September 30, 2024 3:24 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस चार दिन की यात्रा पर भारत पहुंचे, वे कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।

     

  • सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-तीन के अंतर्गत संगठित साइबर अपराध नेटवर्क को ध्‍वस्‍त करने के लिए विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, 26 लोगों की गिरफ्तारी।

     

  • जाने माने फिल्‍म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

     

  • बिहार में, कोसी और गंडक नदी के तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी कई नए क्षेत्रों में घुसा। राहत अभियान तेज करने के लिए एनडीआरएफ की छह अतिरिक्त टीमें तैनात।

     

  • विदेशी निवेशकों द्वारा बिकवाली किए जाने और एशियाई बाजारों में कमजोर रूख के बीच आज दिन के कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट आई।

     

  • कानपुर में, भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन बांग्लादेश ने पहली पारी में 233 रन बनाये।

—–

जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्‍नेस भारत की चार दिन की यात्रा पर आज नई दिल्‍ली पहुंचे। केंद्रीय वित्‍त राज्‍यमंत्री पंकज चौधरी ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। डॉ. होल्‍नेस कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ शिष्‍टमंडल स्‍तर की वार्ता करेंगे। वे राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ भेंट करेंगे। वे कई अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्तियों तथा व्‍यापार और उद्योग जगत के प्रमुखों से भी बातचीत करेंगे। उनकी इस यात्रा के दौरान कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए जाने की आशा है जिससे भारत और जमैका के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।

—–

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर कल वाशिंग्‍टन डीसी में अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात करेंगे। उनके बीच यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया संकट सहित व्‍यापक वैश्विक तथा द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की आशा है। डॉक्‍टर जयशंकर कल वाशिंग्‍टन डीसी पहुंचे। वे राष्‍ट्रपति जो बाईडेन प्रशासन के अन्‍य वरिष्‍ठ मंत्रियों और अधिकारियों से भी मिलेंगे। इसके अलावा अमरीका में कूटनीतिक मामलों के विचार-मंच और विशेषज्ञों के साथ भी बातचीत का उनका कार्यक्रम है। 

—–

श्रीलंका सरकार ने इस वर्ष 14 नवम्‍बर को देश में होने वाले आम चुनाव के लिए आवश्‍यक खर्चों को मंजूरी दे दी है। देश के चुनाव आयुक्त समनश्री रत्नायके ने संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव के लिए 11 अरब श्रीलंकाई रुपये जारी किये गए हैं। इस बीच, श्रीलंका में आम चुनावों में डाक मतपत्रों के लिए आवेदन कल से 8 अक्टूबर तक स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्र चार से ग्‍यारह अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकते हैं।

—–

जम्‍मू-कश्‍मीर में विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए सभी प्रबंध कर लिए गए हैं। इस चरण में कल सात जिलों की चालीस सीटों पर वोट डाले जाऐंगे। इनमें से 16 सीटें कश्‍मीर संभाग में और 24 जम्‍मू संभाग में हैं। इस चरण में 415 उम्‍मीदवार चुनाव लड रहे हैं। मतदान कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। 

—–

इधर, हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों के चुनाव के लिए प्रचार कार्य चरम पर है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता जनसभाएं कर रहे हैं। राज्‍य में एक ही चरण में पांच अक्‍तूबर को वोट डाले जाएंगे। जम्‍मू-कश्‍मीर और हरियाणा में होने वाले चुनावों की मतगणना आठ अक्‍टूबर को होगी।

—–

हरियाणा का कैथल विधानसभा क्षेत्र राज्य की प्रमुख सीटों में से एक माना जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस बार भी यहां कडा मुकाबला होने की उम्मीद है।

 

कैथल विधानसभा सीट इस बार भी चर्चा में है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री शमशेर सिंह सुरजेवाला की तीसरी पीढ़ी आदित्य सुरजेवाला तो पिछले चुनाव में रणदीप सिंह सुरजेवाला को हराने वाले बी जे पी प्रत्याशी लीलाराम गुर्जर चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से आम आदमी पार्टी ने सतबीर गोयत और जननायक जनता पार्टी ने संदीप गढ़ी को चुनाव मैदान में उतारा है।  इंडियन नैशनल लोक दलबहुजन समाज पार्टी गठबंधन से अनिल तंवर और जननायक जनता पार्टी के बागी बलराज नौच भी मैदान में हैं। इस बार कैथल निर्वाचन क्षेत्र में 215 मतदान केंद्र बनाए गए है यहाँ दो लाख 22 हजार 913 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार,चंडीगढ़।

—–

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में दिव्‍यांग मतदाता और 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर से मतदान करने की प्रक्रिया कल पूरी कर ली गई है। राज्‍य के मुख्‍य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव अधिकारियों की स्‍वीकृति के बाद 85 साल से अधिक उम्र के नौ हजार 596 मतदाताओं और दो हजार 600 दिव्‍यांग मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा दी गई थी। उन्‍होंने बताया कि मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी।

—–

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो – सी.बी.आई. ने वैश्विक स्‍तर पर जालसाजी गतिविधियों में संलिप्‍त एक संगठित साइबर अपराध नेटवर्क के 26 मुख्‍य संचालकों को गिरफ्तार किया है। सी.बी.आई. ने तकनीक आधारित एक बड़े अपराध नेटवर्क को ध्‍वस्‍त करने के लिए 32 स्‍थानों पर कई शहरों में समन्वित अभियान चलाने के बाद इन अपराधियों को गिरफ्तार किया। एजेंसी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 10 मुख्‍य संचालक पुणे, पांच हैदराबाद और 11 विशाखापत्‍तनम के हैं। सीबीआई ने कहा कि इस नेटवर्क ने तकनीकी सहायता सेवा के रूप में गलत पहचान के जरिए विशेष रूप से अमरीकी नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर अपराध को अंजाम दिया।

—–

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि वह मेक इन इंडिया पहल को और मजबूत करने के लिए व्‍यापक कार्य सुधार योजना-बीआरएपी 2024 लागू करेगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस योजना से कारोबारी प्रक्रियाओं को और सुव्यवस्थित किया जा सकेगा, नियमों के अनुपालन का बोझ कम होगा और डिजिटल समाधान के जरिये भारत को पसंदीदा वैश्विक निवेश का केंद्र बनाने का मार्ग प्रशस्‍त होगा। व्‍यापक कार्य सुधार योजना को 2014-15 में शुरू किया गया था।

—–

केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने आज नई दिल्ली में सबकी योजना सबका विकास के नाम से प्रसिद्ध जन योजना अभियानों पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को उच्च गुणवत्ता वाली और प्रभावी पंचायत विकास योजनाओं की तैयारी के लिए आवश्यक कौशल और रणनीतियों से तैयार करना है।

—–

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आज रांची से देशभर के ग्यारह हजार सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों का वर्चुअल शुभारम्‍भ किया। रांची में राष्ट्रव्यापी ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के सातवें संस्करण के समापन समारोह को संबोधित करते हुए, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पोषण माह का उद्देश्य एनीमिया जागरूकता,पोषण भी पढाई भी‘, प्रौद्योगिकी आधारित पहल पर अतिरिक्त ध्यान केंद्रित करना है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के अंतर्गत की गई गतिविधियों की संख्या 11 करोड़ से अधिक हो गई है।

 

पोषण माह के कार्यक्रम के माध्‍यम से जनजागरूकता फैलाना ये हमारा मुख्‍य उद्देश्‍य है और इसके तहत हमारे जो आंगनवाडी केन्‍द्र की जुडी हमारी बहनें हैं उनके माध्‍यम से लगातार जनजागरूकता फैलाकर लोगों को जागरूक करने का बहुत ही सफल प्रयास किया जा रहा है।

—–

जाने माने फिल्‍म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्‍मानित किया जाएगा। उन्‍हें यह पुरस्‍कार अगले महीने 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी घोषणा करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि कोलकाता की सड़कों से लेकर फिल्‍म जगत की ऊंचाईयों तक पहुंचने की मिथुन दा की उपलब्धियां कई पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं।

 

बहुत ही गौरव की बात है कि मिथुन दा को दादा साहेब फाल्‍के अवॉर्ड दिया जा रहा है। मिथुन दा की पूरी जिन्‍दगी स्‍ट्रगल्‍स और अचीवमेंट का एक कम्‍बीनेशन हैं। उन्‍होंने सिनेमैटिक हाइट्स अचीव की हैं। मैं मिथुन दा को बहुत बधाई देना चाहता हूं।

 

पुरस्‍कार की घोषणा पर मिथुन चक्रवर्ती ने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए संवाददाताओं से कहा कि वह यह पुरस्‍कार अपने परिवार और प्रशंसकों को समर्पित करते हैं।

 

जहां से मैं आ रहा हूं कोलकाता के एक ऐसे ब्‍लाइंड लेन से, इस लड़के को इतना बड़ा सम्‍मान सोच भी नहीं सकता। लिटरली मैं भावुक हो गया। ये मैं डेडीकेट कर रहा हूं मैं अपनी फैमिली को और मेरे फैन्‍स को पूरे विश्‍व में जहां भी हैं।

 

समाचार कक्ष की एक नजर मिथुन दा के फिल्‍मी सफर पर–

 

फिल्म इंडस्ट्री में मिथुन दा के नाम से मशहूर मिथुन चक्रवर्ती का वास्तविक नाम गौरांग चक्रवर्ती है। मिथुन का फिल्मी सफर शुरू हुआ 1976 में आई फिल्म मृग्या से। ये फिल्म उन्हें दी निर्देशक मृणाल सेन ने, जिनकी नज़र उन के उस अंदाज़ पर पड़ी जिससे उन्हें मिथुन पहली नज़र में भा गए। इस फिल्म के लिए मिथुन को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया और इससे वो पहली ही फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले एकमात्र अभिनेता बन गए। उन्हें दूसरा नेशनल अवॉर्ड फिल्म तहादेर कॉथा, और तीसरा नेशनल अवॉर्ड फिल्म स्वामी विवेकानंद के लिए मिला। कला फिल्मों के लिए प्रशंसा प्राप्त करने वाले मिथुन की फिल्मों ने सिनेमाघरों में भी खूब प्रसिद्धि हासिल की। फिल्म डिस्को डांसर ने उस वक्त 100 करोड़ रूपए का व्यवसाय करने वाली पहली हिंदी फिल्म है।

 

मिथुन चक्रवर्ती ने 350 से अधिक फिल्में की हैं। साल 1989 में मिथुन चक्रवर्ती की 19 फिल्में रिलीज हुई थीं। उनका ये रिकॉर्ड लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। दशकों तक अपने अभिनय से भारतीय दर्शकों का मनोरंजन करने वाले मिथुन को इस साल ही पद्मभूषण से नवाज़ा गया। समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।

—–

बिहार में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रांची और वाराणसी से राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल की छह अतिरिक्‍त टीम लाई गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन अतिरिक्‍त टीमों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहले से मौजूद राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल के 12 और राज्‍य आपदा मोचन बल की 22 टीमों में शामिल किया गया है। 

 

कोसी और गंडक बराज से बड़े पैमाने पर पानी छोडे जाने के बाद दोनों बराज पर दबाव कम हुआ है। अब यह ढाई लाख क्‍यूसिक से नीचे बना हुआ है। हालांकि इस मामूली राहत के बावजूद बागमती, कमला बलान और महानंदा नदी कई स्‍थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राज्‍य में बाढ का पानी नये क्षेत्रों में फैल रहा है। मधुबनी, मुजफ्फरपुर, अररिया और किशनगंज जिले में कुछ नये क्षेत्र बाढ से प्रभावित हो गये हैं। धर्मेन्‍द्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना

—–

मौसम विभाग ने आज कर्नाटक, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है। तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज बारिश हो सकती है।

—–

इस बीच, नेपाल में लगातार हो रही वर्षा के कारण जन जीवन अस्‍त व्‍यस्‍त है। मूसलाधार वर्षा के कारण आई बाढ़ और भू-स्‍खलन से एक सौ 92 लोगों की मृत्‍यु हो गई जबकि 30 लोग लापता हैं।

 

नेपाल के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ऋषिराम तिवारी ने बताया कि प्राकृतिक आपदा की घटनाओं में 194 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों की सहायता से अब तक 4,500 से अधिक आपदा प्रभावित लोगों को बचाया गया है। बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित लोगों को भोजन सहित आपातकालीन राहत सामग्री प्रदान जा रही है और घायलों का इलाज किया जा रहा है। श्री तिवारी ने बताया कि बाधित राजमार्ग को यातायात संचालन के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्‍वेता सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार

—–

विदेशी निवेशकों द्वारा बिकवाली किए जाने और एशियाई बाजारों में कमजोर रूख के बीच आज दिन के कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। कुछ देर पहले बीएसई सेंसेक्स एक हजार एक सौ नौ अंक यानी कि एक दशमलव तीन शून्‍य प्रतिशत गिरकर 84 हजार 440 अंक पर था, जबकि एनएसई का निफ्टी 327 अंक यानी कि एक दशमलव दोछह प्रतिशत लुढक कर 25 हजार 846 पर था।

—–

क्रिकेट में, कुछ समय पहले, भारत कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पहली पारी में 1 विकेट पर 121 रन बनाए। इससे पहले, भारत के खिलाफ अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 107 रन से आगे बढ़ाने के बाद बांग्लादेश की टीम 233 रन पर ऑलआउट हो गई।

—–

14वीं जूनियर महिला हॉकी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप आज से रांची में शुरू हो रही है। इसमें 26 टीमें खेलेंगी। टूर्नामेंट में कुल आठ पूल बनाए गए हैं।

—–

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे बुजुर्गों का बढती उम्र के साथ सम्मान सुनिश्चित करना विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम के दौरान श्रोता, इसमें अपने सवाल पूछ सकते हैं।

—–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस चार दिन की यात्रा पर भारत पहुंचे, वे कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।

     

  • सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-तीन के अंतर्गत संगठित साइबर अपराध नेटवर्क को ध्‍वस्‍त करने के लिए विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, 26 लोगों की गिरफ्तारी।

     

  • जाने माने फिल्‍म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

     

  • बिहार में, कोसी और गंडक नदी के तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी कई नए क्षेत्रों में घुसा। राहत अभियान तेज करने के लिए एनडीआरएफ की छह अतिरिक्त टीमें तैनात।

     

  • विदेशी निवेशकों द्वारा बिकवाली किए जाने और एशियाई बाजारों में कमजोर रूख के बीच आज दिन के कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट आई।

     

  • कानपुर में, भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन बांग्लादेश ने पहली पारी में 233 रन बनाये।

—–