसेना यूबीटी के नरेश मनेरा और मनसे के संदीप पाचंगे से होगा। अब देखना यह है कि ओवडा माझीवडा के पांच लाख पैंतालीस हजार से अधिक मतदाता अपना पैटर्न बरकरार रखेंगे या किसी नए प्रतिनिधि को चुनेगे। अंकिता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश भर के विभिन्न रेलवे स्टेशन पर 18 प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों का शुभारंभ किया। उन्होंने बिहार के दरभंगा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अन्य विकासात्मक परियोजनाओं के साथ इन केंद्रों का उद्घाटन किया। ये केंद्र यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन पर सस्ती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
ये 18 जन औषधि केंद्र बिहार के समस्तीपुर स्टेशन, उत्तर प्रदेश के ललितपुर, बादशाहनगर तथा बरेली शहर, त्रिपुरा के अगरतला, राजस्थान के दुर्गापुर, बाड़मेर तथा फालना, तमिलनाडु के नागरकोइल जंक्शन और तंजावुर में शुरू होंगे। वहीं, तेलंगाना के काचीगुडा, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, कर्नाटक के दावणगेरे, गुजरात के चांदलोदिया, राजकोट तथा वापी, पश्चिम बंगाल में नेताजी और मध्य प्रदेश में कटनी में जन औषधि केंद्रों की शुरुआत होगी। इस वर्ष मार्च में 50 प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों की शुरूआत की जा चुकी है।
हमारी सरकार देश की सेवा के लिए, लोगों के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। सेवा की इसी भावना से यहां विकास से जुड़े बारह हजार करोड रुपये का अलग–अलग प्रदेश का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।
*******
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने आज छह मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति रद्द कर दी। इसके साथ ही न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश संसदीय सचिव (नियुक्ति, वेतन, भत्ता, शक्तियां, विशेषाधिकार और संशोधन) अधिनियम, 2006 को भी निरस्त कर दिया। ये नियुक्तियां इस अधिनियम के अंतर्गत की गईं थीं। न्यायमूर्ति विवेक ठाकुर और बी सी नेगी की खंडपीठ ने यह भी निर्देश दिया कि मुख्य संसदीय सचिवों को दी गईं सभी सुविधाएं और विशेषाधिकार तत्काल प्रभाव से वापस ले लिए जाएं। राज्य सरकार ने पिछले वर्ष जनवरी में छह मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति की थी। सरकार इस फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देगी।
*******
43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला कल से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘2047 में विकसित भारत‘ है। इस वर्ष का फोकस राज्य झारखंड है, जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य हैं।
*******
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, संस्कृति और राजनयिक मामलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत और सऊदी अरब के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने परस्पर हित के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
दोनों मंत्रियों ने भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी परिषद -एसपीसी की राजनीतिक, सुरक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक समिति की दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक की भी सह-अध्यक्षता की।
*******
ब्रिटेन की लेखिका सामंथा हार्वे ने वर्ष 2024 का बुकर पुरस्कार जीत लिया है। यह पुरस्कार उन्हें अंतरिक्ष पर आधारित उनके पहले उपन्यास ऑर्बिटल के लिए दिया गया। ऑर्बिटल, अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्रियों के दल की कहानी है जो दुनिया को एक अलग दृष्टिकोण से दर्शाती है। यह ब्रिटेन में सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तक है। उनका नाम कल शाम लंदन के ओल्ड बिलिंग्सगेट में एक समारोह में घोषित किया गया। सामंथा हार्वे 2019 के बाद यह पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला हैं। उन्हें इसके लिए 50 हजार पाउंड मिलेंगे। लेखिका ने यह पुरस्कार पृथ्वी और शांति के लिए काम करने वाले सभी लोगों को समर्पित किया।
*******
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने कहा कि सरकार गेमिंग, एनीमेशन और मनोरंजन क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस दिशा में राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र के रूप में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी की स्थापना की है।
हैदराबाद में इंडिया गेम डेवलपर कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन दिवस पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत काम करेगा, जिसमें 52 प्रतिशत फिक्की तथा सीआईआई और 48 प्रतिशत भारत सरकार की हिस्सेदारी होगी।
*******
सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि कार्यपालिका, व्यक्तियों की संपत्तियों को ध्वस्त करके उनके अपराध का निर्धारण करने में न्यायपालिका के रूप में काम नहीं कर सकती। आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ “बुलडोजर कार्रवाई” को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर एक महत्वपूर्ण फैसले में, न्यायालय ने कहा है कि उचित प्राधिकार के बिना किसी भी संपत्ति के विध्वंस को मनमाना समझा जाएगा।
*******
सेंचुरियन में मेजबान दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच तीसरा ट्वेंटी-ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच जारी है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 5 ओवर में 1 विकेट पर 60 रन बना लिए हैं।
चार मैच की श्रृंखला में अभी दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है।
*******
पी वी सिंधू जापान कुमामोतो मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। अगले दौर में कल सिंधू का सामना कनाडा की मिचेल ली से होगा। मिचेल के खिलाफ सिंधू ने अबतक 10 मैच जीते हैं जबकि 4 में उन्हें हार का सामना करना पडा। उधर, लक्ष्य सेन पुरूष सिंगल्स के पहले ही दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गये हैं।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लगभग 66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर भी मतदान हुआ।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- सरकार देश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है।
- हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने छह मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति रद्द की।
- 43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला कल से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा।
- बिट्रिश साहित्यकार सामंथा हारवे ने वर्ष 2024 का बुकर पुरस्कार जीता।
- और क्रिकेट में, दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन में तीसरे टी-ट्वेंटी मैच में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
*******