मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए ए.आई, ब्लॉकचेन और डेटा एनालिटिक्स के उपयोग का आग्रह किया है।
- प्रधानमंत्री ने बजट उपरान्त वेबिनार में और सुधारों तथा व्यापार सुगमता के लिए नीतियों के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया है।
- दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में बरी कर दिया है। सीबीआई का उच्च न्यायालय में अपील का फैसला।
- तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया अन्ना डी.एम.के. समन्वयक ओ. पनीरसेल्वम डीएमके में शामिल हो गए हैं।
- पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के विरूदु्ध खुले युद्ध की घोषणा की है। ऑपरेशन गजब-लिल-हक के तहत काबुल सहित अन्य प्रांतों पर हवाई हमले शुरू किए।
- आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप में आज शाम कोलंबो में सुपर-8 के मुकाबले में इंग्लैंड का सामना न्यूजीलैंड से होगा।
************************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार द्वारा प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सुगम व्यापार और प्रौद्योगिकी आधारित सुशासन के विस्तार के साथ देश रिफार्म एक्सप्रेस पर सवार है। आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “विकसित भारत के लिए प्रौद्योगिकी, सुधार और वित्त” विषय पर आयोजित बजट उपरांत वेबिनार को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने यह बात कही।
राष्ट्रीय बजट पॉलिसी रोड मैप होता है। इसलिए बजट की प्रभावशीलता का आकलन भी ठोस पैरामीटर पर किया जाना चाहिए। ऐसी नीतियां, जो इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करें, जो क्रेडिट के प्रवाह को आसान बनाएं, जो इज-ऑफ-डूइंग बिजनेस बढ़ाएं, जो गवर्नेंस में ट्रांसपेरेंसी बढ़ाएं, जो जनता का जीवन आसान बनाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सुधार की गति को बनाए रखने के लिए नीतिगत इरादों तक ही सीमित न रहकर उत्कृष्ट क्रियान्वयन पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने एआई, ब्लॉकचेन और डेटा एनालिटिक्स के व्यापक उपयोग के माध्यम से पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में सरकार ने अवसंरचना पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह निर्णय सोच-समझकर लिया है कि भारत का विकास राजमार्गों, रेलवे, बंदरगाहों, डिजिटल नेटवर्क और विद्युत प्रणालियों जैसी ठोस संपत्तियों को तैयार करके ही संभव होगा। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय में लगातार वृद्धि की जा रही है।
11 साल पहले पब्लिक …. के लिए बजट में लगभग 2 लाख करोड रुपए का प्रावधान था। मौजूदा बजट में यह बढ़कर लगभग 12 लाख करोड रुपए के पार हो गया है। इतने बड़े पैमाने पर सरकारी निवेश होना, प्राइवेट सेक्टर के लिए भी एक स्पष्ट संदेश है।
श्री मोदी ने कहा कि वेबिनार को केवल विचारों के आदान-प्रदान का मंच नहीं बनाना चाहिए, बल्कि इसे मंथन सत्र में बदलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब उद्योग, शिक्षा जगत, विश्लेषक और नीति निर्माता एक साथ मिलकर सोचते हैं, तो योजनाओं का कार्यान्वयन बेहतर होता है और सटीक परिणाम मिलते हैं।
************************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राजस्थान के जैसलमेर वायुसेना स्टेशन पर स्वदेशी लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड‘ में उड़ान भरी। उड़ान भरने से पहले राष्ट्रपति को वायुसेना के अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर की परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी। लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ ऊंचाई वाले अभियानों के लिए तैयार किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और भारत के स्वदेशी रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में शामिल वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और कर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
************************
हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति आज शाम भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट पोखरण फायरिंग रेंज से वायु सेना का वायुशक्ति प्रदर्शन देखेंगी।
वायु शक्ति भारतीय वायु सेना का प्रमुख युद्धाभ्यास है, जिसमें लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर, परिवहन विमान और मिसाइल प्रणालियों की मारक क्षमता, सटीक निशानेबाजी और परिवहन तत्परता का प्रदर्शन किया जाएगा। इस युद्धाभ्यास के दौरान युद्ध स्थिति में दिन के साथ-साथ रात में भी वायु सेना के समन्वित ऑपरेशन का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। इस मेगा कार्यक्रम में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर और स्वदेशी तेजस सहित 77 फाइटर जेट तथा 43 हेलीकॉप्टर भाग लेंगे। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
************************
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्यौगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि एआई के उपयोग में विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। आज दोपहर नई दिल्ली में एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित राइजिंग भारत समिट को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने एआई परिवर्तन को गंभीरता से लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर कदम सक्रिय रूप से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिभाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दे रही है और इस दिशा में राज्य सरकारों को भी काफी प्रयास करने होंगे।
************************
दिल्ली की एक अदालत ने आज दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में बरी कर दिया। अदालत ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो – सीबीआई के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपपत्र में कई खामियां हैं। अदालत ने इस मामले में 21 अन्य लोगों को भी बरी कर दिया। सीबीआई आम आदमी पार्टी की पूर्व सरकार की रद्द हो चुकी आबकारी नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रही है।
************************
इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह ईमानदार हैं और सच्चाई की जीत हुई है।
हमें भारतीय न्यायप्रणाली पर भरोसा है। मैं जज साहब का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता हूं। जिन्होंने हमारे साथ न्याया किया। सत्य की जीत हुई। मैं हमेशा कहता था कि भगवान हमारे साथ है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि इस मामले पर सोच-समझ कर जवाब दिया जाएगा।
निचली अदालत ने सबूतों के अभाव में उनको बरी किया है। यह तकनीकी विषय है। क्योंकि ये बात भी सही है कि सैंकड़ों की संख्या में सिमकार्ड और फोन सबूत के रूप में नष्ट किये गए थे। इस विषय को लेकर जो भी होगा सीबीआई अगला स्टेप उठाएगी। वो हाई कोर्ट में जाते हैं या क्या होता है। जहां तक पार्टी का संदर्भ है इस पूरे डिटेल के आने के बाद वह इस पर स्ट्रक्चर्ड रिप्लाई देगी।
************************
केंद्रीय अनवेषण ब्यूरो ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में निचली अदालत के फैसले के खिलाफ तुरंत उच्च न्यायालय में अपील करने का फैसला किया है। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि जांच के कई पहलुओं को या तो नजरअंदाज किया गया है या उन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है।
************************
तमिलनाडू के पूर्व मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया अन्ना डी.एम.के. समन्वयक ओ. पन्नीरसेल्वम और उनके बेटे तथा पूर्व सांसद पी. रविंद्रनाथ आज सत्तारूढ़ डीएमके में शामिल हो गए। उनके समर्थक भी चेन्नई के अरिवलयम स्थित पार्टी मुख्यालय में डीएमके में शामिल हुए।
ओ. पन्नीरसेल्वम ने 2001 से 2002, 2014 से 2015 और 2016-17 में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। उन्होंने एडापडी के. पल्लीसामी के नेतृत्व वाली सरकार में 2017 से 2021 तक उपमुख्यमंत्री के रूप में भी कार्य किया।
************************
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि एन.सी.ई.आर.टी. की पुस्तक में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पर अध्याय शामिल करना दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। संवाददाताओं से बातचीत में श्री प्रधान ने कहा कि उन्होंने एन.सी.ई.आर.टी. को सभी पुस्तकें वापस लेने और रद्द करने का निर्देश दिया है। इस मामले पर खेद व्यक्त करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि मंत्रालय, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करेगा।
जो घटना हुई है, उसको हम गंभीरता से लेते हैं। एनसीईआरटी के ऊपर उस पर उसको और इंक्वारी किया जाएगा, जो भी व्यक्ति से उस किताब को बनवाने में, उस चैप्टर को बनवाने में संलग्न हैं। उनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी। आगे यह गलती ना हो, न्यायपालिका को आश्वस्त करते हैं। मैं मानता हूं हमारी भारत जैसे बड़े प्रजातंत्र की यही सुंदरता है। न्यायपालिका के आदर्श स्थान है, न्यायपालिका के सर्वोच्च स्थान है।
इससे पहले सर्वोच्च न्यायालय ने न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पर अध्याय वाली कक्षा 8 की एन.सी.ई.आर.टी. की पुस्तक पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।
************************
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भागीदारी बिहार विधानसभा चुनाव से भी ज्यादा होगी। चेन्नई में आज संवाददाताओं से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि तमिलनाडु ने हर बार चुनाव में मतदान प्रतिशत के मामले में मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन नामांकन की सुविधा उपलब्ध है। लेकिन कानून के अनुसार नामांकन पत्र व्यक्तिगत रूप से भी दाखिल किया जा सकता है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण – एस.आई.आर. प्रक्रिया के बारे में उन्होंने कहा कि यह बिहार में सफल रही है और इसका मूल संशोधन मतदाता सूची को साफ-सुथरा रखने के लिए किया गया है ताकि मृत या अन्य स्थानों पर पलायन कर चुके लोगों के नाम इसमें शामिल न हों।
************************
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर पश्चिम बंगाल की अपूर्ण अंतिम मतदाता सूची कल जारी की जाएगी। इसमें उन मतदाताओं के नाम भी शामिल होंगे, जिनके दस्तावेज और दी गई जानकारी का अभी एस आई आर प्रक्रिया के तहत न्यायिक सत्यापन होना है।
************************
भारतीय जनसंचार संस्थान- आईआईएमसी का 57वां दीक्षांत समारोह आज नई दिल्ली में होगा। समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। आईआईएमसी के कुलाधिपति तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति आईआईएमसी, नई दिल्ली में नए अकादमिक ब्लॉक और छात्रावास ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे। सूचना और प्रसारण मंत्री इनक्यूबेशन सेंटर में क्रिएटर्स लाउंज का उद्घाटन करेंगे।
************************
भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि पॉल एम. मैकगार की पुस्तक ‘स्पाइंग इन साउथ एशिया: ब्रिटेन, अमेरिका और भारत का गुप्त शीत युद्ध’ में दावा किया गया है कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान लगभग हर विभाग विदेशी खुफिया एजेंसी के प्रभाव में था। आज दोपहर नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अब देश यह जानना चाहता है कि विदेशी एजेंसियों से कथित तौर पर धनराशि प्राप्त करने के संबंध में पुस्तक में किए गए सीधे दावों पर कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई है।
************************
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने अफगानिस्तान के विरूध्द एक खुले युद्ध की घोषणा की। इस घोषणा के साथ पाकिस्तान ने आज सुबह काबुल सहित अफगानिस्तान के अन्य प्रांतों में हवाई हमले किए। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी बलों ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ हिस्सों में हवाई हमले किए। एक रिपोर्ट –
पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने कल रात अफगानिस्तान के खिलाफ ‘गजब लिल हक‘ अभियान की शुरूआत के बाद लगभग 133 अफगान तालिबानियों को मार गिराया है। वहीं तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कल रात 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों और दो सैन्य ठिकानों पर कब्ज़ा किए जाने तथा कुल 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने की बात कही है। हालांकि, किसी स्वतंत्र अंतरर्राष्ट्रीय एजेंसी ने इन आंकड़ों को सत्यापित नहीं किया है। दोनों पक्ष एक दूसरे को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव (सीएफआर) अंतोनियो गुतरश ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से कूटनीति के ज़रिए समाधान तलाशने का आग्रह किया है। इससे पहले भारत ने अफगान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में रमज़ान के पवित्र महीने में कई नागरिक हताहत हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।
************************
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमरीका के साथ ईरान की अप्रत्यक्ष वार्ता अब तक की सबसे गहन और लंबी वार्ताओं में से एक है।
श्री अराघची ने कल ईरान के सरकारी टेलीविजन को दिए एक साक्षात्कार में यह बात कही। अमरीका ने अभी तक वार्ता पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
************************
आईसीसी टी20 विश्व कप में आज सुपर-8 के ग्रुप-2 के मैच में कोलंबो में इंग्लैंड का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा। यह मैच शाम सात बजे शुरू होगा।
भारत, सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में रविवार को वेस्टइंडीज से खेलेगा। मैच शाम सात बजे से कोलकाता में होगा। कल भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया था।
************************
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महान स्वाधीनता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
************************
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और माहे में कल तक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। रविवार तक पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में तेज हवाओं का अनुमान है।
************************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए ए.आई, ब्लॉकचेन और डेटा एनालिटिक्स के उपयोग का आग्रह किया है।
- प्रधानमंत्री ने बजट उपरान्त वेबिनार में और सुधारों तथा व्यापार सुगमता के लिए नीतियों के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया है।
- दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में बरी कर दिया है। सीबीआई का उच्च न्यायालय में अपील का फैसला।
- तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया अन्ना डी.एम.के. समन्वयक ओ. पनीरसेल्वम डीएमके में शामिल हो गए हैं।
- पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के विरूदु्ध खुले युद्ध की घोषणा की है। ऑपरेशन गजब-लिल-हक के तहत काबुल सहित अन्य प्रांतों पर हवाई हमले शुरू किए।
- आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप में आज शाम कोलंबो में सुपर-8 के मुकाबले में इंग्लैंड का सामना न्यूजीलैंड से होगा।
************************