Download
Mobile App

android apple
signal

November 7, 2024 3:17 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा–सरकार जल्द ही राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति और रणनीति पेश करेगी, देश में आतंकवाद से लड़ने के लिए मजबूत व्‍यवस्‍था बनाए जाने का दावा किया।
  • वन रैंक वन पेंशन योजना के दस वर्ष पूरे, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा–ओआरओपी अपने सैनिकों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता प्रकट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
  • केंद्र ने पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माना दोगुना किया।
  • त्योहार मनाकर लौट रहे यात्रियों के लिए रेलवे कल से 164 विशेष रेलगाडियां चलाएगा।
  • ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया का उपयोग प्रतिबंधित करने की घोषणा की।
  • और, किरण जॉर्ज कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

—————————————–

 

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज कहा कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सरकार जल्दी ही आतंकरोधी नीति और रणनीति लेकर आएगी। नई दिल्ली में आतंकरोधी सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सरकार बनने के बाद पिछले दस वर्षों में आतंकवाद के खिलाफ कडा रवैया अपनाया गया है। दो दिन के इस सम्‍मेलन को राष्‍ट्रीय अभिकरण अन्‍वेषण -एनआईए ने आयोजित किया है। श्री शाह ने कहा कि आतंकवाद को कत्तई बर्दाश्‍त न करने के श्री मोदी के आह्वान की दुनियाभर में सराहना हुई है। श्री शाह ने कहा कि 2006 से 2013 की अवधि की तुलना में 2014 से 2021 की अवधि में आतंकी घटनाओं में 70 प्रतिशत की कमी आई है।

 

10 साल के अंदर आतंकवाद के खिलाफ एक ठोस रणनीति लेकर भारत सरकार चल रही है। मोदी जी का एक घोष वाक्‍य zero tolerance against terrorism ये न केवल भारत समग्र विश्‍व ने आज स्‍वीकार किया है। भारत के अंदर terrorism के खिलाफ लड़ने की एक मजबूत इकोसिस्‍टम खड़ी है। 10 साल के काम का हम अवलोकन करें, तो संतोषजनक चित्र हमारे सामने खड़ा हुआ है।

 

गृह मंत्री ने कहा कि आतंकवादी हमले और देश के खिलाफ आतंकवादियों की साजिश अदृश्‍य ढंग से रची जाती है। उन्‍होंने कहा कि युवा अधिकारियों को नवीनतम प्रौद्योगिकी वाला विशेष प्रशिक्षण दिया जाने की जरूरत है। गृह मंत्री ने कहा कि तीन नए आपराधिक कानून दुनियाभर में सर्वाधिक आधुनिक और तकनीकी दृष्टि से उन्‍नत कानून है। उन्‍होंने कहा कि हाल के समय में सुरक्षा से संबंधित कई कानूनों में परिवर्तन किया गया है। अपने भाषण में श्री शाह ने आजादी के बाद देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और सीमा सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले 36 हजार 468 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

 

—————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि वन रैंक वन पेंशन-ओआरओपी को लागू करने का निर्णय लंबे समय से चली आ रही मांग और अपने सैनिकों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता प्रकट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के आज 10 साल पूरे होने पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि यह पहल उन योद्धाओं और भूतपूर्व सैनिकों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि है, जो राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना जीवन न्‍यौछावर करते हैं।

 

केंद्र की वन रैंक वन पेंशन-ओआरओपी योजना पूर्व सैनिकों के लिए उचित और समान पेंशन  सुनिश्चित करने के लिए सरकार की परिवर्तनकारी योजना है। इस योजना में समान रैंक और समान सेवा अवधि के साथ सेवानिवृत्त होने वाले सैनिकों को समान पेंशन मिलती है, चाहे इनकी सेवानिवृत्ति की तारीख कोई भी हो।

 

—————————————–

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में केंद्रशासित प्रदेश का विशेष दर्जा और संवैधानिक गारंटी बहाल किए जाने का प्रस्‍ताव पारित किए जाने के बाद विपक्ष के शोर-शराबे के कारण आज दिनभर के लिए विधानसभा की कार्यवाही स्‍थागित कर दी गई। उप-मुख्‍यमंत्री और नेशनल काफ्रेंस के नेता सुरेंद्र कुमार चौधरी द्वारा प्रस्‍तुत प्रस्‍ताव को कल ध्‍वनिमत से पारित कर दिया गया था। आज जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के नेतृत्‍व में प्रस्‍ताव का विरोध किया और उसे असंवैधानिक बताया। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी के बीच अध्‍यक्ष ने शुरू में 15 मिनट के लिए कार्यवाही स्‍थगित की। हंगामा जारी रहने पर सदन को दिनभर के लिए स्‍थगित कर दिया गया।

 

—————————————–

 

महाराष्‍ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए विभिन्‍न दलों के नेताओं और उम्‍मीदवारों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। एक रिपोर्ट –

 

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना (यूबीटी) का घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में, शिवसेना (यूबीटी) ने धारावी के निवासियों से धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए मौजूदा निविदा को रद्द करने का वादा किया है। एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने एमवीए उम्मीदवार दुनेश्वर पेठे के पक्ष में पूर्वी नागपुर में चुनाव प्रचार किया। प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी अगले सात दिनों में राज्य भर में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

—————————————–

 

महाराष्‍ट्र में इस महीने की 20 तारीख को 288 सीटों पर मतदान होगा। विधानसभा चुनाव श्रृंखला में आज हम आपके लिए कोपरी-पचपाखड़ी विधानसभा सीट की जानकारी लेकर आए हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। और ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

कोपरीपाचपाखाडी विधानसभा क्षेत्र, ठाणे लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जिसमें पांच अन्य विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं। कोपरीपाचपाखाडी विधानसभा क्षेत्र 2009 में अस्तित्व में आया और उसके बाद से ही ये क्षेत्र हमेशा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ रहा है। एकनाथ शिंदे ने लगातार 2009, 2014 और 2019 में अपने विरोधियों को बड़े अंतर से हराया। पिछले चुनाव में, एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस के उम्मीदवार संजय घाडीगांवकर पर 89 हजार से ज्यादा वोटों के बडे मार्जिन से जीत हासिल की थी। शिवसेना के विभाजन के बाद, जहां एकनाथ शिंदे अपने पारंपरिक क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं, वहीं शिवसेना (यूबीटी) ने केदार दिघे को टिकट दिया है, जो ठाणे के ताकतवर नेता और मुख्यमंत्री शिंदे के राजनीतिक मार्गदर्शक दिवंगत आनंद दिघे के भतीजे हैं। आगामी चुनाव में कोपरीपाचपाखाडी के 5,45,110 मतदाता किसे अपना प्रतिनिधी चुनेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

—————————————–

 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने पराली जलाने पर जुर्माना दोगुना कर दिया है। सरकार ने कल राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में पराली जलाने से संबंधित वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के नए संशोधित नियम अधिसूचित किए। नए नियमों के तहत दो एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को अब पांच हजार रुपये जुर्माना देना होगा जो पहले ढाई हजार रुपये था। दो से पांच एकड़ जमीन वाले किसानों को दस हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति देना होगा। जिन किसानों के पास पांच एकड़ से अधिक जमीन है, उन्हें तीस हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति देनी होगी।

 

—————————————–

 

भारतीय रेलवे त्‍योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कल से एक सौ 64 विशेष रेल गाड़ियां चलाएगा। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए विशेष ट्रेनों का परिचालन जारी है।

 

भारतीय रेल द्वारा सात हजार सात सौ से अधिक गाडि़यों के परिचालन की महत्‍ती योजना तैयार की गई है। चार नवम्‍बर को सबसे अधिक रिकॉर्ड संख्‍या में हम लोगों ने स्‍पेशल ट्रेनें चलाई और कुल मिलाकर देश के विभिन्‍न हिस्‍सों से भारतीय रेल की मदद से तीन करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जो कि इस साल का अपने आप में रिकॉर्ड है। तीन करोड़ की जो संख्‍या है वो है ऑस्‍ट्रेलिया और न्‍यूजीलैंड की कुल आबादी के बराबर है। स्‍पेशल ट्रेनों के परिचालन का सिलसिला अभी चलता रहेगा। आज भी हम लोग करीब 160 स्‍पेशल रेलगाडि़यों का परिचालन कर रहे हैं और कल की डेट में हम लोग 165 विशेष रे‍लगाडि़यों का परिचालन करेंगे।

 

—————————————–

 

छठ पूजा का आज तीसरा दिन है। श्रद्धालु नदी के किनारे स्थित विभिन्न छठ घाटों पर आज शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। चार दिन के इस पर्व का समापन कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।

 

—————————————–

 

बिहार में इस पर्व के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं, जहां छठव्रती गंगा, गंडक, कोसी, बागमती, पुनपुन और अन्य नदियों के खूबसूरती से सजाए गए तटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पूरा वातावरण भक्तिमय गीतों से गूंज रहा है।

 

छठव्रती के पारंपरिक और पवित्र गीतों तथा गाजे बाजे के बीच छठ व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को सांध्य अर्घ्य अर्पित करने के लिए छठ घाटों पर पहुंचने लगे हैं। 100 से अधिक छठ घाट गंगा नदी के किनारे बनाये गये हैं। छठ घाटों पर कंट्रोल रुम स्थापित किये गये हैं और वॉच टावर के माध्यम से भीड़ पर नजर रखी जा रही है। नदियों में गश्त लगाने के लिए टीमों की तैनाती की गयी है। इसके अलावा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बोट के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान नदी घाटों पर जमे हुए हैं। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना।

 

—————————————–

 

प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार आज बिहार के पटना में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। गंगा नदी के तट पर गुलाबी घाट पर अंतिम संस्कार के समय बडी संख्‍या में लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव और अश्विनी कुमार चौबे भी उपस्थित थे।

 

—————————————–

 

ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिये सोशल मीडिया का उपयोग प्रतिबंधित करने का कानून बनाने की घोषणा की है। अगर सोशल मीडिया प्‍लेटफार्म इसे लागू करने में विफल रहते हैं तो फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे प्लेटफार्मों पर जुर्माना लगाया जाएगा। युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा पर सोशल मीडिया के प्रभाव से बढ़ती चिंताओं के बीच यह अभूतपूर्व पहल है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी पुष्टि करते हुये कहा कि सरकार का लक्ष्य इस महीने संसद में कानून पेश करना है। उन्होंने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। हालांकि, यह निर्दिष्ट नहीं है कि प्लेटफ़ॉर्म को आयु सीमा कैसे लागू करनी चाहिए।

 

—————————————–

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गोवा में स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर सवार होकर समुद्र में नौसेना के अभियानों को देख रही हैं। इसमें सतही जहाजों का संचालन, युद्ध कार्रवाई, पनडुब्बी अभ्यास, हवाई शक्ति प्रदर्शन, लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के उडान और नौसेना विमानों के फ्लाईपास्ट शामिल है। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति को डाबोलिम में नौसेना वायु स्टेशन, आईएनएस हंसा पर एक औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया।

 

—————————————–

 

भारत के किरण जॉर्ज कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने आज प्री-क्वार्टर फाइनल में ताइवान के ची यू-जेन को 21-17, 19-21, 21-17 से पराजित कर दिया।

 

—————————————–

 

मेलबर्न में, ऑस्ट्रेलिया-ए के साथ दूसरे अनौपचारिक क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन भारत-ए की टीम पहली पारी में 161 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया-ए ने दिन का खेल समाप्‍त होने तक पहली पारी में दो विकेट पर 53 रन बना लिये थे।

 

—————————————–

 

आज राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत वर्ष 2014 में सात नवंबर को हुई थी। कैंसर जागरूकता दिवस का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान और उपचार के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इस दिन पोलिश-फ़्रेंच भौतिक विज्ञानी और रसायनज्ञ मैरी क्यूरी की जयंती भी है, जिनकी रेडियम और पोलोनियम की अभूतपूर्व खोजों ने कैंसर के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

 

—————————————–

 

गोवा में 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के साथ 20 से 24 नवंबर तक फिल्म बाजार के 18वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसमें समृद्ध विविधता पेश करने वाली 208 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

 

फिल्‍म बाजार के समीक्षा कक्ष में उन फिल्मों का प्रदर्शन होगा जो पूरी तरह बन चुकी हैं या अंतिम चरण में हैं। इनमें 145 फीचर फिल्में, 23 मध्यम लंबाई वाली और 30 लघु फिल्में शामिल हैं। इससे फिल्म निर्माताओं को वैश्विक फिल्म प्रोग्रामर, वितरकों, बिक्री एजेंटों और निवेशकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। फीचर और मध्यमलंबाई वाली श्रृंखला में 12 फिल्‍में भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगमएनएफडीसी द्वारा निर्मित या सहनिर्मित हैं। एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक, पृथुल कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कहानीकारों को उनके दृष्टिकोण को दुनिया के साथ साझा करने के लिए सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि निगम अगली पीढ़ी के कलाकारों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। समाचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी।

 

—————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा–सरकार जल्द ही राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति और रणनीति पेश करेगी, देश में आतंकवाद से लड़ने के लिए मजबूत व्‍यवस्‍था बनाए जाने का दावा किया।
  • वन रैंक वन पेंशन योजना के दस वर्ष पूरे, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा–ओआरओपी अपने सैनिकों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता प्रकट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
  • केंद्र ने पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माना दोगुना किया।
  • त्योहार मनाकर लौट रहे यात्रियों के लिए रेलवे कल से 164 विशेष रेलगाडियां चलाएगा।
  • ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया का उपयोग प्रतिबंधित करने की घोषणा की।
  • और, किरण जॉर्ज कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

—————————————–

 

Most Read

View All

No posts found.