Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

February 26, 2026 8:45 PM

समाचार संध्या

printer

मुख्य समाचार :-       

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू के बीच यरूशलम में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों ने कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।

  2. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने पारस्‍परिक संबंधों को बढाकर विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

  3. दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने का भी निर्णय लिया।

  4. नागर विमानन महानिदेशालय ने विमानन कंपनियों के लिए टिकट वापसी नियमों में संशोधन किया। बुकिंग के 48 घंटों के भीतर हवाई टिकट रद्द करने या संशोधित करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।

  5. पश्चिम एशिया में अमरीका की व्यापक सैन्य तैनाती के बीच अमरीका और ईरान के अधिकारियों की जिनेवा में वार्ता।

  6. आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत ने जिम्‍बाब्‍वे को 257 रन का लक्ष्‍य दिया। 

 

******

भारत और इस्राएल ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान, भू-भौतिकीय अन्वेषण, मत्स्य पालन और जलीय कृषि, यूपीआई तथा शिक्षा क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया है। यरूशलम में ये समझौता ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इस्राएल के प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने दीर्घकालिक साझेदारी को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

 

हमारे संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की मजबूत आधारशिला पर आधारित है। हमारे रिश्ते समय की हर कसौटी पर खरे उतरे हैं। आज हमने अपने टाइम टेस्टेड साझेदारी को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। यह निर्णय दोनों देशों के लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।

 

 

मोदी ने कहा कि आज कई महत्‍वपूर्ण समझौते हुए हैं।

 

 

हमने क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप स्थापित करने का निर्णय लिया है। इससे एआई, क्वांटम और क्रिटिकल मिनरल जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी। मुझे खुशी है कि इस्राइल में यूपीआई के इस्तेमाल के लिए समझौता किया गया है। डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में भी हम अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुक्‍त व्‍यापार समझौते को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा।

 

हमने अपने सहयोग को नई दिशा और तेज गति देने पर चर्चा की। हमारा आर्थिक सहयोग, ग्रोथ इनोवेशन और शेयर प्रोस्पेरिटी का इंजन बना हुआ है। आपसी निवेश को बढ़ावा देने के लिए हमने पिछले वर्ष बाईलैटरल इन्वेस्टमेंट एग्रीमेंट किया। हम शीघ्र ही एक म्युचुअली बेनिफिशियल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को भी अंतिम रूप देंगे।

 

 

श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग को और बढाने का निर्णय लिया है। 

 

रक्षा के क्षेत्र में हमारा दशकों पुराना विश्वसनीय सहयोग रहा है। पिछले वर्ष हुए एमओयू से इसमें नए आयाम जुड़ेंगे, हम मिलकर ज्वाइंट डेवलपमेंट, जॉइंट प्रोडक्शन और ट्रांसफर आफ टेक्नोलॉजी की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इस्राइल का मानना है कि आतंकवाद का दुनिया में कोई स्‍थान नहीं है और किसी भी रूप में इसे स्‍वीकार नहीं किया जा सकता। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश मिलकर आतकवाद और उसके समर्थकों का विरोध करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। श्री नेतन्याहू ने कहा कि इस्राएल और भारत नवाचार के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

 

भविष्य उन्हीं का है जो निर्माण और नवाचार करते हैं, इस्राइल और भारत नवाचार के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम गौरवान्वित प्राचीन सभ्यताएं हैं, हमें अपने अतीत पर बहुत गर्व है और हम साथ मिलकर भविष्य  को और बेहतर बना सकते हैं।

******

इस बीच, संयुक्त वक्तव्य में, दोनों नेताओं ने स्वीकार किया कि दोनों देशों की क्षमताएं एक-दूसरे की पूर्णतः पूरक हैं। इस्राएल प्रौद्योगिकी और नवाचार की वैश्विक महाशक्ति है, और भारत प्रतिभा, विनिर्माण उत्कृष्टता तथा उद्यमशील ऊर्जा का केंद्र है। दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति तथा सुरक्षा को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई और अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की “गजा संघर्ष को समाप्त करने की व्यापक योजना” का स्वागत किया।

******

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री की इस्राएल यात्रा का मुख्य केंद्र प्रौद्योगिकी रहा है।

 

 

यह एक बेहद उपयोगी दौरा है जिसने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत किया है। यह विशेष रूप से प्रधानमंत्री मोदी की समावेशी विकास के लिए प्रौद्योगिकी और नवाचार का उपयोग करने तथा शांति, नवाचार और समृद्धि के लिए द्विपक्षीय विशेष रणनीतिक साझेदारी को प्रभावशाली बनाने के लिए दोनों नेताओं की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

 

 

प्रधानमंत्री की यात्रा कवर कर रहे हमारे विशेष संवाददाता धीरज काकडिया ने बताया श्री मोदी की यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक महत्वपूर्ण पडाव है।

 

 

इजरायल की दो दिवसीय सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज भारत लौट रहे हैं। प्रधानमंत्री की इस यात्रा में कई कार्यक्रम शामिल थे, जिनमें एक था प्रधानमंत्री का इजरायली सांसद करने क्‍नेसेट को संबोधन। अपने 30 मिनट से अधिक समय के भाषण में प्रधानमंत्री ने कई मुद्दों पर बात की थी। उन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लड़ाई में अपना स्‍पष्‍ट रूप से समर्थन व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया की शांति और स्थिरता वैश्विक शांति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बुद्धिमत्ता साहस और मानवता के साथ संवाद के माध्यम से हर संघर्ष के समाधान के प्रति भारत के रूप की वकालत की। प्रधानमंत्री ने कल एक टेक्निकल प्रदर्शनी का भी दौरा किया था। जिसमें सिर्फ इजरायली तकनीकियों का प्रदर्शन किया गया था। दूसरे दिन आज प्रधानमंत्री ने हलो कास्ट में नाजी हमले में मारे गए 6 मिलियन यहूदियों की याद में बनाए गए स्‍मारक का भी दौरा किया। आज प्रधानमंत्री ने इजरायली राष्ट्रपति इजेप्‍ट और जोक्‍स से भी मुलाकात की और विपक्षी मुद्दों पर बातचीत की। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक दूसरे के प्रति संतुष्टि और आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि क्‍नेसेट के स्‍पीकर पुरस्‍कार के लिए धन्‍यवाद। इसको मैं भारतीयों और भारत-इस्राइल मित्रता को समर्पित करता हूं। यह पुरस्‍कार कल संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया था।

******

नागर विमानन महानिदेशालय ने विमानन कंपनियों के लिए टिकट रिफंड नियमों में संशोधन किया है। अब यात्री टिकट बुकिंग के 48 घंटे के भीतर कुछ शर्तों के साथ बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के हवाई टिकट रद्द कर सकते हैं या बदल सकते हैं। सीधे विमानन कंपनी की वेबसाइट से बुक किए गए टिकट में यदि यात्री बुकिंग के 24 घंटों के भीतर नाम में गलती की सूचना देता है तो सुधार के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि टिकट किसी ट्रैवल एजेंट या पोर्टल के माध्यम से खरीदा गया है तो रिफंड की जिम्मेदारी एयरलाइंस की होगी। विमानन कंपनी को रिफंड प्रक्रिया 14 कार्य दिवसों के भीतर पूरी करनी होगी। इसके अलावा, यात्री को मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में टिकट रद्द करने के नियमों में भी बदलाव किए गए हैं।

******

गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के अररिया में एक रैली में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार देश से हर घुसपैठिए को बाहर निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। गृह मंत्री ने कहा कि घुसपैठियों से मुक्ति केवल मतदाता सूचियों से नाम हटाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें देश से अवैध घुसपैठ को समाप्‍त करने के लिए एक व्यापक अभियान भी शामिल होगा।

******

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस वर्ष 52 सप्ताह में रेलवे में 52 सुधार करने के संकल्प के अंतर्गत दो और सुधारों की घोषणा की है। नई दिल्‍ली में श्री वैष्णव ने तीसरे सुधार, रेल प्रौद्योगिकी नीति का अनावरण किया। उन्‍होंने कहा कि इसका उद्देश्य रेलवे में प्रौद्योगिकी को बड़े पैमाने पर अपनाना है।

 

 

रेल ट्रैक बेसिकली रेलवे में टेक्नोलॉजी का मैसिव यूस हो और रेलवे में टेक्नोलॉजी इजीली आ सके स्पेशली हमारी जो स्टार्टअप्स है दे शूड बी एबल्‍ड टू कनेक्ट विद रेलवे इन ए वेरी सिस्टमैटिक वे वेरी मीनिंगफुल वे। तो जो लोग हमारे स्टार्टअप्स से जो हमारे रिसर्चस है और जिनके पास भी टेक्नोलॉजिकल आईडिया है। वह लोग रेलवे के साथ जुड़ सके, इस गेम के साथ रेल टेक पॉलिसी स्टार्ट की है।

******

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्‍य महिला-नेतृत्व वाले विकास पर है। नई दिल्ली में एक सम्‍मेलन में उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और पीएम स्वनिधि जैसी कई सरकारी पहल ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।

******

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कर्नाटक में शिवमोग्गा में आकाशवाणी के 10 किलोवॉट के ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया। उन्‍होंने इसे कर्नाटक में सार्वजनिक प्रसारण को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

 

 

श्री मुरुगन ने कहा कि यह पहल विकास को अंतिम व्‍यक्ति तक पहुंचाने के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के उस दृष्टिकोण को दर्शाती है।

******

अमरीका और ईरान के अधिकारियों ने स्विटजरलैंड के जिनेवा में अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता का तीसरा दौर आयोजित किया। दोनों पक्षों ने चर्चा को सकारात्मक बताया, लेकिन किसी भी महत्वपूर्ण समझौते पर पहुंचने से इनकार कर दिया। सैन्य संघर्ष को टालने के लिए इन वार्ताओं को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने समझौते पर सहमति न बनने की स्थिति में ईरान पर हमला करने की धमकी दी है।

******

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी कल भारत के चार दिन के दौरे पर मुम्‍बई पहुंचेगे। श्री कार्नी की भारत की यह पहली आधिकारिक यात्रा होगी। श्री कार्नी दो मार्च को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिष्‍टमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।

******

नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद के पॉल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन को सरकार एक अभियान के रूप में शुरू कर रही है। यह वैक्सीन 14 वर्ष तक की बालिकाओं को दी जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रजनन जीवन से पहले बालिकाओं को इस बारे में जानकारी हो और टीकाकरण के माध्यम से उन्हें संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सकें।

******

केंद्र सरकार ने मणिपुर हिंसा की जांच कर रहे आयोग के नए अध्यक्ष के रूप में सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बलबीर सिंह चौहान को नियुक्त किया है। न्यायमूर्ति चौहान पहली मार्च को आयोग का कार्यभार संभालेंगे।

******

आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्वकप के सुपर-8 में चेन्‍नई में भारत ने जिम्‍बाब्‍वे को दो सौ 57 रन का लक्ष्‍य दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर दो सौ 56 रन बनाए। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 30 गेंद में 55 रन और हार्दिक पांड्या ने 23 गेंद पर नाबाद 50 रन की पारी खेली। एक अन्‍य मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज़ को नौ विकेट से हरा दिया।

******

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के हिमालय में तराई क्षेत्र और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ तूफान की भविष्यवाणी की है। माहे और केरल में भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू के बीच यरूशलम में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों ने कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।

  2. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने पारस्‍परिक संबंधों को बढाकर विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

  3. दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने का भी निर्णय लिया।

  4. नागर विमानन महानिदेशालय ने विमानन कंपनियों के लिए टिकट वापसी नियमों में संशोधन किया। बुकिंग के 48 घंटों के भीतर हवाई टिकट रद्द करने या संशोधित करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।

  5. पश्चिम एशिया में अमरीका की व्यापक सैन्य तैनाती के बीच अमेरिका और ईरान के अधिकारियों की जिनेवा में वार्ता।

  6. आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत ने जिम्‍बाब्‍वे को 257 रन का लक्ष्‍य दिया। 

–0–