Download
Mobile App

android apple
signal

November 9, 2024 3:30 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाराष्ट्र के अकोला में एक चुनावी रैली में कहा- उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में लाखों करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं। इनमें महाराष्ट्र के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं।

  • उत्तराखंड आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। राज्‍य का रजत जयंती वर्ष शुरू होने पर प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

  • पूर्व मध्य रेलवे छठ पूजा के बाद यात्रियों की वापसी के लिए अगले 15 दिनों में 446 विशेष ट्रेनें संचालित करेगा।

  • पाकिस्तान में बलूचिस्तान के क्वेटा रेलवे स्टेशन पर हुए विस्फोट में 24 लोगों की मौत और 40 से अधिक घायल ।

  • भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने ओमान में एफ आई एच 2024 में प्लेयर ऑफ द ईयर और पी आर श्रीजेश ने गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार जीता।

————

महाराष्‍ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के अकोला में एक चुनावी रैली में कहा कि तीसरे कार्यकाल में उनकी सरकार ने लाखों करोड़ों रुपये की लागत से कई विकास परियोजनाएं शुरू की हैं, जिसमें महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं।

 

मैंने अभी कुछ ही समय पहले जिस वाधवन पोर्ट की आधारशिला रखी है, अकेले उसकी लागत ही करीब-करीब 80 हजार करोड़ रुपए है और महाराष्‍ट्र में बनने वाला ये पोर्ट हिन्‍दुस्‍तान का सबसे बड़ा पोर्ट बनने वाला है। आज हिन्‍दुस्‍तान के सभी बंदरगाह की कुल ताकत जो है उससे डबल ताकत अकेले ये महाराष्‍ट्र में वाधवन में बनने वाले नए बंदरगाह की होने वाली है।

 

श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमरावती में वस्त्र पार्क की आधारशिला रखकर कपास का उत्पादन करने वाले किसानों के लिए बुनियादी ढांचे और उद्योग को बढ़ावा दिया है। उन्‍होंने कहा कि वस्त्र पार्क, कपास का उत्पादन करने वाले किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। श्री मोदी ने कहा कि 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को वय-वंदना आयुष्‍मान कार्ड मिलने शुरू हो गये हैं।

 

70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को वय वंदना आयुष्‍मान कार्ड मिलने शुरू हो गए है। सबका साथ सबका विकास की भावना के साथ ही इस योजना का लाभ हर वर्ग, हर समाज और धर्म के बुजुर्गों को मिलेगा।

 

श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है जिससे महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

———-

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अमरावती और नागपुर (उत्‍तर) विधानसभा क्षेत्रों में दो रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वे नागपुर में दीक्षा भूमि गये और उन्‍होंने डॉ0 बाबा साहेब आम्‍बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिवसेना-(उद्धव बाल ठाकरे) पार्टी नेता उद्धव ठाकरे ने व्‍यापार और उद्योग को महाराष्‍ट्र से गुजरात स्‍थानांतरित करने के लिए सत्‍तारूढ़ महायुति सरकार की आलोचना की। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार ने हिंगोली में एक जनसभा की और उनका पारली तथा बीड के अष्‍ठी में भी रैलियां करने का कार्यक्रम है।

————-

निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल की श्रृंखला में, आज एक नजर महाराष्ट्र की मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा क्षेत्र की बांद्रा पश्चिम विधानसभा सीट पर……

 

2009 में हुए विधानसभा चुनाव में बाबा सिद्दीकी, कांग्रेस के टिकट पर इस क्षेत्र से चुनकर आये थे। हालांकि उसके बाद के दोनों चुनाव में भाजपा के आशीष शेलार ने इस क्षेत्र से बाज़ी मारी है। इस बार भी आशीष शेलार का सामना कांग्रेस उम्मीदवार आसिफ अहमद जकारिया से होगा। इस क्षेत्र में आसिफ़ ज़कारिया को एक ईमानदार और सुलभ नेता के रूप में देखा जाता है, हालांकि आशीष शेलार को गौठानों के पुनर्विकास, खुले स्थानों, उद्यानों और यातायात की स्थिति में सुधार करके बांद्रा की खोई हुई महिमा को वापस लाने का श्रेय दिया जाता है। इस क्षेत्र में मतदाताओं की उदासीनता मुख्य चिंताओं में से एक है क्योंकि 2019 के चुनावों में इस सीट पर सिर्फ 44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। निशा रानी, आकाशवाणी समाचार, मुंबई

———–

 झारखंड में भाजपा नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने छतरपुर में एक जनसभा में कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने युवाओं से चुनाव के दौरान बेरोजगारी भत्‍ता देने का अपना वादा पूरा नहीं किया है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर हर साल एक लाख रोजगार सृजित होंगे और करीब तीन लाख रिक्‍त पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जायेगा। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान को मजाक बना दिया है।

 

कांग्रेस पार्टी संविधान को मजाक बनाकर रखती है और नरेन्‍द्र मोदी जी ने 26 नवंबर को संविधान दिन मनाने का निर्णय लिया है, जो बाबासाहेब अंबेडकर को एक प्रकार से श्रद्धांजलि है। 

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी धनबाद जिले में बागमारा और जमशेदपुर में सभाएं करेंगे। झारखंड मुक्तिमोर्चा के वरिष्‍ठ नेता और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन  ने एक जनसभा में भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की।

 

यहां के आदिवासी दलित, पिछड़ों के लिए नहीं, बल्कि यहां की खनिज सम्‍पदाओं के लिए, यहां के जंगल, जमीन पर कब्‍जा करने के लिए और अपने व्‍यापारी साथियों को लुटाने के लिए इनकी ये नजर है।

 

झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में 13 और दूसरे चरण में 20 नवम्‍बर को वोट डाले जाएंगे। महाराष्‍ट्र की दो सौ 88 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को मतदान होगा। दोनों राज्‍यों में मतगणना 23 नवम्‍बर को होगी।

————

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नजदीकी और निजी सचिव सुनील श्रीवास्तव के आवास पर आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है। रांची और जमशेदपुर के नौ अलग-अलग स्‍थानों पर जांच की जा रही है।

————

उत्तराखंड आज अपना 24वां स्थापना दिवस मना रहा है। इसके साथ ही उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष का शुभारम्भ हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनांए दी हैं।

 

प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश में उत्तराखण्ड के विकास के लिए अगले पच्चीस साल के रोडमैप बनाने पर जोर दिया। श्री मोदी ने उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से भी चार आग्रह किये।

 

मैं आज पर्यटकों से चार आग्रह करूगां। पहला आग्रह है जब भी आप हिमालय की गोद में पहाड़ों पर घूमने जाएं स्‍वच्‍छता को सर्वोपरि रखे। सिंगल यूज प्‍लास्टिक का यूज न करें। दूसरा आग्रह है – वोकल फॉर लोकल के मंत्रों को वहां भी याद रखें। स्‍थानीय लोगों के द्वारा उत्‍पादित किए गए प्रोडक्‍ट खरीदने में खर्च करे। तीसरा आग्रह है-पहाड़ पर जाएं। वहां ट्रेफिक नियमों का जरूर ध्‍यान रखें। मेरा चौथा आग्रह है-धार्मिक स्‍थलों के रीति-रिवाजों, वहां के नियम यात्रा से पहले जरूर पता कर लें। वहां की मर्यादा का जरूर ध्‍यान रखें।

 

उत्तराखण्ड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

————

केंद्र सरकार ने आज कहा कि पंजाब की मंडियों में एक सौ 26 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान पहुंच चुका है। इसमें से एक सौ 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद राज्य एजेंसियों और भारतीय खाद्य निगम द्वारा की गई है।पंजाब में धान की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू हुई। केंद्र सरकार ने चालू विपणन सत्र में एक सौ 85 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया है।

———–

सरकार ने हज यात्रा को सुगम बनाने के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे में महत्‍वपूर्ण सुधार कर कई कदम उठाए हैं। इन कदमों के माध्‍यम से महिलाओं की समानता को बढ़ावा दिया गया है, जिससे कि अधिक महिलाएं स्‍वतंत्र रूप से हज यात्रा पर जा सकती हैं। विशेषकर कम आय वाले लोगों के लिए हज यात्रा को सुगम बनाने के प्रावधान किये गए हैं। महिलाओं के लिए सुगम्यता को बेहतर बनाने के वास्ते हज यात्री सहायता कार्यक्रम शुरू किये गए हैं।

———–

पूर्वी मध्‍य रेलवे छठ पूजा के बाद बिहार से वापस आने वाले यात्रियों के लिए कल से अगले पन्‍द्रह दिन के दौरान 446 विशेष रेलगाडियों का संचालन करेगा। आकाशवाणी के साथ बातचीत में रेलवे के मुख्‍य जनसम्‍पर्क अधिकारी सरस्‍वती चन्‍द्र ने बताया कि इस वर्ष यात्रियों की बढ़ती संख्‍या को देखते हुए पिछले वर्ष की तुलना में 70 से अधिक अतिरिक्‍त रेलगाडियां चलाई जा रही हैं। 

 

श्री चन्‍द्र ने कहा कि भीड़ के सुगम प्रबंधन के लिए पटना, दानापुर, राजेन्‍द्रनगर समस्‍तीपुर और अन्‍य प्रमुख स्‍टेशनों पर विशेष व्‍यवस्‍थाएं की गई हैं।

————

उत्‍तरप्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी जिससे 5 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए हैं। बस मथुरा से लखनऊ जा रही थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

———–

भारतीय सड़क कांग्रेस का 83वां वार्षिक अधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित किया जा रहा है। एक रिपोर्ट – 

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कल उद्घाटन समारोह के दौरान सड़क निर्माण और सुरक्षा पर तीन नए दिशानिर्देश और एक मैनुअल जारी किया। चार दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन के दौरान कई तकनीकी सत्र आयोजित किये जा रहे हैं।  भारतीय सड़क कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के सडक निर्माण से संबंधित कोड, नियमावली और भारतीय मानक तैयार करना है।विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर

———-

आज देश भर में राष्‍ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जा रहा है। लोगों में कानूनी जागरूकता लाने और सभी नागरिकों विशेषकर हाशिये पर रह रहे समुदायों के लोगों के लिए न्‍याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह दिन मनाया जाता है।

———–

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी और करईकल में आज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 12 नवंबर तक तेज वर्षा जारी रहेगी। केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, और रायलसीमा में भी अगले चार से पांच दिनों के दौरान मूसलाधार वर्षा होने की संभवना है। बंगाल की खाडी, तटीय श्रीलंका के उत्‍तर और आस-पास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों के दौरान तूफान आने के आसार हैं। मछुआरों को इन क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।  

————

दिल्‍ली एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्‍ता बेहद खराब बनी हुई है। आज सुबह राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक तीन सौ 61 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्‍ली और आस-पास के क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान रात और सुबह के सयम धुंध  और हल्‍का कोहरा छाए रहने की आशंका व्‍यक्‍त की है।

————

पाकिस्‍तान के बलूचिस्‍तान में क्‍वेटा रेलवे स्‍टेशन के निकट एक विस्‍फोट में 24 लोगों के मारे जाने और चालीस से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। विस्‍फोट के समय एक रेलगाड़ी प्‍लेटफॉर्म से पेशावर के लिए रवाना होने वाली थी। पुलिस और बचाव दल घटनास्‍थल पर पहुंच गये हैं।

————-

खेल खबरों के साथ शशांक कुमार–

 

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को एफ.आई.एच. प्लेयर ऑफ द ईयर और पी.आर. श्रीजेश को गोलकीपर ऑफ द ईयर खिताब दिया गया है। दोनों को कल ओमान में एफ.आई.एच. वैधानिक कांग्रेस के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हरमनप्रीत को 63 प्रतिशत से अधिक और श्रीजेश को 62 प्रतिशत से अधिक वोट मिले। इस बीच कोरिया मास्‍टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरूष सिंगल्‍स सेमीफाइनल में किरण जॉर्ज को थाईलैण्‍ड के कुन्‍लावुत वितिदसार्न से हार का सामना करना पड़ा है। किरण ने प्रतियोगिता में कई शीर्ष खिलाडियों को हराकर उलट फेर किया था।

———–

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि शिक्षा में निवेश समाज की सेवा करने का सबसे प्रभावशाली तरीका है। उन्होंने कहा कि इससे मानव संसाधन समृद्ध होने के साथ हमारे वर्तमान और भविष्य सुरक्षित रहते हैं। आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के चौथे दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए श्री धनखड़ ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा देश की समृद्ध और सदियों पुरानी विरासत को फिर से खोजने की शक्ति देती है।

————-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाराष्ट्र के अकोला में एक चुनावी रैली में कहा- उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में लाखों करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं। इनमें महाराष्ट्र के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी शामिल हैं।

  • उत्तराखंड आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। राज्‍य का रजत जयंती वर्ष शुरू होने पर प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने नागरिकों को शुभकामनाएं दीं हैं।

  • पूर्व मध्य रेलवे छठ पूजा के बाद यात्रियों की वापसी के लिए अगले 15 दिनों में 446 विशेष ट्रेनें संचालित करेगा।

  • पाकिस्तान में बलूचिस्तान के क्वेटा रेलवे स्टेशन पर हुए विस्फोट में 24 लोगों की मौत और 40 से अधिक घायल ।

  • भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने ओमान में एफ आई एच 2024 प्लेयर ऑफ द ईयर और पी आर श्रीजेश ने गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार जीता।

————-