Download
Mobile App

android apple
signal

March 31, 2024 4:31 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – नए तथ्‍यों से स्‍पष्‍ट होता है कि किस तरह कांग्रेस ने बडी आसानी से कच्‍चाथीवू द्वीप श्रीलंका को सौंप दिया था।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्‍ण आडवाणी को देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान भारत-रत्‍न से अलंकृत किया।
  • वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा – वर्तमान वित्‍तीय वर्ष की चौथी तिमाही में भारत के सकल घरेलू उत्‍पाद में आठ प्रतिशत से भी अधिक वृद्धि का अनुमान।
  • भारत के रोहन बोपन्‍ना और ऑस्‍ट्रेलिया के मैथ्‍यू एब्‍डेन ने मायामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
  • और, आई पी एल क्रिकेट में आज गुजरात टाइटन्‍स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से और डेल्‍ही केपिटल्‍स का चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स से होगा।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 1974 में कच्चाथिवू द्वीप श्रीलंका को सौंपने पर कांग्रेस की आलोचना की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की 75 वर्षों की कार्य प्रणाली देश की एकता, अखण्‍डता और राष्‍ट्रहित को कमजोर करने की रही है। प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी प्रमुख के. अन्‍नामलाई की सूचना का अधिकार अधिनियम के अन्‍तर्गत कच्चाथिवू द्वीप के बारे में एकत्र जानकारी के बाद आई है। श्री मोदी ने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि किस तरह कांग्रेस ने बड़ी ही आसानी से कच्चाथिवू द्वीप श्रीलंका को सौंप दिया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के इस कृत्‍य से देश का हर नागरिक क्षुब्ध है और वह कांग्रेस पर कभी भरोसा नही करेगा।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया। राष्‍ट्रपति ने भाजपा के वयोवृद्ध नेता श्री आडवाणी के आवास पर यह सम्मान प्रदान किया गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और श्री आडवाणी के परिवार के सदस्य इस अवसर पर मौजूद थे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय राजनीति के शिखर व्यक्तित्व लाल कृष्ण आडवाणी ने दृढ़ समर्पण और असाधारण कौशल के साथ सात दशकों से भी अधिक समय तक देश की सेवा की। राष्ट्रपति ने कहा कि जब आपातकाल देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बना, श्री आडवाणी ने अदम्य हौसले से देश को सत्तावादी ताकतों से बचाने में मदद की। राष्‍ट्रपति मुर्मू ने कहा कि एक सांसद के रूप में श्री आडवाणी ने संसदीय परम्पराओं को समृद्ध किया। देश के गृहमत्री और उप -प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखा जिसने उन्हें दलगत राजनीति से उपर उठकर उन्हें पूरे देश का सम्मान दिलाया। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के सांस्कृतिक उत्थान के लिए उनका अथक परिश्रम इस वर्ष अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शिखर तक पहुंचा।

 

*******

 

वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि मौजूदा वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में भारत के सकल घरेलू उत्पाद में आठ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होगी। मुंबई में निवेश सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुद्रा स्फीति प्रबंधन और व्यापक आर्थिक स्थिरता के प्रभाव से वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिये अर्थव्यवस्था में इसी दर से वृद्धि की आशा है। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इसमें अक्तूबर से दिसम्बर तक की तिमाही में आठ दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि रही।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज उत्‍तर प्रदेश में चुनाव अभियान का शुभारम्‍भ करेंगे। श्री मोदी मेरठ में जनसभा को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने टीवी धारावाहिक रामायण के अभिनेता अरूण गोविल को मेरठ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्‍याशी बनाया है। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, राष्‍ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के अन्‍य नेता इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। उत्‍तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है।

 

*******

 

विपक्षी इन्‍डी गठबंधन आज दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली कर रहा है। रैली में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। विपक्ष के नेता रैली में भाग ले रहे हैं। पिछले वर्ष जून में पटना में गठबंधन की स्थापना के बाद से विपक्षी नेताओं की यह पहली जनसभा होगी। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि यह कथित रूप से लोकतंत्र बचाओ रैली नहीं, बल्कि परिवार बचाओ और भ्रष्टाचार छुपाओ रैली है। नई दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि गठबंधन में शामिल दल भारतीय राजनीति में विश्वसनीयता के संकट का सामना कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विश्वसनीयता और वायदे पूरे करने की प्रामाणिकता का प्रतीक है।

यह रैली वास्‍तविकता में परिवार बचाओं भ्रष्‍टाचार छुपाओ रैली है, क्‍योंकि सभी भ्रष्‍टाचारी एक दूसरे का साथ देते हुए भ्रष्‍टाचार के भाई चारे में एक साथ हैं और यह मैं बता रहा हूं परिवारवाद के कुछ नये आयाम, परिवारवाद के कुछ नये स्‍वरूप, परिवारवाद के कुछ सदस्‍यों का नया अन्‍नप्रासन होता हुआ आपको आज नजर आयेगा।

 

*******

 

प्रवर्तन निदेशालय ने कल दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत से पांच घंटे तक पूछताछ की। दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुडे धन शोधन मामले में यह पूछताछ की गई। श्री गहलोत ने कहा कि उन्होंने एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिये हैं और आगे भी सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रवर्तन निदेशालय का दूसरा समन था क्योंकि लगभग एक महीने पहले दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के कारण वे पहले समन पर उपस्थित नहीं हो पाये थे।

 

*******

 

अरुणाचल प्रदेश में नाम वापस लेने की कल अंतिम तिथि थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के 10  विधायकों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। अरुणाचल प्रदेश में 60 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में 19 अप्रैल को होगा।

 

*******

 

जम्मू-कश्मीर के जम्मू रियासी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में तीन सौ 72 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किये गये हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग का यह फैसला जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने पर लोकसभा सीटों के परिसीमन के बाद आया है। अकेले राजौरी जिले के सुंदरबनी-कालाकोट निर्वाचन क्षेत्र में, 124 में से 102 मतदान केंद्र संवेदनशील बताये गये हैं।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी ने राजस्‍थान में भीलवाड़ा लोकसभा सीट के लिए दामोदर अग्रवाल को अपना प्रत्‍याशी घोषित किया है। भाजपा ने आज लोकसभा चुनावों के लिए अपनी नौवीं सूची जारी की।

 

*******

 

असम में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पांच सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों के लिये 35 उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं और डिब्रूगढ़ सीट पर असम जातीय परिषद को समर्थन दिया है।

 

*******

 

तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए कुल एक हजार 85 नामांकन वैध पाये गए। एक सौ 38 उम्मीवारों ने नाम वापस लिए हैं। मतदान एक ही चरण में 19 अप्रैल को होगा। विलावानकोड उपचुनाव के लिए भी इसी दिन वोट डाले जायेंगे। उपचुनाव के लिये दस उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

*******

 

पहले आम चुनाव से लेकर अब तक निर्वाचन आयोग का हमेशा लक्ष्य रहा है कि कोई भी मतदाता, मतदान से वंचित न रहे। हिमाचल प्रदेश में पहले आम चुनाव के बारे में रोचक तथ्यों पर एक रिपोर्ट –

हिमाचल प्रदेश का वर्तमान किन्नौर जिला पहले पूर्व महासू जिले की चीनी तहसील में जाना जाता था। 1951-52 के चुनाव में जिले के लोगों ने सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जबकि देश में अधिकांश वोट फरवरी 1952 में डाले गए थे, इस पहाड़ी जिले के लोगों को अक्टूबर 1951 में मतदान करने का मौका दिया गया था। भारी बर्फबारी, कठिन सड़कों और क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों के कारण चुनाव आयोग ने वहां के लोगों को पहले मतदान का अवसर दिया था। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*******

 

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में छह सीटों पर कुल 88 उम्मीदवार मैदान में हैं। नाम वापस लेने के अंतिम दिन कल 19 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए। अब सीधी लोकसभा सीट से 17, शहडोल से 10, जबलपुर से 19, मंडला से 14, बालाघाट से 13 और छिंदवाड़ा से 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। पहले चरण में 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 4 जून को होगी।

 

*******

 

महाराष्‍ट्र में चुनाव आयोग ने वरिष्‍ठ और दिव्‍यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्‍यवस्‍था की है। महाराष्‍ट्र के मुख्‍य चुनाव अधिकारी एस. चोकालिंगम ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि 85 वर्ष से अधिक के वरिष्‍ठ नागरिक और दिव्‍यांग मतदाता घर से वोट डाल सकते हैं। उन्‍होंने कहा कि दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल मतदाता सूचना पर्ची का भी इंतजाम किया गया है।

 

*******

 

ईस्टर का पर्व आज पूरी दुनिया में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। मान्‍यता के अनुसार सलीब पर चढ़ाए जाने के बाद प्रभु ईसा मसीह आज के ही दिन पुनर्जीवित हो गए थे। नागालैंड में भी ईस्‍टर संडे हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। राज्‍य के सभी गिरजाघरों में आभार व्यक्त करने के लिए विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं। गिरजाघरों में सुबह से ही श्रदालुओं की भीड़ देखी जा रही है। लोग ईस्‍टर विशेष सेवा में शामिल हो रहे हैं।

यह दिन विश्वासियों के कई दिनों के उपवास को तोड़ने का भी प्रतीक है। आज सुबह कोहिमा बैपटिस्ट पास्टर्स फ़ेलोशिप के तत्वावधान में, राजधानी शहर कोहिमा के नागरिक ईस्टर सनराइज सर्विस में भाग लेने के लिए ऐतिहासिक “द हेरिटेज”, ओल्ड डीसी बंगला कोहिमा में एकत्र हुए, भजन गाए और धन्यवाद प्रार्थना कीये। इस अवसर पर, गवर्नर ला गणेशन और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सभी को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। असोनुओ आकाशवाणी समाचार कोहिमा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईस्टर पर लोगों को बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रेम और करुणा का प्रतीक है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी लोगों को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा व्‍यक्‍त की कि यह विशेष अवसर नवीनीकरण और आशावाद का संदेश संप्रेषित करेगा।

 

*******

 

गोआ में दो लोकसभा सीटों के लिए सात मई को वोट डाले जाएंगे। यहां लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मतदान होगा। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

गोवा में कुल 11 लाख 72 हजार पंजीकृत मतदाता हैं। जिनमें से पांच लाख 78 हजार उत्तरी गोवा में और पांच लाख 93 हजार दक्षिणी गोवा में हैं। कुल मतदाताओं में से छह लाख से अधिक महिलाएं हैं जबकि पांच लाख 70 हजार पुरुष मतदाता हैं और स्‍त्री-पुरुष अनुपात एक हजार 63 है जो एक उल्लेखनीय आकडा है। गोवा में दो संसदीय सीटें हैं – उत्तरी गोवा सीट, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में पांच बार के सांसद भाजपा के श्रीपद नाइक कर रहे हैं। दक्षिणी गोवा सीट का प्रतिनिधित्व कांग्रेस के फ्रांसिस्को सरदिन्हा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग में 25 हजार से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ा है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि इस सूची में शामिल हुआ प्रत्येक मतदाता आगे आये और मतदान करे। गोवा से तुषार जाधव की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

 

*******

 

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों में कल तक तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अरूणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज तेज बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्‍तर भारत, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में पांच अप्रैल तक गरज के साथ हल्‍की वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने ओडिसा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, पूर्वी मध्‍य प्रदेश, मध्‍य महाराष्‍ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और छत्‍तीसगढ़ में आज तेज हवाओं के साथ हल्‍की वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मध्य और प्रायद्वीपीय भारत में अगले पांच दिन तक गर्म हवाएं चलने की आशंका है। अगले दो दिन में मध्‍य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्‍सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है जबकि दिल्‍ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। समाचार कक्ष से जसपाल कौर।

 

*******

 

भारतीय टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन ने मायामी ओपन में पुरुष डबल्स का खिताब जीत लिया है। इस जोड़ी ने क्रोएशिया के इवान डोडिश और अमरीका के ऑस्टिन क्राइजे़क को 6-7, 6-3, 10-6 से हराया।

 

*******

 

इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट में आज दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दोपहर साढे तीन बजे अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। शाम साढे सात बजे विशाखापतनम में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स और डेल्ही कैपिटल्‍स आमने सामने होंगे।

 

*******

 

केंद्रीय अन्वेक्षण ब्यूरो – सीबीआई अपने स्थापना दिवस के अवसर पर कल 20वें डी पी कोहली स्मारक व्याख्यान का आयोजन करेगा।

 

*******

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – नए तथ्‍यों से स्‍पष्‍ट होता है कि किस तरह कांग्रेस ने बडी आसानी से कच्‍चाथीवू द्वीप श्रीलंका को सौंप दिया था।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्‍ण आडवाणी को देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान भारत-रत्‍न से अलंकृत किया।
  • वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा – वर्तमान वित्‍तीय वर्ष की चौथी तिमाही में भारत के सकल घरेलू उत्‍पाद में आठ प्रतिशत से भी अधिक वृद्धि का अनुमान।
  • भारत के रोहन बोपन्‍ना और ऑस्‍ट्रेलिया के मैथ्‍यू एब्‍डेन ने मयामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
  • और, आई पी एल क्रिकेट में आज गुजरात टाइटन्‍स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से और डेल्‍ही केपिटल्‍स का चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स से होगा।  

 

*******

 

Most Read

View All

No posts found.