Download
Mobile App

android apple
signal

November 10, 2024 3:42 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार तेज, सभी दलों के प्रमुख नेता रैलियों और रोड शो में जुटे, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भाजपा ने सदैव जन-जातीय लोगों के हितों और कल्‍याण का ध्‍यान रखा है।
  • महाराष्‍ट्र में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने मुम्‍बई में पार्टी का संकल्‍प पत्र जारी किया, कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने महा विकास अघाडी गठबंधन का घोषणा पत्र जारी किया।
  • जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर के जबरवॉ के जंगलों और बारामूला जिले के सोपोर में दो आतंकरोधी अभियान जारी।
  • कनाडा पुलिस ने ब्रेम्‍पटन में हिन्‍दू मंदिर पर पिछले रविवार को हुये हमले के संबंध में एक और व्‍यक्ति को गिरफ्तार किया।
  • रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने उत्‍तर कोरिया के साथ समग्र रणनीतिक साझेदारी की संधि पर हस्‍ताक्षर किये।
  • ऑस्‍ट्रेलिया के सिडनी में न्‍यू साउथ वेल्‍स ओपन स्‍क्‍वॉश चैंपियनशिप में भारत की अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीता।

*****

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार जोरों पर है। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज गढ़वा में जनसभा को संबोधित करेंगे श्री मोदी रांची में एक रोड शो भी करेंगे। झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता हेमंत सोरेन भवनाथपुर, तमाड़ और खिजरी में सभाओं को संबोधित करेंगे। राष्‍ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव चतरा के हंटरगंज में रैली करेंगे।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भाजपा ने हमेशा आदिवासी हितों और कल्याण पर ध्यान रखा है। उन्‍हाने कहा कि भाजपा के लिए आदिवासी भाई-बहनों की आकांक्षाएं और स्वाभिमान हमेशा सर्वोपरि रहे हैं। झारखंड के बोकारो में चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र में विजय संकल्प अभियान को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्ष में भाजपा सरकार ने राज्‍य को तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक दिए हैं, जो कांग्रेस से चार गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि हमने झारखंड बनाया है, इसलिए इसका विकास भी हम ही करेंगे।

 

भाजपा एनडीए सरकार बनाने का जब आपने निर्णय कर ही लिया है। मैं जहां-जहां गया हूं ऐसा ही जनसैलाब देखा है। हवा का रुख साफ है और मैं आपको वादा करता हूं सरकार बनने के बाद इन भ्रष्टाचारियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, इसलिए अदालत में हम पूरी लड़ाई लड़ेंगे।

 

झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार की आलोचना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि सोरेन सरकार ने झारखंड को लूटने का काम किया है जबकि हम शिक्षा, आवास, रोजगार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्‍य में हमारी सरकार बनी तो हम भ्रष्टाचारियों को सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेंगे। आपके हक का पैसा आपके ही काम आएगा।

*****

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। रांची में एक जनसभा में श्री सोरेन ने कहा कि जनता सभी गतिविधियों पर नज़र रख रही है और वह चुनावों में भाजपा को करारा जवाब देगी। हेमंत सोरेन के आरोपों का खंडन करते हुए झारखंड भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी अपना काम कर रही है। श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है।

 

कांग्रेस, राष्‍ट्रीय जनता दल, आल झारखंड स्‍टूडेंट यूनियन और वामपंथी दलों के नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियां कर रहे हैं।

 

राज्‍य की 81 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए इस महीने की 13 और 20 तारीख को दो चरणों में मतदान होगा और 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।

*****

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह आज महाराष्ट्र के जलगांव, बुलढाना और अमरावती में रैलियों को भी संबोधित करेंगे।

 

झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में 13 और दूसरे चरण में 20 नवम्‍बर को वोट डाले जाएंगे। महाराष्‍ट्र की दो सौ 88 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को मतदान होगा। दोनों राज्‍यों में मतगणना 23 नवम्‍बर को होगी।

*****

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव के लिए आज मुंबई में पार्टी का घोषणा पत्र-संकल्‍प पत्र जारी किया। श्री शाह ने कहा कि भाजपा का संकल्‍प पत्र राज्‍य के लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।

 

एनडीए की जो सरकार महायुति की सरकार चल रही है, उसने किसानों का सम्‍मान करने की बात की है। गरीबों का कल्‍याण करने को जमीन पर उतारने का काम किया है। महिलाओं का स्‍वाभिमान बढाने के लिए हम योजनाएं लेकर आए हैं और विरासतों का पुर्नोथान करने का काम भी महायुति सरकार ने किया है।

 

हमारी संवाददाता ने बताया कि घोषणा पत्र में भाजपा ने सिंचाई परियोजनाओं, नदी जल वितरण और राज्‍य को सूखा मुक्‍त बनाने के लिए मॉनसून के दौरान अतिरिक्‍त जल के इस्‍तेमाल के वायदे किए हैं।

 

केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने आज मुंबई में आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के ‘संकल्प पत्र’ या घोषणापत्र का विमोचन किया। इस घोषणापत्र में भाजपा ने लाड़की बहिन योजना के अंतर्गत मासिक सहायता 1,500 से बढ़ाकर 2,100 करने, वृद्धा पेंशन में बढ़ोतरी, 10 लाख छात्रों के लिए 10 हजार का मानदेय और नवीकरणीय ऊर्जा बिजली बिल में 30 प्रतिशत की कटौती का वायदा किया है। घोषणापत्र में भाजपा ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार के अवसर तैयार करने, कृषि के लिए सूर्य ऊर्जा का उपयोग और सिंचाई परियोजनाओं, नदियों के मार्ग परिवर्तन और वर्षा जल के पुनर्निर्देशन से महाराष्ट्र को सूखे की समस्‍या से बचाने का भी वादा किया गया है। दूसरी ओर, विपक्षी महा विकास आघाड़ी गठबंधन ने भी मुंबई में अपना घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एनसीपी एसपी नेता सुप्रिया सुले, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और एमवीए गठबंधन के अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में घोषणा पत्र जारी किया। एमवीए ने महिलाओं के लिए 3 हजार रुपये प्रति माह, बेरोजगार शिक्षित युवाओं के लिए 4 हजार रुपये प्रति माह तक की मासिक सहायता, किसानों के लिए 3 लाख रुपये तक की कर्ज माफी और राज्य सरकार में ढाई लाख पदों पर भर्ती का वादा किया है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

*****

महाराष्‍ट्र में कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज महा विकास अघाड़ी का घोषणा पत्र जारी करते हुये कहा-

 

यह जो चुनाव है, यह देश का भविष्य बदलने वाला चुनाव है अगर महाराष्ट्र में अब की गवर्नमेंट को अगर हम हटाएंगे और महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के सरकार को लाएंगे तभी यहां पर एक स्‍टेबल, अच्छी गवर्नमेंट अच्छा गवर्नेस हम दे पाएंगे।

*****

जम्‍मू कश्‍मीर के बारामूला जिले के सोपोर और श्रीनगर जिले के जबरवां वन क्षेत्र में सुरक्षाबल आतंकरोधी अभियान चला रहे हैं।

 

कश्‍मीर मंडल के पुलिस प्रवक्‍ता ने बताया कि श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके के जबरवां वन क्षेत्र में आज सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। फिलहाल अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

सेना की चिनार कोट के प्रवक्‍ता ने बताया कि बारामूला जिले के राजपुरा-सोपोर इलाके में कल एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया। क्षेत्र में अभी तलाशी अभियान जारी है। विस्‍तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

*****

कनाडा पुलिस ने ब्रेम्‍पटन में एक हिंदू मंदिर पर हमले के मामले में एक और व्‍यक्ति को गिरफ्तार किया है। ब्रेम्‍पटन के गोरे रोड पर तीन नवम्‍बर को एक हिंदू मंदिर पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी। हमारी संवाददाता ने बताया है कि घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था।

 

यह घटना अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर चर्चित हो गई। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इसे भारतीय राजनयिकों को डरा-धमका कर जानबूझकर किया गया कायराना प्रयास बताया था। उन्‍होंने कनाडा में भारतीय समुदाय के साथ एकजुटता व्‍यक्‍त करते हुए कनाडा सरकार से न्‍याय और कानून का शासन बनाए रखने का अनुरोध किया था। टोरंटो में भारतीय महावाणिज्‍य दूतावास में सुरक्षा कारणों से कई शिविरों को रद्द कर दिया है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

*****

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने कोरिया के साथ समग्र रणनीतिक भागीदारी की एक संधि पर  हस्‍ताक्षर किए हैं।

 

संधि की प्रस्‍तावना के अनुसार यह दोनों देशों के हितों के अनुरूप क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता स्‍थापित करने के लिए है। संधि में कहा गया है कि रूस और उत्‍तर कोरिया संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, अंदरूनी मामले में हस्‍तक्षेप नहीं करने की प्रतिबद्धता, समानता तथा अंतर्राष्‍ट्रीय नीति के अन्‍य सिद्धांतों का सम्‍मान करते हैं और अन्‍य देशों के साथ मित्रता और सहयोगपूर्ण संबंधों का समर्थन करते हैं।

*****

कतर ने इजराइल और हमास के बीच मध्यस्थता से हटने की घोषणा की है। पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए यह एक बड़ा झटका है। कतर ने कहा है कि दोनों पक्ष पूर्ण विश्वास के साथ बातचीत नहीं कर रहे हैं।

*****

मॉरीशस में आज संसदीय चुनाव हो रहे हैं। भारतीय समयानुसार सुबह साढे आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम साढे सात बजे समाप्‍त होगा। मौजूदा प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनॉथ के गठबंधन लेपेप ने  प्रचार के दौरान देश में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, पेंशन तथा आवश्यक वस्तुओं पर मूल्य वर्धित कर, कम करने का वायदा किया है।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज विशेष अभियान के चौथे संस्‍करण की सराहना की। विशेष अभियान के फलस्‍वरूप सरकारी खजाने को वर्ष 2021 के बाद से कचरा बेचने से दो हजार 364 करोड़ रूपए के राजस्‍व समेत महत्‍वपूर्ण उपलब्धियों प्राप्त हुई है।

 

श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि अभियान की सफलता दर्शाती है कि सामूहिक प्रयासों से ठोस परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

*****

ब‍िजली मंत्री मनोहर लाल ने आज नई दिल्‍ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल रैली को रवाना किया। इस अवसर पर उन्‍होंने वाहन सेवा कार्यक्रम का भी उद्घाटन किया। उन्‍होंने कहा कि ई.वी. सेवा कार्यक्रम एक नेक पहल है जिसकी दिल्‍ली में आवश्‍यकता थी।

 

श्री मनोहर लाल ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियाँ, निर्माण कार्य और परिवहन मुख्‍य तौर पर प्रदूषण के लिए जिम्‍मेदार है। उन्‍होंने कहा कि सभी क्षेत्रों को प्रदूषण कम करने के प्रयास करने चाहिए।

 

पॉल्यूशन जो है वो सामान्‍यत: इंडस्ट्री से पैदा होता है कंस्ट्रक्शन वर्क से पैदा होता है ट्रांसपोर्ट से भी होता है तो हर एक सेक्टर को प्रदूषण को कम करने के लिए अपने प्रयास  करने चाहिए। उसके अंदर ईवी का यानी इलेक्ट्रिक व्हीकल है अपना एक योगदान है जो डीजल से पेट्रोल से चलने वाले वाहन है तो ईवी में अगर परिवर्तित होते है तो इसका बहुत बड़ा लाभ होता है।

*****

दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता लगातार बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज दोपहर दिल्ली में वायु गुणवत्‍ता सूचकांक- एक्यूआई 333 दर्ज किया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिल्‍ली सरकार के कई प्रयासों के बावजूद प्रदूषण स्‍तर में वृद्धि हो रही है।

 

प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों द्वारा जल छिड़काव, मशीनों से सड़कों की सफाई और धुंध को हटाने जैसे कई उपायों के बावजूद, शहर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में श्वसन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अमित सूरी ने प्रदूषण संबंधी बीमारियों से बचने के लिए नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

अनावश्‍यक बाहर न निकलें, एन-95 मास्‍क का प्रयोग जरूर करिए दूसरा सूर्योदय से पहले और सूर्यास्‍त के बाद बाहर ना निकले और कोई एक्‍सरसाइज वगैरह ना करे।    इस मौसम में क्योंकि इस टाइम फ्यूम होता है सबसे ज्यादा पाया जाता है। घर की खिड़की दरवाजे बिल्कुल नहीं खोले। एयर प्‍यूरिफायर का यूज करिए। सार्वजनिक परिवहन का यूज करिए। जिन लोगों को सांस की बीमारी है उनको टाइमली अपना वैक्सीनेशन करना बहुत जरूरी है।

 

इसी बीच, मौसम विभाग ने भी अगले 2-3 दिनों के दौरान दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में रात और सुबह के समय धुंध की भविष्यवाणी की है। रहीसुद्दीन रिहान के साथ भानु प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में न्‍यू साउथ वेल्‍स ओपन स्क्वॉश प्रतियोगिता में भारत की अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीत लिया है। फाइनल में अनाहत ने हांगकांग की हेलेन टैंग को 3-1 से हरा दिया। अनाहत ने टैंग को 8-11, 11-6, 11-3 और 11-4 से हराकर अपने करियर का सातवां पीएसए चैलेंजर टूर खिताब जीत लिया। टेबल टेनिस में भारत की सिंड्रेला दास ने इटली के लिग्नानो सब्बियाडोरो में डब्ल्यू.टी.टी. यूथ कंटेंडर में अंडर 15 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। उन्होंने कल रात फाइनल में भारत की दिव्यांशी भौमिक को 3-2 से हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में, सिंड्रेला ने एक अन्य भारतीय हंसिनी मथन को 3-2 से हराया था। इस बीच, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी-ट्वेंटी क्रिकेट श्रृ़ंखला का दूसरा मैच आज शाम गकेबरहा में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार रात साढे़ आठ बजे शुरू होगा। शुक्रवार को पहले मैच में भारत ने मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 61 रन से हरा दिया था। श्रृंखला का तीसरा मैच बुधवार को सैंचुरियन और चौथा मैच शु्क्रवार को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।

*****

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 73वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर चैम्पियनशिप 2024-25 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने खेल के माध्यम से देश का गौरव बढाने वाले पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार तेज, सभी दलों के प्रमुख नेता रैलियों और रोड शो में जुटे, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भाजपा ने सदैव जन-जातीय लोगों के हितों और कल्‍याण का ध्‍यान रखा है।
  • महाराष्‍ट्र में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने मुम्‍बई में पार्टी का संकल्‍प पत्र जारी किया, कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने महा विकास अघाडी गठबंधन का घोषणा पत्र जारी किया।
  • जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर के जबरवां के जंगलों और बारामूला जिले के सोपोर में दो आतंकरोधी अभियान जारी।
  • कनाडा पुलिस ने ब्रेम्‍पटन में हिन्‍दू मंदिर पर पिछले रविवार को हुये हमले के संबंध में एक और व्‍यक्ति को गिरफ्तार किया।
  • रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने उत्‍तर कोरिया के साथ समग्र रणनीतिक साझेदारी की संधि पर हस्‍ताक्षर किये।
  • ऑस्‍ट्रेलिया के सिडनी में न्‍यू साउथ वेल्‍स ओपन स्‍क्‍वॉश चैंपियनशिप में भारत की अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीता।

*****