मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया, कहा- संविधान सरकार को दिशा दिखाने वाला प्रकाश स्तम्भ। राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित।
- हाथरस भगदड़ हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 121 हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का जायजा लिया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अस्ताना में रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। युद्ध क्षेत्र में भारतीय नागरिकों पर चिंता व्यक्त की और उनकी सुरक्षित वापसी की मांग की।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ग्लोबल इंडिया एआई शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया। सरकार जल्द ही भारत एआई मिशन शुरू करेगी।
- सेंसेक्स ने पहली बार ऐतिहासिक अस्सी हजार के स्तर को पार किया। निफ्टी भी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा।
- और विंबलडन टेनिस में, रोहन बोपन्ना और सुमित नागल आज शाम अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ पुरुष डबल्स के शुरुआती मैच खेलेंगे।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद दोनों सदनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का आज राज्य सभा में जवाब दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संविधान केवल अनुच्छेदों का संकलन नहीं है, बल्कि इसकी भावना और शब्द सरकार के लिए मूल्यवान हैं। श्री मोदी ने कहा कि संविधान, सरकार को दिशा दिखाने वाला प्रकाश स्तम्भ है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में जवाब देते हुए यह बात कही।
प्रधानमंत्री ने बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संविधान 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने संविधान दिवस मनाने का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोगों का त्योहार बन गया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कांग्रेस को संविधान का सबसे बड़ा विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछडा वर्ग का विरोध करने की है। उन्होंने मुख्य विपक्षी दल पर पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का अपमान करने का भी आरोप लगाया और कहा कि उसने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का भी अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल के दौरान सरकार के दृष्टिकोण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबी के खिलाफ लड़ाई, सरकार का प्रमुख एजेंडा होगा। उन्होंने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ विजयी होगा। श्री मोदी ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं की गति, गहराई और विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री मोदी ने कहा कि कोविड महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था दसवें से पांचवें स्थान पर पहुंच गयी है।
आने वाले 5 साल मूल सुविधाओं के सैचुरेशन के एक गरिमा पूर्ण जीवन जीने के लिए जिस प्रकार के गवर्नेंस की आवश्यकताएं होती है। हम इन मूलभूत सुविधाओं के सैचुरेशन का युग के रूप में उसको परिवर्तित करना चाहते। दुनिया की तीसरे नंबर की इक्नोमी बनेंगे तब सकारात्मक प्रभाव तो होगा लेकिन वैश्विक परिवेश में अभूतपूर्व प्रभाव पैदा होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने इस सरकार के पिछले दस वर्षों के दौरान किए गए कार्यों का समर्थन किया और सरकार को उसके प्रदर्शन के आधार पर चुना है। उन्होंने कहा कि छह दशक बाद ऐसा हुआ कि लोगों ने किसी सरकार को लगातार तीसरी बार चुना है। प्रधानमंत्री जब बयान दे रहे थे तो कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य विपक्षी पार्टियों के सदस्य हंगामा करके सदन के बीचोबीच में आ गए। सभापति जगदीप धनखड़ ने उनसे सीटों पर वापस जाने को कहा। बाद में विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट किया। विपक्ष के वॉकआउट पर प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष में अपने ही सवालों के जवाब सुनने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने विपक्ष के वॉकआउट को उच्च सदन का अपमान बताया। सभापति ने भी विपक्ष के वॉकआउट पर नाराजगी जताई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मणिपुर में शांति और सद्भाव स्थापित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हिंसा की घटनाओं में कमी आ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री और गृह राज्यमंत्री कई दिनों तक मणिपुर में रहे और लोगों से जुड़ने के लिए कई बार राज्य की यात्रा की।
इससे पहले, आज सुबह जब सदन की बैठक शुरू हुई तो राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा फिर शुरू हुई। यूपीपी-एल के रवंगवरा नारज़री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की एक्ट ईस्ट नीति के कारण पूर्वोत्तर क्षेत्र फला-फूला है।
कल उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों को सदन ने श्रद्धांजलि दी। सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि इस दुखद घटना में जानमाल की हानि और घायल होना दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सुझाव दिया कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह को हाथरस की घटना पर बयान देना चाहिए।
ऐसे जो हादसे हो रहे हैं बहुत सी जगह ब्लाइंड फेत पर लोग जमते हैं और इसके लिए कोई कानून नहीं है। ऐसा आज जो बड़ा हादसा हुआ 135 लोग मर गए हैं तो इसलिए इसको एक आप कानून बनाएंगे अंध श्रद्धा के लिए कर्नाटक, महाराष्ट्र में कानून बने हैं। उस लाइन पर आप कानून बनवाइए।
राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है। दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बाद, सभापति जगदीप धनखड़ ने इसकी घोषणा की।
——
उत्तर प्रदेश के हाथरस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 121 हो गई। गंभीर रूप से घायल 31 लोगों का अलीगढ़, आगरा, एटा और हाथरस के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अब तक 72 शवों की पहचान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए आगरा जोन के अपर महानिदेशक की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है, जो 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। हाथरस जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। हेल्पलाइन नम्बर हैं- 057 22 22 70 41 और दूसरा नम्बर है 057 22 22 70 42
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जायेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
——
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता-एआई की क्षमता का उपयोग करने के भारत के दृष्टिकोण का उद्देश्य प्रौद्योगिकी का लोकतंत्रीकरण करना है। नई दिल्ली में आज ग्लोबल इंडिया एआई शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री वैष्णव ने इस बात पर जोर दिया कि प्रौद्योगिकी हर किसी के लिए सुलभ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही भारत एआई मिशन लॉन्च करेगी, जिसकी लागत 10 हजार करोड़ रुपये है।
——
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज कजाकिस्तान के अस्ताना में रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव से वर्तमान में युद्ध क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की हैं। डॉ. जयशंकर ने उनकी सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए कहा। दोनों मंत्रियों ने शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन से इतर भारत-रूस द्विपक्षीय साझेदारी और समसामयिक मुद्दों पर व्यापक बातचीत की।
——
सेंसेक्स आज सवेरे खुलते ही पहली बार 80 हजार से ऊपर पहुंच गया। दोपहर के समय यह 440 अंक से अधिक बढ़कर उन्यासी हजार 884 पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में निफ्टी ने अब तक का उच्चतम स्तर बनाया और दोपहर के कारोबार में यह 133 अंक की बढ़त के साथ 24 हजार 257 पर था।
——
विंबलडन ओपन टेनिस में भारत के रोहन बोपन्ना और उनके जोडीदार ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन आज शाम लंदन में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। पुरुष डबल्स के पहले दौर में बोपन्ना और एबडेन का मुकाबला फ्रांस के जियोवानी मपेत्शी पेरिकार्ड और एड्रियन मन्नारिनो की जोडी से होगा।
एक अन्य मैच में भारत के सुमित नागल भी अपने जोडीदार सर्बिया के दुसान लाजोविक के साथ पुरुष डबल्स में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
——
मौसम विभाग ने कहा है कि मॉनसून पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और मणिपुर से आगे बढ रहा है। आकाशवाणी से बातचीत में मौसम वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन ने देश में मॉनसून के बारे में विस्तार से बताया।
पिछले पांच दिन का वार्निंग का वार्निंग देखते हैं तो जो खास रेनफॉल की जोन रहेगी वह रहेगी नॉर्थ ईस्ट इंडिया में और उत्तराखंड में, मेघालय खासकर रात में असम, अरुणाचल प्रदेश में 4, 5, 6 तारीख से लेकर एक्सट्रीमली हेवी रेनफॉल होने की पॉसिबिलिटी है और उत्तराखंड में तीन चार पांच छः तारीख को एक्सट्रीमली हेवी रेनफॉल होने की पॉसिबिलिटी है। बाकी बंगाल, ईस्ट इंडिया झारखंड बिहार और हरियाणा उत्तर प्रदेश इन सभी जगह में अगले दो से तीन दिन तक अति भारी वर्षा यानी की 20 सेंटीमीटर तक का बारिश होने की पॉसिबिलिटी रहेगी। कोंकण से लेकर केरल तक पूरा रीजन में भारी वर्षा चलेगी अगले 4 से 5 दिन। गुजरात में बारिश आज के बाद से थोड़ा कम होने लगेगी सेंट्रल इंडिया के बात करें तो भारी वर्षा 2 दिन तक रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश में मगर उसके बाद से बारिश कम होती जाएगी।
——
उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में कल सुबह से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। कुमाऊं क्षेत्र में भी अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग चमोली जिले में पागलनाला के पास और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट में भूस्खलन के चलते बंद हुए, जिन्हे अब यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया है। उधर, पिथौरागढ़ जिले के तवाघाट में भूस्खलन के कारण आदि कैलाश की ओर जाने वाली सड़क आवाजाही के लिए बाधित हो गई है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में अभी भी पचास से ज्यादा मोटर मार्ग आवाजाही के लिए बंद हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिन राज्य के कुमाऊं क्षेत्र में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही गढ़वाल क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
——
उधर, बिहार के कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। पिछले 24 घंटे में दरभंगा, नवादा, भागलपुर और पूर्वी चंपारण जिले में बिजली गिरने से चार लोगों मृत्यु हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर पश्चिमी, उत्तर मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले 24 घंटों के लिए आंधी और बिजली के साथ मूसलाधार बारिश का ओरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
जल ग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते गंगा, गंडक और बागमती नदियों का जल स्तर पटना, मोतिहारी, गोपालगंज शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में तेजी से बढा है। बागमती नदी बेलवा, डुब्बाघाट और मुजफ्फरपुर मैं खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके चलते कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। कमला बलान, महानंदा और परमार नदियों में उफान के कारण मधुबनी, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिले में निचले और तटबंध वाले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी, समाचार पटना।
इधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पांच से छह दिन तक बादल छाने, मध्यम वर्षा और आंधी की संभावना है।
——
शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2024 के लिए पात्र शिक्षकों से नामांकन आमंत्रित किए हैं। ऑनलाइन नामांकन भरने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष जिलों, राज्यों और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों की प्रक्रिया के माध्यम से कुल 50 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। यह पुरस्कार पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदान करेंगी। पात्र शिक्षक मंत्रालय के पोर्टल www.national awards to teachers.education.gov.in पर नामांकन भेज सकते हैं।
——
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया कहा- संविधान सरकार को दिशा दिखाने वाला प्रकाश स्तम्भ। राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित।
- हाथरस भगदड़ हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 121 हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का जायजा लिया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अस्ताना में रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। युद्ध क्षेत्र में भारतीय नागरिकों पर चिंता व्यक्त की और उनकी सुरक्षित वापसी की मांग की।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ग्लोबल इंडिया एआई शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया। सरकार जल्द ही भारत एआई मिशन शुरू करेगी।
- सेंसेक्स ने पहली बार ऐतिहासिक अस्सी हजार के स्तर को पार किया। निफ्टी भी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा।
- और विंबलडन टेनिस में, रोहन बोपन्ना और सुमित नागल आज शाम अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ पुरुष डबल्स के शुरुआती मैच खेलेंगे।
——