Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

May 30, 2026 8:00 AM

समाचार प्रभात

printer

मुख्‍य समाचार

  1. सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा को देखते हुए तेल कंपनियों को 30 दिन का एलपीजी भंडार संरक्षित करने का निर्देश दिया।
  2. राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण सुधार दर्शाए गए हैं। अस्‍पतालों में प्रसव बढ़कर 90 दशमलव 6 प्रतिशत हो गए हैं।
  3. म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग पांच दिवसीय यात्रा पर आज भारत आयेंगे।
  4. मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में तेज बारिश और गरज के साथ तूफान आने का पूर्वानुमान लगाया।
  5. हांगकांग में आयोजित 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दिन चार स्‍वर्ण सहित सात पदक जीते।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

******* *******

सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा को देखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को 30 दिन का एलपीजी भंडार संरक्षित करने का निर्देश दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कल नई दिल्‍ली में यह जानकारी दी।

संयुक्‍त सचिव ने कहा कि सरकार रणनीतिक भंडारों के माध्यम से ईंधन सुरक्षा मजबूत करने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र पर आपूर्ति की कमी की कोई सूचना नहीं है।

सरकार सभी घरों तक एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, इसके साथ सरकार सभी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयासरत है। इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने दैनिक उपयोग में ऊर्जा को बचाने का हर संभव प्रयत्न करें। बल्‍क और इंडस्ट्रियल कंज्यूमर से अपील है कि वह ऑथराइज्ड प्रोक्योरमेंट चैनल से ही डीजल की खरीद करें।

विदेश मंत्रालय में अपर सचिव असीम महाजन ने कहा कि खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावास भारतीय नागरिकों को समय पर सहायता प्रदान कर रहे हैं। श्री महाजन ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र से भारत के विभिन्न क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि कच्चे तेल का टैंकर, व्यापारिक पोत निसोस केरोस, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकल चुका है। इसके तीन जून को विशाखापट्टणम पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस पोत पर लगभग 2 लाख 70 हजार मीट्रिक टन कच्चा तेल भारत आ रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।

******* *******

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के छठे चरण के आंकडे कल जारी कर दिए। इसके अनुसार मातृ और शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा वित्तीय सुरक्षा में भारत ने  तीव्र प्रगति की है। सर्वेक्षण के अनुसार, अस्‍पताल में प्रसव 88 दशमलव छह प्रतिशत से बढ़कर 90 दशमलव छह प्रतिशत हो गए हैं। सर्वेक्षण में कहा गया है कि भारत की कुल प्रजनन दर दो पर बनी हुई है।

सर्वेक्षण के अनुसार 12 से 23 महीने के बच्चों के टीकाकरण का आंकडा लगातार 96 प्रतिशत से अधिक बना हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ये सुधार मिशन परिवार विकास सहित राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रमों के निरंतर प्रभाव को प्रदर्शित करते हैं।

सर्वेक्षण के अनुसार महिलाओं की डिजिटल समावेशन और वित्तीय सशक्तिकरण में निरंतर प्रगति हुई है। इसमें कहा गया है कि इंटरनेट का उपयोग करने वाली महिलाओं की संख्या लगभग दोगुनी होकर 64 दशमलव तीन प्रतिशत पर पहुंच गई है। सर्वेक्षण में कहा गया है कि आयुष्मान भारत और विस्तारित स्वास्थ्य सुरक्षा पहलों ने स्वास्थ्य सेवा में वित्तीय सुरक्षा मजबूत की है।

******* *******

म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग पांच दिन की भारत यात्रा पर आज पहुंचेंगे। उनके साथ कई कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। राष्‍ट्रपति के रूप में यू मिन आंग ह्लाइंग की यह पहली भारत यात्रा होगी। गया में, म्यांमा के राष्ट्रपति महाबोधि मंदिर और सुजाता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

वे आज बाद में नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे आज शाम विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। म्यांमा के राष्ट्रपति की कल म्यांमा-भारत व्यापार मंच में भाग लेने की संभावना है।

सोमवार को वे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्‍कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए चर्चा करेंगे।

कल नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बैठक के दौरान म्यांमा और भारत के बीच आपसी संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भारत म्यांमा के राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए उत्सुक है।

म्यामां के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे, इस दौरान दोनों नेता इन संबंधों को और मजबूत करने के बारे में चर्चा करेंगे। इस यात्रा का एक व्यापारिक पहलू भी है, जिसमें दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के बारे में विचारविमर्श किया जाएगा। यह एक आधिकारिक यात्रा है।

इस यात्रा के अंतर्गत म्यांमा के राष्ट्रपति व्यापार और उद्योग जगत से संबंधित वार्ताओं और शहर के विभिन्‍न स्थलों पर भ्रमण के लिए 2 जून को मुंबई भी जाएंगे।

******* *******

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नई सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के तरीकों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार सीमा सुरक्षा बल को अतिरिक्त जिम्‍मेदारियां सौंपने पर विचार कर रही है। श्री शाह ने कल गुजरात के भुज में भारत-पाकिस्तान सीमा पर दो नई सीमा चौकियों के उद्घाटन के बाद यह बात कही।

गृह मंत्री ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल की स्थापना के 60वें वर्ष में सीमा सुरक्षा की अवधारणा को पूरी तरह से बदलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने एक चतुर्भुजीय सुरक्षा ग्रिड की स्थापना की घोषणा की।

बीएसएफ के सीमा सुरक्षा के कॉन्सेप्ट को पूर्णत: बदलने का निर्णय किया है। एक चतुष्‍कोणीय कॉन्सेप्ट के साथ एक सूरत सा ग्रिड हम आने वाले दिनों में बनाएंगे और बॉर्डर सुरक्षा की जगह टेरिटोरियल सुरक्षाका एक नया कॉन्सेप्ट भी लॉन्च करेंगे और बीएसएफ के जवानों की तो प्रमुख जिम्‍मेदारी रहेगी। ये मिलाकर समग्र बॉर्डर बांग्‍लादेश और पाकिस्‍तान की सुरक्षा ग्रिड मजबूत बनाने का काम हम स्‍मार्ट बॉर्डर सुरक्षा के प्रोजेक्‍ट के तहत हम ले रहे हैं। 

******* *******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******* *******

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि नीट पेपर लीक मामले में चूक की जिम्मेदारी तय की जानी होगी। न्यायमूर्ति पी.एस.नरसिम्हा और न्‍यायमूर्ति आलोक आराधे की पीठ कल इस मामले में दायर याचिकाओं की सुनवाई कर रही थी। इनमें एक याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए के पुनर्गठन या इसे हटाने का निर्देश देने और इसके स्थान पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिये एक सशक्त और स्वायत्त निकाय के गठन की मांग की गयी थी। पीठ ने केंद्र से हलफनामा दायर करने को कहा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगी।

महाधिवक्ता तुषार मेहता ने पीठ से कहा कि सरकार युवाओं के लिये चिंतित है और यह सुनिश्चित करने के लिये प्रतिबद्ध है कि आगे ऐसी कोई चूक न हो।

******* *******

केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड- सीबीएसई ने कहा है कि उसका पोस्‍ट रिजल्‍ट एक्टिविटी पोर्टल सोमवार पहली जून से सक्रिय हो जायेगा। आवेदन करने के इच्छुक विद्यार्थियों की उत्‍तर पुस्तिकाओं के सत्‍यापन और पुनर्मूल्‍यांकन की पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह पोर्टल शुरू किया जा रहा है। इससे मूल्‍यांकन का सर्वोच्‍च मानदंड स्‍थापित होगा।

******* *******

पंजाब नगर निकाय चुनावों में, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,977 वार्डों में से 958 वार्ड जीत लिए हैं। कांग्रेस को 397, शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) को 192 और भाजपा को 172 वार्ड में जीत हासिल हुई है। बहुजन समाज पार्टी को केवल सात वार्ड मिले। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 251 वार्ड जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।

******* *******

गोवा आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। 1987 में इसी दिन गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ था और वह भारतीय संघ का 25वां राज्य बना था। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज पणजी स्थित कला अकादमी में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे।

गोवा में आज आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह राज्य की पिछले चार दशकों की उल्लेखनीय प्रगति और विकास यात्रा को रेखांकित करेगा। 1961 में पुर्तगाली शासन से मुक्ति के बाद गोवा, दमन और दीव के साथ एक केंद्रशासित प्रदेश बना था। इसके बाद 1967 में हुए ऐतिहासिक जनमत संग्रह ने गोवा की अलग पहचान को बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त किया। वर्ष 1987 में कोंकणी को राजभाषा का दर्जा मिलने के बाद राज्य गठन का रास्ता साफ हुआ और 30 मई 1987 को गोवा भारत का 25वां राज्य बना। आज के समारोह में प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट मारियो मिरांडा पर स्मारक डाक टिकट जारी किया जाएगा। इसके साथ ही एक कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण, पुरस्कार वितरण और नागरिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न पहलों की शुरुआत भी की जाएगी। इसके बाद उपराष्ट्रपति गोवा स्थित सीएसआईआरराष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान का दौरा करेंगे। निखिल उपाध्याय, आकाशवाणी समाचार, पणजी।

******* *******

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, काराईक्‍काल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज बहुत तेज बारिश की आशंका जताई है। विभाग ने हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि की भी आशंका व्‍यक्‍त की है।

******* *******

आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स की टीम प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई है। न्‍यू चंडीगढ में कल दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच फाइनल कल अहमदाबाद में खेला जाएगा। यह मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा।

******* *******

हांगकांग में चल रही एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अब तक कुल आठ पदक अपने नाम किए। इनमें चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। भारत तालिका में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। कल प्रतियोगिता के दूसरे दिन, भारतीय एथलीटों ने चार स्वर्ण सहित सात पदक जीते।

******* *******

ओडिशा में आज से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर शुरू हो रहा है।  एक महीने तक चलने वाली निर्वाचन आयोग की यह प्रक्रिया 28 जून तक जारी रहेगी और इसमें राज्य भर के तीन करोड़ तैंतीस लाख से अधिक मतदाताओं को शामिल किया जाएगा।

******* *******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******* *******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंजया भारती।

  1. नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सर्वोच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी आज के अनेक अखबारों की पहली सुर्खी है। अमर उजाला ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय का बयान दिया है- जवाबदेही तय होने तक नहीं रूकेंगे पेपर लीक मामले। देशबंधु और नवभारत टाइम्‍स ने सीबीएसई की 12वीं की आंसर शीट भी डिजीलॉकर में भेजे जाने की जानकारी दी है। पत्र लिखता है- यहीं से करा सकेंगे री-वैल्‍यूएशन। 
  2. शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी पास करने की अनिर्वायता से छूट देने का सर्वोच्‍च न्‍यायालय का इंकार भी अनेक अखबारों में है। अमर उजाला लिखता हैसमय सीमा एक साल बढी।
  3. दैनिक जागरण ने भी इस खबर को प्रकाशित किया है। पत्र ने न्‍यायालय के हवाले से लिखा है- सरकारी शिक्षकों को सेवा में बने रहने के लिए टीईटी पास करना ही होगा।
  4. जनसत्‍ता ने कर्नाटक में कांग्रेस की बैठक आज होने का समाचार देते हुए लिखा है- डी.के. शिव कुमार को चुना जाएगा नेता। पंजाब केसरी ने सिद्धारमैया की सिद्धि शीर्षक से अपने संपादकीय में लिखा है- कर्नाटक में जितनी शालीनता और शान्ति के साथ कांग्रेस पार्टी के भीतर नेतृत्‍व परिवर्तन हुआ है उसे भारतीय लोकतंत्र की जीवन्‍त ताकत कहा जा सकता है।
  5. दैनिक जागरण ने घरेलू उडानों में कटौती से हवाई किराया 30 प्रतिशत तक बढने का समाचार दिया है।
  6. मौसम विभाग की चेतावनी भी कई अखबारों में है- अमर उजाला लिखता है- अटका मॉनसून.. सात दिन बाद देगा दस्‍तक, 10 फीसदी कम होगी बारिश। राजस्‍थान पत्रिका की टिप्‍पणी है- बेवफा मॉनसून। दैनिक भास्‍कर लिखता है- इस साल सूखे का खतरा। हालांकि पत्र ने बिहार, झारखंड, बंगाल और उत्‍तर पूर्व में अच्‍छी बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है।

******* *******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा को देखते हुए तेल कंपनियों को 30 दिन का एलपीजी भंडार संरक्षित करने का निर्देश दिया।
  2. राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण सुधार दर्शाए गए हैं। अस्‍पतालों में प्रसव बढ़कर 90 दशमलव 6 प्रतिशत हो गए हैं।
  3. म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग पांच दिवसीय यात्रा पर आज भारत आयेंगे।
  4. मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में तेज बारिश और गरज के साथ तूफान आने का पूर्वानुमान लगाया।
  5. हांगकांग में आयोजित 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दिन चार स्‍वर्ण सहित सात पदक जीते।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

******* *******