Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

July 15, 2026 8:45 PM

समाचार संध्या

printer

मुख्य समाचार:-

 

  1. सरकार ने देश में विनिर्माण पारिस्थितिकी को मज़बूत करने के लिए एक लाख 27 हजार करोड़ रुपए से अधिक के बजट के साथ सेमीकंडक्‍टर मिशन के दूसरे चरण को मंज़ूरी दी। घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए मोबाइल फोन विनिर्माण योजना को भी मंजूरी।
  2. केंद्र ने सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दो एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को स्‍वीकृति दी।
  3. भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता तथा सामाजिक सुरक्षा समझौता पूरी तरह से लागू। पहले ही दिन ब्रिटेन को 14 करोड़ डॉलर का भारतीय सामान निर्यात किया गया।
  4. ईरान पर अमरीकी हमलों और नौसैनिक नाकाबंदी लागू करने से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा।
  5. एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने तीन स्वर्ण और दस रजत पदक जीते।
  6. फीफा विश्व कप के दूसरे सेमी-फाइनल में आज रात अमरीका के अटलांटा में अर्जेंटिना का सामना इंग्लैंड से।

 

———-

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज देश के सेमीकंडक्टर डिज़ाइन और विनिर्माण पारिस्थितिकी को मज़बूत करने के लिए एक लाख 27 हजार 500 करोड़ रुपये के बजट के साथ सेमीकंडक्‍टर मिशन के दूसरे चरण को मंज़ूरी दी। नई दिल्ली में आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को बताया कि सेमीकॉन मिशन के दूसरे चरण के तहत चार लाख करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद है।

 

सेमीकॉन 2.0 एक लाख 27 हजार 5 सौ करोड़ रुपये का सेमीकॉन 2.0 आज माननीय प्रधानमंत्री जी ने अप्रूव किया। सेमीकॉन 2.0 में सिक्‍स पिलर्स हैं। पिलर माने डिजाइन ऑफ चिप्स, सेकंड बड़ा फोकस रहेगा मशीन्‍स एंड मैटेरियल्स, तीसरा बहुत सारी नई फैब्‍स बनेंगी, सिलिकॉन फैब्‍स, डिस्प्ले, कंपाउंड और एटीएम प्‍यू सेट इंडस्ट्री जो भारत में डेवलप हो गई है अभी 10 यूनिट लग चुके हैं उस इंडस्ट्री को और आगे बढ़ाने के लिए भी इसमें प्रावधान है।

 

श्री वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्‍टर मिशन के पहले चरण में उद्योग को शुरू करने और स्थापित करने पर ध्यान दिया गया था। दूसरे चरण के अंतर्गत सभी रणनीतिक आवश्‍यकताओं के लिए ज़रूरी चिप भारत में डिज़ाइन की जाएंगी। मंत्रिमंडल ने उत्तर प्रदेश में राष्‍ट्रीय राजमार्ग-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच 46 किलोमीटर से अधिक लंबे 6-लेन वाले ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर को स्‍वीकृति दी। इसे ‘हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल’ के अंतर्गत बनाया जाएगा। श्री वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना की कुल लागत 14 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक है।

 

पहला है वरूणा नंदी के किनारे-किनारे कम्‍प्‍लिट सिक्‍स लेन और फोर लेन एलीवेटिड कोरिडोर, 43 किलोमीटर इसकी लेंथ है, टेन थाउजेंट नाइन हेंड्रेड नाइंटी एट करोड रुपए का इसका इंवेस्‍टमेंट आएगा और करीब-करीब चार साल में कम्‍प्‍लिट भी होगा। दूसरा है गंगा जी के साथ-साथ कमप्‍लिट सिक्‍स लेन का एलीवेटिड कोरिडोर 46 किलोमीटर का यह होगा, फोर्टिन थाउजेंट फोर हेंड्रेड फोर्टी एट करोड रुपए का बनेगा।

 

मंत्रिमंडल ने 62 हजार 500 करोड़ रुपये के बजट के साथ मोबाइल फ़ोन विनिर्माण योजना को भी स्‍वीकृति दी। श्री वैष्णव ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत देश में मोबाइल फ़ोन बनाने के लिए पात्र बिक्री पर 2 दशमलव दो-पांच प्रतिशत से 5 प्रतिशत तक की प्रोत्‍साहन सहायता दी जाएगी।

 

मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग इसमें 62,500 करोड़ रूपीस का ले आउट हुआ है। इन 10 वर्षों में एक मैसिव चेंज आया इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में, 7 गुना मैन्युफैक्चरिंग बढ़ी, प्रोडक्शन बढ़ा और 11 गुना एक्सपोर्ट बढ़ा 2014 के कंपेरिजन में और भारत जो मोबाइल फोन इंपोर्टर था, आज नेट एक्सपोर्टर बन गया है और सेकंड लार्जेस्ट मैन्युफैक्चरर बन गया है।

 

मंत्रिमंडल ने ओडिशा और झारखंड के चार ज़िलों में दो मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंज़ूरी दी। लगभग 3 हजार 9 सौ 7 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत वाली इन परियोजनाओं के 2030-31 तक पूरा होने की संभावना है। श्री वैष्णव ने कहा कि मंत्रिमंडल ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लिए राष्‍ट्रीय यूरिया निवेश नीति – एन.आई.पी.यू 2026 को भी मंज़ूरी दी है।

 

यूरिया का रिक्‍व्‍यरमेंट लगातार बढ़ रहा है करीब 5% पर एनम रिक्‍व्‍यरमेंट बढ़ रहा है तो आज की जो स्कीम अप्रूव हुई है, उसमें करीब 8 से 9 नए यूरिया के मैन्युफैक्चरिंग के प्लांट्स लगेंगे। पिछले एक दशक में छह नए प्लांट ऐड किए गए हैं। छह नए प्‍लांट ऐड करने से बहुत हमारा इंपोट का डिपेंडेंट कम हुआ है। आत्मनिर्भर भारत हुआ है और यह आठ और प्लांट ऐड करने से जितने भी भारत की रिक्‍व्‍यरमेंट है यूरिया की वह देश में ही बनेगी और भारत यूरिया में आत्‍मनिर्भर हो जाएगा। बहुत बड़ा मिशन है ये, क्‍योंकि इसको विकसित भारत को ले जाने के लिए आत्‍मनिर्भर भारत बनाना एकदम आवश्‍यक है।

 

——–

 

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता आज से लागू हो गया है। इसके साथ ही भारत-ब्रिटेन सामाजिक सुरक्षा समझौता भी लागू हो गया है। सामाजिक सुरक्षा समझौता ब्रिटेन में अस्थायी रूप से काम कर रहे भारतीय पेशेवरों को अमूल्य सहायता प्रदान करेगा और भारतीय उद्यमों की प्रतिस्पर्धा क्षमता को मजबूती देगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि ये समझौता भारत के किसानों, उद्यमियों और सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यमों को नई गति प्रदान करेगा, साथ ही कई महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों को ब्रिटेन के बाजार तक मजबूत पहुंच प्राप्त करने में मदद करेगा। एक रिपोर्ट –

 

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते के पहले ही दिन भारत से ब्रिटेन को 14 करोड़ डॉलर मूल्य का सामान निर्यात किया गया। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि यह भारत के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी व्यापार समझौतों में से एक है। भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा-

 

आज 15 जुलाई को यहाँ आकर बहुत अच्छा लग रहा है। हम उस समझौते के लागू होने का उत्‍सव मना रहे हैं, जिससे ब्रिटेन और भारत के बीच व्‍यापार करना तेज़, सस्ता और आसान हो जाएगा। दोनों पक्षों ने बहुत मेहनत की है, और इसका पूरा श्रेय यहाँ के वाणिज्‍य और उद्योग मंत्रालय को जाता है, जिन्होंने शानदार काम किया है। मेरी टीम ने भी बहुत बढ़िया काम किया है। यह दोनों पक्षों के लिए बेहतरीन समझौता है। हमारी अर्थव्यवस्थाएँ एक-दूसरे की पूरक हैं।

 

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण के तरुण बजाज ने आकाशवाणी समाचार से कहा कि

 

यह जो एग्रीमेंट हुआ है, यह सच में बहुत ही ऐतिहासिक है, क्‍योंकि इससे हमारे किसानों को बहुत फायदा मिलने वाला है। इससे एम्‍प्‍लॉयमेंट जनरेट होगी, हमारे प्रोसेस्‍ट फूड सेक्‍टर को बहुत फायदा मिलने वाला है और हमें उम्‍मीद है कि ये एग्रीमेंट से हमारा ट्रेड बहुत अधिक बढ़ने वाला है।  

 

इस समझौते से ब्रिटेन के बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। किसानों, मछुआरों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों तथा विनिर्माण क्षेत्र के लिए नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की भागीदारी और मजबूत होगी। दीपेन्द्र कुमार के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

उपराष्‍ट्रपति सीपी राधाकृष्‍णन, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह तथा उद्योग जगत ने भारत-ब्रिटेन व्‍यापार समझौते के लागू होने की सराहना की।

 

———–

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज के दिन को भारत-ब्रिटेन संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता भारत के वस्त्र, चमड़ा, रत्न और आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, समुद्री उत्पाद, रसायन, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, सूक्ष्‍म लघु और मध्यम उद्यम, किसानों और निर्माताओं के लिए अभूतपूर्व अवसर पैदा करेगा।

 

———–

 

कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्टार्टअप, कौशल विकास और कृषि प्रौद्योगिकी के माध्यम से कृषि को मजबूत करने के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के समर्थन का आह्वान किया। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उद्योग जगत की यह जिम्मेदारी है कि वह सीएसआर के माध्यम से कृषि और ग्रामीण विकास में निवेश करके राष्ट्र निर्माण में भागीदार बने।

 

निश्चित तौर पर जो समझौते हुए हैं देश में कृषि के लिए भी और बाकी सेक्टर्स के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह समझौते न केवल हमारे एक्सपोर्ट को बढ़ाएंगे जिसका लाभ खेती को भी मिलेगा बल्कि इन समझौतों से भारत में हमारे उद्योग, व्यापार जगत उनको एक नई ताकत मिलेगी।

 

——–

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन पर जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन रेलगाडी को रवाना करेंगे। श्री मोदी जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14 हजार 700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण भी करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सड़क अवसंरचना सहित 6 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। प्रधानमंत्री जालंधर में यात्रियों की सुविधा में सुधार और क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति देने के लिए 5 हजार 470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे।

 

——–

 

निर्वाचन आयोग ने पंजाब में निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण की समय सीमा को 11 दिनों तक बढ़ा दिया है। इस बदलाव के साथ अंतिम मतदाता सूची अब  पहली अक्टूबर के बजाय 12 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि घर – घर जाकर गिनती की प्रक्रिया 3 अगस्त तक जारी रहेगी। पहले इस चरण को 24 जुलाई तक पूरा किया जाना था। 

 

——–

 

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण – एस आई आर का गणना चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। प्रारूप निर्वाचक नामावली 21 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी ने आज चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता में कहा कि गणना चरण 15 जून से 14 जुलाई तक संचालित किया गया।

 

——–

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आज नई दिल्ली में दिल्ली नगर निगम-  एमसीडी और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड – एनडीडीबी के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य दिल्ली में मवेशियों के गोबर का वैज्ञानिक तरीके से इस्तेमाल करके कम्प्रेस्ड बायो-गैस संयंत्र लगाना है।

 

——–

सरकार ने सोशल मीडिया पोस्ट का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया था कि वित्त मंत्रालय ने रिजर्व बैंक और भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड को क्रिप्टो को विनियमित करने पर विचार करने के लिए कहा है। पत्र सूचना कार्यालय -पीआईबी की तथ्य जांच इकाई ने कहा कि यह दावा फर्जी है और वित्त मंत्रालय ने ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया है। भारत क्रिप्टो को परिसंपत्ति के रूप में मान्यता नहीं देता है।

 

——–

 

अमरीका ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने की कोशिश कर रहे जहाज़ों पर हमलों के जवाब में ईरान पर फिर समुद्री नाकाबंदी लागू कर दी है। अमरीका ने आज हवाई हमलों का अभियान तेज़ कर दिया। ईरान के अधिकारियों ने बताया कि सेना की बैरक पर अमरीकी हमले में सात सैनिक मारे गए। अमरीकी हमलों से देशभर में 260 से ज़्यादा लोग घायल हुए। ईरानी सरकार की प्रवक्ता फ़ातेमेह मोहाजेरानी ने कहा कि हाल के दिनों में अमरीकी हमलों में 30 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं। नाकाबंदी फिर लागू होने के साथ ही अमरीका और ईरान ने हमले शुरू कर दिए हैं। पश्चिम एशिया में अमरीका और ईरान के बीच कई दिनों से जारी हमलों के बाद अंतरिम शांति समझौते को खत्म कर दिया गया है। अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर वह अगले सप्‍ताह तक वार्ता के लिए नहीं आता तो उसके खिलाफ सैन्‍य हमलों को और तेज कर दिया जाएगा। श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

 

——–

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज बेल्जियम के ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ की स्टार्टअप, अनुसंधान और नवाचार आयुक्त एकातेरिना ज़ाहारिएवा से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि इस दौरान स्वच्छ और हरित ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान के अवसरों पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने बेल्जियम की दो दिन की यात्रा के दौरान ब्रुसेल्स में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट के साथ भारत-बेल्जियम रणनीतिक संवाद के उद्घाटन सत्र की सह-अध्यक्षता भी की।

 

——–

 

इंडोनेशिया के जकार्ता में एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्‍केबाजी चैंपियनशिप में आज भारतीय महिला मुक्‍केबाजों ने तीन स्‍वर्ण और 10 रजत पदक अपने नाम किये। अंडर-19 में चंद्रिका पुजारी ने 51 किलोग्राम वर्ग और प्राची ने 57 किलोग्राम वर्ग में स्‍वर्ण पदक जीता। जबकि, अंडर-23 में निशा ने 54 किलोग्राम वर्ग में स्‍वर्ण पदक हासिल किया।

 

——–

 

फीफा फुटबॉल विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में आज रात साढ़े बारह बजे अटलांटा में अर्जेंटीना का मुकाबला इंग्‍लैंड से होगा। इस मैच के विजेता का मुकाबला फाइनल में स्‍पेन से होगा।

 

——–

 

आर्थिक जगत

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्स एक सौ 30 अंक यानी शून्‍य दशमलव दो प्रतिशत बढ़कर 77 हजार एक सौ 85 पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 26 अंक यानी शून्‍य दशमलव एक प्रतिशत बढ़कर 24 हजार उनासी पर बंद हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज एक डॉलर की तुलना में छह पैसे कमजोर होकर 96 रुपये और 26 पैसे के स्‍तर पर बंद हुआ।

 

——–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. सरकार ने देश में विनिर्माण पारिस्थितिकी  को मज़बूत करने के लिए एक लाख 27 हजार करोड़ रुपए से अधिक के बजट के साथ सेमीकंडक्‍टर मिशन के दूसरे चरण को मंज़ूरी दी। घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए मोबाइल फोन विनिर्माण योजना को भी मंजूरी।
  2. केंद्र ने सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दो एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को स्‍वीकृति दी।
  3. भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता तथा सामाजिक सुरक्षा समझौता पूरी तरह से लागू। पहले ही दिन ब्रिटेन को 14 करोड़ डॉलर का भारतीय सामान निर्यात किया गया।
  4. ईरान पर अमरीकी हमलों और नौसैनिक नाकाबंदी लागू करने से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा।
  5. एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने तीन स्वर्ण और दस रजत पदक जीते।
  6. फीफा विश्व कप के दूसरे सेमी-फाइनल में आज रात अमरीका के अटलांटा में अर्जेंटिना का सामना इंग्लैंड से।

 

——–