Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

July 15, 2026 2:15 PM

दोपहर समाचार

printer

मुख्‍य समाचार:

 

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता आज से लागू। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- इससे भारत के किसानों, उद्यमियों, लघु और मध्यम उद्यमों को नई गति मिलेगी।

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का आश्वासन। समझौते के अंतर्गत डेयरी उत्पाद, सब्जियां और खाद्य तेल सहित संवेदनशील कृषि उत्पाद पूरी तरह से सुरक्षित।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जन कल्‍याण के लिए आयुर्वेद में आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया।

 

भारत का संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार का आह्वान। आगाह किया- सुधार न होने से विश्‍व में इसके प्रति लोगों का विश्‍वास कमजोर होगा। 

 

ओडिशा में आज मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट।

 

और फीफा विश्व कप में, मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का आज रात दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से सामना।

 

*********

 

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता आज से लागू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि आज से लागू हुआ व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता तथा सामाजिक सुरक्षा समझौता भारत-ब्रिटेन की साझेदारी में एक महत्वपूर्ण क्षण है। श्री मोदी ने केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये समझौता भारत के किसानों, उद्यमियों और सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यमों को नई गति प्रदान करेगा, साथ ही कई महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों को ब्रिटेन के बाजार तक मजबूत पहुंच प्राप्त करने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे प्रौद्योगिकी, पेशेवर सेवाओं और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग भी मजबूत होगा। इससे कुशल भारतीय प्रतिभाओं की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा समझौता ब्रिटेन में अस्थायी रूप से काम कर रहे भारतीय पेशेवरों को अमूल्य सहायता प्रदान करेगा और भारतीय उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि यह क्षण भारत-ब्रिटेन के बीच विश्वास तथा व्यापार, प्रौद्योगिकी, निवेश और नवाचार द्वारा संचालित एक प्रगतिशील साझेदारी बनाने के उनके संकल्प को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ब्रिटेन साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

 

*********

 

भारत-ब्रिटेन मुक्‍त व्‍यापार समझौते के आज से लागू होने पर वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि यह समझौता व्‍यापार, निवेश और नवाचार के लिए नए आयाम खोलेगा। एक अंग्रेजी दैनिक में लिखे लेख में श्री गोयल ने कहा कि मुक्‍त व्‍यापार समझौता कारोबार के लिए विशेष अवसर सृजित करेगा तथा विकसित भारत 2047 के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्टिकोण को और गति देगा। उन्‍होंने कहा कि महत्‍वाकांक्षी समझौता समाज के हर वर्ग को सशक्‍त बनाएगा। श्री गोयल ने कहा कि भारत-ब्रिटेन मुक्‍त व्‍यापार समझौते से महिलाओं, किसानों, युवाओं, सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों, नवोन्‍मेषकों, पेशेवरों को लाभ होगा और उनके लिए कई अवसर सृजित होंगे। इस समझौते पर और जानकारी दे रही हैं हमारी संवददाता-

 

भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ यह समझौता देश की आर्थिक कूटनीति में एक नया अध्याय है। इससे ब्रिटेन के बाजार में भारतीय उत्पादों के प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और किसानों मछुआरों सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा विनिर्माण क्षेत्रों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, भारत की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भागीदारी भी मजबूत होगी। इस समझौते के तहत प्रोसेड फूड पर पहले लगने वाला 70 प्रतिशत शुल्क समुद्री उत्पादों पर 21 प्रतिशत, इंजीनियरिंग सामान और ऑटो कॉम्पोनेंट्स पर लगभग 18 प्रतिशत चमड़ा और फुटवियर उत्पादों पर 16 प्रतिशत तथा वस्त्र और परिधान पर लगभग 12 प्रतिशत तक का शुल्‍क अब शून्य हो गया है। इससे किसान उत्पादक संगठनों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ग्रामीण रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस व्यापार समझौते के साथ सामाजिक सुरक्षा अंशदान से जुड़ा सामाजिक सुरक्षा समझौता भी लागू हो गया है। इसके तहत अस्थाई रूप से ब्रिटेन में काम करने वाले भारतीय कर्मचारियों और उनके नियुक्ताओं को दोनों देशों में सामाजिक सुरक्षा अंशदान नहीं देना होगा। इस छूट की अवधि 3 वर्ष से बढ़कर 5 वर्ष कर दी गई है। इस समझौते से 75 हजार से अधिक भारतीय जिसमें पेशेवरों और नौ सौ से ज्यादा कंपनियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। दीपेंद्र कुमार के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*********

 

भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक व्‍यापक आर्थिक और व्‍यापार समझौता पर ब्रिटेन के उप-उच्‍चायुक्‍त स्टीव हिकलिंग और विदेश व्‍यापार महानिदेशालय संयुक्‍त निदेशक डॉ. राहुल सिंह ने आज अहमदाबाद के साणंद में स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो से समझौते के तहत पहली निर्यात खेप को रवाना किया। तीन करोड़ सात लाख रुपये से अधिक मूल्य की इस पहली खेप में अहमदाबाद की विनिर्माण क्षमता की झलक मिलती है। इसमें औद्योगिक उपकरण, दवाइंया, ऑटोमोबाइल, पॉलिमर और वस्‍त्र सहित सात प्रमुख क्षेत्रीय निर्यातकों के उत्‍पाद शामिल हैं।

 

हमने टारगेट रखा है वह टारगेट है 5 साल में आज के एक्सपोर्ट को डबल करने का। अभी हमारा एक्सपोर्ट गुड फॉर सर्विसेज को मिलाकर अराउंड 34-35 बिलीयन डॉलर्स है, उसको डबल करके नेक्स्ट फाइव इयर्स के अंदर 2030 तक उसको डबल करने का प्लान है। जिसमें हमारे गुड्स भी बढेंगे और सर्विसेज भी बढेंगी।

 

*********

 

भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों में महत्‍वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में चेन्‍नई स्थित ब्रिटेन उप उच्‍चायोग में उप-उच्‍चायुक्‍त डॉ. सुतापा चौधरी ने आज विदेश व्‍यापार महानिदेशालय के अधिकारियों के साथ भारत-ब्रिटेन व्‍यापक आर्थिक और व्‍यापार समझौते के तहत पहली निर्यात खेप को रवाना किया। इस समझौते से दोनों देशों के नागरिकों को ठोस आर्थिक लाभ पहुंचने की उम्‍मीद है।

 

*********

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समाज के व्‍यापक हित में आयुर्वेद में आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया है। आज नई दिल्ली में ‘सौश्रुतम् 2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार ने नई ऊर्जा के साथ आयुर्वेद और योग को वैश्विक स्‍तर पर स्थापित किया है। उन्होंने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि आयुर्वेदिक शल्‍य चिकित्‍सा की प्राचीन परंपरा को वैज्ञानिक मानकों पर स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आयुष मंत्रालय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवा के वैश्विक मानकीकरण को मजबूत करने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्‍होंने युवाओं से आयुर्वेद के क्षेत्र में अपना योगदान देने का आग्रह किया।

 

यहां उपस्थित युवा विद्यार्थियों तथा प्रोफेशनल लाइफ की शुरुआत कर रहे हैं शोधकर्ताओं से मैं यह कहना चाहूंगी कि आयुर्वेद का भविष्य आपके हाथों में है। आप सभी को जिज्ञासा, सत्‍यनिष्‍ठा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ व्यवहारिक सोच और अपने क्षेत्र में श्रेष्ठ साक्ष्‍य निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ाना होगा।

 

राष्‍ट्रपति ने महिलाओं से आयुर्वेद के क्षेत्र में जुडने का आग्रह किया।

 

आयुर्वेद चिकित्सा का अध्ययन करने वाली बेटियों की संख्या तो बढ़ रही है। लेकिन चिकित्‍सक बनने के बाद आयुर्वेद से जुड़े प्रोफेशन में बने रहने वाली महिलाओं की संख्या उस अनुपात में नहीं बढ रही। इन महिला चिकित्‍सकों आयुर्वेद से जुड़े प्रोफेशन में बने रहने और प्रगति की सीढ़ियां चढ सकने के सहयोग हो सकने वाले उपायों को सुझाया गया है। मुझे लगता है इतने ही सुझाने से पर्याप्‍त नहीं होगा, उसको अमल में लाने के लिए सबको सोचना होगा।

 

*********

 

भारत ने आगाह किया है कि संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार न होने और वैश्विक संघर्षों का प्रभावी समाधान न निकाल पाने से लोगों का संयुक्‍त राष्‍ट्र में विश्‍वास घट रहा है। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भविष्‍य के लिए बहुपक्षवाद को उपयुक्‍त बनाने संबंधी विषय पर मंत्रिस्‍तरीय गोलमेज सम्‍मेलन में भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि सुरक्षा परिषद विश्‍व में चल रहे संघर्षों में सार्थक हस्‍तक्षेप करने में विफल रही है।

 

सुरक्षा परिषद प्रभावित आबादी की तकलीफ़ों को खत्म करने में नाकाम रही है। इसलिए, संयुक्त राष्ट्र की स्थापना के मूल सिद्धांत-अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर ही सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा परिषद की इन कमियों की वजह साफ़ है। 1940 के दशक के हिसाब से बना 80 साल पुराना ढांचा आज की चुनौतियों से निपटने के लिए उपयुक्‍त नहीं है। संयुक्‍त राष्‍ट्र एक समूह के तौर पर, सुरक्षा परिषद में सुधार लाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।

 

*********

 

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर वह अगले सप्‍ताह तक वार्ता के लिए नहीं आता तो उसके खिलाफ सैन्‍य हमलों को और तेज कर दिया जाएगा। एक साक्षात्‍कार में श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीका के हमले आने वाले दिनों में जारी रहेंगे और अगले सप्‍ताह इनका दायरा बढ़ सकता है और ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों को भी निशाना बनाया जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि अगर ईरान बातचीत के लिए तैयार नहीं होता है तो अमरीका उसके प्रमुख ऊर्जा प्रतिष्‍ठानों को नुकसान पहुंचायेगा। अमरीका के राष्‍ट्रपति ने कहा कि ईरान के पास समझौता करने के अलावा और कोई विकल्‍प नहीं है। होर्मुज जल डमरू मध्‍य पर श्री ट्रंप ने दावा किया कि ये अंतर्राष्‍ट्रीय आवाजाही के लिए खुला है लेकिन ईरान के जहाजों के लिए बंद है। उन्‍होंने कहा कि अमरीका के अधिकारियों ने हाल ही में ईरान को संदेश भेजकर समझौता करने की सलाह दी है अन्‍यथा उसे और अधिक गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ेगा।  

 

*********

 

भारत की 2026 की अध्यक्षता में हैदराबाद में 12वें ब्रिक्स श्रम और रोजगार मंत्रियों की बैठक शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे की अध्यक्षता में हो रही इस उच्च स्तरीय चर्चा में सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देना, कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, वैश्विक कौशल का आकलन करना और गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिकों के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाना जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

 

*********

 

स्किल इंडिया मिशन की आज 11वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में इस मिशन की शुरुआत की थी। और ब्‍यौरा  हमारे संवाददाता से-

 

कौशल विकास केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को ऐसे हुनर सीखना है जिससे उन्हें आसानी से नौकरी मिल सके या वह अपना रोजगार शुरू कर सकें। इस अभियान के तहत लाखों युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने अपनी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अब तक 6 करोड़ से अधिक युवाओं को सशक्त बनाया है। हर साल स्किल इंडिया मिशन के तहत लगभग 1 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत अब तक एक करोड़ 65 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण मिल चुका है। विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने के लिए युवाओं को हुनरमंद बनाना जरूरी है, ताकि वह आगे बढ़ सके और देश की तरक्की में अपना योगदान दे सकें। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*********

 

मौसम विभाग ने ओडिशा में आज मूसलाधार बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी कल तक तेज वर्षा की संभावना है। अगले दो दिन में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है।दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, रायलसीमा और उत्तर प्रदेश में कल तक मौसम गर्म और उमस भरा रहने की आशंका है।

 

*********

 

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा के कारण बिहार में गंडक, बागमती, कमला बालन और कोसी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर गंडक बैराज से आज सुबह 12 बजे तक 1 लाख 83 हजार नौ सौ क्‍यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है, साथ ही अगले आदेश तक सभी अभियंताओं की छुट्टी रद्द कर दी गई है। जिला प्रशासन ने आसपास बसे लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। इधर शिवहर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव की समस्या शुरू हो गई है। कई स्थानों पर नदी के दोनों तटबंध के अंदर पानी फैलने लगा है। सविता पारीक, आकाशवाणी समाचार पटना।

 

*********

 

स्‍पेन फीफा फुटबॉल विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है। अमरीका के डेल्‍ल्‍स में कल पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ़्रांस को दो-शून्य से हराया। फाइनल में स्पेन का मुकाबला अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच आज अटलांटा में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

 

*********

 

मध्य प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा आज इंदौर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर से अबू धाबी के लिए पहली सीधी उड़ान को रवाना करेंगे।  यह सेवा प्रदेश की नागर विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह उड़ान सप्ताह में चार दिन- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।

 

*********

 

तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम – टी.टी.डी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी वेंकैया चौधरी ने भक्तों से अपील की है कि वे श्रीवारी दर्शन, ठहरने की व्यवस्था, अर्जित सेवाओं और अन्य सेवाओं की बुकिंग केवल टी.टी.डी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। श्री चौधरी ने भक्तों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, अनधिकृत वेबसाइटों और बिचौलियों के माध्यम से फैलाए जा रहे झूठे प्रचार का शिकार न बनें।

 

*********

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर झारखंड में लापता और अपहृत बच्चों तथा वयस्कों की तलाश और बरामदगी के लिए सभी जिलों में विशेष निगरानी दल का गठन किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक के आदेश के अनुसार प्रत्येक जिले में डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में गठित यह दल लापता मामलों की ट्रैकिंग, जांच और बरामदगी की नियमित निगरानी करेगी। सभी पुलिस अधीक्षक को निगरानी दल गठित कर प्रत्येक 15 दिन में रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है, जिसकी समीक्षा केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो और पुलिस मुख्यालय स्तर पर होगी।

 

*********

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता आज से लागू। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- इससे भारत के किसानों, उद्यमियों, लघु और मध्यम उद्यमों को नई गति मिलेगी।

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का आश्वासन। समझौते के अंतर्गत डेयरी उत्पाद, सब्जियां और खाद्य तेल सहित संवेदनशील कृषि उत्पाद पूरी तरह से सुरक्षित।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जन कल्‍याण के लिए आयुर्वेद में आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया।

 

भारत का संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार का आह्वान। आगाह किया- सुधार न होने से विश्‍व में इसके प्रति लोगों का विश्‍वास कमजोर होगा। 

 

ओडिशा में आज मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट।

 

और फीफा विश्व कप में, मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का आज रात दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से सामना।

 

*********