Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

February 16, 2026 8:00 AM

समाचार प्रभात

printer

मुख्‍य समाचार

  1. भारत.आई. इम्‍पैक्‍ट शिखर सम्‍मेलन आज शाम से नई दिल्‍ली में शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इंडिया ए.आई. सम्‍पैक्‍ट एक्‍सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। सम्‍मेलन में कई राष्‍ट्राध्‍यक्षों के साथ बीस देशों के विश्‍व नेता भाग लेंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहाभारत को सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए हर क्षण तैयार रहना होगा।
  3. निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अनियमितताओं के आरोपों पर सात सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया।
  4. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहानवगठित शांति बोर्ड के सदस्यों ने गज़ा के पुनर्निर्माण के लिए 5 अरब डॉलर देने का वादा किया।
  5. आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत ने कोलंबो में पाकिस्तान को 61 रन से हराया। सुपर आठ में पहुंचने वाली भारत दूसरी टीम।

*******

भारत-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन आज से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। पांच दिन का यह सम्मेलन किसी विकासशील देश में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है। कार्यक्रम में बीस देशों के विश्व नेता शामिल होंगे। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज़ पेरेज़-कास्टेजोन, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ़, संयुक्त अरब अमीरात के शहजादे शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्ले और भूटान के प्रधानमंत्री छेरिंग तोबगे शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है 45 से अधिक देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी विचार-विमर्श में भाग लेंगे।

इंडियाएआई इम्पैक्ट सम्मेलन तीन मुख्य स्तंभों या सूत्रों पर आधारित है। लोग, पृथ्‍वी और प्रगति, ये तीनों मिलकर एआई पर वैश्विक सहयोग की दिशा तय करते हैं। सम्मेलन की चर्चाएँ सात चक्रों या कार्य समूहों में आयोजित की गई हैं। ये चक्र मानव संसाधन, समावेशन, भरोसेमंद एआई, विज्ञान, स्थिरता, एआई संसाधनों तक पहुंच और आर्थिक विकास जैसे महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्‍यान केन्द्रित करते हैं। इस सम्‍मेलन में सौ से अधिक देश सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और दो लाख से ज्‍यादा लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। सुपर्णा सैकिया के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*******

संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने कहा है कि विकासशील देश में आयोजित होने वाले पहले एआई इम्‍पैक्‍ट शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत सबसे उपयुक्त स्थल है। श्री गुतरश ने कहा कि ए.आई. को केवल कुछ शक्तिशाली देशों तक सीमित न रखकर पूरे विश्व की सेवा करनी चाहिए।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। पांच दिन की इस प्रदर्शनी का आयोजन इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्‍मेलन के साथ ही किया जा रहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका सहित 13 देशों के मंडप होंगे। प्रदर्शनी में विभिन्न क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के परिवर्तनकारी प्रभाव को उजागर करने और भविष्य की कार्रवाइयों पर चर्चा के लिए 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

*******

नई दिल्ली में आज से शुरू हो रहे एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के कारण यातायात परामर्श जारी किये गए हैं। इसके अनुसार, भारत मंडपम और सुषमा स्वराज भवन में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन के कारण लोगों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा है कि शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम के पास कई सड़कों पर प्रतिबंध लागू रहेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक मार्गों और मेट्रो का उपयोग करने का आग्रह किया है।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत को सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए हर समय तैयार रहना होगा। एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में श्री मोदी ने कहा कि रक्षा सुधारों के एक दशक के लाभ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए सात लाख 85 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। श्री मोदी ने कहा कि यह आवंटन पिछले बजट से 15 प्रतिशत अधिक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का केंद्रीय बजट भारत की विकसित राष्ट्र बनने की आकांक्षा को दर्शाता है।

*******

सेनाध्‍यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी चार दिन की ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर आज रवाना होंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच आपसी तालमेल को सुदृढ़ करना है। इस दौरान, सेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अनियमितताओं के आरोपों पर सात सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया है। कोलकाता से हमारे संवाददाता ने बताया है कि आयोग ने राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पत्र लिखकर इन सात अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।

पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मतदाता सूची के गहन पुनिरीक्षणएसआईआर प्रक्रिया में शामिल इन अधिकारियों के विरूद्ध गंभीर कदाचार, कर्तव्य की उपेक्षा और वैधानिक अधिकार के दुरुपयोग के साक्ष्य मिले हैं। इनमें कैनिंग पुरबा से दो और सूती, मैनागुरी, शमशेरगंज, देबरा और फरक्का निर्वाचन क्षेत्रों से एकएक अधिकारी शामिल हैं। इस बीच, सर्वोच्च न्यायालय के 9 फरवरी के निर्देश के अनुपालन में, निर्वाचन आयोग ने एस.आई.आर. प्रक्रिया से संबंधित सभी आपत्तियों के निपटान के संबंध में कडा संदेश जारी किया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा गया है कि प्रस्तुत किए गए सभी फॉर्म-7 को तुरंत संबंधित ई.आर.. और ए..आर.. को भेजा जाना चाहिए। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

*******

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में निर्वाचन आयोग असम में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज गुवाहाटी जायेगा। इस दौरे में निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी भी शामिल होंगे। तीन दिन के दौरे के दौरान, आयोग राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठकें करेगा।

*******

हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। शिमला से हमारे संवाददाता ने बताया है कि सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी।

बजट सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें कांग्रेस और भाजपा विधायक दल से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की जाएगी। इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज सुबह होगी जिसमें राजस्व घाटा अनुदान आरडीजी सहित अन्य मुद्दों पर सत्र के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक सुबह 11 बजे होगी, जिसमें सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई जाएगी। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला

*******

उधर, गुजरात विधानसभा का बजट सत्र भी आज गांधीनगर में राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत के औपचारिक अभिभाषण के साथ शुरू होगा। वित्‍तमंत्री कनुभाई देसाई 18 फरवरी को 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे।

*******

बांग्लादेश में मंगलवार को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन देशों के विदेश मंत्रियों सहित कई विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि श्री बिरला की भागीदारी दोनों देशों के लोगों के बीच गहरी और अटूट मित्रता को दर्शाती है। यह दोनों पड़ोसी देशों के साझा किए जाने वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए भारत की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि करती है।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि नवगठित शांति बोर्ड के सदस्यों ने गज़ा के पुनर्निर्माण के लिए 5 अरब डॉलर देने का वादा किया है। उन्‍होंने क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्थिरता और पुलिस बलों के लिए हजारों कर्मियों को भेजने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के सदस्य बृहस्‍पतिवार को वॉशिंगटन में पहली बैठक में भाग लेंगे। इस बीच, इंडोनेशिया की सेना ने कहा है कि मानवीय और शांति मिशन के अंतर्गत गज़ा में संभावित तैनाती के लिए उसके आठ हजार तक सैनिक जून के अंत तक तैयार होने की संभावना है।

*******

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और उनका प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर के लिए रवाना हो गए हैं, जहाँ कल अमरीका के साथ परमाणु वार्ता का दूसरा दौर आयोजित होगा। इस दौरान अराघची स्विट्जरलैंड और ओमान के विदेशमंत्री तथा संयुक्‍त राष्‍ट्र की परमाणु निरीक्षण संस्‍थान के महानिदेशक से भी मिल सकते हैं। इससे पहले, अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमरीका ईरान के साथ अपने मतभेदों को खत्म करने के लिए एक कूटनीतिक समाधान में रूचि रखता है।

*******

खेल समाचार, आईसीसी टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप में कल रात एक बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। कोलंबो में कल पहले बल्‍लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। एक रिपोर्ट-

इस जीत के साथ ही भारत विश्व कप में सुपर 8 में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है। वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अक्षय पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट हासिल किये, वहीं तिलक वर्मा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज सहिब सदा फरहान को शून्य पर आउट कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में दो विकेट लेकर भारत को मजबूत बढ़त दिला दी। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने सर्वाधिक 77 रन की पारी खेल कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। शिवम दुबे ने 27, तिलक वर्मा ने 25 और सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान ने स्पिन गेंदबाजी पर काफी हद तक भरोसा किया और 18 ओवरों में 6 स्पिन गेंदबाजों को उतारा। भारत का अगला मुकाबला 18 फरवरी को नीदरलैंड से होगा। कोलंबो से अहमद मीन फारूकी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

इस जीत के बाद भारतीय प्रशंसको के बीच काफी उत्साह देखने को मिला।

इशान किशन का ओपनिंग अच्छा रहा। साथ में हार्दिक का दो विकेट है और एट द सेम टाइम चार में से मैडन डाला हुआ है, जो मैडन पूरा 6 बॉल खाली जाना भी सामने वाले को प्रेशर के तौर पर तो बहुत बड़ी है।

प्रतियोगिता में आज तीन मुकाबले खेले जायेंगे। दिल्‍ली में अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सवेरे 11 बजे से मैच खेला जाएगा। कोलकाता में इंग्लैंड का सामना इटली से दोपहर बाद 3 बजे से होगा। श्रीलंका के पल्‍लेकल में ऑस्ट्रेलिया का सामना श्रीलंका से शाम सात बजे से होगा।

*******

गेट्स फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष बिल गेट्स आज आंध्र प्रदेश में हैं। इस दौरान श्री गेट्स फाउंडेशन का छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अमरावती में राज्य सचिवालय में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात करेगा। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कृषि क्षेत्रों में राज्य सरकार तथा फाउंडेशन के बीच जारी सहयोग बढाने पर चर्चा होने की संभावना है।

*******

दिल्‍ली पुलिस आज अपना 79वां स्‍थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली पुलिस को शुभकामनाएं दीं।

*******

मौसम विभाग ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ तेज वर्षा की आशंका व्‍यक्‍त की है। तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में आज गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना व्‍यक्‍त की है। बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पूर्वी हिंद महासागर के कुछ हिस्सों में तूफान आने की संभावना है।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

आर्टिफिशियल इं‍टेलिजेंस पर आज से नई दिल्‍ली में वैश्विक सम्‍मेलन का आयोजन सभी समाचार पत्रों के मुख पृष्‍ठ पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- एआई शिखर सम्‍मेलन आज से, 20 देशों के शीर्ष नेता लेंगे हिस्‍सा। राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है- भारत का एआई पर दांव: नवाचार को बढावा, जवाबदेही पर सख्‍ती। जनसत्ता ने शिखर सम्‍मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के शब्‍दों को दिया है- कृत्रिम मेधा का शक्तिपुंज बनने की ओर बढ रहा भारत। आईसीसी टी-20 वर्ल्‍ड कप में भारत की पाकिस्‍तान पर जीत को भी अखबारों ने पहले पन्‍ने पर दिया है। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- पाक फिर नतमस्‍तक, भारत ने 61 रन से दी करारी शिकस्‍त। पंजाब केसरी लिखता है- भारतीय धुरंधरों के आगे पाक का सरेंडर। वहीं दैनिक ट्रिब्‍यून के शब्‍द हैं- भारत ने लगाई पाक की लंका, सुपर आठ में पहुंची टीम इंडिया। भारत का आर्थिक तरक्‍की का केंद्र बना, अपनी शर्तों पर किए करार। पीएम मोदी के यह शब्‍द हिन्‍दुस्‍तान में हैं। एक समाचार एजेंसी को साक्षात्‍कार में प्रधानमंत्री ने कहा भारत पर निवेशकों का भरोसा बढा, अपनी शर्तों पर किए 38 देशों के साथ मुक्‍त व्‍यापार समझौते।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. वैश्विक एआई इम्‍पैक्‍ट शिखर सम्‍मेलन आज से नई दिल्‍ली में शुरू। सम्‍मेलन में कई विश्‍व नेता भाग लेंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहाभारत को सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए हर क्षण तैयार रहना होगा।
  3. निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अनियमितताओं के आरोपों पर सात सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया।
  4. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा- नवगठित शांति बोर्ड के सदस्यों ने गज़ा के पुनर्निर्माण के लिए 5 अरब डॉलर देने का वादा किया।
  5. आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत ने कोलंबो में पाकिस्तान को 61 रन से हराया। सुपर आठ में पहुंचने वाली भारत दूसरी टीम।

*******